फरीदाबाद । एनटीपीसी फरीदाबाद में 54वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ आज सुरक्षा पार्क में किया गया। यह सुरक्षा सप्ताह 4 मार्च से 11 मार्च 2025 तक चलेगा, जिसमें कर्मचारियों और ठेकेदारों के बीच सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

समारोह की शुरुआत परियोजना प्रमुख (फरीदाबाद एवं बदरपुर) अतुल कमलाकर देसाई द्वारा सुरक्षा ध्वज फहराकर और सभी कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाकर की गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन करना केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। इससे न केवल स्वयं का, बल्कि परिवार और संगठन का भी कल्याण सुनिश्चित होता है।इस वर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह की थीम है – “विकसित भारत के लिए सुरक्षा और कल्याण महत्वपूर्ण है”, जिसे ध्यान में रखते हुए पूरे सप्ताह विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ द्वारा आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई, जो कर्मचारियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही, अग्निशमन दल द्वारा अग्निशमन वाहन की सहायता से तिरंगा बनाकर अनूठा प्रदर्शन किया गया, जिसे सभी ने सराहा।
इस अवसर पर बी. वेंकटेश्वर (महाप्रबंधक – यूएसएजी), निशांत गर्ग (अपर महाप्रबंधक – प्रचालन एवं अनुरक्षण), डॉ. बसंत कुमार बेहरा (सीएमओ), सुधीर रंजन मोहिनी (अपर महाप्रबंधक – यूएसएजी) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण और सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे।
एनटीपीसी फरीदाबाद ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि सुरक्षा केवल एक नियम या औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह एक संस्कृति है, जिसे सभी कर्मचारियों और हितधारकों को अपने कार्य और व्यवहार में अपनाना चाहिए।
Leave a Reply