Category: BILASPUR

  • एसईसीएल मुख्यालय के 4 कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गयी 

    एसईसीएल मुख्यालय के 4 कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गयी 

    विलासपुर। बुधवार को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर से सेवानिवृत्त होने वाले  4  कर्मियों  को अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक  हरीश दुहन ने निदेशक तकनीकी (संचालन)  एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (कार्मिक)  बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी  हिमांशु जैन, निदेशक (योजना/परियोजना)  रमेश चन्द्र महापात्र एवं विभिन्न विभागाध्यक्षों, श्रम संघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों  और कर्मचारियों  की उपस्थिति में मुख्यालय बिलासपुर स्थित सीएमडी कक्ष में  शाल, श्रीफल, पुष्पहार से सम्मानित कर समस्त भुगतान का चेक प्रदान कर भावभीनी विदाई दी गयी।  

    सेवानिवृत्त होने वालों में  दीपक पंड्या महाप्रबंधक (खनन),  अनिल कुमार पांडेय महाप्रबंधक (औ. अभि.) औद्योगिक अभियांत्रिकी विभाग,  प्रीतिश रंजन टीकादर वरीय प्रबंधक (वि./यां.) योजना परियोजना विभाग, श्री करन कुमार कनोजिया सीनियर डुप्लीकेट ऑपरेटर योजना परियोजना विभाग शामिल रहे। शीर्ष प्रबंधन ने अपने उद्बोधनों में कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारी अपनी कार्यकुशलता और समर्पण से एसईसीएल को सफलता की नई ऊँचाइयों तक लेकर गए हैं। उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। प्रबंधन ने सभी के उज्ज्वल भविष्य और सुखद पारिवारिक जीवन की कामना की। सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कम्पनी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि एसईसीएल में कार्य करना गौरव का विषय रहा। उन्होंने कहा कि यहाँ के अधिकारी और कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं और किसी भी जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा से निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन एवं सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय उप प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने सफलतापूर्वक किया।

  • SECL : महिला कल्याण समाज इंदिरा विहार द्वारा पिकनिक भ्रमण का आयोजन

    SECL : महिला कल्याण समाज इंदिरा विहार द्वारा पिकनिक भ्रमण का आयोजन

    विलासपुर। महिला कल्याण समाज, SECL इंदिरा विहार द्वारा 25 दिसंबर को समाज की 50 महिलाओं एवं बच्चों के लिए रायपुर जंगल सफारी एवं पुरखौती मुक्तांगन का एक दिवसीय पिकनिक भ्रमण सचिव श्रीमती माधुरी तिवारी के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

    इस भ्रमण कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों ने जंगल सफारी में वन्यजीवन का अवलोकन किया तथा पुरखौती मुक्तांगन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति एवं कला से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से सभी प्रतिभागियों ने आनंद, उत्साह एवं आपसी सौहार्द के साथ यादगार समय व्यतीत किया। महिला कल्याण समाज का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना है। भविष्य में भी इस प्रकार के उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

  • केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा एनटीपीसी सीपत के लगभग 6.25 करोड़ रुपये के सीएसआर कार्यों का उद्घाटन 

    केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा एनटीपीसी सीपत के लगभग 6.25 करोड़ रुपये के सीएसआर कार्यों का उद्घाटन 

    विलासपुर। एनटीपीसी सीपत द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत परियोजना प्रभावित गांवों में लगभग 6.25 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे विकास कार्यों का उद्घाटन एवं भूमिपूजन कार्यक्रम ग्राम पंचायत कर्रा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर 4.53 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया, जबकि लगभग 1.72 करोड़ रुपये की लागत से किए जाने वाले प्रस्तावित विकास कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ।

    कार्यक्रम का उद्घाटन एवं भूमिपूजन मुख्य अतिथि तोखन साहू , राज्य मंत्री, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं सांसद, बिलासपुर के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में  दिलीप लहरिया , विधायक, मस्तूरी, राजेश सूर्यवंशी , अध्यक्ष, जिला पंचायत, बिलासपुर, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी , पूर्व विधायक, मस्तूरी, तथा  विजय कृष्ण पाण्डेय, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सीपत की गरिमामयी उपस्थिति रही।

