Category: SONBHADRA

  • कोटेदार के विरुद्ध ग्रामीणों ने खोला मोर्चा लाइसेंस निरस्त करने को सौंपा ज्ञापन

    कोटेदार के विरुद्ध ग्रामीणों ने खोला मोर्चा लाइसेंस निरस्त करने को सौंपा ज्ञापन

     उपजिलाधिकारी ने नाम तहसीलदार को सौपा शिकायती पत्र

    दुद्धी/संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को ब्लाक क्षेत्र म्योरपुर के ग्राम पंचायत फाटपखना के कोटेदार का  लाइसेन्स निरस्त करके  नया कोटेदार नियुक्ति कराने एवं कोटेदार द्वारा अंगूठा लगाकर पैसा निकालने का  आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी के नाम एक शिकायती पत्र ग्राम प्रधान लक्ष्मण  प्रसाद  के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में महिला पुरुष ग्रामीणों ने तसिलदार अंजनी गुप्ता को दिया।शिकायती पत्र पढ़ने के उपरांत तहसीलदार ने जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्यवाही करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया।शिकायती पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने अवगत कराया कि  ग्राम पंचायत फाटपखना (खम्हरिया टोला) टोले  के सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानदार अखिलेश पुत्र स्व० लालचंद व परिवार के सदस्य ग्रामीण जनता के साथ बहुत बड़ा घपला / धोखा धड़ी करते आ रहे राशन देने के नाम पर अंगूठा लगाते समय खाता से पैसा निकाल लेते हैं और राशन में भी -बेदितौली करते है।

     यह घटना स्वयं कोटेदार के ‌द्वारा किया गया है वे काफी फ्राड किस्म के व्यक्ति है जिससे ग्रामीण जनता संतुष्ट नहीं है। वे गल्ला के वितरण में भी चोरी करते हैं। आदिवासी बाहुलय क्षेत्र होने के कारण यहाँ के लोग ज्यादा पड़े लिखे नहीं है जिसका फायदा विगत कई वर्षों से इनके पिता एवं  पुत्र  के ‌द्वारा उठाया जा रहा है जब ग्राम वासियों के ‌द्वारा उनके किये गए घपलेबाजी का जबाब माँगा जाता है तो वो कहते है कि ज्यादा बोलोगे तो किसी को राशन नहीं मिलेगा और राशन कार्ड भी निरस्त करा देंगे।इस दौरान ग्रामीण राजेन्द्रप्रसाद,इन्द्रदेव सविन्द्र,काशी जयसिंह  कविता उर्मिला देवती सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।

  • सोनभद्र में 100 करोड़ के डीएमएफ फंड की जांच के आदेश, मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया संज्ञान

    सोनभद्र में 100 करोड़ के डीएमएफ फंड की जांच के आदेश, मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया संज्ञान

    सोनभद्र। जिले में डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फंड (डीएमएफ) के लगभग 100 करोड़ रुपये के कथित दुरुपयोग के मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। प्रकरण की जांच के लिए जिलाधिकारी सोनभद्र को निर्देश दिए गए हैं।राष्ट्रीय लोकदल की जिला इकाई ने मुख्यमंत्री के समक्ष शिकायत रखी थी कि डीएमएफ फंड का उपयोग मजदूरों, फैक्ट्री वर्कर्स और मूल निवासियों के कल्याण में न कर प्रशासन द्वारा मनमाने तरीके से खर्च किया गया। पार्टी के जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस फंड में भारी अनियमितता और बंदरबाट हुई है तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

    स्थानीय इकाई ने जांच आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच से सरकारी धन के सही उपयोग का रास्ता साफ होगा और  यदि कहीं गड़बड़ी हुई है तो उसका खुलासा होगा। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि डीएमएफ फंड का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले गरीब मजदूरों और प्रदूषण से पीड़ित परिवारों को राहत देना है, इसलिए धन का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित होना चाहिए।इस मौके पर संगठन महासचिव पवन शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर विश्वकर्मा, प्रशासनिक समिति के अध्यक्ष भोला देव पांडेय, मनदीप सिंह, बंटी चौबे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।उक्त जानकारी जिला प्रवक्ता विकास पांडेय द्वारा दी गई।

  • जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता, रॉबर्ट्सगंज तहसील में जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई 

    जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता, रॉबर्ट्सगंज तहसील में जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई 

    सोनभद्र। तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी बीएन सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रॉबर्ट्सगंज तहसील में संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए गए।भूमि विवाद, अतिक्रमण, पारिवारिक विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।साथ ही प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।जनपद की अन्य तहसीलों में भी अधिकारियों द्वारा जनसुनवाई कर शिकायतों के समाधान की कार्रवाई की गई।

  • दलित की जमीन पर दबंगों की नजर कर सकते हैं कब्जा

    दलित की जमीन पर दबंगों की नजर कर सकते हैं कब्जा

    किसान ने भूमि धरी भूमि की नापी व सीमांकन कराने की मांग

    शाहगंज/सोनभद्र। घोरावल तहसील क्षेत्र के ढुटेर गांव में दलित की भूमि धरी जमीन को दबंग कब्जा करने के प्रयास में हैं। उक्त गांव निवासी ज्ञानदास ने शनिवार को सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस घोरावल में दिये प्रार्थना पत्र में बताया है कि गांव में स्थित उनके आराजी संख्या-638 ख की भूमि धरी श्रेणी-1 की पुस्तैनी जमीन की नापी व सीमांकन कराये जाने के लिए पूर्व में प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा आज तक इस जमीन की नापी और सीमांकन नहीं किया गया। परिणामस्वरूप आसपास के कुछ लोग धन और बल के बूते उक्त पुस्तैनी भूमि पर अवैध रूप से पुल, रास्ता का निर्माण कर जबरन कब्जा करने का मन बना रहे है। ऐसी चर्चा सुनने को मिल रही है। यदि समय रहते इस पर आवश्यक कार्यवाही नहीं की गयी तो भविष्य में दबंगों द्वारा किसी आपराधिक घटना को अंजाम दिया जा सकता है। ऐसे स्थिति में उन्होने इस भूमि की तत्काल नापी व सीमांकन कराये जाने का अनुरोध विभागीय उच्चाधिकारियों से किया है। जिससे भूमि स्वामी के साथ दबंगों द्वारा घटना को अंजाम दिये जाने की आशंका खत्म हो जाये और सुकुन से जीवन बसर कर सके।

  • वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त

    वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त

      23 फरवरी से होगा पर्चा का वितरण, 24 फरवरी को होगा दाखिला

      9 मार्च को होगा मतदान, उसी दिन मतगणना ,परिणाम की घोषणा होगी

    सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के सत्र 2025 -2026 के चुनाव हेतु एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एडवोकेट ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र का चुनाव कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। उनके सहयोग के लिए सुरेश सिंह कुशवाहा एडवोकेट व राजकुमार सिंह पटेल एडवोकेट को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एडवोकेट ने कहा कि चुनाव अधिकारी का स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी होती है। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना, जिसमें मतदान, मतगणना और परिणामों की घोषणा शामिल है।
    मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि चुनाव का समय सारणी घोषित कर दिया गया है। नामांकन प्रपत्र वितरण व जमा 23 फरवरी 2026 से 24 फरवरी 2026 तक होगा। नामांकन सूची का प्रकाशन व नामांकन प्रपत्र पर आपत्ति तथा नामांकन प्रपत्र की जांच व आपत्ति का निस्तारण 25 फरवरी 2026 को होगा। वैध नामांकन सूची का प्रकाशन व नामांकन प्रपत्र वापसी व अंतिम सूची का प्रकाशन 26 फरवरी 2026 को होगा। निःशुल्क मतदाता सूची का वितरण 27 फरवरी को व टेंडर मतदान 7 मार्च 2026 को होगा। मतदान की तिथि 9 मार्च 2026 को नियत की गई है। उसी दिन मतगणना होगी तथा उसी दिन परिणाम की घोषणा होगी तथा एल्डर कमेटी द्वारा शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव एडवोकेट,वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट, महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह मौर्य एडवोकेट, चतुर्भुज शर्मा एडवोकेट, एल्डर कमेटी के सदस्यगण मुश्ताक अली एडवोकेट, निर्मलेंद्र कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, रमेश चंद्र सिंह एडवोकेट व छोटे लाल गौतम एडवोकेट मौजूद रहे।

  • वृंदावन के कलाकारों ने श्री श्याम सगाई व माखन चोरी की लीला का किया भावपूर्ण मंचन

