Category: SONBHADRA

  • अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई – जिलाधिकारी

    अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई – जिलाधिकारी

    सोनभद्र। जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में खनन विभाग, पुलिस विभाग, वन विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी अवैध खनन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध खनन की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।पुलिस विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि थाना क्षेत्रों में नदियों के जल क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखी जाए। जहां भी अवैध खनन की पुष्टि हो, वहां संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। वन क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए वन विभाग को लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।अवैध परिवहन पर भी सख्ती के निर्देश दिए गए। बिना वैध प्रपत्रों के खनिज ढोने वाले वाहनों पर तुरंत जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई करने को कहा गया। नंबर प्लेट बदलकर परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग को भारी जुर्माना लगाने और ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त अभियान चलाने को कहा, ताकि अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। साथ ही जनपद में संचालित वैध लाइसेंस वाली आरा मशीनों की सूची वन विभाग से उपलब्ध कराने और अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

    बैठक में ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप, डीएफओ रॉबर्ट्सगंज, पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • छत से गिरने पर किशोरी की मौत, परीक्षा की तैयारी के बीच हुआ दर्दनाक हादसा

    छत से गिरने पर किशोरी की मौत, परीक्षा की तैयारी के बीच हुआ दर्दनाक हादसा

    सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी की छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना ने पूरे मोहल्ले को स्तब्ध कर दिया। बताया जा रहा है कि किशोरी इन दिनों अपनी वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।परिजनों के अनुसार, घटना शाम के समय की है। किशोरी पढ़ाई के बीच घर की छत पर टहल रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे आंगन में गिर पड़ी। गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई। घरवालों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण स्थिति नाजुक बनी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।पड़ोसियों का कहना है कि किशोरी पढ़ाई में मेधावी थी और आगामी परीक्षा को लेकर काफी उत्साहित थी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।

  • खड़ी बाइक से उठा धुआं, लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

    खड़ी बाइक से उठा धुआं, लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

    सोनभद्र। जनपद के ओबरा क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ी घटना होते-होते बच गई। बाजार क्षेत्र में खड़ी एक मोटरसाइकिल से अचानक धुआं निकलने लगा, जिससे आसपास अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है, जब बाजार में सामान्य चहल-पहल थी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खड़ी बाइक से पहले हल्का धुआं उठा, जिसे देखकर आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत ध्यान दिया। कुछ ही क्षणों में धुआं तेज हो गया। आशंका जताई गई कि बाइक की बैटरी या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हुआ होगा। स्थिति बिगड़ने से पहले स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पास की दुकानों से पानी और रेत लाकर बाइक पर डाला, जिससे आग फैलने से रोक ली गई।

  • मंडलायुक्त राजेश कुमार ने किया सोनभद्र का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा

    मंडलायुक्त राजेश कुमार ने किया सोनभद्र का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा

    सोनभद्र। विंध्याचल मंडल में प्रशासनिक व्यवस्था की स्थिति जानने के लिए मंडलायुक्त राजेश कुमार ने सोमवार को सोनभद्र जनपद का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सदर तहसील रॉबर्ट्सगंज, नगर पंचायत चुर्क, निर्माणाधीन जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय लोढ़ी और कलेक्ट्रेट परिसर का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष, रिकॉर्ड रूम, आपदा विभाग सहित विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया। उन्होंने फाइलों के निस्तारण, लंबित प्रकरणों और आम जनता से जुड़े मामलों की स्थिति की समीक्षा की। जहां कहीं भी कमी पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) समेत अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव और कार्यालयों की साफ-सफाई की भी जांच की।निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से किया जाना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व, विकास और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की जानकारी दी। साथ ही धान खरीद के दौरान किसानों को हुई दिक्कतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात भी कही।

  • पिपरी में ‘जल शक्ति आध्यात्मिक पार्क’ का लोकार्पण, महाशिवरात्रि पर हुआ शिव उपासना-सत्संग कार्यक्रम

    पिपरी में ‘जल शक्ति आध्यात्मिक पार्क’ का लोकार्पण, महाशिवरात्रि पर हुआ शिव उपासना-सत्संग कार्यक्रम

