महिला सुरक्षा,सम्मान एवं स्वावलंबन पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Spread the love

भदोही /युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वाधान में “मिशन शक्ति” अभियान के पाँचवें चरण के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन समस्त विकास खंडों में किया गया। यह कार्यक्रम “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” के संकल्प को केंद्र में रखते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित था।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना, साथ ही युवाओं में लैंगिक समानता और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना था।

जिला युवा कल्याण अधिकारी दिनेश कुमार त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा, “मिशन शक्ति एक क्रांतिकारी पहल है जो नारी शक्ति को पहचान देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास कर रही है।”

इस अवसर पर महिला पुलिस अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों तथा महिला उद्यमियों द्वारा विभिन्न विषयों पर संवाद, प्रेरक वक्तव्य और जानकारी साझा की गई। साथ ही, स्वरोजगार, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, हेल्पलाइन सेवाएं (जैसे 1090, 181) और सरकार की विभिन्न महिला केंद्रित योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्थानीय युवाओं, विद्यालयों के छात्रों, महिला स्वयं सहायता समूहों और नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। प्रतिभागियों ने पोस्टर प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ और प्रश्नोत्तरी जैसे विविध कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जिला युवा कल्याण अधिकारी ने कहा, “यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक आंदोलन है, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।” युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से “मिशन शक्ति” के उद्देश्यों को जनसामान्य तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *