Category: SONBHADRA

  • एनसीएल : जीवन रक्षक सर्जरी प्रदान करने के लिए श्री सत्य साईं स्वास्थ्य और शिक्षा ट्रस्ट  के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर 

    एनसीएल : जीवन रक्षक सर्जरी प्रदान करने के लिए श्री सत्य साईं स्वास्थ्य और शिक्षा ट्रस्ट  के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर 

    सोनभद्र, सिंगरौली। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने ‘नन्हा सा दिल’ सीएसआर पहल के तहत जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) से पीड़ित बच्चों के लिए जीवन रक्षक सर्जरी प्रदान करने के लिए श्री सत्य साईं स्वास्थ्य और शिक्षा ट्रस्ट (एसएसएसएचईटी) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। शास्त्री भवन, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सचिव (कोयला), कोयला मंत्रालय, भारत सरकार,  विक्रम देव दत्त, अतिरिक्त सचिव, कोयला मंत्रालय, सुश्री रूपिंदर बरार, उप–महानिदेशक, कोयला मंत्रालय, सुश्री संतोष, अध्यक्ष, श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट, डॉ सी. श्रीनिवास और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष, कोल इंडिया, पीएम प्रसाद, निदेशक (कार्मिक/आईआर) डॉ. विनय रंजन, कार्यकारी निदेशक (सीडी)  ओपी मिश्रा, एनसीएल सीएमडी,  बी. साईराम एवं निदेशक मण्डल तथा कोल इंडिया की अन्य अनुषंगी कंपनियों के सीएमडी और निदेशक गण वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर एनसीएल की ओर से महाप्रबन्धक (सीएसआर)  राजीव रंजन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।  

    ‘नन्हा सा दिल’ पहल के तहत एनसीएल द्वारा सिंगरौली परिक्षेत्र में जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) से पीड़ित बच्चों के लिए 345 स्क्रीनिंग शिविर के माध्यम से 17000 से अधिक बच्चों की स्क्रीनिंग कर उन्हें इको विश्लेषण और आगे उपचार हेतु डायग्नोस्टिक सेंटर, बीना परियोजना, एनसीएल में भेजा जाएगा। सी.एच.डी. की पुष्टि होने पर मरीज बच्चों  को एस.एस.एस.एच.ई.टी. अस्पतालों में निशुल्क सर्जरी हेतु रेफर किया जाएगा। इस सीएसआर पहल के अंतर्गत एनसीएल द्वारा 300 बच्चों की सर्जरी कराने की योजना है।

    गौरतलब है कि कोल इंडिया ने ‘नन्हा सा दिल’ पहल के तहत सीएचडी सर्जरी के माध्यम से 250 से अधिक जान बचाई है। यह पहल अब एनसीएल एवं सीआईएल की अन्य अनुषंगी कंपनियों के माध्यम से अधिक राज्यों में लाभार्थियों को कवर करने के लिए विस्तारित हो रही है। वर्तमान में, भारत में सी.एच.डी. के साथ पैदा होने वाले 2.40 लाख बच्चों में से केवल 5 प्रतिशत ही उच्च लागत के कारण सर्जरी करवा पाते हैं। एनसीएल की इस पहल से ज़रूरतमन्द बच्चों को बेहतर उपचार के अवसर एवं जीवन दान मिलेगा।

  • नगरवासियों ने किया विरोध, अल्ट्राटेक कंपनी पर कचरा जलाने का आरोप

    नगरवासियों ने किया विरोध, अल्ट्राटेक कंपनी पर कचरा जलाने का आरोप

    डाला।{ राकेश जयसवाल }नगर पंचायत डाला बाजार के नागरिकों ने स्थानीय निजी कंपनी पर भारी मात्रा में कचरा जलाने और डंपिंग करने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया। शुक्रवार दोपहर नगरवासियों ने इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी सोनभद्र के नाम पत्र सौंपा, जिसे चौकी प्रभारी डाला आशीष कुमार पटेल को दिया गया।

    नगरवासियों का आरोप है कि अल्ट्राटेक कंपनी द्वारा पिछले कुछ महीनों से कचरा जलाने के कारण पूरे नगर में दुर्गंध फैल रही है, जिससे पर्यावरण दूषित हो रहा है। इस दुर्गंध से लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है, और छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

    विरोध करने वालों ने बताया कि सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को नाक बंद कर गुजरना पड़ता है, वहीं रात में दुर्गंध इतनी तेज होती है कि लोग बेचैन होकर जाग जाते हैं। नगरवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने और समस्या का समाधान निकालने की मांग की।

