ओडिशा के पुरी में बुधवार की रात भगवान जगन्नाथ के चंदन यात्रा उत्सव में एक बड़ी घटना घट गयी। इस चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के रखे ढेर में अचानक से आग लगने के कारण विस्फोट हो गया। इस घटना की चपेट में आने से कुल 15 लोग झुलस गए है। पुलिस द्वारा यह जानकारी दी गयी।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के दौरान सैकड़ों लोग अनुष्ठान देखने के लिए नरेन्द्र पुष्करिणी सरोवर के तट पर एकत्र हुए थे। पुलिस के अनुसार श्रद्धालुओं का एक समूह इस अवसर पर आतिशबाजी कर रहा था तभी एक चिंगारी पटाखों के ढेर पर जा गिरा और उसमें धमाका हो गया।
पुलिस ने बताया कि जलते हुए पटाखे मौके पर एकत्रित लोगों पर जा गिरे और उनमें से कुछ लोग खुद को बचाने के लिए जलाशय में भी कूद गए। एक चिकित्सक ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनमें से 4 की हालत गंभीर है।
CM ने हादसे पर दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इलाज का खर्च मुख्यमंत्री राहत कोष से वहन किया जाएगा।