राकेश जायसवाल डाला। सोनभद्र पुलिस को अपराधियों पर शिकंजा कसने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) व क्षेत्राधिकारी (नगर) के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोपन पुलिस और एसओजी टीम सोनभद्र ने जुआ खेलते हुए 5 अन्तरजनपदीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि डाला चढ़ाई के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। इस पर चौकी प्रभारी डाला के नेतृत्व में टीम ने छापा मारकर अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उनके पास से 52 ताश के पत्ते, माल फड़ से ₹5,82,500 नकद और जामा तलाशी में ₹5,500 बरामद हुए। अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।अशोक कुमार सिंह (45 वर्ष) – निवासी केवटी बिच्छी, थाना रावर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्रशिवकुमार बिन्द (40 वर्ष) – निवासी बाराडीह, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर जंगबहादुर प्रताप (29 वर्ष) – निवासी कसयाकला, थाना रावर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्रअमरेश चन्द (41 वर्ष) – निवासी तिलया हिनौती, थाना रावर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र मनीष अहमद (40 वर्ष) – निवासी बाराडीह, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम : निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा एसओजी टीम, सोनभद्र उपनिरीक्षक आशीष पटेल चौकी प्रभारी, डाला हेड कांस्टेबल मनोज कुमार चौकी, डाला कांस्टेबल मुकेश कुमार – चौकी, डाला कांस्टेबल सत्यप्रकाश चौकी, डाला कांस्टेबल दीपक कुमार चौकी, डाला पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना हो तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं।
हिण्डाल्को रेनुसागर में दीर्घकालीन सेवा सम्मान समारोह आयोजित
अनपरा सोनभद्र। हिण्डालको रेनूसागर पावर डिवीजन स्थित प्रेक्षागृह में रेणुसागर प्रबन्धन द्वारा बीते चार फरवरी को आयोजित दीर्घकालीन सेवा सम्मान समारोह में संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों को जिन्होंने संस्थान में अपनी सेवा के बहुमूल्य 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं, उन्हें दीर्घकालीन सेवा सम्मान से सम्मानित करते हुए अभिन्दन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि रेनूसागर पावर डिवीजन के यूनिट हेड आरपी सिंह, दिशिता महिला मंडल की अध्यक्षा इंदु सिंह ,हेड मानव संसाधन शैलेश विक्रम सिंह,संचालन हेड मनीष जैन,मेंटिनेश हेड जगदीश पात्रा द्वारा 21 श्रमिक वर्ग, 39 स्टाफ वर्ग सहित कुल 60 कर्मचारियों को उनके सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें उनके गृहणियों के साथ स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि हिण्डालको रेनुसागर के यूनिट हेड आरपी सिंह ,दिशिता महिला मंडल की अध्यक्षा इंदु सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारी द्वारा श्रीयुत जी.डी. बिडला एवं आदित्य बिडला के चित्र पर माल्यापर्ण व दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
तत्पश्चात् आदित्य वंदना एवं गणेश बन्दना के उपरान्त अपने सम्बोधन में मुख्य अतिथि यूनिट हेड आरपी सिंह ने कहा कि हमारे सहकर्मी भाइयों ने दीर्घकाल तक अपनी कर्मठता,लगन एवं कर्तव्यनिष्ठा से सेवा करते हुए संस्थान को प्रगति को नयी ऊँचाइयों पर पहुंचाया हैं हमारा संस्थान इन सहकर्मी भाईयों का सदैव कृतज्ञ है। इतना ही नही कर्मचारियों के अथक परिश्रम और समर्पण के बिना कंपनी को उच्च शिखर पर पहुँचाना संभव नहीं है।