    इस दौरान बबुन्दर पाठक, नागेन्द्र पासवान, मदन अग्रहरि, राजेश मौर्य, हरेराम गुप्ता, संजय, दिवाकर, सभासद संतोष कुमार कुशवाहा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। चौकी प्रभारी डाला आशीष कुमार पटेल ने बताया कि पत्र प्राप्त होते ही मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है।

  • नगर पंचायत ओबरा के वार्ड नम्बर 9 एवं 1 की पुनः मतगणना 20 को  

    नगर पंचायत ओबरा के वार्ड नम्बर 9 एवं 1 की पुनः मतगणना 20 को  

    सोनभद्र। न्यायालय विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट के आदेशानुसार नगर पंचायत ओबरा के वार्ड नम्बर 9 एवं 1 की पुनः मतगणना कराया जाना है। इसके लिए रिटर्निंग ऑफिसर सुरेश राय डिप्टी कलेक्टर, रिटर्निंग कर्मचारी उत्कर्ष सक्सेना खण्ड विकास अधिकारी राबर्ट्सगंज, रामवृक्ष व ललित दुबे लेखाकार कोषागार को नियुक्त किया गया है। यह जानकारी जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पं0) बीएन सिंह ने शुक्रवार को दी। उन्होंने बताया कि मतगणना 20 फरवरी को कलेक्ट्रेट परिसर स्थिति अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) के कक्ष में प्रातः 11ः00 बजे से किया जायेगा। पुनः मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया मतपेटी खोलने से लेकर सील करने तक की वीडियोग्राफी की जायेगी। रिटर्निंग आफिसर मतगणना के परिणाम को गोपनीय रखते हुए उसे शील्ड लिफाफे में शासकीय अधिवक्ता (सिविल) के माध्यम से न्यायालय के समक्ष मतगणना के अगले दिन ससमय दाखिल करायेंगे।

  • आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन – कृष्ण मुरारी

    आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन – कृष्ण मुरारी

     पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

    सोनभद्र। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को रॉबटर््सगंज स्थित आरएसएम इंटर कालेज मे शुक्रवार को भाजपा की तरफ से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। बताया कि यह हमला न केवल भारत के लिए बल्कि पूरी मानवता के लिए एक बड़ा आघात था। मुख्य अतिथि भाजपा के जिला महामंत्री व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता ने कहा कि आतंकवाद वास्तव में पूरी मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है, जो निर्दाेष लोगों की जान लेता है और समाज में भय और अस्थिरता फैलाता है। इसके खिलाफ एकजुट होना और सामूहिक रूप से लड़ना आवश्यक है। हमें उन जवानों की बहादुरी और बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए, जिन्होंने अपनी जान देकर देश की रक्षा की। 

    हमें उनकी स्मृति को सम्मानित करने और उनके परिवारों के प्रति सहानुभूति दिखाने का प्रयास करना चाहिए। अनुसूचित मोर्चा  काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने कहा कि आज, इस हमले को छह साल हो गए हैं, लेकिन शहीद जवानों की कुर्बानी को देश कभी नहीं भूलेगा. हर साल 14 फरवरी को पूरे भारत में इन वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी जाती है. पुलवामा हमला सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती थी, जिसका जवाब भारत ने मजबूती से दिया. यह दिन हमें उन बहादुर जवानों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए आतंकवाद पूरी मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और पूरा विश्व इसके खिलाफ एकजुट है। इस मौके पर आलोक रावत, अनुराग, रवि भारती, कन्हैया कनौजिया, संतोष सिंह, राजेश पटेल, शिवदास विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। 

  • महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी का मना 105वाॅ स्थापना दिवस

    महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी का मना 105वाॅ स्थापना दिवस

