Category: SONBHADRA

  • होलिका और किसान के पुआल में लगाई आग, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

    होलिका और किसान के पुआल में लगाई आग, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

    सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गेन्गुआर गांव में शुक्रवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लगभग 10:30 बजे स्कूटी से आए दो अराजक तत्वों ने गांव में रखी होलिका और एक किसान के करीब 10 बीघा खेत के धान के पुआल में आग लगा दी। आग लगाने के बाद दोनों युवक मौके पर ही खड़े रहे।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी भागने लगे। ग्रामीणों ने उनका पीछा किया और पहचान सुनिश्चित करते हुए तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी वंश केसरी को हिरासत में ले लिया।

    दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।ग्रामीणों का आरोप है कि शाम ढलते ही नगर क्षेत्र से कुछ लोग गांव के आसपास आकर हेरोइन और शराब का सेवन करते हैं और इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं। उनका कहना है कि पहले भी पुलिस को इस संबंध में सूचना दी गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण ऐसी घटनाएं दोबारा हो रही हैं।घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि गांव में शांति और सुरक्षा बनी रहे।इस संबंध में ग्राम निवासी मृगेंद्र कुमार ने भी पुलिस प्रशासन से ठोस कदम उठाने की अपील की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

  • भट्ठी मोड़ पर फिर हादसा, दो तिहाड़ी मजदूर गंभीर हालत में रेफर

    भट्ठी मोड़ पर फिर हादसा, दो तिहाड़ी मजदूर गंभीर हालत में रेफर

    दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया भट्ठी मोड़ के पास एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए जाने के कारण हुई इस दुर्घटना में दो बाइक सवार तिहाड़ी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घायलों की पहचान प्रेमनाथ पुत्र सुखलाल (उम्र लगभग 30 वर्ष) एवं शिव नारायण पुत्र बिसूर (उम्र लगभग 45 वर्ष), निवासी डुमरडीहा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों एक ही बाइक से मजदूरी करने दुद्धी जा रहे थे। इसी दौरान झारो मनबसा की ओर से बच्चों को लेकर आ रही एक मैजिक वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। हालांकि मैजिक वाहन में बैठे लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि मैजिक वाहन तेज रफ्तार में थी। कुछ लोगों ने चालक पर लापरवाही और नशे में वाहन चलाने का भी आरोप लगाया।ग्रामीणों ने बताया कि भट्ठी मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है। स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कई बार उठाई गई थी। कुछ माह पहले इस समस्या को अखबार में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था, जिसके बाद विभाग ने स्पीड ब्रेकर बनाने का आदेश भी जारी किया था। लेकिन आदेश सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया।स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के उदासीन रवैये की कड़ी निंदा करते हुए जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

  • पर्यटन पॉलिसी के तहत सब्सिडी के लिए ऑनलाइन आवेदन करें निवेशक

    पर्यटन पॉलिसी के तहत सब्सिडी के लिए ऑनलाइन आवेदन करें निवेशक

    सोनभद्र। सहायक पर्यटन अधिकारी सोनभद्र राजेश कुमार भारती ने जानकारी दी है कि जिन निवेशकों ने निवेश पोर्टल पर आवेदन कर अपनी परियोजनाओं का कार्य पूर्ण कर लिया है, वे पर्यटन पॉलिसी की गाइडलाइन के अनुसार सब्सिडी प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन करें।ऑनलाइन आवेदन करने के बाद भरा हुआ फार्म सहायक पर्यटन कार्यालय, विकास भवन सोनभद्र में जमा करना होगा। इसके बाद पर्यटन पॉलिसी योजना के अंतर्गत सब्सिडी उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जाएगी। पात्र निवेशकों से समय से आवेदन करने की अपील की गई है।

  • विशेष पुनरीक्षण कार्य से जुड़े अधिकारियों का स्थानांतरण आयोग की अनुमति से ही

    विशेष पुनरीक्षण कार्य से जुड़े अधिकारियों का स्थानांतरण आयोग की अनुमति से ही

    सोनभद्र। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बी.एन. सिंह ने बताया कि 01 जनवरी 2026 को आधार तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस अवधि में जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का स्थानांतरण आयोग की पूर्व अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता।नोटिस चरण के अंतर्गत दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई 27 मार्च 2026 तक की जाएगी तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को निर्धारित है। आयोग की अनुमति के बिना स्थानांतरण से पुनरीक्षण कार्य प्रभावित हो सकता है, इसलिए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

  • राष्ट्रीय ध्वज हमारे गौरव और सम्मान का प्रतीक

    राष्ट्रीय ध्वज हमारे गौरव और सम्मान का प्रतीक

    सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कहा कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज देश की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतीक है। हर नागरिक के मन में तिरंगे के प्रति प्रेम, सम्मान और निष्ठा का विशेष स्थान है।भारतीय झंडा संहिता 2002 में संशोधन के बाद अब हाथ से बने या मशीन से निर्मित सूती, पॉलिएस्टर, ऊनी, सिल्क या खादी कपड़े से राष्ट्रीय ध्वज बनाया जा सकता है। कोई भी नागरिक, संस्था या गैर-सरकारी संगठन सभी अवसरों पर ध्वज फहरा सकता है, बशर्ते उसकी मर्यादा और सम्मान बना रहे।झंडे की लंबाई और चौड़ाई का अनुपात 3:2 होना चाहिए। फटा या मैला झंडा प्रदर्शित नहीं किया जाए। एक ही ध्वज-दंड पर अन्य झंडों के साथ राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जा सकता। निर्धारित गणमान्य व्यक्तियों को ही वाहन पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने की अनुमति है। विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

  • पंचायत निर्वाचन नामावली के वृहद पुनरीक्षण की संशोधित समय-सारणी जारी

    पंचायत निर्वाचन नामावली के वृहद पुनरीक्षण की संशोधित समय-सारणी जारी

    सोनभद्र। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण के लिए संशोधित समय-सारणी निर्धारित की गई है।

    दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पांडुलिपियां तैयार करने एवं सत्यापन की अवधि 7 जनवरी से 16 मार्च 2026 तक निर्धारित है। पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण 21 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक किया जाएगा।मतदाता सूचियों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता आवंटन तथा डाउनलोडिंग की प्रक्रिया 17 मार्च से 13 अप्रैल 2026 तक चलेगी। अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। पुनरीक्षण के दौरान सार्वजनिक अवकाश के दिन भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे।

  • होली पर 4 मार्च को शाम 4 बजे तक शराब, भांग और ताड़ी की दुकानें बंद रहेंगी

    होली पर 4 मार्च को शाम 4 बजे तक शराब, भांग और ताड़ी की दुकानें बंद रहेंगी

    सोनभद्र। होली पर्व को देखते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था और लोक शांति बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट बद्री नाथ सिंह ने आदेश जारी किया है।04 मार्च 2026 को अपराह्न 4 बजे तक जनपद की सभी देशी शराब, कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप, भांग और ताड़ी की फुटकर एवं थोक दुकानें बंद रहेंगी।संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम 1910 की धारा 59 के तहत यह आदेश जारी किया गया है। बंदी दिवस के लिए अनुज्ञापियों को किसी प्रकार का प्रतिफल देय नहीं होगा। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

  • एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने विनोद जाखड़,बढ़ौली चौराहे पर मिष्ठान वितरण, छात्र नेताओं ने नारे लगाकर किया स्वागत

    एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने विनोद जाखड़,बढ़ौली चौराहे पर मिष्ठान वितरण, छात्र नेताओं ने नारे लगाकर किया स्वागत

    सोनभद्र। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राजस्थान प्रदेश के एनएसयूआई अध्यक्ष एवं राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रहे विनोद जाखड़ को राष्ट्रीय छात्र संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जैसे ही नियुक्ति की घोषणा हुई, छात्र नेताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।बढ़ौली चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “विनोद जाखड़ जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा।जिला अध्यक्ष अंशु गुप्ता ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज थीं और विभिन्न प्रदेशों के नेताओं के इंटरव्यू भी हुए थे। ऐसे में विनोद जाखड़ को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी का कार्यकाल भी सराहनीय रहा और अब नए नेतृत्व में संगठन और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।उन्होंने विश्वास जताया कि विनोद जाखड़ स्वयं छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और छात्र-छात्राओं की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। उनके नेतृत्व में पूरे देश में एनएसयूआई को नई मजबूती मिलेगी और उत्तर प्रदेश में भी छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने के लिए प्रयास तेज किए जाएंगे।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सौम्य सोनकर, छात्र नेता संदीप गुप्ता, अमित पटेल, सौर्य सिंह, वेणु पांडेय, शिवांश कुमार, निक्कू जायसवाल, अंकित सिंह और स्रायांश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

  • एनसीएल की निगाही परियोजना ने सीएसआर के तहत वार्ड 24 में लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

    एनसीएल की निगाही परियोजना ने सीएसआर के तहत वार्ड 24 में लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

    150 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का उठाया लाभ

    सोनभद्र, सिंगरौली।  एनसीएल द्वारा सीएसआर के तहत सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के उद्देश्य से समय-समय पर अनेक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है, इसी क्रम में गत गुरुवार को एनसीएल की निगाही परियोजना ने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत वार्ड क्रमांक 24, नवानगर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।

    शिविर के दौरान निगाही परियोजना से चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित लोगों के सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण सहित गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य का परीक्षण किया तथा उन्हें नि:शुल्क दवाइयों का भी वितरण किया। इस अवसर पर 150 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवा कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया जिसमें 30 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं।
    गौरतलब है कि एनसीएल, अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए ऐसे शिविरों का आयोजन करता रहता है ताकि समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।

  • विंध्याचल में इंडस्ट्रियल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ

    विंध्याचल में इंडस्ट्रियल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ

    सोनभद्र, सिंगरौली। विंध्याचल के वीवा क्लब में बहुप्रतीक्षित इंडस्ट्रियल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों  एनटीपीसी विंध्याचल, एनटीपीसी रिहंद, एनटीपीसी सिंगरौली, एनसीएल, रिलायंस पावर (सासन), हिंडाल्को (महान) तथा अदानी पावर की टीमें भाग ले रही हैं। यह आयोजन फिटनेस, टीमवर्क और अंतर-उद्योगीय सौहार्द को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ए.जे. राजकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ एम. सुरेश, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम),  एस.के. सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम) एवं अध्यक्ष (स्पोर्ट्स काउंसिल) तथा डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा) भी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त  नवनीत कुमार, अपर महाप्रबंधक (प्रचालन) एवं उपाध्यक्ष (स्पोर्ट्स काउंसिल), श्रीमती मृणालिनी, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तथा श्रीमती कामना शर्मा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
    अतिथियों ने अपने संबोधन में खेलों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि टीम भावना और आपसी सहयोग को भी प्रोत्साहित करते हैं। उद्घाटन मुकाबले में एनटीपीसी विंध्याचल ने एनटीपीसी सिंगरौली को 5–0 से पराजित कर शानदार शुरुआत की, जिस पर दर्शकों ने जोरदार तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आगामी दिनों में रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों की श्रृंखला इस टूर्नामेंट को और भी आकर्षक बनाएगी। स्पोर्ट्स काउंसिल ने सभी प्रतिभागी टीमों, अधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।