*22 मार्च को होगी ‘मेधा’ छात्रवृत्ति परीक्षा

पीडीडीयू नगर । (जी.जी.न्यूज) सनबीम स्कूल मुगलसराय के लिए यह अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है कि विद्यालय के पूर्व छात्र एवं भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के वैज्ञानिक अभिषेक राय का आगमन सोमवार, 9 फरवरी को विद्यालय परिसर में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा एक विशेष प्रेस वार्ता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस संवाद के दौरान इसरो के वैज्ञानिक अभिषेक राय ने अपने विद्यालयी जीवन से लेकर इसरो तक की प्रेरणादायक यात्रा साझा करते हुए विद्यार्थियों को परिश्रम, संघर्ष और लक्ष्य-निष्ठा से बड़े सपने साकार करने की प्रेरणा दी। उन्होंने इसरो की कार्यप्रणाली, उपग्रहों और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़ी जानकारियाँ सरल व रोचक ढंग से प्रस्तुत कीं।संवाद सत्र में विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए तार्किक प्रश्नों का उन्होंने सहजता से उत्तर दिया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ। उन्होंने सनबीम स्कूल द्वारा संचालित ‘मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा’ की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए और कहा -कि मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं है, बल्कि यह उन प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने का सशक्त मंच है, जो संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाती हैं। 55 लाख रुपये तक की यह छात्रवृत्ति उन विद्यार्थियों के लिए आशा की किरण है, जिनके सपने परिस्थितियों के कारण अधूरे रह जाते हैं। यह पहल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और आगे बढ़ने का साहस पैदा करती है।
उनका यह संवाद विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के लिए परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करने वाला रहा। वर्तमान में इसरो वैज्ञानिक के रूप में देश का नाम रोशन कर रहे अभिषेक राय जी की कक्षा 11 और 12 की शिक्षा सनबीम स्कूल मुगलसराय में विशेष छात्रवृत्ति के अंतर्गत हुई थी।
दिनांक 22 मार्च ,दिन रविवार को दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय में ‘मेधा’ (छात्रवृत्ति परीक्षा) का आयोजन किया जायेगा। यह छात्रवृत्ति परीक्षा चंदौली व वाराणसी जिले के साथ – साथ समस्त उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के होनहार एवं प्रतिभाशाली छात्रों के लिए सुनहरा अवसर लेकर आया है। इस परीक्षा में कक्षा 10 में अध्ययनरत एवं कक्षा 11 में प्रवेश के इच्छुक प्रतिभागी भाग लेकर न केवल खुद को ‘मेधावी’ साबित करेंगे बल्कि स्कॉलरशिप भी हासिल कर सकेंगे।
स्कूल की निदेशिका श्रीमती श्वेता कानूडिया ने बताया कि इस स्कॉलरशिप टेस्ट के अंतर्गत सत्र 2026-27 में कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले छात्र 2 साल तक नि:शुल्क शिक्षा का लाभ उठा सकेंगे । इसमें वज्ञान वर्ग के पीसीएम व पीसीबी तथा ह्यूमेंटीज वर्ग (कला) और कॉमर्स वर्ग (वाणिज्य) के 30 छात्रों का चयन छात्रवृत्ति परीक्षा परिणाम के श्रेष्ठता सूची में सर्वोत्तम अंकों के आधार पर किया जाएगा । जिसमें परीक्षा की वरीयता सूची में सर्वोत्तम 6 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत (स्कूल फीस, ट्रांसपोर्ट मेंटेनेंस चार्ज, कोचिंग फीस) की छात्रवृत्ति दी जाएगी , वहीं वरीयता क्रम के अनुसार 10 छात्रों को 50 प्रतिशत व 14 छात्रों को 25 प्रतिशत (स्कूल फीस, ट्रांसपोर्ट मेंटेनेंस चार्ज ) की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसप्रकार चयनित छात्रों को 51 लाख रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सौमिता चटर्जी ने यह बताया कि हमारा मेरिट स्कॉलरशिप प्रोग्राम छात्र केंद्रित है। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि प्रत्येक छात्र को स्कूली शिक्षा के सभी क्षेत्रों में सुअवसर प्रदान किया जाए ताकि वे निरंतर उन्नति को प्राप्त कर सके । यह कार्यक्रम उन बच्चों को लाभान्वित करने जा रहा है। इस छात्रवृत्ति परीक्षा में सीबीएसई बोर्ड , आईसीएसई बोर्ड , यू. पी. बोर्ड के साथ – साथ अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। इस छात्रवृत्ति परीक्षा में प्रतिभाग करने के लिए विद्यार्थी सनबीम स्कूल मुगलसराय में आकर फॉर्म भर सकते हैं या सनबीम स्कूल की वेबसाईट पर जाकर फॉर्म 21 मार्च तक भर सकते है । परीक्षा 22 मार्च प्रातः 9 बजे से होगा। प्रश्नपत्र का माध्यम अंग्रेजी भाषा रहेगा।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
