Category: SONBHADRA

  • हत्या के दोषी संजय खरवार को उम्रकैद

    हत्या के दोषी संजय खरवार को उम्रकैद

     करीब छह वर्ष पूर्व हुए भागीरथी खरवार हत्याकांड का मामला

    सोनभद्र। करीब छह वर्ष पूर्व हुए भागीरथी खरवार हत्याकांड के मामले में बृहस्पतिवार को सुनवाई करते हुए अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम जितेंद्र कुमार द्विवेदी की अदालत ने दोषसिद्ध पाकर दोषी संजय खरवार को उम्रकैद व 15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 3 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बितायी अवधि सजा में समाहित की जाएगी।
        अभियोजन पक्ष के मुताबिक प्रेम सागर खरवार पुत्र भागीरथी निवासी ग्राम छिपिया , थाना बभनी, जिला सोनभद्र ने बभनी थाने में दी तहरीर में अवगत कराया था कि 14 मार्च 2019 को रात्रि करीब साढ़े ग्यारह बजे उसके पिता भागीरथी खरवार उम्र 55 वर्ष  घर के ओसारे में चारपाई पर सोए थे। तभी अचानक पिताजी के कराहने की आवाज सुनाई दी तो बगल में जमीन पर सो रही उसकी माँ  सोनवती, बहन शिवपति जाग गई। जब टार्च जलाकर देखा तो दो लोग भागते हुए दिखाई दिए। जिनको देखने से लग रहा था कि गांव के ही संजय खरवार पुत्र भजावन खरवार व मोहर साव पुत्र सुक्खन खरवार लग रहे थे।

       एक व्यक्ति के हाथ मे कुल्हाड़ी थी जिसे लेकर भाग रहा था वह संजय लग रहा था। इसके पूर्व पिताजी ने बताया था कि संजय खरवार व मोहर साव से बचकर रहना किसी भी दिन मार सकते हैं। इनसे सतर्क रहने को कहा था। क्योंकि पिताजी से दोनों बैर रखते थे। उसे पूरा विश्वास है कि उसके पिताजी की कुल्हाड़ी से काटकर इन्हीं दोनों ने हत्या की है। मौके पर  पिताजी की लाश पड़ी है। आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस तहरीर पर पुलिस ने 15 मार्च 2019 को एफआईआर दर्ज किया। मामले की विवेचना करते हुए विवेचक ने पर्याप्त सबूत मिलने पर  कोर्ट में चार्जशीट दाखिल किया था। 
        मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुनने, गवाहों के बयान व पत्रावली का अवलोकन करने पर दोषसिद्ध पाकर दोषी संजय खरवार को उम्रकैद व 15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न देने पर 3 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।  जेल में बितायी अवधि सजा में समाहित की जाएगी। अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी वकील विनोद कुमार पाठक ने बहस की।

  • फरार चल रहे वारंटी के घर पर नोटिस चस्पा की गई

    फरार चल रहे वारंटी के घर पर नोटिस चस्पा की गई

    घोरावल/सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कन्हारी गांव निवासी फरार चल रहे वारंटी के घर पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने धारा 82 के तहत कार्यवाही की। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा चौकी प्रभारी नवनीत कुमार चौरसिया ने बताया कि कन्हारी गांव निवासी कल्लू पुत्र जेठू के विरुद्ध एक दशक से ज्यादा समय से धारा 3/5 ए/8 गोवध अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। समय समय पर वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। जिस कारण से उसके विरुद्ध वारंट जारी हो गया। अब वह फरार चल रहा है।

       उपनिरीक्षक नवनीत कुमार चौरसिया ने बताया कि कन्हारी गांव जाकर कल्लू के घर पर जारी धारा 82 सीआरपीसी की नोटिस चस्पा की गई। गवाहों की मौजूदगी में नोटिस वारंटी के घर के दरवाजे पर चस्पा की गई और उनके घर पर मौजूद परिजन को नोटिस तामिला कराई गई। साथ ही गांव में मुनादी कराई गई और बताया गया है कि जल्दी ही यदि न्यायालय में आरोपित फरार वारंटी उपस्थित नहीं होता हैं तो इसके आगे की कार्यवाही न्यायालय के आदेश पर की जाएगी।

  • मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सैनिक बन्धु की बैठक सम्पन्न

    मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सैनिक बन्धु की बैठक सम्पन्न

    सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में सैनिक बंधु की बैठक की गयी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनकी तत्संबंधित समस्याएं जैसे भूमि विवाद भूमि सर्वे  समस्या का निराकरण, विद्युत आदि समस्या के निस्तारण के सम्बन्ध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया । समय से उनके समस्याओं का निस्तारण कराया जाये।

       बैठक में उन्होंने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी सदस्य सचिव कैप्टन आशुतोष चोधरी से0नि0 से कहा कि ने पूर्व सैनिकों की भलाई के लिए चलायी जा रही योजना निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण से लाभान्वित किये जाने के लिए सूचित किया जाये। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, जिला विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, लीड बैंक मैनेजर, समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, उपायुक्त उद्योग, उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र अधिकारी एवं गैर सरकारी सदस्य तथा पूर्व सैनिक उपस्थित रहें।

  • अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के कचड़े से परेशान नगरवासी, किया विरोध प्रदर्शन

    अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के कचड़े से परेशान नगरवासी, किया विरोध प्रदर्शन

     फैक्ट्री में जलाए जा रहे कचड़े की बदबू से नगरवासियों का सांस लेना मुश्किल

    डाला/ [ राकेश जयसवाल] स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 मलिन बस्ती स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में गुरुवार सुबह स्थानीय लोग एकत्रित हुए और अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में जलाए जा रहे कचड़े की दुर्गंध व प्रदूषण के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

    प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में जलाए जा रहे कचड़े की बदबू से नगरवासियों का सांस लेना मुश्किल हो गया है, जिससे कई लोग सांस संबंधी बीमारियों से ग्रस्त हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से तुरंत इस समस्या का समाधान करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

    इसके अलावा, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अल्ट्राटेक कंपनी रोजगार देने में भेदभाव कर रही है। उनका कहना है कि यदि आधार कार्ड पर डाला का पता अंकित हो, तो कंपनी रोजगार नहीं देती। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी केवल वायु प्रदूषण फैला रही है और नागरिकों को कोई स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध नहीं करा रही है। इस विरोध प्रदर्शन में बाबुन्दर पाठक, नागेंद्र पासवान, विजय जायसवाल, अनीश पांडे, सिद्धार्थ यादव, मोनू पाठक, उपेंद्र कुशवाहा, कमलेश तिवारी, गांधी, सुधा श्रीवास्तव, अजमेरी, मंजू, रिंकू गुप्ता, दिनेश भारती सहित दर्जनों महिला-पुरुष शामिल रहे। नगरवासियों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की, अन्यथा बड़े स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।

  • तथागत गौतम बुद्ध के रास्ते पर चलने से ही होगा विश्व का कल्याण मानवता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं – राज्य मंत्री संजीव गोड़

    तथागत गौतम बुद्ध के रास्ते पर चलने से ही होगा विश्व का कल्याण मानवता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं – राज्य मंत्री संजीव गोड़

    सोनभद्र/ तथागत गौतम बुद्ध के रास्ते पर चलने से ही होगा विश्व का कल्याण मानवता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है उक्त बातें बेलहत्थी बौद्ध विहार पर निर्धन आदिवासियों के बीच कम्बल वितरण समारोह में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोड़ ने कही।

    उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव गोड़ ने कहा कि मानवता की सेवा से कोई धर्म बड़ा नहीं होता है तथागत गौतम बुद्ध ने प्रेम, दया, शांति, ज्ञान और करुणा का पंचशील सिद्धांत दिया है जो भी देश पंचशील का पालन किया है वह हमेशा तरक्की किया है तथागत बुद्ध के रास्ते पर चलने से ही विश्व का कल्याण होगा उन्होंने आज शाक्य सिद्धार्थ गौतम बुद्ध विहार एवं शोध संस्थान बेलहत्थी में सैकड़ो आदिवासी जनजाति के लोगों को कम्बल वितरित किया और उपस्थित लोगों को उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं वृद्धा पेंशन,विधवा पेंशन, किसान निधि,प्रधानमंत्री आवास योजना,छात्रवृत्ति योजना आदि के बारे में जागरूक किया और सरकार की उपलब्धि गिनवायी।

