जल्द ही प्रारंभ करेंगे छत्तीसगढ़ से अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि की दर्शन यात्रा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Spread the love

मोदी जी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी

इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

रायपुर, / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह समारोह हमारे देवतुल्य कार्यकर्ता बंधुओं का है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, हमारे सभी कार्यकर्ताओं ने तन मन धन से परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए ऐतिहासिक बहुमत से 54 सीट दिलाई है। यह सब आप सभी की बदौलत हुआ है। इससे पहले ही हमारी तीन बार सरकार रही है लेकिन इतना वोट प्रतिशत कभी नहीं बढ़ा।

श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पर बहुत बड़ा विश्वास किया है। मोदी जी की गारंटी पर भरोसा किया है। मैं छत्तीसगढ़ की जनता को प्रणाम करता हूं। श्री ओम माथुर जी जब छत्तीसगढ़ के प्रभारी बनकर आए तो वह कहा करते थे निश्चित ही हमारी सरकार बनी थी, हम सबने ये देखा कि यह कैसे संभव हुआ। हमारे केंद्रीय नेताओं ने प्रदेश के कार्यकर्ताओं का लगातार उत्साह बढ़ाया हमारी जीत इसी का परिणाम है। मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि मोदी जी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारी सरकार बने ज्यादा दिन नहीं हुए हैं, लेकिन हमने कई महत्वपूर्ण निर्णय ले लिए हैं। 13 तारीख को शपथ लेने के दूसरे ही दिन 14 दिसंबर को हमने 18 लाख आवासहीन परिवारों के हित में निर्णय लिया। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के दिन हमने 12 लाख से ज्यादा किसानों को 3700 करोड़ रुपए से ज्यादा का बोनस जारी कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के युवाओं से वादा किया था कि पीएससी घोटाले की जांच होगी, दोषियों को नहीं बख़्शा जाएगा। हमने दूसरे कैबिनेट बैठक में ही पीएससी घोटाले की सीबीआई जांच का निर्णय लिया। महतारी वंदन के लिए हमने तीन दिवसीय विधानसभा के सत्र में बजट की व्यवस्था कर ली है, अब जल्द ही विवाहित माताओं-बहनों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए आर्थिक सहायता देंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हम जल्द ही छत्तीसगढ़ से अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि में दर्शन यात्रा प्रारंभ करेंगे। आने वाला चुनाव प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का चुनाव है। हमें छत्तीसगढ़ से उन्हें 11 सीटें जीतकर उपहार स्वरूप 11 कमल दिल्ली भेजना है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित किया। श्री शर्मा ने कहा कि विष्णु देव जी और किरण देव जी दोनों ही हमारे आधार हैं। इन दोनों के नेतृत्व में हमें लोकसभा की 11 के 11 सीटें हमें जीतनी है। विधानसभा चुनाव में आप सभी ने छत्तीसगढ़ में आज तक की सबसे बड़ी सीट जीत दिलाई है। भाजपा के कार्यकर्ता जिस परिश्रम और कर्मठता से काम करते हैं, वह वंदनीय है। अब 2024 का लोकसभा चुनाव मोदी जी का चुनाव है, हमें उन्हें 11 सीटें छत्तीसगढ़ की जीतकर देनी है। आपने जिस परिश्रम और पराक्रम से अपनी सरकार बनाई है उससे कई ज्यादा मेहनत और परिश्रम से हमें केन्द्र में मोदी जी की सरकार बनाएंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने बूथ से लेकर निचले स्तर तक जनता के बीच हमारा विषय रखने में बहुत मेहनत की है। लोगों ने भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी की कल्याणकारी योजनाओं पर विश्वास किया है। आप सभी की मेहनत से ही छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी है।  इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद चुन्नी लाल साहू, विधायक अजय चंद्राकर, राजेश मूणत, संपत अग्रवाल, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.