इसके पीछे कर्मचारियों द्वारा संस्थान में किये गये 25 वर्ष के अनुभवों को शेयर करते हुये मुख्य अतिथि आरपी सिंह ने कहा कि किसी भी कम्पनी की प्रगति में उसके कर्मचारियों एवं गृहणियों का 25 वर्ष के अनुभव के योगदान सबसे महत्वपूर्ण होता है। प्रबंधन के लिए यह बड़े गर्व की बात है कि संस्थान के कर्मचारी इतने लम्बे समय से कम्पनी से जुड़े रह कर कम्पनी की प्रगति में योगदान दे रहे है। इसके पूर्व श्रम संगठनों ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रबंधन एवं कर्मियों के बीच अच्छे ताल मेल से संस्थान बुलन्दियों को छू रहा है। कार्यक्रम चार चांद लगाने के लिये विद्यालय के बच्चों ने शानदार रंगारंग कर्यक्रम प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के अंत धन्यबाद ज्ञापित करते हुये मानव संसाधन हेड शैलेश विक्रम सिंह ने सेवारत रहे समस्त कर्मचारियों उनकी धर्मपत्नियों, उपस्थित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि निश्चित ही हमारे संसथान के कर्मचारी एवं अधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा है।
कार्यक्रम का सफल संचालन नहुश त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्याएं विभा शैलेश विक्रम सिंह,रीना जैन ,मेनका अरोरा रेनुपावर के वरिष्ठ अधिकारी मन्नू अरोरा ,दीपक पांडेय,प्रणव सोनी,संदीप यावाले, समीर आनन्द, मृदुल भारद्वाज ,संजीव श्रीवास्तव ,मान्यता प्राप्त श्रम संगठन के पदाधिकारी विजय झा,निर्दोष सिंह,शैलेन्द्र यादव ,आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कालेज के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह सहित भारी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश राय,रोहित सक्सेना,सदानन्द पांडेय, आर के बर्मा ,वकील,परवेज एवं संतोष तिवारी का सराहनीय सहयोग रहा।
सिंगरौली। हिंडाल्को महान में चार वरिष्ठ कर्मियों के सेवानिवृत्त होने पर एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कंपनी के शीर्ष प्रबंधन ने उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। इस अवसर पर इकाई प्रमुख एस. सेन्थिलनाथ, मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, स्मेल्टर हेड एस. शशि कुमार, पावर प्लांट हेड प्रांजल पाठक, वित्त प्रमुख सुशांत नायक, सुरक्षा प्रमुख कर्नल गौरव चतुर्वेदी, एवं पॉट रूम प्रमुख गौरव वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत केक काटकर की गई, जिसके बाद सभी अधिकारियों और सहकर्मियों ने शशिकांत द्विवेदी (पॉट रूम रेडक्सन), जय प्रकाश सिंह (सी.टी.एस. इंफ्रास्ट्रक्चर), अशोक कुमार (सुरक्षा एवं ट्रांसपोर्ट विभाग), और अंजेश कुमार (राख प्रबंधन विभाग) के प्रति अपने विचार साझा किए और उनके योगदान को याद किया।
इकाई प्रमुख एस. सेन्थिलनाथ ने कहा, “आज हम अपने चार वरिष्ठ साथियों को विदाई दे रहे हैं, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, निष्ठा और समर्पण से हिंडाल्को महान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका कार्य और योगदान हमेशा हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।”
मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने कहा, “एक संगठन की सफलता उसके लोगों पर निर्भर करती है, और हमारे ये चार सहयोगी इसके उत्कृष्ट उदाहरण हैं। इन्होंने अपने अनुभव और मेहनत से न केवल संस्थान को आगे बढ़ाया बल्कि अपने सहकर्मियों को भी प्रेरित किया।”
स्मेल्टर हेड एस. शशि कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “संस्थान में कुछ लोग सिर्फ काम करने आते हैं, लेकिन कुछ लोग इसे अपने परिवार की तरह मानते हैं और अपना सर्वस्व अर्पित करते हैं। आज हम ऐसे ही चार समर्पित कर्मियों को विदाई दे रहे हैं, जिन्होंने अपनी 22 से 27 वर्षों की सेवाओं में अनगिनत चुनौतियों का सामना किया और संस्थान को मजबूती प्रदान की। उनकी लगन और मेहनत को शब्दों में समेटना मुश्किल है। हिंडाल्को महान को इनके योगदान पर गर्व रहेगा।”
पावर प्लांट हेड प्रांजल पाठक ने कहा, “सेवानिवृत्ति एक नई यात्रा की शुरुआत है। इन चारों कर्मियों ने जिस समर्पण और कार्यकुशलता से अपनी जिम्मेदारियों को निभाया, वह सराहनीय है। हमें गर्व है कि हमने इतने योग्य सहकर्मियों के साथ कार्य किया।”
