Category: RENUKOOT

  • किशोरी देवी मेमोरियल वेलफेयर संस्था ने ठंड में बाँटी राहत, सैकड़ों जरूरतमंदों को मिले कंबल

    किशोरी देवी मेमोरियल वेलफेयर संस्था ने ठंड में बाँटी राहत, सैकड़ों जरूरतमंदों को मिले कंबल

    रेणुकूट। कड़ाके की ठंड के बीच मकर संक्रांति के पावन अवसर पर किशोरी देवी मेमोरियल वेलफेयर संस्था द्वारा गुरुवार को एक विशाल कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल का नेतृत्व संस्था की अध्यक्षा ज्योति राय ने किया। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों को गर्म कंबल वितरित किए गए, जिससे ठंड से राहत पाकर उनके चेहरों पर सुकून और मुस्कान साफ दिखाई दी।

    कंबल पाकर लाभार्थियों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की सहायता ठंड के मौसम में उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि किशोरी देवी मेमोरियल वेलफेयर संस्था आगे भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्रों में इसी तरह जनहितकारी कार्य करती रहे और समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाए।

    इस अवसर पर संस्था की अध्यक्षा  ज्योति राय ने कहा, “हमारा संकल्प है कि गरीबों और असहायों के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराते रहें। मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है और इसी भावना के साथ संस्था निरंतर समाजहित में कार्य करती रहेगी।”

    कार्यक्रम में संस्था के सचिव रिपुंजय राय ने वीडियो कॉल के माध्यम से सहभागिता दर्ज कराई और आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम स्थल पर आपसी सहयोग, सामाजिक एकता और मानवीय संवेदना का भाव देखते ही बन रहा था। ठंड के मौसम में सेवा की यह गर्माहट सभी के दिलों को छू गई। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों एवं नन्हे-नन्हे बच्चों को मिष्ठान वितरण कर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर आदर्श राय, आदित्य राय, रेणु पाण्डेय सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

  • भारत मंडपम में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2.0’ का भव्य समापन

    भारत मंडपम में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2.0’ का भव्य समापन

    20 युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी से किया सीधा संवाद

    रेणुकूट। राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 10 से 12 जनवरी 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2.0’ सोमवार को भव्य रूप से संपन्न हो गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर से चयनित लगभग 3000 युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अपने विचार, नवाचार और सुझाव प्रस्तुत किए।

    कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं से सीधा संवाद रहा। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों से चयनित 10 युवक और 10 युवतियों को प्रधानमंत्री के साथ आमने-सामने संवाद करने का अवसर मिला। युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप, खेल, तकनीक, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण में युवा भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे, जिन्हें प्रधानमंत्री ने गंभीरता से सुना और सराहा।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से नवाचार, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। यह संवाद युवाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

    इस कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश से चयनित प्रतिनिधियों में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के खेल अध्यक्ष शुभम मिश्रा की भागीदारी भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। शुभम मिश्रा ने युवाओं से जुड़े मुद्दों, खेल अधोसंरचना और नेतृत्व विकास पर अपने विचार साझा किए। उनकी सहभागिता को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों और युवा वर्ग के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। शुभम मिश्रा सोनभद्र जनपद के रहने वाले हैं और वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रनेता हैंl

    कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागी युवाओं में उत्साह और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से देखने को मिला। ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2.0’ ने न केवल युवाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया, बल्कि भविष्य की नीति निर्धारण प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भूमिका को भी मजबूती दी। भारत मंडपम में आयोजित यह संवाद निश्चित रूप से नए भारत के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी प्रभाव छोड़ने वाली पहल के रूप में याद किया जाएगा।

  • संगम नगरी की पावन धरा पर मानवता की थाली का हुआ सम्मान

    संगम नगरी की पावन धरा पर मानवता की थाली का हुआ सम्मान

    प्रयागराज में ‘संगम गौरव सम्मान’ से नवाजी गई रेणुकूट की सामाजिक संस्था

    रेणुकूट। संगम नगरी प्रयागराज की पावन धरा पर नगर रेणुकूट में प्रतिदिन असहाय, निर्धन एवं भूखे जरूरतमंद लोगों की सेवा में समर्पित संस्था मानवता की थाली को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए ‘संगम गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था को समाज के निम्न वर्ग के लोगों के लिए किए जा रहे निःस्वार्थ सेवा कार्यों के लिए प्रदान किया गया।सम्मान समारोह का आयोजन भारतीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की ओर से प्रयागराज के सिविल लाइन स्थित शंकर लाल सोसायटी हॉल में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा मानवता की थाली संस्था के सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा गया कि भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और मानवता की थाली इस दिशा में निरंतर प्रेरणादायी कार्य कर रही है।

    इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष प्रदीप श्रीवास्तव स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित होकर मुख्य अतिथि के हाथों संगम गौरव सम्मान प्राप्त किया। सम्मान प्राप्त होने पर उन्होंने इसे संस्था के सभी सदस्यों, सहयोगियों और सेवा भाव से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान आगे और अधिक ऊर्जा के साथ समाज सेवा करने की प्रेरणा देगा।

    कार्यक्रम में गोरखपुर, बरेली, प्रतापगढ़, इंदौर, फतेहपुर, सोनभद्र, प्रयागराज, इटावा, वाराणसी सहित अन्य जनपदों से आए पत्रकार बंधुओं, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों को भी उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, पत्रकार एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

    मानवता की थाली को मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान से संस्था के सभी सदस्यों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी संस्था को बधाई देते हुए कहा कि मानवता की थाली जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनकर समाज में सेवा और संवेदना का संदेश दे रही है।

  • विराट हिंदू सम्मेलन में इतिहास, राष्ट्रबोध और एकता का आह्वान

    रेणुकूट के गांधी मैदान में उमड़ा जनसैलाब, वीर नायकों के गौरवशाली इतिहास को सामने लाने पर जोर

    रेणुकूट। स्थानीय गांधी मैदान में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में इतिहास, राष्ट्रबोध और सामाजिक एकता को लेकर ओजस्वी विचार रखे गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अम्बरीश जी ने कहा कि देश के इतिहास को जिस तरह पढ़ाया गया, उसमें बार-बार पराजय का भाव दिखाया गया, जबकि हमारे वीर राजाओं और योद्धाओं के शौर्य, त्याग और बलिदान को अपेक्षित स्थान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप, बंदा बैरागी जैसे महान योद्धाओं के संघर्ष और विजय गाथाएं नई पीढ़ी तक पहुंचना आवश्यक हैं, ताकि आत्मगौरव और आत्मविश्वास का निर्माण हो सके।

    अम्बरीश जी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के इतिहास को समझने के लिए हिंदू समाज के योगदान और उसके मूल्यों को जानना जरूरी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि देश को विश्व के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाना है, तो समाज को एकजुट होकर सर्वोच्च मूल्यों को अपनाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि केवल गणनाएं करने वाले इतिहास नहीं बनाते, बल्कि स्थापित धारणाओं के विपरीत चलने वाले ही इतिहास रचते हैं। भारत की प्रत्येक जाति और समाज में योद्धा पैदा हुए हैं, जिन्होंने देश की रक्षा और सम्मान के लिए संघर्ष किया है।

    अपने वक्तव्य में उन्होंने विभाजन का संदर्भ देते हुए कहा कि पाकिस्तान उन लोगों के लिए बना था, जिन्होंने ‘वंदे मातरम्’ कहने से इनकार किया, लेकिन आज भी कुछ लोग भारत में रहते हुए राष्ट्रीय भावनाओं से दूरी बनाए रखते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत में रहकर बाबर और राम को एक ही तराजू पर तौलने की मानसिकता स्वीकार्य नहीं हो सकती।

    कार्यक्रम की शुरुआत दुद्धी स्थित मां सरस्वती शिक्षा निकेतन से आई दो छात्राओं द्वारा संक्षिप्त एवं सुंदर रामकथा के प्रस्तुतीकरण से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात संत मनीषानंद शनि महाराज, विभाग संघचालक पुनीत लाल जी, गोपाल सिंह, राम मंदिर पाटी के पुजारी द्वारिका प्रसाद, जिला प्रचारक योगेश जी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और समाज में संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करने का आह्वान किया।

    सम्मेलन में शिक्षिका शालिनी गुप्ता, नंदलाल गुप्ता, चाँदप्रकाश जैन, राकेश पाण्डेय, दिग्विजय सिंह, हरिराम शाह, आशुतोष पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण रहा और लोगों ने एकजुट होकर सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।

    विराट हिंदू सम्मेलन के माध्यम से वक्ताओं ने यह संदेश दिया कि इतिहास के गौरवशाली अध्यायों को सामने लाकर ही समाज में आत्मसम्मान और एकता को मजबूत किया जा सकता है।

  • भारतीय पत्रकार एसोसिएशन ने किया संगठन विस्तार, राजीव मिश्रा बने विंध्याचल मंडल अध्यक्ष

    भारतीय पत्रकार एसोसिएशन ने किया संगठन विस्तार, राजीव मिश्रा बने विंध्याचल मंडल अध्यक्ष