    एनटीपीसी सीपत के सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत परियोजना प्रभावित ग्राम पंचायतों-कर्रा, सीपत, गतौरा, रलिया, जांजी, देवरी, कौड़िया, रांक एवं दर्राभाटा-में कुल 12 विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिनका इस अवसर पर उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही चार नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। इन कार्यों में आधारभूत संरचना विकास, तालाबों का पुनरुद्धारीकरण तथा शैक्षणिक विकास से संबंधित कार्य शामिल हैं।

    उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में एनटीपीसी सीपत द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा सीएसआर के माध्यम से क्षेत्रीय विकास में योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित एनटीपीसी सीपत विभिन्न राज्यों को बिजली आपूर्ति कर रही है तथा निर्माणाधीन 800 मेगावाट की परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात देश के विकास में इसकी भूमिका और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास, प्रभावित गांवों की उन्नति तथा शिक्षा एवं आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण से नवाचार और विकास की अवधारणा को बल मिलता है।

    विशिष्ट अतिथि  विधायक दिलीप लहरिया ने अपने संबोधन में परियोजना प्रभावित गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास हेतु एनटीपीसी सीपत की भूमिका की सराहना की। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर आमंत्रित करने के लिए एनटीपीसी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास ही देश का विकास है, और एनटीपीसी सीपत इस दिशा में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही है।

    जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से कराए जा रहे कार्य ग्रामीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। इससे न केवल सुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार होगा।

    इस अवसर पर डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी , पूर्व विधायक, मस्तूरी एवं श्रीमती सरस्वती देवी , जनपद अध्यक्ष ने भी मंच से अपने विचार व्यक्त करते हुए सीएसआर के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के लिए एनटीपीसी सीपत को धन्यवाद सौंपा तथा कौशल विकास एवं सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

    कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक विजय कृष्ण पाण्डेय ने एनटीपीसी सीपत द्वारा संचालित सीएसआर गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए सामाजिक सरोकार से जुड़े विकास कार्यों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं मीडिया जन के प्रति आभार व्यक्त किया।

    इस अवसर पर एनटीपीसी सीपत के वरिष्ठ अधिकारीगण, जिला पंचायत सदस्य-श्रीमती अरुणा सूर्या एवं राजेन्द्र धीवर; जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती देवी; जनपद पंचायत सदस्य मनोज खरे, श्रीमती उषा देवी कैवर्त,  रेवाशंकर साहू, सुश्री मंजु देवी कुर्रे एवं श्रीमती अंजनी पटेल तथा ग्राम पंचायतों के सरपंचगण श्रीमती जयंती पटेल,  विक्रम प्रताप सिंह, श्रीमती मनीषा वंशकार, श्रीमती चन्द्रकली पाटले, श्रीमती सरिता साहू, श्रीमती रीता रात्रे, श्रीमती रेखा सांडे एवं श्रीमती मीना वस्त्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

  • एनटीपीसी कोलडैम ने सीएचसी मरकण्ड को टीबी रोगियों हेतु 600 पोषण किट प्रदान किए

    एनटीपीसी कोलडैम ने सीएचसी मरकण्ड को टीबी रोगियों हेतु 600 पोषण किट प्रदान किए

    विलासपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के संकल्प को सशक्त रूप से आगे बढ़ाते हुए, एनटीपीसी कोलडैम द्वारा अपने नैगम सामाजिक दायित्व कार्यों के अंतर्गत टीबी रोगियों के उपचार में सहयोग हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मरकण्ड, बिलासपुर को 600 पोषण सामग्री किट उपलब्ध कराई गईं।

    एनटीपीसी कोलडैम की इस पहल के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य विभाग, बिलासपुर के सहयोग से सीएचसी मरकण्ड में पंजीकृत टीबी रोगियों को यह पोषण सामग्री प्रदान की गयी| यह पोषण सामग्री एनटीपीसी कोलडैम के महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण)  एस. एस. राव व अपर महाप्रबंधक (मा. सं.) श्रीमती मंगला हरिन्द्रन द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा एवं बीएमओ (मरकण्ड, बिलासपुर) डॉ सुरिन्दर कुमार बावा को सौंपे गए। इस अवसर पर एनटीपीसी कोलडैम से सीएमओ डॉ. हरजीत कौर एवं सहायक प्रबंधक (सीएसआर)  पूरन सिंह अथवा सीएचसी मरकण्ड के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रदान की जा रही प्रोटीन किट टीबी रोगियों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होगी अथवा टीबी से होने वाली कमजोरी, वजन घटने और मांसपेशियों के क्षय को नियंत्रित करने में भी प्रभावी भूमिका निभाएगी। इसके माध्यम से टीबी के कारण होने वाली कमजोरी, वजन में कमी तथा मांसपेशियों के क्षय (मसल वेस्टिंग) को नियंत्रित करने में भी प्रभावी सहयोग मिलेगा| इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बिलासपुर ने टीबी रोगियों के कल्याण हेतु एनटीपीसी कोलडैम द्वारा प्रदान की गई इस सहायता के लिए आभार व्यक्त किया तथा इसे रोगियों के उपचार में अत्यंत उपयोगी बताया।

  • एनटीपीसी कोलडैम के चिकित्सा शिविर से दोघरी में 120 से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ

    एनटीपीसी कोलडैम के चिकित्सा शिविर से दोघरी में 120 से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ

    विलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम द्वारा अपने नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत ग्राम पंचायत घनयारा के दोघरी गाँव, जिला मंडी में दिनांक 19.12.2025 को चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 120 से अधिक लोगों ने लाभ प्राप्त किया। 

    एनटीपीसी कोलडैम की सीएमओ डॉ. हरजीत कौर के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा रोगियों की जाँच की गई तथा उन्हें नि:शुल्क दवाइयाँ प्रदान की गईं। वहीं, सीएसआर विभाग से सहायक प्रबंधक पूरन सिंह एवं उनकी टीम द्वारा शिविर का सुचारु एवं सफल आयोजन सुनिश्चित किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान दोघरी श्रीमती मीरा शर्मा एवं राजकिय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दोघरी के प्रिंसिपल राजेंद्र कुमार उपस्थित रहे| उन्होंने एनटीपीसी कोलडैम द्वारा आयोजित इस शिविर की सराहना की। मौके पर उपस्थित लोगों ने भी एनटीपीसी द्वारा प्रदान की जा रही चिकित्सा सुविधाओं की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

  • डीज़ल चोरी पर एसईसीएल की सख्त निगरानी,डिजिटल तकनीक से संदिग्ध वाहन परिचालन की पहचान

    डीज़ल चोरी पर एसईसीएल की सख्त निगरानी,डिजिटल तकनीक से संदिग्ध वाहन परिचालन की पहचान

    बिलासपुर:।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने डीज़ल चोरी एवं परिचालन अनियमितताओं पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में  महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कंपनी ने अपने समस्त परिचालन क्षेत्रों में उन्नत डिजिटल निगरानी एवं सुरक्षा प्रणाली लागू की है, जिससे डीज़ल चोरी कीघटनाओं  को पूरी तरह से रोका जा सके।

    SECL की सभी QRT (क्विक रिस्पांस टीम) के वाहनों में अत्याधुनिक GPS ट्रैकिंग सिस्टम स्थापित कर दिए गए हैं। इन वाहनों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग SECL मुख्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से की जा रही है। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

    इसके साथ ही, SECL के सभी HEMMs (हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी) को उन्नत डिजिटल सेंसरों से लैस किया गया है। ये सेंसर मशीनों की लोकेशन, परिचालन अवधि, डीज़ल खपत एवं किसी भी असामान्य गतिविधि की सटीक जानकारी उपलब्ध कराते हैं। यह प्रणाली डीज़ल चोरी की प्रारंभिक पहचान में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही है तथा मशीनरी उपयोग को पूर्णतः पारदर्शी बनाती है।

    सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से SECL अपने सभी खान क्षेत्रों में RFID आधारित बूम बैरियर्स भी स्थापित कर रहा है। इन बैरियर्स के माध्यम से केवल RFID टैग युक्त अधिकृत वाहन ही खदान परिसरों में प्रवेश कर सकेंगे। सभी वाहनों की प्रवेश-निकास जानकारी स्वतः डिजिटल रूप से रिकॉर्ड होगी, जिससे अनधिकृत आवाजाही पर प्रभावी रोक लगेगी।

    इसके अतिरिक्त, SECL द्वारा चयनित कॉन्ट्रैक्चुअल वाहनों एवं LMV में भी GPS सिस्टम लगाया जा रहा है। इन वाहनों की मूवमेंट, लोकेशन, रुकने की अवधि एवं मार्ग का रीयल-टाइम ट्रैकिंग डेटा, ICCC में उपलब्ध CCTV फुटेज के साथ AI आधारित विश्लेषण प्रणाली से जोड़ा जा रहा है। यह प्रणाली स्वतः ही असामान्य मूवमेंट, अनाधिकृत रुकावट, गलत मार्ग एवं संदिग्ध पैटर्न की पहचान करेगी, जिससे डीज़ल चोरी एवं गलत रिपोर्टिंग की संभावनाएँ नगण्य हो जाएँगी।

    GPS ट्रैकिंग, डिजिटल सेंसर, RFID बैरियर्स और AI आधारित एकीकृत निगरानी तंत्र के माध्यम से SECL का लक्ष्य डीज़ल चोरी को जड़ से समाप्त करना तथा अपने परिचालन तंत्र को पूर्णतः सुरक्षित, पारदर्शी एवं दक्ष बनाना है। इन पहलों के लागू होने से सुरक्षा, दक्षता और निगरानी—तीनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित होगा।

    SECL प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि डीज़ल चोरी या किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे किसी भी स्तर पर क्यों न हों। उपरोक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी एसईसीएल द्वारा प्रदान की गई हैं ।

  • एसईसीएल मुख्यालय में दो दिवसीय ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव 2025’ का भव्य समापन

    एसईसीएल मुख्यालय में दो दिवसीय ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव 2025’ का भव्य समापन

    28 खेल स्पर्धाओं में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग, रेड हाउस विजेता एवं पर्पल हाउस उपविजेता

    बिलासपुर, । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय, बिलासपुर में आयोजित दो दिवसीय ‘एसईसीएल नारी शक्ति खेल महोत्सव 2025’ का आज वसंत विहार स्पोर्ट्स ग्राउंड में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य समापन हुआ। इस आयोजन में 28 विभिन्न खेल एवं मनोरंजक स्पर्धाओं में 300 से अधिक महिला प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। समापन समारोह के अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी)  हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन की गरिमामयी उपस्थिति रही। वसंत विहार स्पोर्ट्स ग्राउंड पहुँचने पर मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का पारंपरिक रूप से पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी संचालन)  एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन)  बिरंची दास, निदेशक (वित्त)डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन के साथ श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षगण श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती हसीना कुमार एवं श्रीमती विनिता जैन उपस्थित रहीं।

    प्रतियोगिताओं में रेड हाउस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पर्पल हाउस मात्र एक अंक के अंतर से उपविजेता रहा। दोनों टीमों के बीच कड़ा एवं रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।

    मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही रस्साकस्सी, मटका रेस, नींबू-चम्मच दौड़ एवं जलेबी रेस जैसे फन गेम्स के फाइनल मुकाबले भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों के साथ दर्शकों ने भी भरपूर आनंद लिया।

