Category: SONBHADRA

  • अपर आयुक्त ने दुद्धी तहसील का किया निरीक्षण 

    अपर आयुक्त ने दुद्धी तहसील का किया निरीक्षण 

    दुद्धी, सोनभद्र। विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त (प्रशासन) राजकुमार द्विवेदी ने बुधवार की दोपहर तहसील मुख्यालय स्थित उपजिलाधिकारी कार्यालय /न्यायालय एवं तसीलदार कार्यालय/न्यायालय सहित मुकदमों के निस्तारण एवं पेंडिंग पत्रावलियों ,पत्रावलियों के रखरखाव ,धारा 116 एवं 24 के  2023 से अब तक के पत्रावलियों,धारा 76 सहित अन्य पत्रावलियों का गंभीरता से करीब चार घंटे  निरीक्षण किया।इसके उपरांत उन्होंने संग्रह अमीन कार्यालय ,नजारत के रजिस्टर नंबर 4, अहलमद कार्यालय के माल एवं फौजदारी आदि  कार्यालय  एवं उनमें रखे पत्रावलियों आदि का निरीक्षण किया।साथ ही तहसील परिसर के साफ सफाई की व्यवस्थाओं को भी देखा।देर शाम उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया।इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा स्टेट की भूमि को नगर पंचायत के नाम ट्रांसफर करने का प्रार्थनापत्र दिया गया ताकि दुद्धी के विकास में सहयोग प्राप्त हो सके।अपर आयुक्त ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शासन एवं राजस्व परिषद के निर्देश पर तहसील सहित मातहत कार्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है।तहसील में जो कमियां मिली है उसे उपजिलाधिकारी /तहसीलदार को 15 दिवस के अंदर सुधार करने का निर्देश दिया है।निरीक्षण के माध्यम से यह भी जानना है कि क्षेत्र की जनता को शासन की सुविधाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं।

    इस दौरान उपजिलाधिकारी निखिल यादव न्यायिक उपजिलाधिकारी अश्वनी कुमार, प्रशासनिक अधिकारी शिवा कांत,तहसीलदार अंजनी  गुप्ता नायब तहसीलदार ओपी सिंह एवं ज्ञानेंद्र कुमार पेशकार प्रशांत श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

  • रसोइयों ने किया कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

    रसोइयों ने किया कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

    सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय बुधवार को पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा। रसोइयों ने न्यूनतम मानदेय में वृद्धि, स्थायीकरण और अन्य कल्याणकारी योजनाओं को शीघ्र लागू करने की मांग की। माध्यमिक भारतीय रसोईया वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने बताया कि वर्ष 2004 से न्यूनतम मानदेय के अंतर बकाया का भुगतान नहीं हुआ है। संगठन ने रसोइयों से 11 माह के बजाय पूरे 12 माह कार्य लेने और तदनुसार मानदेय देने की मांग की है।

      प्रदर्शनकारी रसोइयों का कहना है कि वे प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत बहुत कम मानदेय पर काम कर रहे हैं, जिससे उनका जीविकोपार्जन मुश्किल हो गया है। इतने कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना कठिन है। ज्ञापन में रसोइयों के स्वतः नवीनीकरण, प्रस्तावित प्रतिबंधों को समाप्त करने, मातृत्व अवकाश, मेडिकल सुविधा और 14 आकस्मिक अवकाश प्रदान करने की भी मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, मृतक रसोइयों के स्थान पर उनके परिवार के सदस्य को नियुक्ति तथा न्याय पंचायत स्तर पर स्थानांतरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई है।

       एसोसिएशन के संस्थापक संरक्षक तईयब अंसारी ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि 2026-27 के बजट में रसोइयों के लिए न्यूनतम मानदेय की घोषणा की जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर मानवीय दृष्टिकोण नहीं अपनाती और भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मानदेय प्रदान नहीं करती, तो संगठन देशव्यापी आंदोलन और हड़ताल करने को बाध्य होगा। अंसारी ने यह भी उल्लेख किया कि आशा, आंगनबाड़ी, बेसिक और शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ाने की चर्चाएं सामने आई हैं, लेकिन रसोइयों के मानदेय वृद्धि पर कोई बात नहीं हुई। हालांकि, संगठन ने शासन द्वारा समय-समय पर जारी आदेशों और कैशलेस सुविधा के प्रयासों के लिए सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

  • रासलीला का तीसरा दिन:माटी चोरी’ और ‘ऊखल बंधन’ लीला ने मोहा भक्तों का मन

    रासलीला का तीसरा दिन:माटी चोरी’ और ‘ऊखल बंधन’ लीला ने मोहा भक्तों का मन

    रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। स्थानीय श्री रामलीला मैदान में आयोजित 11 दिवसीय श्रीकृष्ण रासलीला के तीसरे दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भव्य मंचन किया गया। मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों ने अपनी जीवंत प्रस्तुति से पांडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

    मंचन की शुरुआत नटखट कान्हा द्वारा सखाओं के साथ माटी खाने के प्रसंग से हुई। जब माता यशोदा उन्हें पकड़ती हैं और मुख खोलने को कहती हैं, तो कान्हा के मुख में ब्रह्मांड के दर्शन पाकर मैया अचंभित रह जाती हैं। इस दृश्य ने दर्शकों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। इसके बाद माता यशोदा द्वारा बाल कृष्ण की शरारतों से तंग आकर उन्हें ऊखल से बांधने का प्रसंग दिखाया गया। इस लीला के माध्यम से कलाकारों ने दिखाया कि कैसे भगवान अपने भक्तों के प्रेम के वश में बंध जाते हैं।

       वहीं कार्यक्रम के दौरान श्री कृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आयोजकों ने बताया कि रासलीला का मंचन 25 फरवरी तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के अलग-अलग प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। अंत में आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

    इस अवसर पर समिति के जितेन्द्र, राम प्रसाद यादव कृष्ण मुरारी गुप्ता सचिन गुप्ता, धीरज जालान, बचाऊं पाण्डेय, राकेश गुप्ता, अशोक श्रीवास्तव संदीप चैरसिया, राजेश सोनी, विजय कनोडिया, अशोक श्रीवास्तव, धर्मेश सिंह खरवार, मनोज सिंह, संजू केशरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

  • विंढमगंज में पंकज होंडा शोरूम का भव्य शुभारम्भ

    विंढमगंज में पंकज होंडा शोरूम का भव्य शुभारम्भ

    विंढमगंज/सोनभद्र। स्थानीय बकरी बाजार के पास स्थित पंकज होंडा शोरूम का बुधवार को फीता काटकर भव्य शुभारम्भ किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडियन बैंक के मैनेजर अभिषेक कुमार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में थाना अध्यक्ष शिवकुमार सिंह, समाजसेवी अशोक जायसवाल, प्रभात शंकर पांडे, पत्रकार रामदास कुशवाह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर शोरूम का उद्घाटन किया। शोरूम के प्रोपराइटर पंकज कुमार ने सभी अतिथियों का बुके देकर स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सलैयाडीह प्रतिनिधि किन्शु सिंह ने कहा कि पंकज होंडा अब इस क्षेत्र की एक मजबूत पहचान बन चुका है। ग्राम प्रधान धरतीडोलवा सुरेंद्र पासवान ने बताया कि झारखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़े इस इलाके में पंकज होंडा सबसे बड़ा टू-व्हीलर विक्रेता बनकर उभरा है, जहां ग्राहकों की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाती है। समाजसेवी प्रभात शंकर पांडे ने कहा कि प्रोपराइटर पंकज कुमार का सरल और मधुर व्यवहार ही उनकी सफलता का आधार है, जिसके कारण दूर-दूर से लोग यहां बाइक खरीदने और सर्विस कराने आते हैं।कार्यक्रम के अंत में पंकज होंडा परिवार की ओर से सभी अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बिरेंद्र गुप्ता ने किया। इस मौके पर पूर्व ग्राम प्रधान पवन रजक, संजय गुप्ता, लव कुश चंद्रवंशी, पत्रकार ओम रावत, नंदकिशोर गुप्ता, असलम कुरैशी, किशन पटवा, आनंद कुमार जायसवाल, रविंद्र जायसवाल, राजेश गुप्ता, प्रेम कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

  • रालोद के प्रयास से निलंबित शिक्षिकाओं की ससम्मान बहाली

    रालोद के प्रयास से निलंबित शिक्षिकाओं की ससम्मान बहाली

    सोनभद्र। राष्ट्रीय लोकदल सोनभद्र के प्रयास से बेसिक शिक्षा विभाग में निलंबित की गई तीन महिला शिक्षिकाओं को ससम्मान बहाल कर दिया गया है।