    वृंदावन के कलाकारों ने श्री श्याम सगाई व माखन चोरी की लीला का किया भावपूर्ण मंचन

     रासलीला के पांचवें दिन श्री श्याम सगाई व माखन चोरी की लीला का हुआ मंचन,भाव विभोर हुए भक्त

     सोनभद्र। नगर के रामलीला मैदान में चल रहे 11 दिवसीय श्री कृष्ण रासलीला के  पांचवें दिन भगवान श्री कृष्ण का गोपियों संग रासलीला, श्री श्याम राधा जी की सगाई की रस्म व इसके बाद माखन चोरी का भावपूर्ण मंचन वृंदावन के कलाकारों द्वारा किया गया। श्री विशाखा रमन बिहारी रासलीला मंडल के संचालक स्वामी दाऊ दयाल उपाध्याय के निर्देशन में चल रही श्रीकृष्ण रासलीला में रविवार की रात भगवान श्री कृष्ण की बचपन की माखन चोरी की अलग-अलग लीलाओं में श्री कृष्ण कैसे गोपियों के घर जाकर माखन चुराया करते थे, दिखाया गया।
    इस दौरान कान्हा के माखन चुराने की शिकायत लेकन पहुंची गोपियों का मंचन सबसे आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान एक गोपी कान्हा जी को पकड़कर यशोदा मैया के पास लेकर पहुंचती है, लेकिन भगवान उस गोपी के बेटे का रूप धारण कर लेते हैं। पंडाल में मौजूद दर्शकों ने इस मंचन को देखकर खूब तालियां बजाई। इस दौरान नंद गांव में पहुंची राधा जी की सगाई का मंचन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से जितेंद्र सिंह,कृष्ण मुरारी गुप्ता,सचिन गुप्ता,धीरज जालान,रामप्रसाद यादव, राजेश सोनी, धर्मेश सिंह खरवार,मनोज सिंह, मनोज यादव, सत्यनारायण यादव, उमेश यादव, सौरभ यादव,विजय कानोड़िया, सरजू प्रसाद, संदीप पांडेय, डॉ. चंद्रभूषण पांडेय, डॉ. अनिल पांडेय, हर्ष केसरी, प्रदीप केशरी, उमेश केसरी राहुल मोदनवाल,लल्लू मोदनवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

  • राष्ट्रीय लोक दल में महिलाओं को मिली नई जिम्मेदारी

    राष्ट्रीय लोक दल में महिलाओं को मिली नई जिम्मेदारी

    सोनभद्र। राष्ट्रीय लोक दल के कार्यालय पर आज पार्टी को जनपद में मजबूत करने हेतु महिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।  दर्जनों महिलाओं ने सदस्यता ग्रहण किया।  राष्ट्रीय लोक दल के जिला महिला कार्यकारिणी में महिलाओं को बड़ी जिम्मेदारी भी दी गई। कार्यकारी  अध्यक्ष के रूप में पूजा यादव,  जिला उपाध्यक्ष अनीता देवी,चिंता मौर्य,गीता मौर्य को  जिम्मेदारी मिली ।  वहीं पुनम शर्मा,चंद्रकला को महासचिव  ऊषा देवी,सुनीता देवी,रिंकी देवी को सचिव की जिम्मेदारी मिली। साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष कर्मा की जिम्मेदारी मनसा देवी,   अल्पना पटेल को घोरावल ब्लाक अध्यक्ष की जिम्मेदारी पार्टी द्वारा दिया गया। 

    जिला अध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी में महिलाओं की भूमिका अत्यंत आवश्यक होती है । केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में हमारी पार्टी की महिलाओं द्वारा आदिवासी समाज पिछड़ा समाज आदि में जानकारी देने और लाभान्वित कराने का कार्य किया जाएगा। त्रिस्तरीय पंचायत को लेकर त्रिपाठी ने कहा कि इस बार जनपद में त्रिस्तरीय चुनाव में सबसे ज्यादा महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारा जाएगा और ज्यादा से ज्यादा सीटों पर राष्ट्रीय लोक दल का कब्जा रहेगा जिससे कि जनपद में पार्टी को मजबूती मिल सके। महिला प्रकोष्ठ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों द्वारा मिठाई खिलाकर बधाई दिया गया। उक्त आशय की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी विकास पांडेय द्वारा दिया गया।

  • सीएसआर के क्षेत्र में उत्कृष्टता हेतु गोल्डन पीकॉक अवार्ड–2025 से सम्मानित हुई एनसीएल

    सीएसआर के क्षेत्र में उत्कृष्टता हेतु गोल्डन पीकॉक अवार्ड–2025 से सम्मानित हुई एनसीएल

    सोनभद्र, सिंगरौली।  सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) को सीएसआर के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक अवार्ड–2025 से सम्मानित किया गया है। कंपनी को यह सम्मान सीएसआर के अंतर्गत स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वच्छता तथा बुनियादी ढांचे के विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए गुरुवार को मुंबई में आयोजित 20वें अंतर्राष्ट्रीय सीएसआर कॉन्फ्रेंस के दौरान निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व – राष्ट्रीय श्रेणी में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में एनसीएल की ओर से निदेशक (मानव संसाधन), एनसीएल मनीष कुमार ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में एनसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर)  राजीव रंजन एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
    इस दौरान आयोजित कॉन्फ्रेंस में एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन)  मनीष कुमार ने कंपनी के परिचालन क्षेत्रों में संचालित अग्रणी सीएसआर पहलों एवं स्थानीय समुदायों को सतत लाभ पहुंचाने वाले बुनियादी विकासात्मक कार्यों की विस्तृत प्रस्तुति दी। एनसीएल की इस विशिष्ट उपलब्धि पर कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी)  बी. साईराम, निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, निदेशक (वित्त)  रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी)  आशुतोष द्विवेदी तथा सीवीओ, एनसीएल अजय कुमार जायसवाल ने टीम एनसीएल को बधाई दी और कहा कि एनसीएल परिधीय समुदायों के सामाजिक विकास के प्रति सदैव कटिबद्ध है।
    गौरतलब है कि एनसीएल देश की ऊर्जा आपूर्ति के साथ-साथ स्थानीय समुदायों के समावेशी विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। गोल्डन पीकॉक अवार्ड्स इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स, इंडिया द्वारा सीएसआर सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय एवं वैश्विक श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं।

  • सड़क हादसे में होमगार्ड की मौत, अज्ञात वाहन ने कुचला

    सड़क हादसे में होमगार्ड की मौत, अज्ञात वाहन ने कुचला

    सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के शक्तिनगर–वाराणसी मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई।मृतक की पहचान रामसूरत यादव निवासी ग्राम गोटी बांध, थाना रायपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी ड्यूटी लोढ़ी चौकी पर लगी थी। हादसा लोढ़ी चौकी के ठीक सामने हुआ, जहां दुर्घटना के बाद उनका शव घंटों सड़क पर पड़ा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि काफी देर तक पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

  • होली पर खलल डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, 70 स्थानों पर होलिका दहन की तैयारी पूरी

    होली पर खलल डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, 70 स्थानों पर होलिका दहन की तैयारी पूरी

    सोनभद्र। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चोपन थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा की मौजूदगी में क्षेत्र के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि तथा सभी धर्मों के गणमान्य लोग शामिल हुए।बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने सभी संभ्रांत नागरिकों का स्वागत करते हुए होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कुल 70 स्थानों पर होलिका दहन होगा, जिसे सकुशल संपन्न कराना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अब तक कहीं से किसी प्रकार के विवाद की सूचना नहीं है, लेकिन यदि किसी प्रकार की आशंका या घटना होती है तो तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए। इसके लिए उन्होंने अपना सीयूजी नंबर 9454404275 तथा जियो का निजी नंबर 8887883783 साझा किया। साथ ही 112 नंबर पर भी किसी भी घटना की सूचना देने की अपील की।थाना प्रभारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि होली के पर्व में खलल डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। त्योहार उमंग और परंपरा का प्रतीक है, इसे आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिसे रंग से परहेज हो, वह अनावश्यक रूप से बाहर न निकले।हर गांव में प्रधान के नेतृत्व में कमेटी गठित है, जिसमें बीट सिपाही, हेड कांस्टेबल और सब-इंस्पेक्टर तैनात रहेंगे। सभी होलिका दहन निर्धारित तिथि और समय पर ही किए जाएंगे। तय समय से पहले या बाद में जलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई है। क्षेत्र में 20 डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर नियमों की जानकारी दी जाएगी। 75 डेसिबल से अधिक ध्वनि में डीजे बजाने पर कार्रवाई की जाएगी और उपकरण जब्त किए जाएंगे। साथ ही रात्रि में निर्धारित समय के बाद डीजे बंद करने का निर्देश दिया गया है।