राइस मिलों से फैलते प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश, मानव श्रृंखला बनाकर किया विरोध

Spread the love

सोनभद्र। विधानसभा 401 के सदर ब्लॉक अंतर्गत रॉबर्ट्सगंज–पन्नूगंज मार्ग स्थित लसड़ा गांव में संचालित राइस मिलों से फैल रहे वायु प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा आज खुलकर सामने आया। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों से अधिक ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।ग्रामीणों का कहना है कि राइस मिलों की चिमनियों से लगातार निकल रही राख और धूल आसपास के गांवों में गिर रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों में दमा, आंखों और त्वचा से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रदूषण के कारण उनकी फसलें भी बर्बाद हो रही हैं, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है।प्रदर्शन के दौरान संदीप मिश्रा ने कहा कि लसड़ा, पाली, बिजौली, हरहुआ, अमौली, अकछोर, रमना, बगर, धोबही, करारी, सिरपालपुर, बेठीगांव सहित लगभग 15 से 20 गांव इस समय गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राइस मिलों द्वारा कचरे की अवैध डंपिंग की जा रही है और सिरोही नदी को पाटकर अतिक्रमण भी किया गया है, जिससे नदी की निर्मलता और अविरलता नष्ट हो रही है। सिरोही नदी बेलन नदी की सहायक है, ऐसे में भविष्य में बेलन नदी के प्रदूषित होने का भी खतरा है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि राइस मिलों से जुड़ी भारी गाड़ियों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी उपेक्षा के विरोध में आज यह प्रदर्शन किया गया।प्रदर्शन में संतोष पांडेय, विजेंद्र पांडेय, अरुण पांडेय, सोनू पासवान, राजू लोहार, ऋषभ चौबे, आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, राम आसरे कनौजिया, दिनेश चेरो सहित हजारों ग्रामीण मौजूद रहे। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जांच कर राइस मिलों पर कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *