Category: RENUKOOT

  • हिण्डालको के कर्मचारी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारत को दिलाया स्वर्ण पदक

    हिण्डालको के कर्मचारी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारत को दिलाया स्वर्ण पदक

    रेणुकूट/सोनभद्र। रेणुकूट नगर और पूरे सोनभद्र जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के ब्वायलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया है।रवि सिंह ने 15वीं इंटरनेशनल ओपन फ्रेंडशिप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। यह प्रतियोगिता 18 से 20 दिसंबर 2025 तक नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल कवरड हॉल में आयोजित हुई।

    प्रतियोगिता में नेपाल, भारत, अमेरिका, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया, मालदीव, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, मलेशिया और थाईलैंड सहित 10 देशों के लगभग 1500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रवि सिंह ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्हें यह पदक नेपाल सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के मंत्री द्वारा पहनाकर सम्मानित किया गया।इस उपलब्धि से हिण्डालको परिवार, रेणुकूट नगर और पूरे सोनभद्र जिले में खुशी की लहर है। सहकर्मियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने रवि सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

    रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि यह पदक केवल उनका नहीं, बल्कि रेणुकूट, हिण्डालको कंपनी, उत्तर प्रदेश और पूरे भारत का सम्मान है।

  • हिंडाल्को रेणुकूट प्रतिष्ठित IGMC गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित

    हिंडाल्को रेणुकूट प्रतिष्ठित IGMC गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित

    रेणुकूट। हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की रेणुकूट एल्युमिना रिफाइनरी को IGMC (इंडियन ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग चैलेन्ज) गोल्ड अवॉर्ड फॉर ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान इंटरनेशनल रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर मैन्युफैक्चरिंग, इंडिया द्वारा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए बेहतर और टिकाऊ तरीके से उत्पादन करने के लिए हिण्डाल्को को मुम्बई में आईटीसी मराठा में आयोजित एक कार्यक्रम में दिया गया है। यह अवार्ड हिण्डाल्को की ओर से प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए अल्युमिना प्लांट हेड रोहित चौरसिया एवं सिद्धार्थ तिवारी ने प्राप्त किया। 

    गौरतलब है कि रेणुकूट एल्युमिना रिफाइनरी में ऊर्जा की बचत पर लगातार काम किया जा रहा है। उत्पादन प्रक्रियाओं को इस तरह बेहतर बनाया गया है जिससे कम ऊर्जा में अधिक कार्य हो सके। इसके साथ ही कचरे को कम करने, उसके दोबारा उपयोग और संसाधनों के सही इस्तेमाल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

    इस मौके पर एल्युमिना हेड रोहित चौरसिया ने कहा कि रिफाइनरी में सर्कुलर इकॉनमी से जुड़ी पहलों को अपनाया गया है, जिससे अपशिष्ट को उपयोगी संसाधन के रूप में दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। पर्यावरण सुरक्षा को केवल योजनाओं तक सीमित न रखकर रोज़मर्रा के कामकाज का हिस्सा बनाया गया है। यह उपलब्धि पर हिण्डाल्को के मुखिया  समीर नायक ने रेणुकूट रिफाइनरी की पूरी टीम को बधाई दी एवं कहा कि यह उपलब्धि टीम के निरंतर प्रयास, अनुशासन और जिम्मेदारी का परिणाम है। टीम ने यह दिखाया है कि उत्पादन में उत्कृष्टता और पर्यावरण की देखभाल साथ-साथ की जा सकती है। इस उपलब्धि पर, हिण्डाल्को क्लस्टर के मानव संसाधन प्रमुख जसबीर सिंह ने भी शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि इस सम्मान के उपरांत हिण्डाल्को की जिम्मेदार विकास की यात्रा और मजबूत हुई है। कंपनी भविष्य में भी सतत विकास, संसाधन संरक्षण और हरित भविष्य के लिए अपने प्रयास जारी रखेगी।

  • भारतीय पत्रकार एसोसिएशन ने अरविंद दुबे को बनाया सोनभद्र का जिलाध्यक्ष

    भारतीय पत्रकार एसोसिएशन ने अरविंद दुबे को बनाया सोनभद्र का जिलाध्यक्ष

    रेणुकूट। पत्रकारों के संगठन भारतीय पत्रकार एसोसिएशन द्वारा अरविंद दुबे को जनपद सोनभद्र का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस अवसर पर नगर में स्थित संगठन के कार्यालय पर एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को माला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय राय ने अरविंद दुबे की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को एक नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अरविंद दुबे जिले में संगठन को सशक्त बनाने के साथ-साथ पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

    नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अरविंद दुबे ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पत्रकारों को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाने, पत्रकार हितों की रक्षा करने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।

    इस अवसर पर अखिलेश मिश्रा, नईम गाजीपुरी, लल्लन गुप्ता, अमिताभ मिश्रा, सर्वेश सिंह, चंद्रशेखर पांडे, अजय जौहरी, सुशील तिवारी, राधेश्याम पांडे, दीपू तिवारी, शाहेनूर हसन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने अरविंद दुबे को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया।

  • हिण्डाल्को रेणुकूट को मिला एसोचैम नेशनल वाटर अवार्ड्स -2025

    हिण्डाल्को रेणुकूट को मिला एसोचैम नेशनल वाटर अवार्ड्स -2025

    रेणुकूट। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, यूनिट-रेणुकूट को ASSOCHAM इंडिया वाटर लीडरशिप कॉन्क्लेव 2025 के दौरान एसोचैम नेशनल वाटर अवार्ड्स- 2025 की “Noteworthy in Water for Community – CSR Initiatives by Industry under the ASSOCHAM National Water Awards 2025” श्रेणी में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित कॉन्क्लेव दिसम्बर माह में नई दिल्ली में आयोजित किया गया।

    यह अवार्ड रेणुकूट सीएसआर टीम को जल सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देने, समुदाय पर सकारात्मक और दीर्घकालिक प्रभाव डालने तथा नवाचार, समर्पण और प्रतिबद्धता के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए दिया गया। पुरस्कार विशेष रूप से ‘जल संचय’ परियोजना के लिए प्रदान किया गया है, जो उत्तर प्रदेश के तीन ब्लॉकों में हिंडाल्को यूनिट रेणुकूट के अंतर्गत आने वाले गांवों में संचालित की जा रही है। ‘जल संचय’ परियोजना एक व्यापक जल संरक्षण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित करना और भूजल स्तर में वृद्धि करना है। साथ ही जल संरक्षण और जल प्रबंधन पर समुदाय में जागरूकता बढ़ाना, वर्षा जल संचयन हेतु संरचनाओं का विकास करना, भूजल रिचार्ज को प्रोत्साहित करना एवं पानी के कुशल उपयोग को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है। परियोजना का एक प्रमुख लक्ष्य सिंचाई सुविधाओं में सुधार कर किसानों की उत्पादकता और आय को बढ़ाना है, जिससे ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ हो और जल संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। 

    इस मौके पर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट का प्रतिनिधित्व करते हुए श्री रमाकांत शर्मा ने कॉन्क्लेव में भाग लिया और पुरस्कार समारोह के दौरान यह सम्मान प्राप्त किया। यह पुरस्कार श्री मोहम्मद शफी (चेयरमैन),  सिद्धार्थ के. देसाई (को-चेयर, एसोचैम नेशनल काउंसिल ऑन वाटर), डॉ. बी. सेनगुप्ता (पूर्व सदस्य सचिव, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) तथा  विकास गोयल (जल संसाधन विशेषज्ञ, एशियाई विकास बैंक) द्वारा प्रदान किया गया। यह उपलब्धि हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कंपनी द्वारा समुदाय-केंद्रित जल प्रबंधन पहलों के माध्यम से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है, बल्कि ग्रामीण विकास, कृषि सुदृढ़ीकरण और सतत भविष्य की दिशा में भी सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। इस उपलब्धि पर हिण्डाल्को के मुखिया  समीर नायक एवं मानव संसाधन प्रमुख  जसबीर सिंह ने समस्त सीएसआर टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। 

  • हिण्डाल्को रेणुकूट में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह का आगाज़

    हिण्डाल्को रेणुकूट में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह का आगाज़

    रेणुकूट। ऊर्जा संरक्षण के प्रति जनमानस में जागरूकता लाने हेतु प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में हिण्डाल्को रेणुकूट प्रबंधन द्वारा दिनांक 9 से 15 दिसम्बर तक ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है।

    उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत संस्थान के कर्मचारियों को ऊर्जा शपथ दिलाकर ऊर्जा संरक्षण सप्ताह का आगाज़ किया गया। हिण्डाल्को एडमिन विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग के प्रमुख  विवेक अग्रवाल ने सभी को ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों व प्रतियोगिताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला तथा क्विज़ व स्लोगन प्रतियोगिताओं के साथ–साथ कर्मचारियों के लिए नुक्कड़ नाटक, पेप टॉक, महिलाओं के लिए अवेयरनेस सेशन आदि कार्यक्रमों का वृहद् स्तर पर आयोजन किया जायेगा।

    इस अवसर पर हिण्डाल्को के स्मेल्टर हेड  जयेश पवार द्वारा ऊर्जा बचत के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए हिण्डाल्को में चल रहे विभिन्न ऊर्जा संरक्षण के प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को ज्यादा से ज्यादा ऊर्जा संरक्षण के प्रोजेक्ट करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बड़े स्तर पर ऊर्जा का संरक्षण करके ही पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सकता है जो कि आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रॉसेस में सुधार करके ज्यादा से ज्यादा ऊर्जा को बचाया जा सकता है।

    कार्यक्रम के अंत में सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी एक दूसरे को बैज लगाकर एवं ऊर्जा संरक्षण से सम्बन्धित पॉकेट कार्ड वितरित किया। वहीं, प्लांट के कलाकारों द्वारा लघु नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करके सभी को ऊर्जा बचत के उपायों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मुख रूप से वरिष्ठ अधिकारी  स्वपन गुप्ता,  तपन पॉल,  हिमांशु श्रीवास्तव,  मधुस्मिता साहू,  कैलाश चंद्र प्रधान,पंकज जोशी,राजेश कपूर,हंसराज सिंह,कर्लन (सेनि.)रोहित शर्मा,यशवंत कुमार आदि उपस्थित रहे। एक और जहां मंच का कुशलतापूर्वक संचालन इशिका लूथरा ने किया वहीं, कार्यक्रम का समापन एनर्जी सेल के हेड श्री विवेक कुमार के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। 

  • दुद्धी क्षेत्र में काम करने के लिए संवेदनशीलता जरूरी – डॉक्टर विश्राम

    दुद्धी क्षेत्र में काम करने के लिए संवेदनशीलता जरूरी – डॉक्टर विश्राम

    औद्योगिक संस्थान द्वारा बनाए गए वादकारी भवन और लाइब्रेरी का किया उद्घाटन

    रेणुकूट। प्रदेश की और जनपद की सबसे आखिरी तहसील दुद्धी में काम करने के लिए संवेदनशीलता बहुत ही आवश्यक है, यहां रहने वाले अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशील रहेंगे तो बहुत सारी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उक्त बातें अपरआयुक्त विंध्याचल मंडल डॉ विश्राम ने शुक्रवार को एक औद्योगिक संस्थान द्वारा वादकारियों के लिए बने भवन और लाइब्रेरी के उद्घाटन के दौरान कही। उन्होंने यह भी कहा कि दुद्धी क्षेत्र में यदि बहुत संपन्न लोग हैं तो यहां बहुत गरीब भी निवास करते है। कहा कि इन सब चीजों को देखते हुए यहां काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अफसर शाही छोड़कर हम सबको लोगों के हित का काम करना होगा। उन्होंने कहा कि उनके लिए दुद्धी क्षेत्र दूर भले है, लेकिन उनके हृदय में है। कहा कि उन्होंने एसडीएम रहते अनपरा को नगर पंचायत बनाने कुलडोमरी को ब्लॉक बनाने के लिए रिपोर्ट भेजी थी। इसके साथ ही दुद्धी की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए जिला बनाने के लिए भी रिपोर्ट शासन स्तर पर जिलाधिकारी के माध्यम से भेजी गई थी। उपजिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव ने कहा कि 50 साल पुराने इतिहास को जीवंत रखने के लिए पिपरी में एसडीएम कोर्ट जरूरी है। कहा जो लोग दुद्धी नहीं पहुंच पाते उनको यहां तक पहुंच कर भी मदद मिल जाए तो बहुत बड़ी बात है। कहा कि आने वाले दिन में उपजिलाधिकारी कोर्ट का भी जीर्णोद्धार करा दिया जाएगा। सहायक श्रमायुक्त विजय प्रताप यादव ने पिछड़े क्षेत्र में अधिवक्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।कार्यक्रम के पूर्व अतिथियों ने वादकारी भवन और पुस्तकालय का फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर भवन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता नंदलाल अग्रहरी, नागेंद्र जायसवाल, ज्ञानी प्रसाद, अंजनी यादव, चेयरमैन प्रतिनिधि शत्रुघ्न सिंह, आदर्श शाही, प्रमोद जायसवाल, पारस गुप्ता समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

  • हिण्डाल्को में उत्साह के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस

    हिण्डाल्को में उत्साह के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस

    आपको कोई कंपनी या सरकार आपकी डिजिटल जानकारी साझा करने के लिए आपको बाध्य नहीं कर सकती -निखिल यादव, उप जिला मजिस्ट्रेट

    प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे के अधिकारों का सम्मान करना चाहिए एवं यह ध्यान रखना चाहिए कि हमारी वजह से किसी अन्य व्यक्ति के मौलिक अधिकारों का हनन भी न हो -विजय प्रताप यादव

    मानवीय सम्मान, न्याय, समानता और स्वतंत्रता हर व्यक्ति के जीवन का मूल होना चाहिए – जसबीर सिंह

    रेणुकूट। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी हिण्डाल्को में अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। मानवीय सम्मान और अधिकारों को समर्पित मानवाधिकार दिवस पर मल्टी फैसिलिटी हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद उप जिला मजिस्ट्रेट दुद्धी/ पिपरी  निखिल यादव, सहायक श्रमायुक्त विजय प्रताप यादव समेत हिण्डाल्को के वरिष्ठ अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त श्रम संगठनों के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलन व आदित्य वंदना के साथ की।

    कार्यक्रम को आगे बढ़ते हुए मंच संचालन कर रहे क्लस्टर कॉम्पलाइंसेज़ हेड  सुशील ब्रह्मचारी ने सभी को मानवाधिकार की शपथ दिलवाई तथा उसकी रुपरेखा प्रस्तुत की। मानवाधिकार के इतिहास को बताते हुए उन्होंने वर्तमान में इसकी प्रासंगिकता को भी दर्शाया। उन्होंने जानकारी देते हुए यह भी बताया कि इस साल की शुरुआत से ही मानवाधिकार जारूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत हमारे 20 प्रशिक्षकों द्वारा 4200 से अधिक संविदा कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। वहीं 4500 से अधिक स्थाई कर्मियों को भी प्रशिक्षण दिया गया है। कार्यक्रम के मध्य में वीडियो के माध्यम से मानवाधिकार की समझ को और अधिक विकसित करने का प्रयास किया गया। 

    वहीं इस अवसर पर मुख्य अतिथि निखिल यादव ने बताया कि यह दिवस हर साल 10 दिसम्बर को मनाया जाता है और इसका मुख्य उद्देश्य मानवता, न्याय, समानता और मानवीय अधिकारों को बढ़ावा देना है। आज के दौर में एक नया राइट इंट्रोड्यूज़ किया गया है जिसका हमे विशेष ध्यान रखना है जो कि है- डिजिटल राइट्स अर्थात आपको कोई कंपनी या सरकार आपकी डिजिटल जानकारी साझा करने के लिए आपको बाध्य नहीं कर सकती है। 

    वहीं विजय प्रताप यादव ने बताया कि मानवाधिकार दिवस समाजिक न्याय और नैतिकता का महत्त्वपूर्ण सन्देश देता है जो हमें यह सिखाता है कि प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे के अधिकारों का सम्मान करना चाहिए एवं यह ध्यान रखना चाहिए कि हमारी वजह से किसी अन्य व्यक्ति के मौलिक अधिकारों का हनन भी न हो। 

    वहीं, सीएचआरओ  समीक बसु ने भी वीडियो संदेश तथा क्लस्टर हेड  समीर नायक, मानव संसाधन प्रमुख जसबीर सिंह ने ऑनलाइन संदेश के माध्यम से मानवाधिकार दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि मानवीय सम्मान, न्याय, समानता और स्वतंत्रता हर व्यक्ति के जीवन का मूल होना चाहिए। इस दिन को मनाने का मकसद हमें यह याद दिलाना है कि प्रत्येक व्यक्ति को गर्व के साथ उनके अधिकारों को उठाने और समर्थन करने का हक़ है। 

    वहीं, पीबीयू हेड- एचआरबीपी  अजय सिन्हा ने बताया कि  सिन्हा ने बताया कि यह हमारी उपलब्धि है कि हम किसी भी स्तर पर कर्मचारियों को नियुक्त करने से पूर्व उन्हें पॉश एवं मानवाधिकार का प्रशिक्षण देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हिण्डाल्को में हम मानवाधिकार सम्मान की परिपाटी को हमेशा से साथ लेकर आगे बढ़े हैं और आगे भी इसे मजबूती से जारी रखेंगे।

    साथ ही उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य हेतु यह पूरा हफ्ता मानवाधिकार सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा जिसके अंतर्गत विभिन्न प्लांटों के एच आर प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में गोष्ठी, रैली, नुक्कड़ नाटक इत्यादि के जरिये मानवाधिकार जागरुकता फैलाने का प्रयास करेंगे।  इस दौरान क्विज़ एवम पैनल डिस्कशन का भी आयोजन किया गया जिसमे पैनलिस्ट के तौर पर  निखिल यादव,  विजय प्रताप यादव,  अजय सिन्हा एवं लीगल हेड  विजयकांत दुबे द्वारा मानवाधिकार के संबंध में विशिष्ट जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी जयेश पवार,  तपन पॉल,  स्वपन गुप्ता,  हिमांशु श्रीवास्तव,  जयश्री तिवारी,  सुनील मिश्रा, डॉ. नीलम त्रिपाठी, कर्नल (सेनि.) रोहित शर्मा,  यशवंत कुमार समेत मान्यता प्राप्त यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

  • मांगों को लेकर लामबंद हुए ग्राम विकास अधिकारी, साइकिल से कर रहे कार्य

    मांगों को लेकर लामबंद हुए ग्राम विकास अधिकारी, साइकिल से कर रहे कार्य

    15 दिसंबर को डोंगल जमा करने की चेतावनी

    रेणुकूट। ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर लगातार आंदोलनरत हैं। शासन द्वारा मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से नाराज़ अधिकारियों ने 10 दिसंबर से अपने निजी वाहनों का उपयोग बंद कर दिया है और अब वे साइकिल से ही पंचायतों में कार्य हेतु पहुंच रहे हैं। यह आंदोलन पूरी तरह गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण विरोध के रूप में जारी है। अधिकारियों द्वारा साइकिल से कार्यस्थल तक पहुंचने की इस पहल ने स्थानीय स्तर पर चर्चा भी तेज कर दी है। ग्राम पंचायत सचिवों ने इसे विरोध का अनुचित तरीका बताते हुए आपत्ति जताई है, क्योंकि सचिवों को पहले से ही साइकिल भत्ता मिलता है। बावजूद इसके ग्राम विकास अधिकारी अपनी एकजुटता और मांगों के प्रति प्रतिबद्धता पर अडिग हैं।

    बताया गया कि आंदोलन की शुरुआत 5 दिसंबर को हुई, जब सभी अधिकारियों ने एक साथ आधिकारिक व्हाट्सऐप समूहों से स्वयं को बाहर कर लिया। इसके बाद 10 दिसंबर से वे निजी वाहनों की जगह साइकिल का उपयोग कर रहे हैं, ताकि शासन तक उनकी नाराज़गी का स्पष्ट संदेश पहुंच सके। गुरुवार को ग्राम विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार, अखिलेश दुबे, अरुण यादव सहित कई अधिकारी टेंपो से ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि शासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जबकि वे वर्षों से अपनी वैध मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि वर्तमान आंदोलन किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने के लिए नहीं, बल्कि अपनी पीड़ा शासन तक शांतिपूर्वक पहुँचाने के लिए है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आंदोलन का अगला चरण 15 दिसंबर को शुरू होगा, जब सभी ग्राम विकास अधिकारी अपनी-अपनी डोंगल जमा कर देंगे। इससे ऑनलाइन कार्य प्रभावित होगा और कई सरकारी प्रक्रियाओं में बाधा आ सकती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि शासन उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करता, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान हेतु शासन का ध्यान आकर्षित करना है। ग्रामीण विकास से जुड़े इन अधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी जायज़ मांगों पर विचार नहीं किया जाता, तब तक शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।

