यूनिट-4 बॉयलर के प्रथम कॉलम की हुई स्थापना

नबीनगर, बिहार। एनटीपीसी नबीनगर की स्टेज-11 विस्तार परियोजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में यूनिट-4 बॉयलर के प्रथम कॉलम की स्थापना की गई। विजय गोयल, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-1) के कर कमलों द्वारा प्रथम कॉलम की स्थापना संपन्न हुई। प्रथम कॉलम की स्थापना के उपरांत विजय गोयल ने एनटीपीसी नबीनगर के परियोजना प्रमुख एल. के. बेहरा के साथ स्टेज-II निर्माण क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना निर्माण विभाग एवं एल एंड टी (L&T) के अधिकारियों के साथ मिलकर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। निर्धारित समय सीमा में इस महत्वपूर्ण चरण को पूरा करने के लिए उन्होंने सभी विभागों के समर्पण एवं लगन की सराहना की तथा परियोजना को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

एनटीपीसी नबीनगर स्टेज-II विस्तार परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 30 मई 2025 को वर्चुअल माध्यम से किया गया था, जिसके बाद से निर्माण कार्य पूरी दक्षता और गति से चल रहा है। लगभग ₹29,900 करोड़ की लागत से बनाई जा रही यह परियोजना राज्य की ऊर्जा आपूर्ति और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वर्तमान में एनटीपीसी नबीनगर की स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता 1,980 मेगावाट है, जो 660 मेगावाट की तीन पूर्णतः क्रियाशील इकाइयों के माध्यम से संचालित हो रही है। स्टेज-11 विस्तार के अंतर्गत 800 मेगावाट की तीन नई इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। ये इकाइयों तकनीकी दृष्टि से अत्याधुनिक होंगी, क्योंकि इनमें अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक एवं एयर कूल्ड कंडेंसर (Air Cooled Condenser) प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है। यह तकनीक जल उपयोग को न्यूनतम रखते हुए उच्च दक्षता सुनिश्चित करेगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
यूनिट -4 बॉयलर के प्रथम कॉलम स्थापना समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें राकेश शर्मा, महाप्रबंधक (परियोजना), अनिल कुमार टीसी. महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), एम. पाणिग्रही, महाप्रबंधक (एडीएम एवं मेंटेनेंस) सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