    कार्यक्रम में शामिल जन समूह को म्योरपुर ब्लाक प्रमुख मानसिंह गोड़ ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बेलहत्थी के ग्राम प्रधान संगीता देवी, सलखन प्रधान प्रतिनिधि अरविंद कुमार गोड़, चंद्रभान क्षेत्र पंचायत सदस्य, विजय यादव समाजसेवी, अमरेंद्र सिंह गौड़ उर्फ गुड्डू , धर्मेश जैन, बाके सिंह, जिला पंचायत सदस्य कलोल मौर्य,मंगल मौर्य आदि उपस्थित रहे।

  • क्षेत्र पंचायतों तथा जिला पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों पर निर्वाचन हेतु तिथि निर्धारित

    क्षेत्र पंचायतों तथा जिला पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों पर निर्वाचन हेतु तिथि निर्धारित

     सोनभद्र। जिला निर्वाचन अधिकारी बी0एन0 सिंह ने अवगत कराया है कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश लखनऊ की अधिसूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत (सदस्यों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 के नियम 15(2) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जनपद सोनभद्र के क्षेत्र पंचायतों तथा जिला पंचायत के सदस्यों के रिक्त स्थानों/पदों पर निर्वाचन जो न्यायालय के स्थगनादेश से बाधित न हों, को सम्पन्न कराने के लिए समय-सारणी नियत की गयी है।
       उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों को जमा करने का अन्तिम तिथि 08 फरवरी,2025 को समय पूर्वान्ह 10ः00 बजे से अपरान्ह 04ः00 बजे तक, नाम निर्देशन पत्रों की जांच की तिथि 10 फरवरी,2025 के समय पूर्वान्ह 10ः00 बजे से कार्य की समाप्ति तक, उम्मीदवारी वापस लेने की तिथि 11 फरवरी,2025 को समय पूर्वान्ह 10ः00 बजे अपरान्ह 03ः00 बजे तक, प्रतीक आवंटन की तिथि 11 फरवरी,2025 को समय अपरान्ह 03ः00 बजे से कार्य की समाप्ति तक, मतदान की तिथि 19 फरवरी,2025 को समय प्रातः 07ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक तथा मतगणना की तिथि 21 फरवरी,2025 को समय प्रातः 08ः00 बजे से कार्य की समाप्ति तक निर्धारित की गयी है।

       उन्होंने बताया कि क्षेत्र पंचायत के सदस्य पदों के रिक्त पदों पर निर्वाचन हेतु प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का पूर्ण विवरण देते हुए निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा सार्वजनिक सूचना निर्गत की जायेगी। इस चुनाव कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जायेगा और गाँवों में मुनादी द्वारा सर्वसाधारण को इसकी सूचना दी जायेगी। सार्वजनिक जानकारी के लिए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, तहसील कार्यालय और जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के सूचना पट्ट पर यह कार्यक्रम प्रदर्शित किये जायेगे। उक्त उप निर्वाचन उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत (सदस्यों, का निर्वाचन) नियमावली, 1994 के अनुसार सम्पन्न कराये जायेंगे। निर्वाचन अधिकारी की सूचना निर्गत किये जाने अर्थात 05 फरवरी,2025 से नामांकन पत्रों की बिक्री प्रारम्भ कर दी जायेगी ।

  • निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन : मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चित्रकूट ले गई टीम

    निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन : मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चित्रकूट ले गई टीम

    विंढमगंज (सोनभद्र)।  स्थानीय क्षेत्र के ग्राम पंचायत सलैयाडीह के पंचायत भवन पर बुधवार को गायत्री परिवार के नेतृत्व में सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट जानकीकुंड चित्रकूट सतना के सौजन्य से निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत भवन पर सुबह से ही इलाके के सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण अपना नेत्र का परीक्षण करने के लिए एकत्रित थे, डॉक्टरों की टीम पंचायत भवन पर पहुंच कर लोगों का क्रमबद्ध तरीके से नेत्र का परीक्षण किया। सुबह 9ः00 बजे से दोपहर 1ः00 बजे तक नेत्र का परीक्षण चलता रहा।

        इस दौरान डीपीसी हेमराज यादव, डॉक्टर संतोष कुमार यादव, दीपु, ऑफिशल दयाराम सिंह मौजूद थे टीम ने बताया कि आज ओपीडी में 180 लोगों की आंखों का जांच किया गया जिसमें 65 मरीजों को फ्री में चश्मा का वितरण किया गया, तथा 60 लोगों को नेत्र से संबंधित दवा का वितरण किया गया  ।   63 लोगों को निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन करने के लिए टीम चित्रकूट अपने साथ ले गई। इस दौरान गायत्री परिवार के परिजन हुलास राम यादव, रामदास कुशवाहा, प्रेमचंद कुशवाहा, ओम प्रकाश यादव,किंशु सिंह, उज्जवल केसरी, अनुराग,विद्यावती,सविता कुमारी  सहित कई लोग ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों का नेत्र परीक्षण करने में सहयोग कर रहे थे।

  • जनजातीय एवं लोककला को बढ़ावा देने हेतु एनटीपीसी रिहंद का सार्थक प्रयास

    जनजातीय एवं लोककला को बढ़ावा देने हेतु एनटीपीसी रिहंद का सार्थक प्रयास

    बीजपुर,। एनटीपीसी रिहंद की पहल जनजातीय उत्सव 3.0 का आयोजन नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत 06 से 08 फरवरी तक किया जा रहा है।

    “विकसित जनजाति, विकसित भारत” की मूल मान्यता को ध्यान में रखते हुए जनजातीय उत्सव 3.0  का आयोजन किया जा रहा है, जिससे स्वदेशी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को बल प्रदान किया जा सके। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय संस्कृति की कलाएं, रीति- रिवाज व परम्पराएँ जो देश की सांस्कृतिक धरोहर है, इसी के संरक्षण, संवर्धन एवं उत्थान के लिए किया जा रहा है ।

    “जनजातीय उत्सव 3.0” एनटीपीसी रिहंद, के नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत, लोक एवं जनजाति कला एवं संस्कृति संस्थान, उत्तर प्रदेश के सहयोग से दिनांक 6 से 8 फरवरी 2025 तक किया जा रहा है जोकि “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के उद्देश्य को भी प्रगति प्रदान करेगा।

    सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश  और अन्य राज्यों के लोक नृत्य-संगीत आदि प्रस्तुत किया जाएगा।  

  • अनिल श्रीवास्तव ने संभाला परियोजना प्रमुख एनटीपीसी रिहंद का कार्यभार

    अनिल श्रीवास्तव ने संभाला परियोजना प्रमुख एनटीपीसी रिहंद का कार्यभार

    बीजपुर । एनटीपीसी रिहंद परियोजना में बुधवार को मुख्य महाप्रबंधक अनिल श्रीवास्तव ने एनटीपीसी रिहंद का कार्यभार संभाला। श्री श्रीवास्तव ने विभिन्न पदों पर रहते हुए अपने कुशल नेतृत्व के द्वारा एनटीपीसी की विभिन्न परियोजनाओं में अपनी लगन ,निष्ठा , मेहनत एवं ईमानदारी से सफलता के नए आयाम स्थापित कर चुके हैं।

    श्री श्रीवास्तव ने एनआईटी भोपाल से सन् 1986 में  इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद सितंबर 1986 में एनटीपीसी  पीएमआई नोएडा में बतौर कार्यपालक प्रशिक्षु के पद पर रहे ।
    सन 1987 में इनकी पोस्टिंग इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस विभाग, एनटीपीसी विंध्याचल में हुई। एनटीपीसी विंध्याचल  के अतिरिक्त  अनिल श्रीवास्तव ने एनटीपीसी सिंगरौली, सोलापुर, बरौनी, जयपुर एवं एनटीपीसी कायमकुलम में विभिन्न पदों पर रह कर एनटीपीसी परियोजना को ऊंचाइयों तक पहुँचने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है ।  इनके कुशल मार्गदर्शन से एनटीपीसी रिहंद नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा । 

  • नगर पंचायत व निजी कंपनी के बीच टकराव, मरम्मत कार्य रुकवाने पर हंगामा

    नगर पंचायत व निजी कंपनी के बीच टकराव, मरम्मत कार्य रुकवाने पर हंगामा

    राकेश जयसवाल 

    डाला ।स्थानीय चौकी क्षेत्र के मलिन बस्ती में नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे मरम्मत कार्य को निजी कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने रुकवा दिया, जिसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती देवी व स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध किया।

    बुधवार सुबह 11:00 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा मलिन बस्ती सेक्टर-सी, हनुमान मंदिर के पीछे नाले और रास्ते की मरम्मत कराई जा रही थी। इसकी जानकारी अल्ट्राटेक कंपनी के अधिकारियों को मिली, तो वे अपने कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और कार्य रुकवा दिया।

    इस घटना को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष व स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखी गई। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद मामला चोपन थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने तहरीर दी। सीओ सिटी चारु द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।