    कुछ माह पूर्व शिक्षक हित में आंदोलन करने पर प्राथमिक महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष कौशर जहां सिद्दीकी सहित वर्षा वर्मा और सोनाली मजूमदार को निलंबित कर दिया गया था। बाद में संघ पदाधिकारियों ने इस मामले से रालोद जिला कार्यालय को अवगत कराया।मामले को गंभीरता से लेते हुए रालोद प्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों से मिलकर निष्पक्ष जांच और बहाली की मांग की। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने जांच के उपरांत कौशर जहां सिद्दीकी (प्रधानाध्यापिका, प्राथमिक विद्यालय बिसरेखी घोरावल), वर्षा वर्मा (प्राथमिक विद्यालय चेरो बस्ती चोपन) और सोनाली मजूमदार (कंपोजिट विद्यालय परसोई चोपन) को दोषमुक्त कर उनके मूल विद्यालय में पदभार ग्रहण करने का आदेश जारी किया।इस निर्णय पर रालोद जिला इकाई ने बेसिक शिक्षा अधिकारी की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। जानकारी जिला प्रवक्ता विकास पाण्डेय ने दी।

  • भाजपा की जिला कार्यशाला सम्पन्न,7 मार्च से प्रशिक्षण महाअभियान

    भाजपा की जिला कार्यशाला सम्पन्न,7 मार्च से प्रशिक्षण महाअभियान

    सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र जिला कार्यालय में 7 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित की गई।कार्यशाला में जिला प्रभारी अनिल सिंह और जिलाध्यक्ष नन्द लाल ने अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। संचालन जिला महामंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान के संयोजक रामसुन्दर निषाद ने किया।नेताओं ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता निर्माण की सतत प्रक्रिया है और बूथ स्तर तक प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। बड़ी स्क्रीन पर पीपीटी के माध्यम से पार्टी के पंचपरिवर्तन, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी गई।जिला प्रभारी ने कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही संगठन मजबूत होता है और पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन भाजपा की कार्यशैली का आधार है। वहीं जिलाध्यक्ष नन्द लाल ने कहा कि यह महाअभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।कार्यशाला में जिला व मंडल स्तर के पदाधिकारी, पूर्व जनप्रतिनिधि और प्रकोष्ठ संयोजक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

  • विनय कुमार गुप्ता ने लगाई हैट्रिक,तीसरी बार लेखपाल संघ अध्यक्ष  निर्वाचित

    विनय कुमार गुप्ता ने लगाई हैट्रिक,तीसरी बार लेखपाल संघ अध्यक्ष  निर्वाचित

    दुद्धी। तहसील सभागार में मंगलवार  को उत्तर प्रदेश शाखा तहसील दुद्धी के लेखपाल संघ के चुनाव पर्यवेक्षक जिला कार्यकारणी सदस्य राजीव कुशवाहा की उपस्थिति में संपन्न हुई।

    चुनाव अधिकारी विनोद कुमार पाल एवं सह निर्वाचन अधिकारी श्री भगवान  ने संयुक्त रूप से बताया की सोनभद्र की उपशाखा तहसील दुद्धी लेखपाल संघ का चुनाव कराया गया जिसमे अध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशियों ने दावा किया था।

    जिसमे से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विनय कुमार गुप्ता को 47  मत, व संतोष कुमार यादव  को 37   मत प्राप्त हुए ,इस प्रकार विनय कुमार 10 मत अधिक प्राप्त करके विजयी घोषित हुए । वही मंत्री पद के लिए दो दावेदार लाल बाबू सरोज और अंकित सिंह रहे ,जिसमें लालाबाबू सरोज को 54 एवं अंकित सिंह 30 मत मिले, इस तरह लाल बाबू 24 वोटो से निर्वाचित घोषित हुए, आपको बताया की कुल 96 पंजीकृत मतों में केवल 84 मतों का प्रयोग किया गया । 

    वरिष्ठ उपाध्यक्ष समेत 5 पदों पर दावेदार निर्विरोध चुने गए। इस दौरान तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारी को उनकी जीत पर बधाई दिया, जिसमे वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कुंदन कुमार , कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद नीरज कुमार सिंह, उपमंत्री पद पर विनय कुमार सिंह , कोषाध्यक्ष पद पर मालाधारी सिंह , ऑडिटर पद पर धर्मेंद्र कुमार निर्विरोध चुने गए ।चुनाव के बाद सभी चुने कार्यकारणीयों को चुनाव अधिकारी ने शपथ दिलाया। इस दौरान कानूनगो अखिलेश शुक्ला,नागेंद्र पाठक, बृज बिहारी मौर्य ,अरुण कन्नौजिया,महेंद्र यादव अनूप यादव शाश्वत द्विवेदी,मुकेश गुप्ता,अनीता शिल्पी, आस्था ,मनोज, अभिषेक पांडे, मकबूल आलम, कन्नौजिया,सहित दर्जनों लेखपाल उपस्थित रहे।

