Category: SINGRAULI

  • आईपीएस ओ एंड एम कॉन्फ्रेंस 2026 में एनटीपीसी विंध्याचल की ऐतिहासिक जीत

    आईपीएस ओ एंड एम कॉन्फ्रेंस 2026 में एनटीपीसी विंध्याचल की ऐतिहासिक जीत

    चार स्वर्ण शक्ति पुरस्कारों के साथ विंध्याचल बना ओवरऑल चैंपियन

    सोनभद्र, सिंगरौली।  एनटीपीसी विंध्याचल ने एक बार फिर अपनी उद्योग नेतृत्व क्षमता को सिद्ध करते हुए 13 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित इंडियन पावर स्टेशन(ओ एंड एम) कॉन्फ्रेंस 2026 में चार प्रतिष्ठित स्वर्ण शक्ति पुरस्कार अपने नाम किए। इनमें ओ एंड एम उत्पादकता के लिए (संयुक्त रूप से एनटीपीसी लारा के साथ) स्वर्ण शक्ति पुरस्कार, सुरक्षा के लिए स्वर्ण शक्ति अवार्ड, मानव संसाधन श्रेणी में स्वर्ण शक्ति पुरस्कार के साथ-साथ प्रतिष्ठित ओवरऑल चैंपियन (विनर) में स्वर्ण शक्ति पुरस्कार तथा चैंपियन एवं बिजनेस एक्सीलेंस (बीई) के लिए चैंपियन एवं ओवरऑल एक्सीलेंस पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

    ये उपलब्धियाँ विंध्याचल की परिचालन उत्कृष्टता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं, जो सुदृढ़ रखरखाव प्रणाली, दक्षता अनुकूलन और सशक्त स्थिरता ढांचे के माध्यम से उच्च विश्वसनीयता सुनिश्चित करती है। ऊर्जा उत्पादन में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन ने स्टेशन को उद्योग में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है।
    इन उपलब्धियों के साथ-साथ विंध्याचल की “पीपल फ़र्स्ट” कार्य संस्कृति भी इसकी सफलता का प्रमुख आधार रही है, जो समावेशन, सतत सीख, नेतृत्व विकास, कर्मचारी सहभागिता और सुरक्षित कार्य वातावरण को प्रोत्साहित करती है, साथ ही बिजनेस एक्सीलेंस की दिशा में निरंतर प्रगति सुनिश्चित करती है। यह पुरस्कार पंकज अग्रवाल, सचिव (विद्युत मंत्रालय) एवं गुरदीप सिंह, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा निदेशक मंडल की उपस्थिति में प्रदान किए गए। इन्हें दिवाकर कौशिक, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक(उत्तर) एवं संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख(विंध्याचल) ने ग्रहण किया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि एनटीपीसी विंध्याचल की उत्कृष्टता के प्रति अटूट संकल्प को रेखांकित करती है और भारत के ऊर्जा क्षेत्र में उसकी अग्रणी भूमिका को और सुदृढ़ करती है।

  • एनसीएल में मनाया गया राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस

    एनसीएल में मनाया गया राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस

    सोनभद्र, सिंगरौली। एनसीएल मुख्यालय में राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस 2026 मनाया गया। इस अवसर पर कंपनी के निदेशक (मानव संसाधन), मनीष कुमार ने झंडा फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान निदेशक (वित्त) रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन), आशुतोष द्विवेदी, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे |

    कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक (आईईडी), एनसीएल मनोज कुमार सिंह ने सभी को कार्यस्थल पर सुरक्षा के साथ उत्पादन और उत्पादकता में अभिवृद्धि, संसाधनों का संतुलित तथा समुचित उपयोग करते हुए सुदृढ़ कार्य संस्कृति की स्थापना, समाज के जीवन स्तर एवं राष्ट्र की समृद्धि के लिए अपना योगदान देने तथा सहकर्मियों को भी इस दिशा में  प्रोत्साहित करने की शपथ दिलाई । इस वर्ष यह दिवस “क्लस्टर विकास इंजन के रूप में: एमएसएमई उत्पादकता को अधिकतम बनाना” विषय पर मनाया जा रहा है |

  • एनटीपीसी-विंध्याचल द्वारा सीआईआई एचआर एक्सीलेंस असेसमेंट टीम के सम्मान में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

    एनटीपीसी-विंध्याचल द्वारा सीआईआई एचआर एक्सीलेंस असेसमेंट टीम के सम्मान में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

    सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी-विंध्याचल ने 11 फरवरी 2026 को विंध्य क्लब में सीआईआई एचआर एक्सीलेंस असेसमेंट टीम के सम्मान में एक भव्य इन-हाउस सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को गरिमामय एवं उत्सवपूर्ण बना दिया। स्वागत उद्बोधन में संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख (विंध्याचल) ने सहज एवं हल्के-फुल्के अंदाज में सभी का स्वागत करते हुए उपस्थित जनों को स्टेशन की सांस्कृतिक समृद्धि का आनंद लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर असेसमेंट टीम की यात्रा एवं स्टेशन की गतिविधियों की झलकियों से सुसज्जित एक विशेष वीडियो प्रदर्शित किया गया, जिसे टीम द्वारा सराहा गया। सुहासिनी स्कूल, डी पॉल स्कूल एवं डीपीएस के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत महाराष्ट्रीय लोक-थीम एवं होली के पौराणिक संदर्भ पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

    कार्यक्रम को और भी विशेष बनाते हुए सौरभ बनौधा, उप महाप्रबंधक(आईटी) ने बांसुरी वादन की मधुर प्रस्तुति दी, वहीं रविन्द्र मिश्रा की प्रभावशाली प्रस्तुति ने समां बांध दिया। एक सुखद आश्चर्य के रूप में दीपक ए. देशपांडे एवं असेसमेंट टीम के सदस्यों ने भी मंच पर आकर सहज प्रस्तुति दी, जिसने उनकी आत्मीयता और सहभागिता को दर्शाया। श्रीमती कामना शर्मा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) के कुशल संचालन में सम्पन्न यह कार्यक्रम मानव संसाधन, टीएडी एवं विंध्य क्लब के उत्कृष्ट समन्वय और टीमवर्क का सुंदर उदाहरण रहा।

  • एनसीएल झिंगुरदा में अंतर क्षेत्रीय विद्यालयीन सांस्कृतिक प्रतियोगिता का हुआ समापन

    एनसीएल झिंगुरदा में अंतर क्षेत्रीय विद्यालयीन सांस्कृतिक प्रतियोगिता का हुआ समापन

     सोनभद्र, सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की झिंगुरदा परियोजना में दो दिवसीय अंतर क्षेत्रीय विद्यालयीन सांस्कृतिक प्रतियोगिता वर्ष 2025-26  का समापन हुआ। 9 फरवरी से 10 फरवरी, 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में एनसीएल के लगभग 11 क्षेत्रों के विद्यालयों से 183 प्रतिभागियों ने लोक संगीत, लोकनृत्य, तबला वादन, भजन गायन, कव्वाली और विभिन्न वाद्य यंत्रों जैसे हारमोनियम, सिंथेसाइज़र एवं गिटार की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।

    इस दौरान ककरी की टीम ने 19 अंक प्राप्त कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की एवं 15 अंकों के साथ संयुक्त रूप से मुख्यालय, निगाही एवं खड़िया की टीम उपविजेता रही। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), राजेश त्रिवेदी, महाप्रबन्धक (झिंगुरदा), ए. के. बाग, कंपनी जेसीसी सदस्यगण,  स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड  सदस्य एवं परियोजना जेसीसी सदस्य एवं विभागध्यक्ष, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी सहित विद्यालय प्राचार्य, शिक्षक एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।

    गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा समय समय पर बच्चों में नेतृत्व, टीम वर्क, सहयोग और समस्या-समाधान जैसे गुण विकसित करने हेतु अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है।

  • जन-उत्कृष्टता में नए मानक स्थापित करने की दिशा में एनटीपीसी विंध्याचल की सशक्त पहल….

    जन-उत्कृष्टता में नए मानक स्थापित करने की दिशा में एनटीपीसी विंध्याचल की सशक्त पहल….

    सीआईआई एचआर एक्सीलेंस असेसमेंट का शुभारंभ

    सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने प्रशासनिक भवन में सीआईआई एचआर एक्सीलेंस असेसमेंट की औपचारिक शुरुआत एक सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी उद्घाटन सत्र के साथ की। यह पहल संगठन की मानव संसाधन प्रबंधन में उत्कृष्टता, नवाचार और सतत सुधार की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है।
    कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत के साथ हुआ, जो संगठन के मूल्यों और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। इस अवसर पर सीआईआई असेसमेंट टीम का पारंपरिक श्रीफल एवं शॉल से आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति में संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख (विंध्याचल) सहित स्टेशन का वरिष्ठ प्रबंधन उपस्थित रहा।
    अपने संबोधन में श्री साहा ने सीआईआई असेसर्स के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनटीपीसी विंध्याचल फीडबैक को खुले मन से स्वीकार कर उस पर प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से निरंतर सुधार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
    उद्घाटन प्रस्तुति को चार प्रमुख विषयगत खंडों में विभाजित किया गया, जिनमें स्टेशन की समग्र उत्कृष्टता यात्रा को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया। भारतीय विद्युत क्षेत्र एवं स्टेशन के परिचालन प्रदर्शन पर प्रस्तुति राम सेवक जायसवाल, उप महाप्रबंधक (ईईएमजी) द्वारा दी गई। मानव संसाधन की समग्र पहलों एवं प्रभावी सीएसआर गतिविधियों की जानकारी श्रीमती कामना शर्मा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने साझा की। डिजिटलीकरण से जुड़ी प्रमुख पहलों को सौरभ बनौधा, उप महाप्रबंधक(आईटी) द्वारा प्रस्तुत किया गया। स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रमों पर डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ, वरिष्ठ विशेषज्ञ (विंध्य चिकित्सालय) ने प्रकाश डाला। कार्यक्रम को और अधिक समृद्ध करते हुए लीड असेसर दीपक ए. देशपांडे ने सीआईआई मानव संसाधन उत्कृष्टता मॉडल तथा मूल्यांकन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
    सत्र के दौरान चार प्रेरणादायी फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा पर आधारित माइलस्टोन फिल्म, एनटीपीसी विंध्याचल की कॉर्पोरेट फिल्म, विशेष रूप से सक्षम कर्मचारियों की कृतज्ञता को दर्शाती भावनात्मक लघु फिल्म तथा संविदा श्रमिकों के लिए की गई पहलों पर आधारित “श्रम की रोशनी” शामिल रही।
    सीआईआई असेसमेंट टीम ने स्टेशन की उत्कृष्ट आतिथ्य व्यवस्था की सराहना करते हुए इस सहभागिता से पारस्परिक सीख और ज्ञान-विनिमय की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं समन्वय सुश्री पूर्णिमा चतुर्वेदी, वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन सुश्री रूमा दे शर्मा, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

  • हिंडालको महान की सीएसआर पहल: बाघबुड़वा स्कूल के 130 बच्चों को स्वेटर व शैक्षणिक किट वितरण

    हिंडालको महान की सीएसआर पहल: बाघबुड़वा स्कूल के 130 बच्चों को स्वेटर व शैक्षणिक किट वितरण

     मानसी महिला मंडल बनी सहभागिता की मिसाल

    सिंगरौली। ग्रामीण शिक्षा को सशक्त बनाने और सामुदायिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए हिंडालको – महान द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय, बघबुड़वा में स्वेटर एवं शैक्षणिक किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल से विद्यालय के 130 विद्यार्थियों को सीधे लाभ मिला।

    शीत ऋतु के मद्देनज़र विद्यार्थियों को गर्म स्वेटर उपलब्ध कराए गए, वहीं कॉपी, पेन, पेंसिल एवं अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री से युक्त शिक्षा किट प्रदान कर उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा किया गया। इस सहयोग से बच्चों को ठंड से सुरक्षा मिलने के साथ-साथ पढ़ाई में निरंतरता और उत्साह बनाए रखने में मदद मिलेगी।

    कार्यक्रम की विशेषता रही *हिंडालको – महान की मानसी महिला मंडल की सक्रिय सहभागिता*

    मंडल की सदस्यों ने स्वयंसेवक के रूप में सामग्री वितरण, व्यवस्था संचालन और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी भागीदारी ने महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक सहयोग की एक प्रेरक मिसाल पेश की।

    इस अवसर पर मानसी महिला मंडल की सदस्यों ने बताया, “शिक्षा सामाजिक विकास की सबसे मजबूत नींव है। हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा संसाधनों या मौसम की कठिनाइयों के कारण पढ़ाई से वंचित न रहे। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करते हैं।”

    विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सहायता से शीत ऋतु में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ती है और शिक्षा के प्रति उनका रुझान और मजबूत होता है। हिंडालको – महान शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका विकास जैसे क्षेत्रों में निरंतर सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से सिंगरौली क्षेत्र में समावेशी और सतत विकास की दिशा में कार्यरत है। यह कार्यक्रम उसी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का एक सकारात्मक उदाहरण बना।

  • एनटीपीसी विंध्याचल ने डीलरशिप मोड में ऐश ब्रिक्स की पहली खेप को किया रवाना

    एनटीपीसी विंध्याचल ने डीलरशिप मोड में ऐश ब्रिक्स की पहली खेप को किया रवाना

    सोनभद्र, सिंगरौली।  एनटीपीसी विंध्याचल ने डीलरशिप मोड के अंतर्गत ऐश ब्रिक्स की पहली खेप को रवाना कर एक महत्वपूर्ण सतत सस्टेनेबिलिटी उपलब्धि हासिल की। यह ऐतिहासिक पहल संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख(विंध्याचल) के नेतृत्व में ए. जे. राजकुमार, महाप्रबंधक(प्रचालन एवं अनुरक्षण), एम. सुरेश, महाप्रबंधक(अनुरक्षण एवं एडीएम),  सत्येंद्र सिन्हा, महाप्रबंधक(प्रचालन) तथा सुश्री रुमा दे शर्मा, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई। यह पहल फ्लाई ऐश के प्रभावी उपयोग, सर्कुलर इकोनॉमी को सशक्त करने तथा डीलरशिप आधारित विपणन प्रणाली के माध्यम से बाजार पहुँच को विस्तारित करने की दिशा में मील का पत्थर है। इस पहल को सफल बनाने में सीसी-ओएस टीम के उत्कृष्ट सहयोग और समन्वय की विशेष सराहना की गई।

  • हिंडालको–महान में प्रबंधन एकादश व श्रमिक संघ एकादश के बीच रोमांचक मुकाबला

    हिंडालको–महान में प्रबंधन एकादश व श्रमिक संघ एकादश के बीच रोमांचक मुकाबला

    अंतिम गेंद तक छाया रोमांच,1 रन से श्रमिक संघ बनी विजेता*

    सिंगरौली।। हिंडालको  महान परिसर में प्रबंधन एकादश और श्रमिक संघ एकादश के बीच खेला गया दोस्ताना क्रिकेट मैच खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। अंतिम गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में श्रमिक संघ एकादश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन एकादश को 1 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

    टॉस जीतकर श्रमिक संघ एकादश के कप्तान लखपति साकेत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 9 विकेट खोकर 84 रन बनाए। टीम की ओर से शिवानंद और लखपति साकेत ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने भी छोटे-छोटे लेकिन अहम योगदान देकर स्कोर को प्रतिस्पर्धी बनाया।

    श्रमिक संघ 11 की टीम में लखपति साकेत (कप्तान), जितेंद्र सिंह, राम नरेश भारती, संजय गुप्ता, अनिल द्विवेदी, भूपेंद्र चौबे, शिवा तिवारी, कमलेश तिवारी, प्रमित कुशवाहा, प्रशील सिंह, अंजनी बासोर, प्रदीप सिंह, राकेश दुबे, नरेंद्र द्विवेदी और मुकेश कुमार शामिल रहे, जिन्होंने पूरे मैच में जोश और अनुशासन के साथ खेल का प्रदर्शन किया।

    85 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रबंधन एकादश की टीम ने भी कड़ा संघर्ष किया। आदर्श और प्रसून बोस की आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच को बेहद रोमांचक बना दिया। अंतिम ओवर तक मुकाबला बराबरी पर रहा, लेकिन टीम जीत से मात्र 1 रन दूर रह गई।

    प्रबंधन एकादश की ओर से एस. सेंथिलनाथ (कप्तान) के नेतृत्व में लिनु पंचमन, डॉ. विवेकानंद मिश्रा, प्रांजल पाठक, प्रणव सोनी, रोहित, संजय सिंह, प्रसून बोस, आदर्श, कृष्ण कुमार, सुब्रत पाढ़ी, डॉ. अशेष शरण, राकेश यादव और दीपक सोनी ने मैदान संभाला।

    गेंदबाजी में एस. सेंथिलनाथ ने अपनी जादुई स्पिन से एक ही ओवर में 3 विकेट झटककर श्रमिक संघ की पारी पर अंकुश लगाया। वहीं संजय सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि डॉ. विवेकानंद मिश्रा, प्रणव सोनी, लिनु पंचमन और आदर्श ने एक-एक सफलता अर्जित की। दूसरी ओर श्रमिक संघ की सधी हुई गेंदबाजी ने प्रबंधन टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया।

    बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शिवानंद को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच का आंखों देखा हाल अभिषेक उपाध्याय ने उत्साहपूर्ण अंदाज में सुनाया। आयोजन को सफल बनाने में मानव संसाधन विभाग से प्रणव सोनी कार्मिक विभाग से मनीष सिंह, विनय तिवारी और हरी शंकर मिश्रा व उत्कर्ष भल्लिका का विशेष योगदान रहा।

    ट्रॉफी वितरण समारोह के दौरान इकाई प्रमुख एवं प्रबंधन एकादश के कप्तान एस.सेंथिलनाथ ने कहा कि पिछले कई वर्षों से यह टूर्नामेंट स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रतीक रहा है। एक वर्ष प्रबंधन टीम जीतती है तो अगले वर्ष श्रमिक संघ—इस तरह जीत-हार का सिलसिला चलता रहता है, जो दोनों पक्षों के बीच संतुलन और आपसी सम्मान को दर्शाता है।

    लीनु पंचमन ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि टीम भावना और आपसी समन्वय सिखाता है। यदि यही भावना कार्यस्थल पर भी बनी रहे तो संस्थान नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। कृष्ण कुमार ने महान परिसर के कर्मचारियों की एकता, अनुशासन और कार्यसंस्कृति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की इच्छा जताई।

    डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए कार्मिक विभाग के आयोजन मंडल की प्रशंसा की, वहीं श्रमिक संघ एकादश के कप्तान लखपति साकेत ने कहा कि यह मुकाबला प्रतिस्पर्धा जरूर है, लेकिन भावनाएं भाईचारे की हैं—“हम प्रतिद्वंद्वी नहीं, राम-लक्ष्मण की तरह साथ खेलने वाले साथी हैं।”

    मैदान पर पूरे समय सौहार्द, उत्साह और खेल भावना देखने को मिली। यह मैच केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रबंधन और श्रमिकों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और एकता को और मजबूत करने का माध्यम बना।

  • बड़ोखर में मिनी मेडिकल कैंप संपन्न: 322 ग्रामीणों को मिला विशेषज्ञों का नि:शुल्क परामर्श

    बड़ोखर में मिनी मेडिकल कैंप संपन्न: 322 ग्रामीणों को मिला विशेषज्ञों का नि:शुल्क परामर्श

    सिंगरौली ।ग्रामीण सशक्तिकरण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, हिंडालको महान द्वारा अपने निगमित सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत सिंगरौली जिले के बड़ोखर गाँव में एक ‘निःशुल्क मिनी मेडिकल कैंप’ का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव वाले क्षेत्रों से आए 322 ग्रामीणों ने अपनी बीमारियों का इलाज कराया और विशेषज्ञों से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

    ​शिविर में चिकित्सा जगत के पांच प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। ग्रामीणों को बेहतर परामर्श देने के लिए अलग-अलग विभागों के माध्यम से जाँच की गई:

    ​हड्डी एवं जोड़ रोग: डॉ. विवेक सिंह

    ​कान-नाक-गला (ENT): डॉ. राम तिवारी

    ​मेडिसिन: डॉ. रमा शंकर गुप्ता एवं डॉ. शैलेन्द्र साकेत

    ​स्त्री रोग: डॉ. साक्षी पांडेय

    ​सफल आयोजन में टीम की भूमिका

    ​इस पूरे मेडिकल कैंप के सफल क्रियान्वयन में कंपनी की CSR टीम का सराहनीय योगदान रहा।

     *कार्यक्रम का सफल आयोजन* CSR प्रमुख राजीव रंजन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान शीतल श्रीवास्तव, धीरेन्द्र तिवारी, प्रवीण श्रीवास्तव, राम ललन, दीपक और पिंकी ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया और ग्रामीणों की सहायता की।

    ​परामर्श के साथ-साथ मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं। डॉक्टरों की टीम ने ग्रामीणों को रोकथामात्मक स्वास्थ्य देखभाल (Preventive Health Care) के बारे में विस्तार से समझाया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया।

    *​सामाजिक सरोकार की प्रतिबद्धता*

     यह मेडिकल कैंप कंपनी की उस दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है, जिसके तहत हर तिमाही ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं। कंपनी प्रबंधन ने भविष्य में भी सिंगरौली के ग्रामीण क्षेत्रों में इसी प्रकार के स्वास्थ्य सुधार हेतु निरंतर सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

  • मेहनत, समर्पण और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल करना संभव – बाइचुंग भूटिया

    मेहनत, समर्पण और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल करना संभव – बाइचुंग भूटिया

     फुटबॉल के ‘सिक्किमी स्नाइपर’ ने युवाओं को दिया फिटनेस और धैर्य का मंत्र

    सोनभद्र। एनसीएल में ‘यंग अचीवर्स प्रोग्राम’ के तहत ‘लर्निंग फ्रॉम लीजेंड’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से मुखातिब हुए पूर्व फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया, “सफलता बड़ी ज़िम्मेदारियों के साथ आती है क्योंकि जब आप एक सफल व्यक्ति बन जाते हैं तब लोग आपको एक उदाहरण के रूप में देखते हैं। शारीरिक और मानसिक फिटनेस जीवन की किसी भी विधा में सफलता के लिए आवश्यक है। खेल हमें सफलताओं को संभालने और असफलताओं के साथ सामंजस्य बैठाना सिखाते हैं।” सोमवार को एनसीएल के दूधिचुआ ग्राउंड में आयोजित ‘यंग अचीवर्स प्रोग्राम’ के तहत ‘लर्निंग फ्रॉम लीजेंड’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ये बातें दिग्गज भारतीय फुटबॉलर और पूर्व फ़ुटबॉल कप्तान, पद्मश्री एवं अर्जुन अवार्ड से सम्मानित बाइचुंग भूटिया ने कहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों से मुखातिब होते हुए बाइचुंग भूटिया ने फुटबॉल के मैदान के अपने अनुभवों को जीवन के विविध आयामों से जोड़ा।

    फिटनेस पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि अच्छे फ़ूड हैबिट के साथ अल्पाहार और नियमित व्यायाम फिट रहने के लिए आवश्यक है स साथ ही योग और सूर्य नमस्कार को नियमित आचरण में लाने हेतु उपस्थित विद्यार्थियों सहित सभी को प्रेरित किया स उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को बच्चों की रुचि के हिसाब से करियर चुनने की आजादी देने व उसी अनुरूप वातावरण उपलब्ध करवाने का सुझाव दिया। सिक्किम के छोटे से गाँव तिंकिताम से निकलकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले श्री भूटिया ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अगर आप में प्रतिभा है तो संसाधनों की कमी आपकी सफलता में कभी बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने बच्चों को अपने पैशन (जुनून) को फॉलो करने तथा चुनौतियों के लिए सदैव तत्पर रहने की सीख दी। इसके साथ ही श्री भूटिया ने कोल इंडिया और एनसीएल द्वारा खेल एवं सामुदायिक विकास की दिशा में किए जा रहे सार्थक प्रयासों की सराहना की। इस दौरान अपने उद्बोधन में सीएमडी एनसीएल, बी.साईराम ने बाइचुंग भूटिया को फ़िटनेस आइकॉन बताते हुए उनके खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और धैर्य को अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि फिजिकल एंड्यूरेंस के साथ मानसिक स्थिरता के बल पर श्री भूटिया ने विश्वस्तरीय सफलता अर्जित की है। भारत में फुटबॉल के प्रति बढ़ते रुझान के आलोक में उन्होंने सिंगरौली परिक्षेत्र के युवाओं को फ़ुटबॉल सहित अन्य खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।  इस अवसर पर एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन), मनीष कुमार, निदेशक (वित्त), रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन), आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी, अजय कुमार जायसवाल, पूर्व निदेशक (तकनीकी/संचालन), सुनील प्रसाद सिंह, कंपनी जेसीसी सदस्यगण, सीएमओआई प्रतिनिधि, कृति महिला मंडल उपाध्यक्षागण, मुख्यालय एवं परियोजनाओं से महाप्रबंधकगण एवं विभागाध्यक्षगण, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनसीएल के विद्यालयों से विद्यार्थी, प्राचार्य, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। गौरतलब है कि पूरे सत्र को तीन भागों में विभाजित किया गया था जिसमें मोटिवेशनल, मॉडरेटर और इंटरैक्टिव  सत्र शामिल थे। इन सत्रों के दौरान विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य ने भी बड़े उत्साह के साथ बाईचुंग भूटिया से खेल, कैरियर एवं जीवन से संबन्धित सवाल पूछे। इस दौरान एनसीएल की ओर से मॉडरेटर की भूमिका में प्रबंधक (मानव संसाधन), पाणि पंकज पांडे रहे। उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनसीएल कल्याण विभाग और दुधीचुआ टीम की अहम भूमिका रही।