    रेणुकूट। पत्रकारों के संगठन भारतीय पत्रकार एसोसिएशन द्वारा संगठन विस्तार के क्रम में राजीव मिश्रा को विंध्याचल मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति शुक्रवार को नगर में आयोजित संगठन के कार्यालय पर विधिवत रूप से की गई, जहां उन्हें माला पहनाकर नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय राय ने कहा कि राजीव मिश्रा की नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजीव मिश्रा का पत्रकारिता क्षेत्र में अनुभव संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा तथा वे विंध्याचल मंडल में पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे। वहीं संगठन के संस्थापक अखिलेश मिश्रा ने भी राजीव मिश्रा की नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन निरंतर विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी के साथ राजीव मिश्रा संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

    नवनियुक्त विंध्याचल मंडल अध्यक्ष राजीव मिश्रा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। साथ ही पत्रकारों के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत करने के लिए सतत प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान सर्वेश सिंह, अमिताभ मिश्रा, अंजनि चौधरी, किशन पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने राजीव मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन के विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त की।

  • बिड़ला कार्बन ने सीएसआर के तहत 180 टीबी मरीजों को वितरित किया पोषाहार

    बिड़ला कार्बन ने सीएसआर के तहत 180 टीबी मरीजों को वितरित किया पोषाहार

    रेणुकूट। नगर में स्थित निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान बिड़ला कार्बन द्वारा अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व  योजना के अंतर्गत जनपद सोनभद्र के चोपन, म्योरपुर और बभनी ब्लॉक के कुल 180 टीबी रोगियों को पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के यूनिट हेड शिवशंकर सिंह एवं मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान टीबी रोगियों को विशेष रूप से तैयार किया गया पोषाहार किट प्रदान की गई, जिसमें दाल, मिक्स दाल, सोयाबीन, सत्तू, भुना चना, पोहा, बेसन, मूंगफली, गुड़, बॉर्नविटा सहित अन्य पोषण युक्त सामग्री शामिल रही। इस पोषाहार का उद्देश्य उपचार के दौरान मरीजों को संतुलित एवं ऊर्जा युक्त आहार उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी शारीरिक क्षमता बनी रहे और वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें। सीएसआर विभाग की प्रतिनिधि निवेदिता मुखर्जी ने बताया कि बिड़ला कार्बन द्वारा जनपद के म्योरपुर, बभनी, दुद्धी एवं चोपन ब्लॉक के टीबी मरीजों को गोद लिया गया है। इन मरीजों को नियमित रूप से प्रत्येक तीन माह पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है, जिससे दवाइयों के साथ-साथ संतुलित पोषण भी मिल सके और उपचार का सकारात्मक प्रभाव पड़े।

    उन्होंने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल औद्योगिक विकास तक सीमित न रहकर समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के स्वास्थ्य और कल्याण में भी सक्रिय भूमिका निभाना है। टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को पोषण उपलब्ध कराना उनके शीघ्र स्वस्थ होने में सहायक सिद्ध हो रहा है। स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं लाभार्थियों ने बिड़ला कार्बन के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से टीबी रोगियों का मनोबल बढ़ता है और वे इलाज को गंभीरता से पूरा कर पाते हैं।

  • पिपरी वन रेंज में कंबल व जैकेट वितरण, अतिक्रमित 8 हेक्टेयर वन भूमि खाली कर पौधारोपण की तैयारी शुरू

    पिपरी वन रेंज में कंबल व जैकेट वितरण, अतिक्रमित 8 हेक्टेयर वन भूमि खाली कर पौधारोपण की तैयारी शुरू

    रेणुकूट। पिपरी वन रेंज क्षेत्र में वन विभाग द्वारा न्यूनतम वेतन पर कार्यरत कर्मियों को जैकेट व कंबल तथा विभाग से जुड़े ग्रामीण श्रमिकों को कंबल का वितरण किया गया। यह वितरण कार्यक्रम कुलडोमरी ग्राम पंचायत के बेनादह टोले में आयोजित हुआ, जिसका नेतृत्व रेंजर राघवेंद्र कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की टीम द्वारा पूर्व में अतिक्रमित लगभग 8 हेक्टेयर वन भूमि को खाली कराया गया। अतिक्रमण हटाने के साथ ही आगामी वर्षा काल में व्यापक पौधारोपण के लिए अग्रिम तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से जेसीबी मशीन से खाई खुदवाकर वन भूमि को सुरक्षित करने की कार्रवाई की गई।

    बताया गया कि जिन ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए, वे वन विभाग के लिए ग्रामीण ट्रेंच की खुदाई, पौधारोपण और अन्य विभिन्न कार्यों में सहयोग करते हैं। ठंड के मौसम को देखते हुए वन विभाग द्वारा यह पहल की गई, जिससे श्रमिकों और कर्मचारियों को राहत मिल सके। रेंजर राघवेंद्र कुमार ने कहा कि वन विभाग न केवल वन संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि विभाग से जुड़े कर्मचारियों और ग्रामीण श्रमिकों के कल्याण को भी प्राथमिकता देता है। उन्होंने बताया कि ठंड से बचाव के लिए कंबल व जैकेट वितरण जैसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे तथा खाली कराई गई वन भूमि पर आगामी मानसून में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। इस अवसर पर वन दरोगा रवि कुमार यादव, छोटेलाल, फूलचंद यादव, रामफल, सर्वेश सिंह, हिमांशु मोर्य सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में वन विभाग की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।

  • अपने एवं परिवार को दृष्टिगत रखते हुए हमेशा हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाएं – समीर नायक

    अपने एवं परिवार को दृष्टिगत रखते हुए हमेशा हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाएं – समीर नायक

    हिण्डाल्को रेणुकूट में सड़क सुरक्षा माह का जोरदार आगाज

    रेणुकूट। हिण्डाल्को हमेशा से अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवार की सुरक्षा के प्रति जागरुक रहा है। फिर वो भले प्लांट के अंदर हो फिर बाहर। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु हिण्डाल्को में प्लांट के अंदर काम करने से लेकर सड़क पर चलने के दौरान सख्त नियम तय किये गए हैं जिनका पालन करना नितांत आवश्यक है। इसी कड़ी में हिण्डाल्को ने सड़क सुरक्षा माह का जोरदार आगाज़ किया है जहां हिण्डाल्को के मुखिया  समीर नायक, क्लस्टर हेड- एचआर  जसबीर सिंह एवं एचआरबीपी हेड  अजय कुमार सिन्हा, स्मेल्टर हेड- जेपी नायक व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा शपथ लेकर सुरक्षा जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

    इस अवसर पर  समीर नायक ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह मनाने का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को यातायात के नियमों का पालन करने हेतु जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि अधिकतर मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं से होती है। अपनी एवं अपने परिवार को दृष्टिगत रखते हुए हमेशा हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाएं। 

    वहीं जसबीर सिंह ने कहा कि अधिकतर वाहन दुर्घटनाएं शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरटेक करने, सीट बेल्ट का उपयोग ना करने, बिना हेलमेट के वाहन चलाने से होती है। इन बातों का ख्याल रख कर सड़क दुर्घटना से बचा जा सकता है। 

    वहीं अजय सिन्हा ने कहा कि जब भी वाहन चलाएं तो वैध दस्तावेज अपने साथ अवश्य रखें और हे परिवार और अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट लगाकर ही वाहन चलायें। सुरक्षा प्रमुख कर्नल रोहित शर्मा (सेनि.) ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह नागरिकों को यातायात के नियमों का पालन करवाने हेतु महत्वपूर्ण अभियान है। इसका उद्देश्य सड़क के नियमों का पालन करवाना है क्योंकि परिवार का जिम्मेदार व्यक्ति आजीविका उपार्जन के लिए घर से बाहर आना-जाना करते हैं।  जेपी नायक ने कहा कि स्वयं की जिम्मेदारी है कि हम सभी सड़क यात्रा के दौरान सावधानी रखें, हेलमेट पहनकर वाहन चलायें और यातायात के नियमों का पालन करें। सभी अधिकारियों ने बेहतर कार्यक्रम आयोजित करने पर सुरक्षा विभाग की टीम को शुभकामनाएं दीं।

    कार्यक्रम अवसर पर उपस्थितजनों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई। सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक सिक्योरिटी विभाग के प्रबंधक मेजर देवेन्द्र ओंकार (सेनि.) ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिसमें जागरूकता रैली, जगह-जगह पर सड़क सुरक्षा संबंधित कार्यक्रम के माध्यम से यातायात के नियमों के बारे जागरूक करना, नुक्कड़ नाटक, ड्राइविंग सम्बंधित जानकारी, कर्मचारियों के लिए सड़क सुरक्षा ब्रीफिंग, स्पॉट क्विज, ड्राइवर के लिए नेत्र परीक्षण, सड़क सुरक्षा सम्बंधित सामग्री का वितरण, स्कूल के बच्चों के लिए ड्राइंग कॉम्पटीशन, स्लोगन, क्विज जैसी प्रतियोगिता सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर हिण्डाल्को के वरिष्ठ अधिकारी  जयश्री तिवारी,  हिमांशु श्रीवास्तव,  सुरेन्द्र तिवारी,  नितिन बरतारिया,  यशवंत कुमार समेत कर्मचारी व सुरक्षा विभाग के सभी सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहे।