    पिपरी (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम द्वारा निर्मित जल शक्ति आध्यात्मिक पार्क एवं जल शक्ति तोप का लोकार्पण वीआईपी कॉलोनी निवासियों के उपयोगार्थ उप जिलाधिकारी दुद्धी  निखिल यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सीआईएसएफ रिहन्द परियोजना के उप कमांडेंट  मुकेश कुमार तथा रिहन्द-ओबरा के परियोजना प्रमुख  सुरेश चन्द्र बुनकर मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित विद्युत उत्पादन निगम के कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। लोकार्पण से पूर्व महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में जल शक्ति आध्यात्मिक पार्क में शिव उपासना एवं सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान एसडीएम पिपरी निखिल यादव एवं परियोजना प्रमुख सुरेश चन्द्र बुनकर ने वीआईपी ऑफिसर्स क्लब का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्लब में उपलब्ध आधुनिक खेलकूद सुविधाओं और स्विमिंग पूल को और अत्याधुनिक बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। रिहन्द बांध परियोजना प्रमुख श्री बुनकर  द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की नगरवासियों ने सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सुविधाओं से क्षेत्र में आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

  • लेबर कोड के विरोध में 22 फरवरी को जिला सम्मेलन, तैयारी तेज

    लेबर कोड के विरोध में 22 फरवरी को जिला सम्मेलन, तैयारी तेज

    ओबरा, सोनभद्र/ ठेका मजदूर यूनियन की वर्चुअल बैठक में केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए चार लेबर कोड को मजदूर विरोधी बताते हुए उनके खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही 22 फरवरी को ओबरा में आयोजित 23वें जिला सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नए लेबर कोड से काम के घंटे बढ़ाने, न्यूनतम मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा पर असर पड़ने की आशंका है।

    फिक्स टर्म रोजगार व्यवस्था और श्रम विभाग की भूमिका में बदलाव को भी मजदूरों के हित के खिलाफ बताया गया। सोनभद्र के मजदूरों की खराब कार्यस्थितियों, सुरक्षा उपकरणों की कमी और लंबे समय से वेतन पुनरीक्षण न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कृपा शंकर पनिका ने की तथा संचालन जिला मंत्री तेजधारी गुप्ता ने किया। अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखते हुए सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

  • सिलेंडर लीकेज से भीषण आग, दंपती समेत चार लोग झुलसे, तीन वाराणसी रेफर

    सिलेंडर लीकेज से भीषण आग, दंपती समेत चार लोग झुलसे, तीन वाराणसी रेफर

    सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र के वन बहुआर गांव में सोमवार सुबह रसोई गैस सिलेंडर में लीकेज से लगी आग में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। घायलों में पति-पत्नी, उनकी दो वर्षीय बेटी और एक महिला रिश्तेदार शामिल हैं। तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे घर में रखे गैस सिलेंडर से गैस रिस रही थी। धर्मवती (30) पत्नी अखिलेश जब खाना बनाने के लिए चूल्हा जलाने लगीं तो लीकेज गैस ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते लपटें पूरे कमरे में फैल गईं। आग की चपेट में धर्मवती, उनकी दो वर्षीय बेटी अनु और रिश्तेदारी में आई रामदुलारी (40) झुलस गईं। उन्हें बचाने की कोशिश में अखिलेश (35) भी गंभीर रूप से घायल हो गए।शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैनी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद धर्मवती, अनु और रामदुलारी की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन मामले की जानकारी जुटा रहा है।

  • पारिवारिक विवाद में युवक 33 हजार वोल्ट के टावर पर चढ़ा, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

    पारिवारिक विवाद में युवक 33 हजार वोल्ट के टावर पर चढ़ा, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

    सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज के छपका मोहल्ले में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। पुलिस की तत्परता और समझदारी से उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार कर्मा थाना क्षेत्र निवासी लगभग 23 वर्षीय विश्राम कुमार अपनी पत्नी की विदाई कराने के लिए छपका स्थित ससुराल आया था। ससुराल पक्ष द्वारा विदाई से इंकार करने पर वह आक्रोशित हो गया और पास में स्थित बिजली के टावर पर चढ़ गया।

    युवक को टावर पर चढ़ता देख इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने धैर्य और संयम से काम लेते हुए युवक से लगातार बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। काफी प्रयासों के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

  • समाधान दिवस ‘सम्भव’ में 20 शिकायतें प्राप्त, सभी का कराया गया निस्तारण

    समाधान दिवस ‘सम्भव’ में 20 शिकायतें प्राप्त, सभी का कराया गया निस्तारण

    सोनभद्र। नगर पालिका परिषद सोनभद्र सहित जनपद के सभी नगरीय निकायों में सोमवार को समाधान दिवस ‘सम्भव’ का आयोजन किया गया। यह जनसुनवाई कार्यक्रम शासन के निर्देश पर प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना है।नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न निकायों से कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें नगर पालिका परिषद सोनभद्र में 2, नगर पंचायत घोरावल में 2, चुर्क घुर्मा में 2, चोपन में 2, ओबरा में 4, रेनुकूट में 2, पिपरी में 3, दुद्धी में 2, डाला बाजार में 1 तथा अनपरा में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।प्राप्त शिकायतें मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल और मार्ग प्रकाश से संबंधित थीं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में पूरी गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।

  • रासलीला के पहले दिन वृंदावन के कलाकारों ने श्रीकृष्ण जन्म का किया सजीव मंचन

    रासलीला के पहले दिन वृंदावन के कलाकारों ने श्रीकृष्ण जन्म का किया सजीव मंचन

    * 11 दिवसीय श्री कृष्ण रासलीला का हुआ भव्य शुभारंभ

    * श्री कृष्ण मयूर नृत्य की सुंदर प्रस्तुति देख मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु

    सोनभद्र। नगर स्थित श्री रामलीला मैदान में रविवार की रात 8:00 बजे नौ दिवसीय भव्य श्री कृष्ण रासलीला का शुभारम्भ हिमालय से पधारे तपोनिष्ठ परमपूज्य 1008 स्वामी श्री सेवादास ने किया।  

    रासलीला के प्रथम दिन कलाकारों ने श्रीकृष्ण के जन्म का सजीव मंचन किया। जिसको देखकर श्रद्धालु हर्षित हो उठे। वृंदावन से आए कलाकारों की सुंदर प्रस्तुति ने माहौल को आनंदित बनाए रखा। श्रीकृष्ण जन्म के अलावा कलाकारों ने श्री कृष्ण मयूर नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी गई।

    रासलीला की शुरूआत में आरती का कार्यक्रम हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजन-अर्चन की। इसके बाद कलाकारों ने मंचन करते हुए दिखाया कि नंद के घर जब भगवान श्री कृष्ण के जन्म का उल्लास था तो ब्रज में नंद के घर जमकर खुशियां मनाई गईं। बधाई गीत से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। हर तरफ – नंद घर गोपाल आयो, जय कन्हैया लाल की, आदि जयघोष लगाए गए।

    मंचन की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को शुरू से अंत तक पंडाल में रोके रखा। इस अवसर पर मुख्य रूप से समिति के संरक्षक जितेंद्र सिंह, रामप्रसाद यादव, कृष्ण मुरारी गुप्ता अध्यक्ष  सचिन गुप्ता, महामंत्री धीरज जलान, कोषाध्यक्ष बचाऊ पांडे, राकेश गुप्ता, पवन जैन, धर्मेश सिंह, खरवार धीरज जालान, मनोज सिंह, विजयकांत मिश्रा, संजू केसरी,  राजकुमार अग्रवाल, आशीष केसरी, मखनचू हर्ष केसरी, सत्येंद्र पांडे, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी,टोनी पांडे,दुर्गा प्रसाद अग्रवाल, विजय कानोडिया, ओमप्रकाश पाठक एडवोकेट, संदीप चौरसिया, संदीप पांडेय, डॉ. चंद्रभूषण पांडेय, वीरेन्द्र शर्मा, मिठाईलाल सोनी, रामबाबू, विनोद केशरी, बिन्दु पांडेय,अमीश पांडेय, डॉ. अनिल पांडे।