सुरक्षा प्रमुख कर्नल गौरव चतुर्वेदी ने कहा, “हिंडाल्को महान में अनुशासन और सहयोग की जो परंपरा है, उसे इन अधिकारियों ने और मजबूत किया। उनकी मेहनत और अनुभव आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक रहेगा। मैं इन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”
पॉट रूम प्रमुख गौरव वर्मा ने कहा, “हमारे इन साथियों ने न केवल संगठन को आगे बढ़ाया, बल्कि अपने सहकर्मियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आज हम भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं, और यह रिश्ता कार्यकाल के बाद भी बना रहेगा।”
विदा हो रहे अधिकारियों के विचार शशिकांत द्विवेदी (पॉट रूम रेडक्सन) ने कहा, “हिंडाल्को महान मेरे लिए सिर्फ एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि मेरा दूसरा परिवार था। 22 वर्षों तक इस संस्थान में कार्य करने का अनुभव अनमोल है। मैंने यहां जो सीखा, वह मेरे जीवनभर के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।”
जय प्रकाश सिंह (सी.टी.एस. इंफ्रास्ट्रक्चर विभाग) ने कहा, “संस्थान में बिताया गया समय मेरे लिए यादगार रहेगा। यहां के सहयोग और समर्पण ने हर कठिनाई को आसान बनाया। मैं अपने सहकर्मियों और प्रबंधन का हृदय से आभार प्रकट करता हूं।”
अशोक कुमार (सुरक्षा एवं ट्रांसपोर्ट विभाग) ने कहा, “इस संस्थान ने मुझे केवल एक कर्मचारी नहीं, बल्कि एक बेहतर इंसान बनाया। यहां से जो संस्कार और अनुशासन मिला, वह जीवनभर मेरे साथ रहेगा। हिंडाल्को महान से जुड़ी यादें हमेशा मेरे दिल में रहेंगी।”
अंजेश कुमार (राख प्रबंधन विभाग प्रमुख) ने कहा, “मैंने कई संगठनों में कार्य किया, लेकिन जिस कार्य संस्कृति, अनुशासन और सहयोग का अनुभव यहां हुआ, वह कहीं और नहीं मिला। हिंडाल्को महान से जो रिश्ता बना है, वह सदा बना रहेगा।”
*सम्मान और विदाई*
कार्यक्रम के अंत में चारों सेवानिवृत्त वरिष्ठ कर्मियों को श्रीफल, शाल, और स्मृति उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस भावनात्मक समारोह का सफल संचालन श्वेता सिंह और अर्चना ने किया, जबकि आयोजन की सफलता में सुशांत गुप्ता और मोहित शुक्ला का अहम योगदान रहा।
इस अवसर पर राकेश सिंह, प्रवीण राघव, लवलेश मिश्रा और विजय कुमार ने भी अपने विचार साझा किए और विदा हो रहे वरिष्ठ कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।
यह समारोह उन सभी के लिए प्रेरणा बना, जो समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए संगठन की उन्नति में योगदान देना चाहते हैं। हिंडाल्को महान ने अपने इन चार वरिष्ठ अधिकारियों को ससम्मान विदाई देकर उनके प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की।
सोनभद्र, सिंगरौली। विश्व कैंसर दिवस के मौके पर एनटीपीसी विंध्याचल ने अपनी कर्मचारी कल्याण नीति के तहत एक व्यापक मौखिक और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया। यह आयोजन विंध्या अस्पताल में “आह्वान” कार्यक्रम के तहत किया गया, जिसमें कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों और लेडीज क्लब की सदस्यों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. प्रतिभा महेन्द्र (वरिष्ठ विशेषज्ञ, गायनकोलॉजी) द्वारा महिलाओं के लिए गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के बारे में जागरूकता सत्र से की गई, जबकि डॉ. मंजू रावत (दंत चिकित्सक) ने सभी प्रतिभागियों को तम्बाकू के सेवन से होने वाले मौखिक कैंसर के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर सभी महिला श्रमिकों की गर्भाशय ग्रीवा कैंसर स्क्रीनिंग डॉ. प्रतिभा महेन्द्र और डॉ. हेमा उराव ने की, जबकि सभी श्रमिकों का मौखिक कैंसर स्क्रीनिंग डॉ. मंजू रावत ने किया। एनटीपीसी विंध्याचल के मुख्य महाप्रबंधक(चिकित्सा) डॉ. बी.सी. चतुर्वेदी ने तम्बाकू मुक्त कार्यस्थल की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि “नो तम्बाकू पॉलिसी” का पालन किया जा रहा है और तम्बाकू के सेवन और कैंसर के बीच के संबंध को स्पष्ट किया। उन्होंने सभी से तम्बाकू से बचने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया।
इस शिविर में डॉ. आर.पी. सिंह, डॉ. ब्रिजेश जैन, डॉ. दीपक डे, डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ, डॉ. प्रतिश राज, डॉ. तनमय पटेल और श्री सुरजन सिंह राजपूत ने सक्रिय रूप से भाग लिया और स्क्रीनिंग तथा परामर्श प्रदान किया। साथ ही, सुहासिनी संघ की श्रीमती मुस्कान अरोड़ा ने इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लाभार्थियों को स्क्रीनिंग में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कुल 72 श्रमिकों ने इस स्वास्थ्य अभियान का लाभ उठाया, जो एनटीपीसी विंध्याचल की स्वास्थ्य सुरक्षा और निवारक देखभाल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पहल तम्बाकू मुक्त कार्यस्थल और कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति संगठन की गहरी प्रतिबद्धता को स्पष्ट करती है। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सकगण, सुहासिनी संघ की वरिष्ठ पदाधिकारीगण एवं सदस्याएँ, स्टाफ, सफाईकर्मी के साथ-साथ विंध्य हॉस्पिटल की समस्त पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।
सोनभद्र। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को लोकसभा में बजट 2025 पेश कर दिया। जहां भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेता बजट को ऐतिहासिक बता रहे हैं वहीं विपक्ष इसे खोखले दावों वाला बता रहा है। एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय सचिव राघवेंद्र नारायण ने इस बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह से निराशाजनक है और जनता के साथ धोखा है। यह बजट गरीब को और अधिक गरीब बनाने और अमीरों के लिये सरकारी खजाने को खोल देने वाला बजट है।
बजट में कुछ भी नया नहीं था। पिछले 5-6 साल से एक ही चीज पेश कर रही हैं। वे सिर्फ पेश करती हैं, मिलता कुछ नहीं है। गरीब, छोटे व्यापारी, किसान को कुछ नहीं मिलता है। युवा, महिलाएं, किसान सब परेशान हैं। महंगाई पर कोई बात नहीं होती। देश में महंगाई गरीबी बेरोजगारी अपने चरम पर है। महंगाई से लोगों का जीना बदहाल है। बजट में किसान को कुछ नहीं मिलता है। बजट देश के पिछड़े और वंचित तबकों की आशाओं पर खरा नहीं उतरा है। इस बजट में युवाओं के रोजगार के लिए कुछ भी नहीं है। निवेशक नए निवेश से घबरा रहे हैं, पूर्व में संचालित उद्योग, व्यापार चलाना मुश्किल हो रहा है और यह सरकार केवल मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखा रही हैं। मनरेगा के बजट में कोई बढ़ोत्तरी नहीं, मनरेगा मजदूरी बढ़ाने के बारे में कुछ भी नहीं। रोजगार बढ़ाने के लिए कोई प्रावधान नहीं। युवाओं को रोजगार के नये अवसर कैसे बढ़ेंगे। इस बजट में कुछ भी नहीं बताया है।
बजट का महिलाएं बेसब्री से प्रतीक्षा करती रहती है कि महिला वित्त मंत्री बजट पेश कर रही है तो महिलाओं के लिए बहुत कुछ निकलेगा, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी बजट के पिटारा में महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं निकला। इस बजट में बेलगाम महंगाई से राहत पाने की उम्मीद लगा करके महिलाएं बैठी थी, लेकिन महंगाई से राहत या महंगाई को नियंत्रित करने की कोई योजना इस बजट में नहीं हैं। राघवेंद्र नारायण ने कहा कि जीएसटी में कोई राहत नहीं दी गई। देश का हर नागरिक जीएसटी देता है। पेट्रोल और डीजल पर वैट लगा हुआ है। किसानों के प्रयोग में आने वाले खाद, पेस्टिसाइड्स और कृषि यंत्रों पर लगे टैक्स में भी कोई कमी नहीं की गई है। केंद्रीय बजट ने आम जनता को बहुत निराश किया है।
8 से 10 मार्च के बीच विजयगढ़ किले पर होगा निर्धन कन्याओं का सामुहिक विवाह कार्यक्रम
गोंडवाना विजयगढ़ सेवा समिति एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा संयुक्त रूप से होगा यह आयोजन
सोनभद्र। गोड़वाना गणतंत्र पार्टी(गोंगपा) कार्यकर्ताओं की बैठक चोपन ब्लाक अंतर्गत तेलगुड़वा स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई। जिसमें विजयगढ़ दुर्ग पर आयोजित आदिवासी मेला/महासम्मेलन एवं निर्धन कन्याओं का सामुहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न कराने पर विचार विमर्श किया गया। इसके अलावा सदस्यता अभियान चलाने के साथ ही पार्टी की मजबूती पर रणनीति बनाई गई। जिलाध्यक्ष राम नरेश पोया ने कहा कि आदिवासी महासम्मेलन एवं निर्धन कन्याओं की शादी का कार्यक्रम विजयगढ़ दुर्ग पर 8 से 10 मार्च के बीच होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक छत्तीसगढ़ सुलेश्वर सिंह मरकाम तथा विशिष्ट अतिथि श्याम सिंह मरकाम रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक सदस्य बनाने की जरूरत है। यह तभी संभव होगा जब गांव गांव जाकर लोगों की समस्याओं से अवगत होकर उनकी हर समस्याओं का निदान कराया जएगा।
जिला प्रवक्ता एडवोकेट संतोष कुमार ने कहा कि विजयगढ़ किले पर आगामी 8,9,10 मार्च को आयोजित आदिवासी मेला/सम्मेलन एवं निर्धन कन्याओं की सामुहिक शादी को सफल बनाने के लिए बिचार विमर्श कर आवश्यक रणनीति बनाई गई। सभी को दायित्व भी दे दिया गया। यह कार्यक्रम गोंडवाना विजयगढ़ सेवा समिति एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी सोनभद्र द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया है। इसी प्रकार से अन्य वक्ताओं ने भी अपना विचार व्यक्त किया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राम नरेश पोया और संचालन जिला संगठन सचिव हीरालाल मरपची ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से रामचरित्र नेताम, चन्द्रिका प्रसाद पोया, सुख्खू सिंह मरपची, मनोज शाह, सत्यनारायण आयाम, विजय कुमार आयाम, राजेश कुमार आयाम, दिनेश कुमार पोयम, शिवा पोयम, दिनेश यादव, बहादुर पोयाम, रघुवीर सिंह कमरों, आरके सिंह अर्मी, श्रीराम टेकाम, रामचंद्र टेकाम, देवा सिंह उड़के,रामकुमार करियाम,अयोध्या प्रसाद टेकाम, संतोष आदि शामिल रहे।
रेणुकूटl जनपद निवासी दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र नेता शुभम मिश्रा ने आम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अब तक सरकारें गरीबों और उद्योगपतियों के लिए योजनाएं बनाती रही हैं, लेकिन करदाता मध्यम वर्ग को हमेशा अनदेखा किया गया. उन्होंने कहा कि यह पहला बजट है जो पूरी तरह से उन लोगों को केंद्र में रखकर बनाया गया है जो नियमित रूप से टैक्स भरते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैंl
उन्होंने सरकार को बधाई देते हुए कहा कि मध्यम वर्ग महंगाई की मार से सबसे ज्यादा जूझ रहा है और आम बजट में मध्यम वर्ग को सम्मान देते हुए इस वर्ग को तमाम राहत दी गई है उन्होंने इसके लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी हैl
सोनभद्र / बसंत पंचमी के सुअवसर पर ग्राम चकसारनाथ स्थित ग्राम देवी मंदिर माता रानी का वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम व हर्षोल्लास पूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम माता रानी की पूजा पाठ विधि विधान व वैदिक रीति रिवाज, घंटे घड़ियाल व शंख के साथ किया गया, कार्यक्रम के मुख्य यजमान पंडित भगवती प्रसाद तिवारी ने सपत्नीक मातारानी का पूजा पाठ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी की पूजा पाठ के उपरांत रामचरित मानस के सुन्दर कांड पाठ का आयोजन मंदिर के मुख्य पुजारी हरी शंकर तिवारी के देख रेख में