मुख्यमंत्री ने श्रीमंत माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया

Spread the love

 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आज मैनपुरी में श्रीमंत माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण तथा जनपद के विकास हेतु 411.49 करोड़ रुपये की 63 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 238.30 करोड़ रुपये की निवेश आधारित 23 औद्योगिक परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 173.19 करोड़ रुपये की 40 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम0 सिंधिया भी शामिल हुए।


मुख्यमंत्री ने श्रीमंत माधवराव सिंधिया को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि श्रीमंत सिंधिया भारत की राजनीति का एक उभरता हुआ चेहरा थे। जिनके अन्दर देश ने बहुत सम्भावनाएं देखी थीं। वर्ष 2001 में श्रीमंत सिंधिया की दुखद मृत्यु पर राजनीति की दीवारों को तोड़कर सभी जाति, मत, मजहब तथा सम्प्रदाय के लोगों ने इस महान सपूत को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की थी।


मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था की बैक बोन के रूप में भारतीय रेल को जाना जाता है। 40 वर्षों के बाद आज भी भारतीय रेल श्रीमंत माधवराव सिंधिया जी का स्मरण करती है। उन्होंने अपने कार्यकाल में भारतीय रेल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का कार्य किया। रेलवे की स्पीड भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ाने का कार्य करती है। इसके दृष्टिगत श्रीमंत सिंधिया ने सबसे तेज गति की शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत की। यह उनके काल की अद्भुत व रोमांचकारी घटना थी। सभी सांसद अपने क्षेत्र को शताब्दी एक्सप्रेस से जोड़ने की मांग करते थे।


18वीं सदी में श्रीमंत सिंधिया के पूर्वजों ने जिस भूमि को विदेशी आक्रांताओं के आतंक से मुक्त किया था, उन्हें गोरक्षपीठ के संतो ने सम्मान स्वरूप श्रीनाथ की उपाधि से भूषित किया था। ग्वालियर घराने की राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जन्मभूमि भी उत्तर प्रदेश है। राजमाता ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में महती भूमिका निभाई थी। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण प्रगति पर है। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पंचप्रण की बात की थी। पंचप्रण में विरासत का सम्मान करने की बात भी शामिल है। उसी विरासत को सम्मान देते हुए अयोध्या में श्रीराम मन्दिर का निर्माण किया जा रहा है। शीघ्र ही श्रीरामलला अपने मंदिर में विराजमान होंगे।


केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी यशस्वी, तपस्वी तथा सतत प्रगतिशील हैं, प्रदेश के जन-जन के हृदय में उन्होंने अपना अमिट स्थान बनाया है। प्रधानमंत्री जी व मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश को विकास व प्रगति की ओर ले जाने का कार्य किया जा रहा है। आज उत्तर प्रदेश भारत का वह चमकता हुआ सितारा है। पूरे प्रदेश में गुण्डाराज व माफियाराज की समाप्ति हुई है।
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धार्मिक नाथ परम्परा के पूज्य संत श्री नरहरिनाथ ने उनके पूर्वज श्री महादजी सिंधिया को श्रीनाथ की उपाधि दी थी। आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी ने श्रीमंत माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया है। इसके लिए आज पूरा सिंधिया परिवार मुख्यमंत्री जी व उनके धाम का कृतज्ञ है। स्व0 श्रीमंत माधवराव सिंधिया ने केन्द्रीय मंत्री पद का निर्वहन करते हुए देश में गुना-इटावा रेल मार्ग का निर्माण, शताब्दी ट्रेन का संचालन, ओपेन स्काई पॉलिसी के साथ ही, मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन किया था।

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आज पूरे प्रदेश की तस्वीर व तकदीर बदलने का कार्य हुआ है। आज प्रदेश दंगामुक्त हुआ है। उत्तर प्रदेश देश के विकास के ग्रोथ इंजन के रूप में खड़ा है। आज प्रदेश की पहचान नए प्रदेश के रूप में देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हो रही है। आज देश-दुनिया के निवेशकों द्वारा बड़ी मात्रा में प्रदेश में निवेश किया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद हरनाथ सिंह यादव, राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि, सहित मध्य प्रदेश के जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.