केन्द्रीय बजट पर बोले विधायक भूपेश चौबे: “कोई नहीं होगा आहत, सबको मिलेगी राहत”  

Spread the love

 राबर्ट्सगंज। केंद्रीय बजट को लेकर भाजपा जिला कार्यालय राबर्ट्सगंज में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर विधायक भूपेश चौबे ने बजट को विकसित भारत 2047 की दिशा में निर्णायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। प्रेस वार्ता की शुरुआत भी राहत के संकल्प के साथ हुई और अंत इसी भरोसे के साथ किया गया कि इस बजट से समाज के हर वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।विधायक भूपेश चौबे ने बताया कि बजट 2026 27 का कुल आकार 53 लाख करोड़ रुपये है, जिसमें 12.2 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय प्रस्तावित किया गया है। साथ ही फिस्कल डेफिसिट को 4.3 प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज नहीं बल्कि आम आदमी के सुरक्षित और सशक्त भविष्य की ठोस रूपरेखा है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी गई है।उन्होंने बताया कि शिक्षा क्षेत्र के लिए 1 लाख 39 हजार 289 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर के आसपास यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित की जाएंगी और विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग एवं गणित (STEM) क्षेत्रों में बालिकाओं के लिए छात्रावास बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला अस्पतालों की इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर सुविधाओं का 50 प्रतिशत विस्तार, 3 नए एम्स, 5 क्षेत्रीय मेडिकल हब, 1000 निजी मेडिकल कॉलेजों में ट्रॉमा सेंटर और 15 लाख केयरगिवर्स को प्रशिक्षण देने का प्रावधान किया गया है। कैंसर की 17 दवाइयों और 7 गंभीर बीमारियों की दवाओं को टैक्स मुक्त कर सस्ता किया गया है, जिससे आम लोगों को इलाज में बड़ी राहत मिलेगी।नारी सशक्तिकरण को लेकर विधायक ने कहा कि बजट में हर जिले में बालिका छात्रावास, 5 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की योजनाएं लागू की गई हैं। गरीबी उन्मूलन के लिए विकसित भारत ग्राम योजना में 1.51 लाख करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना में 54 हजार 916 करोड़ 70 लाख रुपये तथा शहरी और ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत श्रमिकों, गिग वर्कर्स और घरेलू कामगारों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।प्रेस वार्ता में बोलते हुए विधायक भूपेश चौबे ने यह भी बताया कि सरकार की जी रामजी योजना में अब पहले से अधिक जनहितकारी सुधार किए गए हैं। यदि किसी लाभार्थी के भुगतान में देरी होती है तो अब उसे ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि बापू का संदेश आज भी देश को स्वच्छता, समानता और आत्मनिर्भरता की राह दिखा रहा है।प्रेस वार्ता के अंत में सदर विधायक भूपेश चौबे ने दोहराया

“कोई नहीं होगा आहत, सबको मिलेगी राहत यही इस बजट की आत्मा है।”कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नन्द लाल, अनूप तिवारी, बृजेश श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *