छत्तीसगढ़: पूर्व विधायक के बंगले में चली गोली, एक पुलिसकर्मी की मौत, एक अन्य घायल

Spread the love

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार को कांग्रेस के एक पूर्व विधायक के बंगले में कथित तौर पर दुर्घटनावश गोली चल जाने से सुरक्षाबल के एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के सिविल लाइंस इलाके में स्थित कांग्रेस की पूर्व विधायक देवती कर्मा के बंगले में आज सुबह करीब 7 से 8 बजे के मध्य दुर्घटनावश गोली चलने से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई तथा एक सहायक प्लाटून कमांडर घायल हो गया। उन्होंने बताया कि यह घटना उस दौरान हुई जब जवान बंगले की बैरक में अपने सर्विस हथियारों की सफाई कर रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गलती से पिस्तौल से निकली गोली सहायक प्लाटून कमांडर राम कुमार दोहरे की हथेली को भेदते हुए पुलिसकर्मी अजय सिंह के सीने में जा लगी। उन्होंने बताया, घटना के पश्चात दोनों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान ही अजय सिंह ने अपना दम तोड़ दिया। राम कुमार दोहरे का इलाज अभी जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि अजय सिंह मध्यप्रदेश के बिजुरी गांव के निवासी थे तथा राम कुमार दोहरे भिंड जिले के रहने वाले हैं। दोनों देवती कर्मा के बेटे आशीष कर्मा की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना आकस्मिक गोलीबारी का मामला प्रतीत होता है। घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.