Category: RAJASTHAN

  • एनटीपीसी अंता : वर्ष 2025-26 तक पानी, बिजली और कचरे के प्रबंधन में “नेट ज़ीरो” लक्ष्य प्राप्त करने का संकल्प लिया – संजीव कुमार सक्सेना

    एनटीपीसी अंता : वर्ष 2025-26 तक पानी, बिजली और कचरे के प्रबंधन में “नेट ज़ीरो” लक्ष्य प्राप्त करने का संकल्प लिया – संजीव कुमार सक्सेना

    एनटीपीसी अंता में प्रेस मीट का आयोजन

    अंता, । एनटीपीसी अंता में 29 मार्च, 2025 को प्रेस मीट का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय पत्रकारों को आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख संजीव कुमार सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में मानव संसाधन प्रमुख  दिलेर सिंह कुहाड़ ने समस्त पत्रकारों का स्वागत किया और एनटीपीसी अंता की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराने हेतु पावर पॉइंट प्रस्तुतिकरण दिया। 

    संयंत्र की कुल स्थापित क्षमता 419.3 मेगावाट (गैस) और 90 मेगावाट (सौर) होने की जानकारी दी गई। गैस आधारित संयंत्र में तीन गैस टरबाइन (प्रत्येक 88.71 मेगावाट) और एक स्टीम टरबाइन (153.2 मेगावाट) शामिल है।

    एनटीपीसी अंता ने पर्यावरणीय संरक्षण के तहत वर्षा जल संचयन, वर्मी कम्पोस्टिंग और मेथनेशन प्लांट का पुनर्जीवन किया है। इसके अलावा, 40 लाख लीटर क्षमता वाले तालाब का निर्माण कार्य प्रगति पर है। टाउनशिप को प्लास्टिक मुक्त घोषित किया गया है तथा टाउनशिप की बिजली आपूर्ति के लिए 790 kWp ग्राउंड सोलर प्रोजेक्ट को स्वीकृति दी गई है। वर्ष 2025-26 तक पानी, बिजली और कचरे के प्रबंधन में “नेट ज़ीरो” लक्ष्य प्राप्त करने का संकल्प लिया गया है।

    वर्ष 2024-25 के लिए सीएसआर बजट ₹138 लाख निर्धारित किया गया है, जबकि 2025-26 के लिए यह बढ़ाकर ₹281 लाख कर दिया गया है। 

    परियोजना प्रमुख  संजीव कुमार सक्सेना ने अपने संबोधन में बताया कि एनटीपीसी अंता बालिका सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं और मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु सतत प्रयासरत है। उन्होंने स्थानीय पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया का सहयोग परियोजना की गतिविधियों को जनसामान्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है और भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा की जाती है।

    प्रेस मीट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित पत्रकारों ने कार्यक्रम की सराहना की और प्रबंधन एवं मीडिया के बीच संवाद को और सुदृढ़ करने हेतु इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण)  विपिन देशमुख, अपर महाप्रबंधक (संविदा एवं सामग्री)  राजेश चुड़ासमा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंबुज कुमार और जनसंपर्क अधिकारी  बृजेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

  • एनटीपीसी अंता में विश्व जल दिवस पर शपथ एवं सामूहिक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन

    एनटीपीसी अंता में विश्व जल दिवस पर शपथ एवं सामूहिक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन

    अंता, बारा। शनिवारको एनटीपीसी अंता में “विश्व जल दिवस” के अवसर पर जल संरक्षण की शपथ एवं सामूहिक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख संजीव कुमार सक्सेना ने समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, केंद्रीय विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों, बैंक एवं डाकघर कर्मचारियों तथा संविदा कर्मियों को जल संरक्षण एवं पानी की मितव्ययता की शपथ दिलाई।

    महाप्रबंधक महोदय ने इस अवसर पर जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “जल ही जीवन है, इसे बचाना हम सभी का दायित्व है। देश के कई शहर आज पानी की कमी से जूझ रहे हैं, जिसे जल पुनर्भरण एवं वर्षा जल संचयन के माध्यम से संतुलित किया जा सकता है। हमें जल संरक्षण की दिशा में न केवल स्वयं प्रयास करना होगा, बल्कि अपने परिवार, बच्चों और समुदाय को भी इसके प्रति जागरूक करना होगा।”

     इसके साथ ही इस अवसर पर परियोजना के द्वितीय चरण टाउनशिप में बृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ परियोजना प्रमुख  संजीव कुमार सक्सेना एवं श्रीमती वंदना सक्सेना द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, सहयोगी संस्थानों के प्रमुखों, प्रेरणा महिला मंडल की सदस्याओं एवं संविदा कर्मियों ने वृक्षारोपण में भाग लिया।

    एनटीपीसी अंता प्रबंधन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी सहभागियों एवं सहयोगी संस्थानों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के पर्यावरणीय अभियानों को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया।

  • एनटीपीसी अंता को सुरक्षा उत्कृष्टता हेतु प्रतिष्ठित “स्वर्ण शक्ति अवार्ड”

    एनटीपीसी अंता को सुरक्षा उत्कृष्टता हेतु प्रतिष्ठित “स्वर्ण शक्ति अवार्ड”

    बारा अंता, । एनटीपीसी अंता को सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए एनटीपीसी के प्रतिष्ठित “स्वर्ण शक्ति अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान एनटीपीसी के सभी गैस आधारित संयंत्रों तथा पश्चिमी क्षेत्र-1  के समस्त संयंत्रों में केवल एनटीपीसी अंता को मिला, जो परियोजना की उच्च स्तरीय सुरक्षा मानकों एवं सुरक्षित कार्य प्रणाली का प्रमाण है।

    यह पुरस्कार 13 फरवरी 2025 को रायपुर में आयोजित ओ एंड एम कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में प्रदान दिया गया। एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह तथा अन्य निदेशकों की उपस्थिति में क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पश्चिमी क्षेत्र-1) कमलेश सोनी एवं परियोजना प्रमुख संजीव कुमार सक्सेना ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।

    इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में 20 फरवरी 2025 को एनटीपीसी अंता में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को इस सफलता के लिए बधाई दी गई। परियोजना प्रमुख  संजीव कुमार सक्सेना ने इस अवसर पर सभी को संबोधित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार संयंत्र में अपनाए गए सुरक्षा मापदंडों और सुरक्षित कार्य संस्कृति का प्रतिफल है। उन्होंने कहा, “हमारे संयंत्र में बड़े पैमाने पर ऑवरहालिंग कार्य किए गए, लेकिन एक भी गंभीर चोट नहीं हुई, जो हमारे सुरक्षा प्रयासों की बड़ी उपलब्धि है। हमारा लक्ष्य भविष्य में भी प्राथमिक उपचार बक्सा खोलने की आवश्यकता न पड़ने देना है।”

    इस अवसर पर संविदा कर्मियों द्वारा सुरक्षा पर आधारित प्रेरणादायक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसे सभी ने सराहा। साथ ही, सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करने हेतु एक नई पहल के अंतर्गत समस्त संविदा कर्मियों को क्यूआर कोड युक्त हेलमेट प्रदान किए गए। यह हेलमेट किसी भी आपातकालीन स्थिति में संबंधित संविदा कर्मी की संपूर्ण जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने में सहायक होगा।

    समारोह में ओ एंड एम प्रमुख  विपिन कुमार देशमुख, संविदा एवं सामग्री विभाग प्रमुख  राजेश चुड़ासमा, विद्युत अनुरक्षण विभाग प्रमुख  संदीप कुमार सिंह चंदेल, सहायक कमांडेंट, सीआईएसएफ  सुभाष चंद्र तथा प्रेरणा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती वंदना सक्सेना सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा कर्मी उपस्थित रहे।

    एनटीपीसी अंता की यह उपलब्धि न केवल परियोजना के उत्कृष्ट सुरक्षा प्रबंधन को रेखांकित करती है, बल्कि भविष्य में और अधिक सुरक्षित एवं संरचित कार्य संस्कृति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

  • एनटीपीसी अंता में ग्रामीण विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

    एनटीपीसी अंता में ग्रामीण विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

     बारा।अंता। एनटीपीसी अंता परिसर स्थित अंबेडकर ग्राउंड में ग्रामीण विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता – 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उनकी प्रतिभा को निखारना है।

    कार्यक्रम की शुरुआत एनटीपीसी के आधिकारिक ध्वज के आरोहण से हुई, जिसे मुख्य अतिथि  राज कुमार चौधरी (पुलिस अधीक्षक, बारां) एवं परियोजना प्रमुख श्री संजीव कुमार सक्सेना ने संयुक्त रूप से फहराया। इसके पश्चात, शांति के प्रतीक सफेद एवं ऊर्जा के प्रतीक नीले गुब्बारे आकाश में छोड़कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की गई।

    प्रतियोगिता में 23 विद्यालयों के 787 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान जूनियर बॉयज, सीनियर बॉयज, जूनियर गर्ल्स एवं सीनियर गर्ल्स ग्रुप की कबड्डी एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।

    मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रमुख ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल अनुशासन, एकता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने में सहायक होते हैं। इस दौरान राजेश चौधरी (अपर पुलिस अधीक्षक, बारां),  विपिन कुमार देशमुख (ओ एंड एम प्रमुख),  सुभाष चंद्रा (असिस्टेंट कमांडेंट,सीआईएसएफ), 

     कृष्ण कुमार वर्मा (प्रधानाचार्य, केंद्रीय विद्यालय), श्रीमती ममता चौधरी (मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी) , दिग्विजय सिंह गुर्जर (सर्किल इंस्पेक्टर, अंता) और प्रेरणा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती वंदना सक्सेना भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

    खेल भावना को प्रोत्साहित करने हेतु ग्रामीण खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं खेल परिषद के अध्यक्ष रघुवर्त सिंह ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। इसके पश्चात, केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।

  • एनटीपीसी अंता में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का समापन

    एनटीपीसी अंता में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का समापन

    बारा अंता । एनटीपीसीअंता द्वारा नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत नि:शुल्क मोतियाबिंद चिकित्सा एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित चश्मा वितरण समारोह में 270 मरीजों को चश्मे प्रदान किए गए, जिनकी दिसंबर और जनवरी माह में मोतियाबिंद सर्जरी की गई थी। एनटीपीसी चिकित्सालय अंता में 10 दिसंबर 2024 को आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में 631 मरीजों की जांच की गई थी। इनमें से 270 मरीजों को मोतियाबिंद सर्जरी की आवश्यकता पाई गई, जिनकी सर्जरी दिसंबर और जनवरी में सफलतापूर्वक संपन्न की गई। 1 फरवरी को इन सभी मरीजों को चश्मे वितरित किए गए ताकि वे बेहतर दृष्टि के साथ सामान्य जीवन जी सकें।

    इस अवसर पर परियोजना प्रभारी विपिन देशमुख, संदीप कुमार सिंह चंदेल अपर महाप्रबंधक (ई एम डी) , प्रेरणा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती वंदना सक्सेना, मानव संसाधन प्रमुख  दिलेर सिंह कुहाड़,  अनिर्बान खानरा उपमहाप्रबंधक (एम एम ) , सहित यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। डी.डी. नेत्र संस्थान, कोटा और जिला अंधता नियंत्रण सोसायटी, बारां के सहयोग से इस शिविर का सफल आयोजन किया गया।

    शिविर के दौरान प्रेरणा महिला मंडल द्वारा मरीजों को सर्दी से बचाव हेतु ऊनी टोपियां भी वितरित की गईं। इस मानवीय पहल से मरीजों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

    शिविर में उपचार प्राप्त करने वाले कई मरीजों ने अपने अनुभव साझा किए। एक लाभार्थी बुजुर्ग ने कहा, “लंबे समय से धुंधली दृष्टि की समस्या से परेशान था। अब ऑपरेशन और चश्मे मिलने के बाद पहले से बहुत बेहतर महसूस कर रहा हूँ। यह शिविर मेरे लिए वरदान साबित हुआ।” इस अवसर पर परियोजना प्रभारी  विपिन देशमुख ने कहा, “आंखें हमारे जीवन की सबसे अनमोल धरोहर हैं। एनटीपीसी अंता अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत भविष्य में भी इसी प्रकार की स्वास्थ्य सेवा गतिविधियों को जारी रखेगा, जिससे स्थानीय समुदाय को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।” इस पूरे शिविर की सफलता के पीछे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वाई पी वर्मा एवं उनकी चिकित्सकीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही , जिन्होंने अपनी विशेषज्ञता और समर्पण से इसे सफल बनाया।

  • प्रेरणा महिला मंडल, एनटीपीसी अंता द्वारा शांति कुंज वृद्धाश्रम में वेलफेयर कार्यक्रम आयोजित

    प्रेरणा महिला मंडल, एनटीपीसी अंता द्वारा शांति कुंज वृद्धाश्रम में वेलफेयर कार्यक्रम आयोजित

    अंता, बारा। प्रेरणा महिला मंडल, एनटीपीसी अंता द्वारा समाज सेवा एवं कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शांति कुंज वृद्धाश्रम में वेलफेयर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

    कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को ऊनी वस्त्र, किराने का सामान, आटा, चावल, दाल, चायपत्ती, दूध, चीनी, बिस्किट, रसक सहित आवश्यक खाद्य सामग्री एवं ताजे फल प्रदान किए गए। इस सहायता से लाभान्वित हुए बुजुर्गों व जरूरतमंदों ने प्रसन्नता व्यक्त की एवं प्रेरणा महिला मंडल के प्रति आभार प्रकट किया।

    यह कार्यक्रम प्रेरणा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती वंदना सक्सेना के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर महासचिव श्रीमती रश्मि सिंह, वेलफेयर इंचार्ज श्रीमती वंदना वर्मा, श्रीमती मंजू यादव, राजेश राठौर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रेरणा महिला मंडल के समस्त सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रेरणा महिला मंडल, एनटीपीसी अंता द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे प्रयासों के तहत इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है, जिससे समाज के वंचित वर्गों को लाभान्वित किया जा सके।

  • एनटीपीसी अंता में 76वें गणतंत्र दिवस पर कमलेश मीणा वीरांग्ना शहीद राजमल मीणा को किया सम्मानित

    एनटीपीसी अंता में 76वें गणतंत्र दिवस पर कमलेश मीणा वीरांग्ना शहीद राजमल मीणा को किया सम्मानित

     बारा। 26 जनवरी, 2025 को भारतवर्ष का 76वां गणतंत्र दिवस एनटीपीसी अंता के हेलीपेड परिसर में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया । एनटीपीसी अंता के परियोजना प्रमुख  संजीव कुमार सक्सेना ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उपरान्त केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, टाउनशिप सिक्योरिटी एवं केन्द्रीय विद्यालय के स्काउट तथा विद्यार्थियों द्वारा की गई परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली । तत्पश्चात समारोह में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए सबसे पहले उन्होंने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी तथा देश के उन महान सपूतों को शत शत नमन किया जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी । 

    उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस का महत्व बहुआयामी है । यह संविधान मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के लोकतांत्रिक आदर्शो को प्रतिबिंबित करता है । यह भारत की सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करने का दिन है और हमारी अनेकता में एकता को मजबूत करता है । यह दिन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों, नेताओं, सैनकों के वीरता और बलिदान को सम्मानित करता है । 

    आगे उन्होंने एनटीपीसी की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि एनटीपीसी की स्थापना 1975 में एक उभरते हुए राष्ट्र की विद्युत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए की गई थी और यह 0 मेगावाट से बढ़कर आज 76000 प्लस मेगावाट संचालित और लगभग 30000 मेगावाट निर्माणाधीन तक पहुंच चुका है । इसका पार्टफोलियो अब थर्मल, गैस, हाईड्रो, सौर उर्जा, पवन उर्जा, और परमाणु उर्जा जैसे विविध क्षेत्रों को समाहित करता है । इसके अतिरिक्त, हमने कोयला खनन, परामर्श, हाईड्रोजन मिश्रण और विदेशी परियोजनाओं में भी कदम रखा है । इसके साथ-साथ एनटीपीसी अंता की उपलब्ध्यिों पर कहा कि एनटीपीसी अंता के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सभी बधाई के पात्र है तथा हमारा संयंत्र समस्त एनटीपीसी में सुरक्षा की दृष्टि से पहले स्थान पर है ।  

    इस अवसर पर  सक्सेना ने एनटीपीसी अंता से संबंधित समस्त अभिकरणों का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर हमें सहयोग दिया । इसके साथ-साथ उन्होंने संयंत्र को सुचारू रूप से चलाने में जिला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के सराहनीय योगदान के लिए भी आभार व्यक्त किया । गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में सभी कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों को सुरक्षा एवं पर्यावरण बचाव के लिए तत्पर रहने का आव्हान किया । 

    गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बारां जिले के शहीद राजमल मीणा की वीरांग्ना श्रीमती कमलेश देवी मीणा को परियोजना प्रमुख द्वारा सम्मानित किया जो सभी उपस्थित जनसमुदाय के लिए एक भावुक क्षण था । 

    इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा 10 एनटीपीसी के कर्मचारियों को अपने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए महाप्रबन्धक उत्कृष्टता पुरस्कार से पुरस्कृत किया । इसके साथ ही संस्था की प्रगति में भागीदार सहयोगी संस्थाओं के कर्मियों को भी परियोजना प्रमुख द्वारा सम्मानित किया गया । समारोह में समस्त विभागाध्यक्ष, अनुभागाध्यक्ष, कर्मचारी एवं परिवारजनों के साथ-साथ केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारी एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रधान उपस्थित थे। समारोह में केन्द्रीय विद्यालय, बालभवन, केऔसुब के जवानों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए ।

    इस अवसर पर परियोजना के अपर महाप्रबन्धक (प्रचालन एवं अनुरक्षण)  विपिन कुमार देशमुख, अपर महाप्रबन्धक (विद्युत अनुरक्षण)  संदीप कुमार सिंह चन्देल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 वाई पी वर्मा, मानव संसाधन प्रमुख  डी.एस. कुहाड़, सहायक कमाण्डेंट, केऔसुब श्री सुभाष चन्द्र, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय  के.के. वर्मा, अध्यक्षा प्रेरणा महिला मण्डल श्रीमती वंदना सक्सेना के साथ-साथ बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित था ।