स्वस्थ दिनचर्या प्रत्येक नागरिक का अधिकार, सरकार भी इसके लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने उ0प्र0 विधान सभा में स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया

यह स्वास्थ्य शिविर बजट सत्र के दौरान निरन्तर विधान सभा तथा विधान परिषद के समस्त सदस्यों सहित अन्य लोगों की सुविधा के लिए उपलब्ध रहेगा : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बजट सत्र के अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान मण्डल में सभी सदस्यों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। यह स्वास्थ्य शिविर बजट सत्र के दौरान निरन्तर विधान सभा तथा विधान परिषद के समस्त सदस्यों सहित अन्य लोगों की सुविधा के लिए उपलब्ध रहेगा। मुख्यमंत्री आज यहां उत्तर प्रदेश विधान सभा में स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन करने के उपरान्त अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह, विधान सभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना तथा उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक को विशेष स्वास्थ्य कैम्प को प्रारम्भ करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ दिनचर्या हर नागरिक का अधिकार है और सरकार भी इसके लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसके लिए हमें लोगों को काउंसिलिंग के माध्यम से जानकारी देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सकों के सुझावों का लोगों पर व्यापक असर पड़ेगा, क्योंकि जो किसी फील्ड का एक्सपर्ट यदि उस फील्ड के बारे में लोगों को बताएगा तो जनता पर ज्यादा असर होगा। विकास की योजनाओं के बारे में राजनेता तथा स्वास्थ्य के विषय में यदि डॉक्टर जनता को जानकारी देंगे, तो लोगों पर ज्यादा प्रभाव पड़ेगा। प्रत्येक सदस्य को तनावमुक्त रहकर एक स्वस्थ वातावरण में अपनी दिनचर्या को आगे बढ़ाना चाहिए, फिर रोग भी उनसे दूर रहेगा। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह, विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *