विज्ञान संकाय के अंकुर मेहता ने 97.4 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए
रेणुकूट । हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लि० रेणुकूट द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल, रेणुकूट (वर्ष 2024-25) सी.बी.एस.सी बोर्ड कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विज्ञान संकाय के अंकुर मेहता ने 97.4 प्रतिशत अंक पाकर प्रथम स्थान, जगदीप सिंह (विज्ञान संकाय) 97 प्रतिशत अंक पाकर द्वितीय स्थान व काव्या कौशिक (वाणिज्य संकाय) 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती स्मिता साही ने बताया कि इस वर्ष 99 विद्यार्थियों में से 15 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जिसमें 99 विद्यार्थियों में से 98 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण रहे। उल्लास के इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती स्मिता साही ने विद्यार्थियों व शिक्षकों को उनकी मेहनत, लगन व कार्यकुशलता की बधाई दी। साथ ही साथ विद्रद्यार्थियों के माता-पिता को भी बधाई देते हुए उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यालय के पदाधिकारी, विद्यार्थी, शिक्षक व अभिभावक काफी उल्लासित रहे।
रेणुकूट/पिपरी। पिपरी स्थित श्री अनंत पद्मावती सेवा आश्रम परिसर में रविवार को निःशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आनंद पटेल ने मरीजों की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह एवं उपचार प्रदान किया।
पिपरी और रेणुकूट समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने इस सेवा का लाभ उठाया। खासकर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और लाभान्वित हुए। आश्रम के संचालक पंडित वीर विक्रम नारायण पांडेय ने बताया कि यह निःशुल्क चिकित्सा सेवा हर रविवार को नियमित रूप से आयोजित की जाती है, जिससे क्षेत्रीय जनता को निरंतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जनसेवा के इस कार्य की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
रेणुकूट। नगर स्थित अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय सेंट एबीआर पब्लिक स्कूल में सीबीएसई द्वारा “पाइथन फॉर कंप्यूटर साइंस” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सोनभद्र, मिर्जापुर एवं वाराणसी जनपद के कुल 18 विद्यालयों के कंप्यूटर शिक्षकों ने भाग लिया।
सीबीएसई द्वारा नामित दो विशेषज्ञ प्रशिक्षक—पीयूष जोशी, प्रवक्ता, आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल, रेनूसागर और शिवम भारद्वाज, असिस्टेंट प्रोफेसर, यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, प्रयागराज ने प्रथम मॉड्यूल पर आधारित प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि इस कोर्स के माध्यम से शिक्षकों को कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और लॉजिकल एप्रोच अपनाते हुए पाइथन प्रोग्रामिंग द्वारा समस्याओं को हल करना सिखाया जाता है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को पाइथन प्रोग्रामिंग के सिद्धांत, लाइब्रेरी फंक्शन, फाइल हैंडलिंग, लिस्ट, ट्यूपल्स, डिक्शनरी और डेटाबेस कनेक्टिविटी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल भाषा में प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, प्रत्येक विषय से संबंधित वर्कशीट भी प्रदान की गईं जिससे बिना पूर्व प्रोग्रामिंग अनुभव के भी शिक्षक पाइथन में प्रोग्राम लिखना सीख सकें।
इस प्रशिक्षण में निर्मला कॉन्वेंट स्कूल रेणुकूट, केसरी देवी कनोरिया विद्या मंदिर रेणुकूट, मूनस्टार इंग्लिश स्कूल म्योरपुर, डीएवी रिहंदनगर, विद्या शंकर पब्लिक स्कूल मिर्जापुर, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल वाराणसी सहित अन्य विद्यालयों के शिक्षक शामिल हुए।
सेंट एबीआर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य आकाश सिंह ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा ताकि शिक्षक अपने विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा दे सकें।
रेणुकूट। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की स्थानीय शाखा में शुक्रवार को स्थानांतरित हुए शाखा प्रबंधक प्रभात श्रीवास्तव को एक भावभीन समारोह के दौरान विदाई दी गई। यह कार्यक्रम शाखा के एटीसी हाल में आयोजित किया गया, जहां कर्मचारियों और अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नवागत शाखा प्रबंधक संतोष पाण्डेय ने कहा कि विदाई का क्षण हमेशा दुखद होता है, लेकिन स्थानांतरण नौकरी का एक सामान्य हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक एक स्थान पर काम करने से आपसी संबंध बन जाते हैं, और स्थान परिवर्तन पर उनसे बिछड़ने का दुःख होता है। वरिष्ठ विकास अधिकारी आरपी राय ने श्रीवास्तव के दो वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका व्यवहार सभी कर्मचारियों, अभिकर्ताओं और अधिकारियों के साथ अत्यंत सौहार्दपूर्ण रहा। उन्होंने उनके नए स्थान पर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी गिरीश शुक्ला, सहायक शाखा प्रबंधक संदीप बरनवाल, अमित त्रिपाठी, अजय कुमार, दीपक कुमार, आदर्श सिंह, वीरेंद्र कुमार, रूपेश ठाकुर, योगेंद्र पटेल, संदीप कुमार, राजेंद्र, अमर बहादुर, के डी शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चंद्र शुक्ला ने किया।