  • हिण्डाल्को प्रबंधन द्वारा महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के मध्य स्वेटर वितरित

    हिण्डाल्को प्रबंधन द्वारा महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के मध्य स्वेटर वितरित

     रेणुकूट। हिण्डाल्को रेणुकूट के क्लस्टर हेड समीर नायक के मुख्य आतिथ्य एवं क्ल्स्टर हेड एच.आर. जसबीर सिंह और एचआरबीपी हेड  अजय सिन्हा के विशिष्ट आतिथ्य तथा क्लस्टर हेड सी.एस.आर. अनिल झा के नेतृत्व में महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय रेणुकूट में स्वेटर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

    कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। तत्पश्चात् विद्यालय की छात्राओं द्वारा अतिथियों के स्वागत हेतु गीत प्रस्तुत किया गया। तदुपंरात प्रधानाचार्य अश्वनी पांडेय ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी सभी के समक्ष साझा करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

    इस कार्यक्रम के दौरान सी.एस.आर. के माध्यम से महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय रेणुकूट के 989 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए। इसी कार्यक्रम में राज्य स्तरीय बेडमिंटन प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाली कक्षा आठवीं की छात्राओं तन्वी रॉय एवं माही रावत तथा राष्ट्रीय गो गेम में सब जूनियर लेवल में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले कक्षा आठवीं के छात्र कार्तिकेय कुशवाहा एवं सीनियर लेवल में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कोच राहुल गुप्ता को मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथियों ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

    इस अवसर पर मुख्य आतिथि नायक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय एवं विद्यार्थियों के विकास हेतु हिण्डाल्को प्रबंधन हमेशा तत्पर है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लेकर अपने विद्यालय का नाम रोशन करें। वहीं जसबीर सिंह ने कहा कि स्कूल सीखने के लिए होता है एवं सीखने के बाद हम समुदाय एवं देश की सेवा करते हैं चाहे वो जिस भी रूप में या प्रोफेशन के माध्यम से हो। उन्होंने कहा कि ठंड को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए स्वेटर वितरण, सी.एस.आर. का एक अच्छा पहल है तथा बच्चे स्वेटर एवं गर्म कपड़े पहनकर अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें।

    कार्यक्रम में  अजय सिन्हा ने संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के उत्साह एवं खुशी को देख कर एक नई ऊर्जा मिलती है। विद्यार्थियों को शिक्षण गतिविधियों के साथ खेलकूद जैसी गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए उन्होंने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हिण्डाल्को प्रबंधन विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के सपनों की उड़ान में हमेशा सहयोगी रहेगा।

    कार्यक्रम समाप्ति के अवसर पर विद्यालय प्रबंधक रमाकांत शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि कठिन परिश्रम कर अपने माता-पिता, विद्यालय, क्षेत्र एवं देश का नाम रोशन करें। वहीं उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनकी बच्चों के प्रति समर्पण एवं मेहनत के लिए धन्यवाद देते हुए सराहना की।

  • प्रयास फाउंडेशन व रेड क्रॉस ने मकरा–कुंवारी में किया वृहद कंबल वितरण

    प्रयास फाउंडेशन व रेड क्रॉस ने मकरा–कुंवारी में किया वृहद कंबल वितरण

    रेणुकूट।मानव सेवा सर्वोपरि के भाव को साकार करते हुए प्रयास फाउंडेशन “एक मुहिम जिंदगी बचाने की” रक्तदाता समूह एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी सोनभद्र के संयुक्त तत्वावधान में मकरा और कुंवारी गांवों में राहत सामग्री वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कड़ाके की ठंड और बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए जरूरतमंद ग्रामीणों, विशेषकर दिव्यांगों, बुजुर्गों और विधवा महिलाओं को प्राथमिकता दी गई।

    शिविर के दौरान 60 कंबल ठंड से बचाव हेतु वितरित किए गए, जबकि मच्छरों से होने वाली संक्रामक बीमारियों से सुरक्षा के लिए 20 मच्छरदानियां दी गईं। साथ ही बच्चों व महिलाओं को केला, बिस्कुट और टॉफी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।  राजश्री वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

    प्रयास फाउंडेशन के संस्थापक दिलीप दुबे ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि यह सेवा अभियान जनवरी–फरवरी तक चरणबद्ध रूप से चलता रहेगा, जिसमें आगे रेणुकूट ईएसआई अस्पताल व अन्य गांवों में भी वितरण किया जाएगा। राहत सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे और स्थानीय लोगों ने इस मानवीय पहल की सराहना की।