    समारोह के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं के विजेताओं एवं उपविजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी एसईसीएल श्री हरीश दुहन ने कहा कि “नारी शक्ति किसी भी संगठन और राष्ट्र की वास्तविक ऊर्जा है। इस प्रकार के आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करते हैं। एसईसीएल में महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं, बल्कि निरंतर क्रियान्वयन की प्रक्रिया है। ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव’ इसी सोच का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि  श्रद्धा  महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव कार्यरत एवं गृहिणी महिलाओं को एक मंच पर जोड़ने का अनूठा  व बेहद सार्थक प्रयास है । इसी क्रम में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में भी नारी शक्ति खेल महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका भव्य फाइनल आगामी दिनों में एसईसीएल के हसदेव क्षेत्र में संपन्न होगा। कार्यक्रम में मंच संचालन श्रीमती  प्रियेशा चौरसिया तथा डॉ संजीवनी पाणिग्रही ने किया वहीं धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक कल्याण श्यामला राव ने किया । 

  • एसईसीएल मुख्यालय में ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव 2025’ का भव्य शुभारंभ

    एसईसीएल मुख्यालय में ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव 2025’ का भव्य शुभारंभ

    श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन ने किया उद्घाटन, गृहणियों और वर्किंग दोनों महिलाएँ साथ एक मंच पर ले रही हैं हिस्सा

    बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय, बिलासपुर में आज ‘एसईसीएल नारी शक्ति खेल महोत्सव 2025’ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन द्वारा किया गया। यह दो दिवसीय आयोजन 13 एवं 14 दिसंबर 2025 को वसंत विहार खेल मैदान, SECL बिलासपुर में आयोजित किया जा रहा है।

    उद्घाटन अवसर पर श्रीमती शशि दुहन ने ध्वजारोहण कर खेल महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया एवं खेलों को आरंभ करने की घोषणा की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि Coal India Limited की किसी भी सहायक कंपनी में संभवतः पहली बार इस प्रकार का ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव’ आयोजित किया जा रहा है, जो SECL की महिलाओं द्वारा स्थापित एक नई और प्रेरणादायी मिसाल है।

    उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ नहीं है, बल्कि SECL की नारी शक्ति के उत्साह, ऊर्जा और नेतृत्व का उत्सव है। कार्यरत एवं गैर-कार्यरत महिलाओं को एक साझा मंच पर खेलों के माध्यम से जोड़ने का यह प्रयास पूरे SECL परिवार को और अधिक निकट लाने, टीमवर्क एवं आत्मविश्वास को सशक्त करने वाला सिद्ध होगा।

    इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती हसीना कुमार तथा श्रीमती विनिता जैन उपस्थित रहीं। अतिथियों का पारंपरिक रूप से शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती सुजाता रानी, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना), SECL मुख्यालय द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया गया।

    खेल महोत्सव के शुरुआत में चार समूह — पर्पल, ब्लू, ग्रीन एवं रेड के प्रतिभागियों का अतिथियों से परिचय कराया गया। श्रीमती शशि दुहन ने स्वयं ‘पिट्टू’ खेल में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

    इस महोत्सव में 50 मीटर, 100 मीटर दौड़, 4×50 मीटर रिले, बैडमिंटन, खो-खो, शतरंज एवं टेबल टेनिस जैसे औपचारिक खेलों के साथ-साथ मटका रेस, जलेबी रेस, तीन टांग दौड़ एवं नींबू दौड़ जैसे मनोरंजक खेल भी शामिल किए गए हैं।

    उल्लेखनीय है कि SECL में महिला सशक्तिकरण  के कई प्रयास किए जा रहे हैं,  इसी वर्ष, एसईसीएल में कोल इंडिया की पहली महिला डिस्पेंसरी की शुरुआत की गई थी । 

    श्रद्धा महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित यह पहल सकारात्मकता, आपसी सहयोग एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करने वाली है। इसी तरह के नारी शक्ति खेल महोत्सव SECL के विभिन्न क्षेत्रों में भी आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि इन प्रतियोगिताओं का भव्य फाइनल आगामी दिनों में एसईसीएल हसदेव क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जहाँ सभी क्षेत्रों की विजेता टीमें एक साथ भाग लेंगी। मुख्यालय के दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन समारोह कल दिनांक 14 दिसंबर को अपराह्न में आयोजित है जहाँ सीएमडी हरीश दुहन व निदेशक मंडल अपने हाथों से विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे ।