रेणुकूट। नगर के बिड़ला मार्केट स्थित एक सभा स्थल में भारतीय पत्रकार एसोसिएशन की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी 30 मई को पत्रकारिता दिवस के आयोजन को लेकर रूपरेखा तय की गई। बैठक के दौरान वरिष्ठ पत्रकार रामाश्रय राय को संगठन का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ सदस्य अखिलेश मिश्रा ने रामाश्रय राय के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। इसके बाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
बैठक में अखिलेश मिश्रा ने बताया कि 30 मई को पत्रकारिता दिवस के मौके पर नगर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के विभिन्न हिस्सों से पत्रकार शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में नईम गाजीपुरी, लल्लन गुप्ता, तालिब अंसारी, अमिताभ मिश्रा, सर्वेश सिंह, नकुल राय, जी के मदान, किशन पांडेय, अजय जौहरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रेणुकूट। हिण्डाल्को द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट का हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2025 का परीक्षाफल उत्कृष्ट रहा। हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय की छात्रा रिया सिंह ने 90.83 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में नौवा व विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, छात्रा कोमल साहू ने 89.83 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में द्वितीय स्थान तथा छात्रा ज्योति यादव ने 89.67 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं इण्टरमीडिएट परीक्षा में विद्यालय के गणित वर्ग के छात्र पीयूष कुमार व श्रवण कुुमार ने 87.80 प्रतिषत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से जिले में नवम् तथा विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, छात्र सुबेष कुमार 87.00 प्रतिषत अंक प्राप्त कर विद्यालय में द्वितीय स्थान पर रहे एवं छात्र उज्ज्वल कुमार ने 85.20 प्रतिषत अंक प्राप्त कर विद्यालय में तृतीय स्थान अर्जित किया। विद्यालय के वाणिज्य वर्ग की छात्रा शालू यादव ने 80.60 प्रतिषत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान, छात्र पवन कुमार ने 80.20 प्रतिषत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान एवं छात्र पीयूष राय व आलोक मौर्या ने 79.20 प्रतिषत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से विद्यालय में तृतीय स्थान अर्जित किया। जीव विज्ञान वर्ग में छात्र अर्जुन कुमार ने 84.60 प्रतिषत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान, सुधांषु सिंह ने 82.20 प्रतिषत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान एवं हर्ष प्रताप सिंह ने 80.80 प्रतिषत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान अर्जित किया। इसी प्रकार मानविकी वर्ग में छात्र चन्दन कुमार ने 84.80 प्रतिषत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, छात्रा नीतिका कुमारी ने 82.00 प्रतिषत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान एवं छात्रा रिमझिम पाण्डेय ने 81.20 प्रतिषत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान अर्जित किया।
इस परीक्षा परिणाम के लिए सभी छात्र/छात्राओं एवं उनके अभिभावकों व षिक्षकों को हिण्डालको प्रमुख समीर नायक , मानव संसाधन प्रमुख जसवीर सिंह , विद्यालय प्रबन्धक अजय कुमार सिन्हा तथा प्रधानाचार्य दयानन्द शुक्ल व उप-प्रधानाचार्य विजय भागवत पाटिल ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रेणुकूट। हिण्डाल्को रेणुकूट द्वारा नगर एवं आसपास के इलाकों में जल संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने को लेकर रोटरी सी.एस.आर. अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार हिण्डाल्को को पुणे महाराष्ट्र में आयोजित भव्य समारोह में दिया गया जहां पुरस्कार प्रदान करने हेतु मुख्य अतिथि के तौर पर वाइस एडमिरल गुरचरन सिंह (कमांडेंट एनडीए, पुणे) मौजूद रहे।
गौरतलब है कि, जल संरक्षण आज के युग में सबसे ज्वलंत विषयों में से एक है। लगातार भूजल का अत्यधिक दोहन, दिन-प्रतिदिन घटता जल स्तर, मानसून में अनियमितता, शहरीकरण, पर्याप्त जलप्रबंधन का अभाव ऐसे अनेक कारक हैं, जो जल संरक्षण को अत्यधिक महत्वपूर्ण विषय बनाता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए तथा प्रकृति एवं क्षेत्र के प्रति अपने जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए हिण्डाल्को संस्थान ने जल सरंक्षण के क्षेत्र में कई दशक पहले से ही कार्य करना शुरू कर दिया था। हिण्डाल्को द्वारा सी.एस.आर. अंतर्गत दुद्धी, म्योरपुर एवं बभनी ब्लॉक के कई गांवों में जल संरक्षण हेतु चेक निर्माण, बॉवली निर्माण, तालाब गहरीकरण, तालाब में रिटेनिंग वॉल जैसे संरचनाओं का निर्माण कराकर जल सरंक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
प्रतिवर्ष हिण्डाल्को के समुदायिक विकास के क्षेत्र में किये जाने वाले कार्यों में जल संरक्षण की परियोजनाओं को प्रमुख स्थान है। जल प्रबंधन के इन कार्यों से क्षेत्र में न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है बल्कि किसानों को खेती के लिए वर्ष भर पानी की भी उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। रोटरी सी.एस.आर. अवार्ड जीतने पर हिण्डाल्को संस्थान के मुखिया समीर नायक एवं क्लस्टर एच.आर. हेड जसबीर सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए रेणुकूट सीएसआर टीम को बधाई दी।
वहीं समीर नायक ने कहा कि हिण्डाल्को, समुदाय के प्रति अपनी जिम्मेदारी के लिए हमेशा से प्रतिबद्ध है। जल सरंक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य निश्चित ही आदित्य बिड़ला समूह के उद्देश्यों को पूरा करने में सहायक सिद्ध होता है।
जसबीर सिंह ने कहा कि हिण्डाल्को हमेशा ही इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान देता रहा है एवं रोटरी सी.एस.आर. अवार्ड में हिण्डाल्को को सम्मान मिलना संस्थान के प्रतिबद्धता का परिचायक है।
रेणुकूट, । हर वर्ष दिनांक 22 अप्रैल को मनाया जाने वाला ‘विश्व पृथ्वी दिवस’, हिण्डाल्को, रेणुकूट में पूरे जोश से मनाया गया। हिण्डाल्को इन्वायरमेंट सेल द्वारा हिण्डाल्को मानव संसाधन भवन लॉन में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के मुखिया समीर नायक, क्लस्टर एच.आर. हेड जसबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने भाग लिया।
इस वर्ष की पृथ्वी दिवस की थीम ‘‘हमारी शक्ति- हमारा ग्रह’’ के अनुरूप सभी ने पृथ्वी को अधिक से अधिक पौधरोपण कर हरा-भरा रखने तथा पेड़ लगाकर, प्लास्टिक का प्रयोग कम करके, ऊर्जा की बचत एवं प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर हम भी इस अभियान में अपना योगदान सुनिश्चित करने का अपना संकल्प दोहराया। इस मौके पर जागरुकता रैली का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर इन्वारमेंट सेल के प्रमुख सत्यजीत आचार्या ने हिण्डाल्को में पर्यावरण को संरक्षित करने हेतु किये जा रहे प्रयासों के बारे में बताया। साथ ही वार्षिक पौधरोपण के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
वहीं इस मौके पर समीर नायक ने कहा कि विश्व पृथ्वी दिवस पर ही नहीं बल्कि हर दिन हम सभी को सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका का निर्वहन सुनिश्चित करना होगा तभी हम इस धरा को हरा- भरा रखने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं। हमारा उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, प्रदूषण को कम करना, प्राकृतिक संसाधनों की बचत और उचित उपयोग, रीसायक्लिंग को बढ़ावा देना और पेड़-पौधों को लगाकर धरती को हरा-भरा बनाना है।
इस अवसर पर जसबीर सिंह ने कहा कि हमें यह संकल्प लेना होगा कि हम न केवल अपने प्लांट को बल्कि अपने घर और आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों में जागरुकता फैलाकर और अपनी आदतों में सुधार कर अपने आने वाली पीढ़ी के लिए पृथ्वी को संरक्षित करने में करने में अपना सहयोग सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने किसी विशेष अवसर जैसे- जन्मदिन, वार्षिकोत्सव व अन्य अवसरों पर आदत स्वरूप पौधरोपण अवश्य करना चाहिए साथ ही बच्चों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
इस अवसर पर समीर नायक एवं जसबीर सिंह ने एक सुर में सभी से पौधा लगाकर धरती को हरा-भरा व स्वच्छ रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में हिण्डाल्को के वरिष्ठ अधिकारी जयश्री तिवारी, विवेक कुमार, राजेश दूबे, कर्नल (सेनि.) रोहित शर्मा, तपस चौधरी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन इन्वारमेंट सेल के प्रमुख सत्यजीत आचार्या ने किया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्लांट के विभिन्न विभागों, हिण्डाल्को स्कूल में प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम में पृथ्वी दिवस पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रेणुकूट नगर स्थित निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान बिड़ला कार्बन को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया। जिलाधिकारी बद्री नाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षक व अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में बिड़ला कार्बन को जनपद के चार ब्लॉक—दुद्धी, बभनी, म्योरपुर व चोपन—के क्षय रोगियों को नियमित पोषाहार उपलब्ध कराने एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं को टीकाकरण कराने हेतु सम्मानित किया गया।
बिड़ला कार्बन की ओर से सीएसआर प्रतिनिधि निवेदिता मुखर्जी को जिलाधिकारी बद्री नाथ सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बिड़ला कार्बन द्वारा सीएसआर के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों से दक्षिणांचल के ग्रामीणों को काफी लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अनेक कर्मी व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।