  • जियो नेटवर्क पर आगजनी की कोशिश, 150 टावरों की सेवा प्रभावित,पुलिस जांच में जुटी

    जियो नेटवर्क पर आगजनी की कोशिश, 150 टावरों की सेवा प्रभावित,पुलिस जांच में जुटी

    सोनभद्र। जनपद में दूरसंचार व्यवस्था को प्रभावित करने की गंभीर घटना सामने आई है। ग्राम पुसौली स्थित Reliance Jio के टेलीकॉम कंट्रोल रूम में अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाने की कोशिश की गई, जिससे कई महत्वपूर्ण उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए और लगभग 150 टावरों की नेटवर्क सेवा प्रभावित हुई।कंपनी के टेक्नीशियन दिलीप कुमार शर्मा द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार 9 फरवरी 2026 की सुबह करीब 3:10 बजे साइड आईडी IDE-RBGJ-IL-A-0001 पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई गई। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। आग कंट्रोल पैनल और नेटवर्क संचालित करने वाले उपकरणों तक पहुंची, जिससे कई क्षेत्रों में कॉल ड्रॉप और इंटरनेट सेवाएं बाधित रहीं। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।बताया गया कि यह कंट्रोल रूम केवल एक टावर तक सीमित नहीं है, बल्कि रॉबर्ट्सगंज, चतरा, नगवां, घोरावल, करमा, चोपन सहित मिर्जापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के कुल लगभग 150 टावरों की कनेक्टिविटी यहीं से नियंत्रित होती है। आगजनी की इस घटना से सोनभद्र और आसपास के इलाकों में संचार व्यवस्था अस्थायी रूप से प्रभावित हुई।घटना के बाद सभी कर्मचारियों को बुलाकर जानकारी ली गई। एक कर्मी की अनुपस्थिति के कारण उस पर संदेह व्यक्त किया गया है, हालांकि अभी तक किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।इस घटना ने टावरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। पहले कई साइटों पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहते थे, लेकिन हाल में व्यवस्था में बदलाव किया गया था। अब इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की चर्चा तेज हो गई है।

  • आईजी विंध्याचल रेंज ने पुलिस लाइन चुर्क में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

    आईजी विंध्याचल रेंज ने पुलिस लाइन चुर्क में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

    सोनभद्र। पुलिस महानिरीक्षक, विंध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर आर.पी. सिंह के जनपद आगमन पर पुलिस लाइन चुर्क में उन्हें सलामी गार्द द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद प्रशासनिक भवन में होली, रमजान, बोर्ड परीक्षा, कानून-व्यवस्था, बजट व्यय, यक्ष एप और साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

    बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। आईजी ने त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने, शांति समिति की बैठकें करने और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। फुट पेट्रोलिंग, बाइक पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई और स्ट्रांग रूम की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नकल माफियाओं और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने तथा परीक्षा अवधि में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा गया।यक्ष एप के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए बताया गया कि हिस्ट्रीशीटर और गैंग से संबंधित सूचनाएं अपलोड की जा चुकी हैं। जिन 48 स्थानों पर नेटवर्क की समस्या है, वहां पीआरवी भेजकर जीपीएस जांच कराने के निर्देश दिए गए। साइबर अपराध नियंत्रण के तहत साइबर हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने, ऑनलाइन ठगी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और फ्रॉड धनराशि को तत्काल लीन कराने पर जोर दिया गया।आईजी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा और मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। डायल 112 और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखते हुए हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक का मुख्य संदेश रहा कि त्योहारों और परीक्षाओं के दौरान आमजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

  • चोपन पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

    चोपन पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

    डाला/सोनभद्र(राकेश जायसवाल) पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोपन पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चोपन के नेतृत्व में की गई।उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी, चौकी प्रभारी डाला ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण और वारंटियों की चेकिंग के दौरान दोनों अभियुक्तों को पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्तों में महावीर बंसल निवासी मलीन बस्ती डाला शामिल है, जो एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था। दूसरा अभियुक्त रोहित उर्फ कल्लू निवासी मलीन बस्ती डाला है, जो चोरी से संबंधित मामले में वांछित था।पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय रॉबर्ट्सगंज भेज दिया है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी, हेड कांस्टेबल सीताराम यादव और कांस्टेबल गोविंद कुमार शामिल रहे।