सोनभद्र। सीओ पिपरी की सरकारी गाड़ी से हुई दुर्घटना में महिला की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक महिला को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आज सरदार सेना के सैकड़ों लोग कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया।बताया गया कि बीते 26 जनवरी को सीओ पिपरी की सरकारी गाड़ी ने सड़क पार कर रही महिला अस्पताली देवी को टक्कर मार दी थी। हादसे में अस्पताली देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दुर्घटना में सीओ सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घटना के बाद से ही परिजन और स्थानीय लोग निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।वहीं शनिवार को इस मामले को लेकर सरदार सेना के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरएस पटेल ने कहा कि यह कोई साधारण दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि यदि किसी आम नागरिक की गाड़ी से ऐसा हादसा होता, तो अब तक एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी हो चुकी होती, लेकिन पुलिस अधिकारी होने के कारण मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।आरएस पटेल ने स्पष्ट कहा कि मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, मृतक के पुत्र को सरकारी नौकरी और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो सरदार सेना प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन लोगों में आक्रोश साफ नजर आया।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