  • भागवत कथा में वामन अवतार व श्रीकृष्ण जन्म का दिव्य वर्णन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

    भागवत कथा में वामन अवतार व श्रीकृष्ण जन्म का दिव्य वर्णन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

    रेणुकूट। समन्वय परिवार मैदान में सनातन एकता सेवा परिषद एवं सुगम्या फाइनेंस द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन पौराणिक प्रसंगों का दिव्य वातावरण छाया रहा। कथावाचक द्वारा भगवान वामन अवतार और श्रीकृष्ण जन्म के मनोहर प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन सुनने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पंडाल में जुटी। कथावाचक ने बताया कि वामन अवतार धर्म की स्थापना और अहंकार के विनाश का अद्वितीय उदाहरण है। भगवान विष्णु ने वामन रूप धारण कर असुर राजा बली से तीन पग भूमि माँगी और अपने विराट स्वरूप से समस्त लोकों को नाप लिया। इस प्रसंग पर पंडाल ‘जय वामन देव’ के उद्घोषों से गूंज उठा।

    इसके पश्चात श्रीकृष्ण जन्म का वर्णन श्रद्धालुओं को भाव-विह्वल कर गया। कारागार का दृश्य, देवकी–वसुदेव का संघर्ष और दिव्य प्रकाश में भगवान कृष्ण का अवतरण जैसे ही मंच से सुनाया गया, पंडाल में भक्ति भाव चरम पर पहुँच गया। वसुदेव द्वारा नवजात कृष्ण को यमुना पार कर गोकुल ले जाने का प्रसंग सुनकर कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। कथास्थल पर सुरक्षा की सुदृढ़ व्यवस्था की गई थी। दिनभर भजन, संकीर्तन और शंखनाद से धार्मिक वातावरण बना रहा। आयोजकों के अनुसार कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। इस अवसर पर मुख्य यजमान अवधेश मिश्र, विकास सिंह, राजेश सिंह, गोपाल सिंह, वीर बहादुर सिंह, मनीष मिश्रा, राकेश सिंह, साधना पांडे, अनुराग पाठक, सपना शुक्ला, मिथलेश मिश्र और आशीष मिश्र सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

  • चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुई दिर्घायु वरिष्ठ नागरिकों की मासिक बैठक

    चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुई दिर्घायु वरिष्ठ नागरिकों की मासिक बैठक

    रेणुकूट। पिपरी चौराहे के निकट स्थित चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में दिर्घायु वरिष्ठ नागरिक संगठन की मासिक बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राजकीय इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य राज नारायण मिश्र ने की। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों, सामाजिक समरसता, स्वास्थ्य तथा सुरक्षित एवं सक्रिय जीवन शैली अपनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिभागियों ने कहा कि वरिष्ठ जन समाज की धरोहर हैं और उनके अनुभव सामाजिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यह मासिक बैठक अभय फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित की जाती है, जिसमें प्रत्येक माह अलग-अलग स्थानों पर वरिष्ठ नागरिक एकत्र होकर सामाजिक सरोकारों पर विचार-विमर्श करते हैं। इस माह आयोजन स्थल का चयन सभी सदस्यों की सहमति से चित्रगुप्त मंदिर परिसर के रूप में किया गया।

    अभय फाउंडेशन के प्रबंधक अभय भार्गव ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा व सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में राज नारायण मिश्र, अर्जुन सिंह, रमाशंकर पाण्डेय, अवधेश शुक्ला, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, लालजी गुप्ता, रमेश सिंह, साधु सिंह ने योग व स्वास्थ्य पर मार्गदर्शन दिया, वहीं शम्भू पाठक ने सामाजिक समाधान से संबंधित अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नियमित रूप से ऐसी बैठकों में शामिल होकर समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।