Category: SONBHADRA

  • रोपित पौधों को उखाड़कर गड्ढे खोदने का आरोप, वन विभाग पर उठे सवाल

    रोपित पौधों को उखाड़कर गड्ढे खोदने का आरोप, वन विभाग पर उठे सवाल

    सोनभद्र। म्योरपुर क्षेत्र के खजुरा जंगल में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों ने सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में रोपे गए पौधों को उखाड़ दिया गया और जमीन में गड्ढे खोद दिए गए, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है।ग्रामीणों के अनुसार वन महोत्सव के दौरान लगाए गए पौधे अभी विकसित ही हो रहे थे कि उन्हें नष्ट कर दिया गया। उनका कहना है कि लगभग दस हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

    वन विभाग का पक्ष है कि विभागीय योजना के तहत भूमि समतलीकरण और पुनरोपण की प्रक्रिया चल रही है, जिसके तहत कार्य किया गया है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यदि विकास कार्य के नाम पर पौधों को हटाया गया है तो इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

  • साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ट्रक की चपेट में आई बाइक,हादसे में किशोर की दर्दनाक मौत

    साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ट्रक की चपेट में आई बाइक,हादसे में किशोर की दर्दनाक मौत

    सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के बभनी अंबिकापुर मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई। घटना मधुघूटरा के समीप उस समय हुई जब बाइक सवार युवकों ने अचानक सामने आ गए साइकिल सवार को बचाने की कोशिश की। इसी प्रयास में बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई।मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (14) पुत्र अशर्फी लाल निवासी पतेरीटोला, बभनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार, विजय कुमार (22) पुत्र जगदेव निवासी नवाटोला सतबहनी तथा दो अन्य बच्चे राकेश पुत्र पन्ना लाल और काजल पुत्री अनिल कुमार के साथ आधार कार्ड में सुधार कराने के लिए वाड्रफनगर (छत्तीसगढ़) गए हुए थे। काम पूरा कर सभी एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे।

    मधुघूटरा के पास सड़क पर अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक विजय कुमार ने हैंडल मोड़ दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। गिरते ही बाइक पर बैठे प्रमोद और दोनों बच्चे सड़क पर जा गिरे। उसी दौरान सामने से आ रहा ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि प्रमोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक विजय कुमार और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।

    घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बभनी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। साथ ही ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

  • सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, कच्चे मार्ग से आवागमन प्रभावित

    सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, कच्चे मार्ग से आवागमन प्रभावित

    सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत जोगिंद्रा में ग्रामीणों ने कच्ची और जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग वर्षों से कच्चा है और बरसात के दिनों में यह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि खराब सड़क के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और किसानों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की स्वीकृति देकर कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।

  • रेणुकूट में झंडा लगाते समय युवक करंट से झुलसा, हालत स्थिर

    रेणुकूट में झंडा लगाते समय युवक करंट से झुलसा, हालत स्थिर

    सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के रेणुकूट नगर में रेलवे स्टेशन के पास झंडा लगाते समय एक युवक 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।बताया जा रहा है कि युवक ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। बिजली विभाग के जेई संदीप सिंह के अनुसार सप्लाई तत्काल ट्रिप हो गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया और युवक की जान बच सकी।

    घायल युवक की पहचान शुभम कनोजिया (24 वर्ष), पुत्र विनोद कनोजिया, निवासी शिवा पार्क के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया।

    डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के झंडा लगाया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

  • भारत अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में AAP का प्रदर्शन, किसानों के हितों को लेकर उठाए सवाल

    भारत अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में AAP का प्रदर्शन, किसानों के हितों को लेकर उठाए सवाल

    सोनभद्र। आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने सोनभद्र के स्वर्ण जयंती चौक पर भारत–अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया और इसे किसानों व छोटे उद्योगों के हितों के खिलाफ बताया।प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि अमेरिका में किसानों को लगभग 80 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलती है, जबकि भारतीय किसानों को ऐसी कोई बड़ी सहायता नहीं मिलती। ऐसे में भारतीय किसान अमेरिकी किसानों से प्रतिस्पर्धा कैसे कर पाएंगे, यह गंभीर सवाल है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने इस असमानता पर विचार नहीं किया तो देश के कृषि क्षेत्र पर दूरगामी प्रभाव पड़ सकते हैं।

    जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई इस ट्रेड डील को लेकर देशभर में गहरी चिंताएं हैं। उन्होंने कहा कि डील की शर्तों, संभावित लाभार्थियों और इसके प्रभावों को लेकर न तो संसद को विश्वास में लिया गया और न ही जनता के सामने पूरी पारदर्शिता बरती गई।

    काशी प्रांत के पूर्व उपाध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ भारतीय उद्योग समूहों के खिलाफ जांच चल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह डील भी किसी विशेष उद्योग समूह को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने राफेल सौदे का उदाहरण देते हुए उद्योगपतियों को ऑफसेट पार्टनर बनाए जाने का जिक्र किया।

    वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष केवल कुशवाहा ने कहा कि इस समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाएगा, जबकि भारत अमेरिकी उत्पादों पर शून्य प्रतिशत टैक्स वसूल करेगा। उन्होंने इसे भारतीय बाजार और किसानों के हितों के साथ अन्याय बताया।प्रदर्शन में दिनेश पटेल, राजेंद्र मौर्य, अनवर अली अंसारी, राजेश कुमार, श्रीमती शैल कुमारी शमशाम अली, ललित पटेल, लक्ष्मीनारायण गोविंद चौबे, नागेंद्र कुमार मौर्य, मुनियर अली, असलुद्दीन, जोखन पटेल, श्रवण कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • थाना समाधान दिवस में 151 में से 98 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

    थाना समाधान दिवस में 151 में से 98 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

    सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में शनिवार को जनपद के सभी थानों पर “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा थाना रॉबर्ट्सगंज में मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी पिपरी ने थाना पिपरी, क्षेत्राधिकारी दुद्धी ने थाना दुद्धी और क्षेत्राधिकारी घोरावल ने थाना घोरावल में समाधान दिवस की कार्यवाही देखी। अन्य राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारी भी अपने-अपने थानों पर उपस्थित रहे।समाधान दिवस में विशेष रूप से भूमि से जुड़े मामलों पर जोर दिया गया। निर्देश दिया गया कि ऐसे प्रकरणों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किया जाए, ताकि लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और मामलों का त्वरित व निष्पक्ष समाधान हो सके।कार्यक्रम के दौरान पुलिस से संबंधित 29 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं राजस्व विभाग से जुड़े 122 प्रार्थना पत्रों में से 69 का मौके पर समाधान किया गया। इस प्रकार कुल 151 शिकायतों में से 98 का तत्काल निस्तारण किया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

  • स्मार्ट मीटर के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

    स्मार्ट मीटर के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

    सोनभद्र। बभनी विकासखंड के जिगनहवा गांव में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि पहले से लगे पारंपरिक मीटरों के बावजूद जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और इसके नाम पर अतिरिक्त धन की मांग की जा रही है। आरोप है कि ग्रामीणों को स्पष्ट जानकारी दिए बिना ही मीटर बदले जा रहे हैं।

    शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और विभागीय कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि यदि सरकार की योजना के तहत मीटर बदले जा रहे हैं तो उनसे किसी प्रकार की अतिरिक्त राशि नहीं ली जानी चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कथित अवैध वसूली पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन तेज किया जाएगा।ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं विभागीय सूत्रों का कहना है कि स्मार्ट मीटर शासन की योजना के अंतर्गत लगाए जा रहे हैं और वसूली के आरोप निराधार हैं। प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की गई है।

  • किसान हित के लिए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं- भूपेश चौबे

    किसान हित के लिए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं- भूपेश चौबे

    सोनभद्र।  धान खरीद को लेकर खाद्य रसद मंत्री सतीष शर्मा से मिलकर सदर विधायक भूपेश चौबे ने व्यक्तिगत पत्र सौंपा और कहा है कि जनपद में धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाया जाय।जनपद-सोनभद्र का क्षेत्रफल के हिसाब से बहुत बड़ा है ऐसे में चतरा राबर्ट्सगंज विकास खण्ड में व्यापक पैमाने पर धान का उत्पादन होता है इस वर्ष शासन से धान खरीद का लक्ष्य 1 लाख 3 हजार मि0टन का रखा हुआ था। 14 जनवरी 26 तक जनपद में कुल 16544 कृषकों का शत प्रतिशत 1 लाख 3 हजार मि0टन धान क्रय किया जा चुका है। जबकि धान विक्रय हेतु अभी जनपद में 25 हजार 965 कृषकों द्वारा पंजीकरण कराया गया है अभी तक लगभग 9 हजार 500 किसान धान नही बेच सके है और पंजीकरण बढ़ रहा है। ऐसे में सदर विधायक भूपेश चौबे ने कृषि मंत्री को बताया है कि पिछले वर्ष की तुलना में लगभग सवा तीन फिसदी धान का उत्पादन ज्यादा हुआ है ऐसे मे जनपद-सोनभद्र के किसानों का लक्ष्य 1 लाख 75 हजार मि0टन किया जाना किसानहित में होगा सदर विधायक भूपेश चौबे ने कृषि मंत्री से निवेदन किया है कि यदि लक्ष्य को बढ़ा दिया जाय तो यहां के किसानों का हित होगा उन्होने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि सोनभद्र जैसे जनपद में लक्ष्य बढ़ाना अति आवश्यक है। कृषि मंत्री ने आश्वासन दिया है कि सोनभद्र जनपद प्रान्त के आखिरी छोर पर है ऐसे में यहां के किसानों का हित सर्वोपरि है। साथ ही सदर विधायक भूपेश चौबे ने जनपद के किसानों को संदेश देते हुए कहा है कि जिनका पंजीकरण पूर्व मंे हो चुका है तो उनका धान यदि साधन सहकारी समितियों और अन्य धान क्रय केन्द्रों पर नही उतरा है तो मुझसे व्यक्तिगत संपर्क कर सकते है। उन्होने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार अब तक का प्रदेश में अभूतपूर्व बजट पेश किया है। जिसमें किसानहित सर्वोपरि है।

  • विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने,विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के दिये निर्देश

    विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने,विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के दिये निर्देश

    सोनभद्र जनपद के प्राथमिक विद्यालय सहजन खुर्द, उच्च प्राथमिक विद्यालय सहिजन कला एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का जिलाधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में
    संचालित पठन-पाठन व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिये। जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति की
    जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित शिक्षा प्रदान की जाए तथा पठन-पाठन कार्य
    में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने शौचालय, पेयजल एवं
    अन्य सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। कस्तूरबा
    गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय
    एवं शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली गयी तथा आवश्यक सुधार हेतु संबंधित
    शिक्षकों को निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्दद पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

  • विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता नामांकन प्रक्रिया का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

    विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता नामांकन प्रक्रिया का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

    सोनभद्र जनपद में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह द्वारा प्राथमिक विद्यालय सहिजन खुर्द एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय सहिजन कला का निरीक्षण किया गया।
    निरीक्षण के दौरान उन्होंने बी0एल0ओ0 से मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन एवं नोटिस के माध्यम से की जा रही सुनवाई प्रक्रिया के सम्बन्ध में जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को
    निर्देशित करते हुए कहा कि जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके फॉर्म-6 अनिवार्य रूप से भरवाकर मतदाता सूची में नाम अंकित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र
    मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए संपर्क अभियान चलाकर पात्र युवाओं को जागरूक किया जाए, कोटेदार का भी सहयोग लिया जाये। इस दौरान उन्होंने ई0आर0ओ0 द्वारा नोटिस जारी किए गए प्रकरणों की
    सुनवाई समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से करने के निर्देश दिए तथा कहा कि सभी
    दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में किया जाए। जिलाधिकारी ने बीएलओ से अब तक प्राप्त आवेदनों की संख्या एवं प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए
    शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण अत्यंत आवश्यक है। विशेष अभियान के दौरान अधिकतम लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने हेतु गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकुल
    आनन्द पाण्डेय, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विद्यालय के अध्यापक व बूथ के बी0एल0ओ0 उपस्थित रहें।