    सोनभद्र। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी शक्तिनगर परिसर में ‘महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ  का ‘105वाॅ  स्थापना दिवस समारोह’ आयोजित हुआ। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की स्थापना 1921 में ‘काशी विद्यापीठ वाराणसी’ के नाम से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व राष्ट्रवादी चिंतक बाबू शिव प्रसाद गुप्त के सहयोग से किया गया। इसके स्थापना का तत्कालीन उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को उच्च शिक्षा प्रदान करना था जो ब्रिटिश हुकूमत द्वारा उच्च शिक्षा/विश्वविद्यालयी शिक्षा से वंचित कर दिये जाते थे। काशी विद्यापीठ अपने उद्देश्य में सफल रहा। जहां वीर शहीद चंद्रशेखर आजाद ने शिक्षा ग्रहण किया और भारत की आजादी के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। आजादी के पश्चात द्वितीय प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री और अन्य कई राजनेता जिसमें  पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर सिंह, पूर्व मुख्य मंत्री कर्नाटक राम कृष्ण हेगड़े भी काशी विद्यापीठ के छात्र थे। समारोह का शुभारंभ परिसर प्रभारी डॉ0प्रदीप कुमार यादव सहित अनेक शिक्षकों और छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मूर्ति पर माल्यार्पण और शिव प्रसाद गुप्त के चित्र पर पुष्प अर्पित करने से हुआ। सर्वप्रथम डॉ प्रदीप कुमार यादव ने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी और बदलते परिवेश में उत्पन्न हो रहे वैश्विक चुनौतियों के सापेक्ष तैयार रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापक डाॅ० मानिक चंद पाण्डेय, डाॅ० छोटेलाल प्रसाद, डाॅ० मनोज कुमार गौतम ने अपने विचार व्यक्त किये। आयोजन का संचालन डॉ विनोद कुमार पाण्डेय ने किया। सहभागियों का स्वागत डॉ प्रभाकर लाल द्वारा किया गया और धन्यवाद ज्ञापन अजय लक्ष्मी ने किया। कार्यक्रम में समस्त अध्यापक और भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। हिमांशु, राहुल, पूनम, अनामिका, विनीत, अंकित, हरिओम का योगदान सराहनीय रहा।

  • खसरा रजिस्टर की सूची प्रकाशित करने को सौंपा पत्रक

    खसरा रजिस्टर की सूची प्रकाशित करने को सौंपा पत्रक

    सोनभद्र। जनपद मुख्यालय के राबर्ट्सगंज नगर की सबसे बड़ी समस्या खसरा रजिस्टर की है। इसके प्रकाशन के लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल की जिला इकाई द्वारा सदर विधायक भूपेश चौबे को ज्ञापन सौपा गया। जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि बर्षाे से नगर पालिका परिषद सोनभद्र का खसरा रजिस्टर बनाये जाने को लेकर उप्र उद्योग व्यापार मण्डल संघर्षरत है। अथक प्रयासों से पूरे नगर में सर्वे के बाद खसरा रजिस्टर बना लेकिन अभी तक इसका प्रकाशन नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से सम्पर्क करने पर जानकारी मिली कि खसरा रजिस्टर प्रकाशित करने के लिए नगर पालिका परिषद को भेज दिया गया है।
    व्यापार मण्डल अध्यक्ष ने रामलीला मैदान परिसर में होने वाले आयोजनो के दौरान मांस-मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की। जिला महामंत्री राजेश बंसल ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के व्यापारियों, नागरिको की बहुत बड़ी समस्या है लेकिन इस ओर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस क्रम में उपाध्यक्ष संदीप सिंह चन्देल ने जनहित में खसरा रजिस्टर का प्रकाशन यथाशीघ्र कराये जाने की मांग किया है। इस मौके पर अजीत जायसवाल, रमेश, आनन्द प्रकाश, श्याम बाबु, श्याम केसरी, दिनेश गुप्ता, राजेश जायसवाल, रितु अग्रहरी, अभिषेक केशरी, नन्दलाल कुशवाहा आदि व्यापारी गण मौजूद रहे। 

  • नगर पालिका चेयरमैन ने सीसी रोड का किया लोकार्पण

    नगर पालिका चेयरमैन ने सीसी रोड का किया लोकार्पण

     सोनभद। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 23 निराला नगर में नवनिर्मित 120 मीटर लम्बे सीसी रोड का नपा अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने शुक्रवार को लोकार्पण किया। इसके पूर्व उन्होंने स्थलीय निरीक्षण भी किया। बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर गति तेज कर दी गयी हैै। उन्होंने कहा कि उक्त सड़क गुणवत्ता पूर्ण है। इसके लिए संबंधित ठेकेदार को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये थे। ताकि इस संबंध मेें जनता की शिकायत न मिले। चेयरमैन ने यह भी बताया कि इसी वार्ड में पशु अस्पताल से प्राथमिक स्कूल तक 15वां वित्त अनटाइड ग्रांट मद से सड़क का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा कि बजट मिलते ही नगर क्षेत्र में और विकास कार्य कराने के लिए संबंधितों को दिशा निर्देश दे दिया गया है। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव, जेई मनीष कुमार, सभासद उषा जैन, अनवर अली, धर्मराज जैन, मनोज चैबे, अमित दुबे, अजीत सिंह, विमलेश कुमार, आकाश रावत शाहित आदि मौजूद रहे।