वाद्य यंत्रो के साथ शुरू किया गया। कार्यक्रम शुरू होते ही ग्राम चकसारनाथ व आस पास के सैकड़ो की संख्या में भक्त गण मंदिर प्रांगण में जमा हो गए और सुन्दर कांड मानस पाठ की चौपाइयां पढ़ते हुए बीच बीच में जैकारे लगाने लगे, उक्त कार्यक्रम लगभग चार घंटे चला, इसके उपरांत हवन का आयोजन किया गया तथा मातारानी से गांव की भलाई, तरक्की व शांति के लिए सभी भक्तो ने हवन में आहुति दी तत्पश्चात मातारानी के गगनचुम्बी खूब जैकारे लगाए ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे पूरा गांव भक्ति में सरोबार हो गया। बसंत पंचमी पर्व के महत्व के बारे में रेखांकित करते हुए मुख्य पुरोहित पंडित विवेक घनश्याम तिवारी ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन ही भगवान ब्रह्मा जी के जिह्वा से वाणी, ज्ञान और बुद्धि की देवी माता सरस्वती प्रकट हुई थीं। इसलिए उनकी पूजा की जाती है, और इसी दिन लक्ष्मी जी का भी जन्मदिन भी माना जाता है; इसलिए इस तिथि को ‘श्री पंचमी’ भी कहा जाता है। कार्यक्रम समापन के तत्पश्चात उपस्थित सभी मातारानी के भक्तो को प्रसाद वितरित किया गया सभी भक्त ख़ुशी ख़ुशी अपने घर गये। कायक्रम में मुख्य रूप से राधेश्याम पांडे, राजेश्वरी शुक्ला, घनश्याम शुक्ला, ब्रह्मदेव शुक्ला, शिवम शुक्ला, राजेंद्र शुक्ला, सुनील शुक्ला, राकेश कुमार त्रिपाठी तारकेश्वर नाथ शुक्ला, बृजेश कुमार तिवारी बस गोपीनाथ तिवारी, रोहित ओझा, सभा शंकर शुक्ला, राजपति शुक्ला आदि आदि उपस्थित थे।
सोनभद्र, सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की निगाही परियोजना ने ने “टीबी मुक्त भारत” अभियान एवं 100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान के तहत माध्यमिक पाठशाला ग्राम घोरौली कलां (इटमा) में क्षय रोग जांच शिविर का आयोजन किया।
शिविर के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों की टीबी संबंधित लक्षणों के आधार पर जांच की गई । इस शिविर में 105 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही उपस्थित बच्चों को आवश्यक दवाइयों के साथ कैल्शियम, आयरन, विटामिन इत्यादि का भी वितरण किया गया।
क्षय रोग जांच शिविर के दौरान परियोजना के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा देशभर में टी. बी. मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एनसीएल की सभी परियोजना एवं इकाइयों द्वारा आस-पास के गांवों में टी. बी. संबंधी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, जांच शिविर एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है।
सोनभद्र, सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की सीडबल्यूएस इकाई ने एनसीएल परिवार की गृहणियों को प्राथमिक उपचार कर्ता बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधक (सीडबल्यूएस), आनंदमूर्ति एवं परियोजना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच में सीडबल्यूएस से चिकित्सा अधिकारियों एवं टीम ने 36 गृहिणियों को प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण प्रदान किया। एनसीएल की सभी परियोजनों एवं इकाईयों में 14000 से अधिक कर्मियों के परिवारों व गृहिणियों तक प्राथमिक चिकित्सा को पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में एनसीएल की सीडबल्यूएस इकाई के द्वारा 400 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है जिसे 11 बैच में आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सीपीआर (हृदय पुनर्जीवन), सड़क दुर्घटनाओं में प्राथमिक चिकित्सा, सांप के काटने पर उपचार, जलने और चोटों का उपचार, रक्तचाप और मानव शरीर को प्रभावित करने वाली विभिन्न बीमारियों के बारे में गहन जानकारी दी जा रही है।
गौरतलब है कि, एनसीएल की सभी परियोजनाएं एवं इकाइयों में भी प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है।