  • एनटीपीसी कोलडैम द्वारा ग्रामीण महिला लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रतियोगिता 2025 का सफल आयोजन

    एनटीपीसी कोलडैम द्वारा ग्रामीण महिला लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रतियोगिता 2025 का सफल आयोजन

    विलासपुर (हि प्र)/ एनटीपीसी कोलडैम ने अपने नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत दिनांक 10 दिसंबर 2025 को ग्रामीण महिला लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रतियोगिता के चौथे संस्करण का सफल आयोजन किया। इस भव्य प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के चार जिलों से आई 350 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया और अपने पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत तथा सांस्कृतिक कला का मनमोहक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी कोलडैम के परियोजना प्रमुख  सुभाष ठाकुर एवं  एस. एस. राव, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), द्वारा सभी विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

    कार्यक्रम को सफल बनाने में सीएसआर विभाग से वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. अंजुला अग्रवाल तथा सहायक प्रबंधक श्री पूरन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    प्रतियोगिता में बिलासपुर, मंडी, सोलन और शिमला जिलों के 19 महिला मंडलों की 350 महिलाओं ने भाग लिया। कुल चार श्रेणियों- समूह नृत्य, समूह गायन, एकल नृत्य और एकल गायन में प्रतिस्पर्धा आयोजित की गई। मूल्यांकन के लिए विशेष रूप से आमंत्रित निर्णायक मंडल में डॉ. कश्मीर ठाकुर, एसोसिएट प्रोफेसर (म्यूजिक), राजकीय महाविद्यालय जुखाला; पूर्व संगीत शिक्षिका, राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुन्दरनगर, श्रीमती प्रेमलता शर्मा; तथा प्रोफेसर अंजना कुमारी, विभागाध्यक्ष (म्यूजिक-वोकल), राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं शामिल रहीं, जिन्होंने प्रतियोगिता का निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता के समूह नृत्य में पहला पुरस्कार अटल महिला मण्डल शेरपा, दूसरा पुरस्कार जालपा कालपा महिला मण्डल हरनोडा, और तीसरा पुरस्कार शंकर गौरी महिला मण्डल सिहारली (बेरल) को मिला।

    समूह गायन में प्रथम पुरस्कार महिला मंडल सोझा, दूसरा नव जागृति महिला मण्डल दोघरी, और तीसरा पुरस्कार जालपा महिला मण्डल देवला छाम्ब को प्राप्त हुआ। वहीं, एकल गायन में महिला मंडल सोझा की आशा कुमारी प्रथम, अटल महिला मंडल शेरपा की कौशल्या देवी द्वितीय, तथा महिला मंडल बहोट कसोल की इंद्रा देवी तृतीय रहीं।

    एकल नृत्य प्रतियोगिता में महिला मण्डल पडियार से कुसुम देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर महिला मण्डल हवानी कोल की पलमा देवी रही। जबकि तृतीय स्थान जय माँ हिडिंबा खोर (देवला छाम्ब) से भारती को मिला ।

    एनटीपीसी कोलडैम की महिला लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रतियोगिता की लोकप्रियता और जनभागीदारी में प्रतिवर्ष उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। यह सांस्कृतिक महोत्सव दर्शकों और प्रतिभागियों को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ते हुए अपनी अलग पहचान बना रहा है। प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए एनटीपीसी कोलडैम का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

  • एनटीपीसी सीपत की एमजीआर रेल लाइन में ठेका श्रमिक का शव मिला, आत्महत्या की आशंका

    एनटीपीसी सीपत की एमजीआर रेल लाइन में ठेका श्रमिक का शव मिला, आत्महत्या की आशंका

    सीपत । एनटीपीसी सीपत की एमजीआर रेल लाइन में बुधवार रात्रि लगभग 11 बजे सीआईएसएफ के जवानों को ठेका श्रमिक  सुरेश कुमार वस्त्रकार (निवासी ग्राम देवरी) का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में शव को पीएचसी सीपत भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि अंतिम पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही होगी। इस संबंध में एनटीपीसी सीपत के जन संपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती ने बताया कि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।