  • अब फागुनी माहौल में घुलने लगा बसंत की मादकता का रंग

    अब फागुनी माहौल में घुलने लगा बसंत की मादकता का रंग

     सरसों के पीले फुल और हरियाली से रंगी धरती मोह रही सबका मन

    सोनभद्र। बसंत की मादकता का रंग अब फागुनी माहौल में घुलने लगा है। मौसम परिवर्तन के साथ ही हल्की गुलाबी जाडे़ की वजह से माहौल फागुनी माहौल में सराबोर दिख रहा है। फाल्गुन मास भी शुरू हो गया है। पतझड़ के चलते झाड़-झंखाड़ में तब्दील हो चुके पेड़-पौधों में फुटती नई-नई कपोलें प्रकृति के रूप मेेें निखार ला रही है। लालिमायुक्त यह कपोले सभी को आकर्षित कर रही है। इन दिनों धरती का रंग पूरी तरह निखरा हुआ है। खेतों में दूर-दूर तक फैले सरसों के पीले फूल तथा हरियाली सभी का मन मोह ले रही है। प्रकृति ने एक से एक सच्चे रंग भर कर अद्भुत रचनाएं बनाई है। चहुंओर उन्माद और उल्लास का रंग बिखर गया है। किसानों का दिल सरसों की पीली डालियां देख मोर के मानिंद नाच रहा है। फूलों का रस लेने के लिए तितलियां उनके इर्द-गिर्द मंडरा रही हैं। मटर-मसूर आदि फसलों के फूल भी प्रकृति को बहुरंगी बना दिया है। फूलों से उठती तरह-तरह की सुगंध से माहौल में मादकता का रंग घुलने लगा है। आम के वृक्षों पर बौर की ताजी कोपलें सुहावने मौसम का परिचय दे रही हैं। फागुनी बयार प्रारम्भ होने के साथ ही होली के गीत भी सुनाई देने लगे हैं। युवाओं की हंसी से रूमानियत भरी मस्ती का माहौल बन गया है। युवाओं का अल्हड़ मन कुछ बहका-बहका सा नजर आने लगा है। अभी तक जहां होलिका नहीं गड़ी हैं वहां के उत्साही युवा इसे गाड़ने शुरू कर दिये हैं। कुल मिलाकर इन दिनों यह मौसम सोनांचल की हसीन वादियों में चार चाँद लगा दिया है। 

  • सड़क हादसे में दो युवक घायल

    सड़क हादसे में दो युवक घायल

    डाला / स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शहीद स्थल के पास गुरुवार शाम एक सड़क दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश (35 वर्ष) पुत्र शिवप्रसाद और गोपाल पुत्र सागर, दोनों निवासी परासपानी, कोटा चोपन थाना, सोनभद्र, ओबरा में शटरिंग का कार्य करते थे। गुरुवार शाम 6:30 बजे वे बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे शहीद स्थल के आगे अल्ट्राटेक पार्किंग स्थल के समीप पहुंचे, वहां सड़क पार कर रही एक बल्कर ट्रक से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई।

    दुर्घटना में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

  • डीएम ने मृतक बंदी के आश्रितों को पांच लाख का दिया चेक

    डीएम ने मृतक बंदी के आश्रितों को पांच लाख का दिया चेक

    सोनभद्र।  जिला कारागार के विचाराधीन मृतक बंदी छोटू उर्फ इब्राहिम पुत्र हुसैन निवासी बनौरा, थाना पन्नूगंज जिला सोनभद्र की बीते ग्यारह फरवरी 2021 को जिला संयुक्त चिकित्सालय लोढ़ी मे उपचार के दौरान हुई मृत्यु हो गयी थी।
       डीएम बी0एन0 सिंह ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट में मृतक के आश्रितों को मुआवजा की धनराशि  पाँच लाख रूपये का चेक मृतक बंदी के वारिस साहिबा बानो पत्नी स्वर्गीय छोटू उर्फ इब्राहिम, सानिया पुत्री स्वर्गीय छोटू उर्फ इब्राहिम, सावरीन पुत्री स्वर्गीय छोटू उर्फ इब्राहिम,चांदनी पुत्री स्वर्गीय छोटू उर्फ इब्राहिम, मोहम्मद असफर शाह पुत्र स्वर्गीय छोटू उर्फ इब्राहिम सभी पांच लोगों को दिया गया। श्री सिंह ने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि नाबालिग बच्चों को प्राप्त धनराशि का भुगतान बच्चों के बालिग होने के उपरांत ही किया जाये, संबंधित पत्र बैंक को प्रेषित कर दिया जाये।

       इस मौके पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राहुल यादव, जेल अधीक्षक जिला कारागार सौरभ श्रीवास्तव, प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती कुमारी, क्षेत्रीय लेखपाल अल्का विश्वकर्मा, ओ आर डब्ल्यू शेषमणि दुबे आदि उपस्थित रहे।