छात्र जोड़ो अभियान में पूर्वांचल दिखाएगा दमखम -ऋषभ पांडेय

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के पूर्वी जोन अध्यक्ष ऋषभ पांडेय और पूर्वी जोन उपाध्यक्ष संदीप पाल का बुधवार को सोनभद्र आगमन हुआ। हिंदुवारी तिराहे पर छात्र नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद रॉबर्ट्सगंज स्थित पीडब्ल्यूडी बंगले में “छात्र जोड़ो अभियान” के तहत बैठक आयोजित की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऋषभ पांडेय ने कहा कि वर्तमान सरकार छात्रों की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव बंद कराए गए हैं और स्कूल-कॉलेजों में फीस वृद्धि से लेकर एडमिशन तक में छात्र-नौजवान परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बजट में विश्वविद्यालयों की घोषणाएं की जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर छात्रों को राहत नहीं मिल रही है।पूर्वी जोन उपाध्यक्ष संदीप पाल ने कहा कि सोनभद्र की शैक्षणिक समस्याओं को प्रदेश स्तर पर उठाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और डिग्री कॉलेजों में छात्रों के साथ हो रहे शोषण के खिलाफ संगठन आवाज उठाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष अंशु गुप्ता ने कहा कि दुद्धी और ओबरा डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव बंद कर छात्रों की राजनीतिक भागीदारी खत्म की गई है। फीस वृद्धि और एडमिशन की समस्याओं के खिलाफ संयुक्त रूप से संघर्ष किया जाएगा।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे (आशु) ने कहा कि शिक्षा महंगी होती जा रही है। फीस, कॉपी-किताब और उच्च शिक्षा के बढ़ते खर्च से अभिभावक चिंतित हैं, वहीं बेरोजगारी भी बढ़ रही है।कार्यक्रम में गौतम आनंद, मनोज मिश्रा, शसूरज वर्मा, राहुल जैन, श्रीकांत मिश्रा, दयाराम प्रजापति, सौम्य सोनकर, अफजल खान, मिथिलेश पासवान, संदीप जैन, शहजाद खान सहित कई छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *