द गुरुकुलम स्कूल में सीपीआर ट्रेनिंग के साथ दो दिवसीय पेरेंट्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम सम्पन्न

Spread the love

डीडीयू नगर। शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, जीवन कौशलों से समृद्ध होनी चाहिए, इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए गुरुकुलम स्कूल, वाराणसी में चल रहे दो दिवसीय पेरेंट्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम के दूसरे दिन एक अत्यंत उपयोगी और व्यावहारिक सीपीआर ट्रेनिंग सत्र का आयोजन किया गया। वाराणसी के प्रतिष्ठित ‘द’गुरुकुलम स्कूल में  चल रहे दो दिवसीय पेरेंट्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम में न केवल स्कूल की शैक्षणिक नीतियों और शिक्षण प्रक्रिया पर चर्चा हुई, बल्कि सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) की लाइव ट्रेनिंग ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात प्रधानाचार्या प्रियंका मुख़र्जी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा “हमारा उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षित करना नहीं, बल्कि एक जागरूक, सतर्क और समर्थ समाज की नींव रखना है। सीपीआर जैसी ट्रेनिंग आज हर व्यक्ति की ज़रूरत है।” 

सीपीआर ट्रेनिंग सेशन का संचालन जनार्दन शर्मा और उनकी  टीम द्वारा किया गया। उन्होंने सीपीआर की महत्ता को बताते हुए इसके प्रैक्टिकल स्टेप्स का लाइव प्रदर्शन किया, जिसे अभिभावकों ने न केवल सीखा, बल्कि अभ्यास भी किया। इस दौरान प्रधनाचार्या प्रियंका मुखर्जी ने न सिर्फ प्रशासनिक दृष्टिकोण से कार्यक्रम का संचालन किया, बल्कि वे खुद भी ट्रेनिंग में भाग लेती रहीं और अभिभावकों को प्रोत्साहित करती दिखीं। उन्होंने कहा, “जब हम एक माँ या पिता को सीपीआर सिखाते हैं, तो हम दरअसल एक पूरे परिवार को सुरक्षित करते हैं।” अभिभावकों का उत्साह देखते ही बनता था। सभी ने इसे एक अत्यंत उपयोगी और जीवन रक्षक ट्रेनिंग बताया। एक अभिभावक रेखा श्रीवास्तव ने कहा, यह ऐसा ज्ञान है जो किताबों में नहीं मिलता, लेकिन जीवन में कभी भी ज़रूरत पड़ सकती है। आज मैंने अपने बच्चों के लिए कुछ बेहद मूल्यवान सीखा।” गुरुकुलम स्कूल प्रशासन ने बताया कि भविष्य में इस तरह के और भी जीवन उपयोगी कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह पहल स्कूल की “समग्र शिक्षा” की सोच को दर्शाती है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका शिवांगी सोनी, धन्यवाद ज्ञापन समन्वयक मृदुला राय व सविता दास ने संयुक्त रूप किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, तमाम अभिभावक वह अन्य लोग भी मौजूद रहें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *