Category: MADHYA PRADESH

  • केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित रोजगार मेले में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए

    केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित रोजगार मेले में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए

    युवा मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दें- शिवराज सिंह

    भोपाल/ केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अभ्यर्थियों को भोपाल में आयोजित रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र प्रदान किये। रोजगार सृजन को उच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता के तहत आज 15वां रोजगार मेला देशभर में 47 स्थानों पर आयोजित किया गया। रोजगार मेले को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया और 51,000 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इसी क्रम में भोपाल के समन्वय भवन में भी रोजगार मेला आयोजित किया गया। श्री चौहान ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नए वैभवशाली, गौरवशाली, सम्पन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य है। इसके लिए भारत सरकार और राज्य सरकार दोनों ही पूरी ताकत के साथ जुटी हैं।

    केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि युवाओं को शिक्षा और योग्यता प्राप्त करने के बाद रोजगार मिले, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 लाख शासकीय पदों पर नए अवसर सृजित किये हैं। इसमें से 51,000 मित्रों, जिनमें 200 से अधिक भोपाल में उपस्थित हैं, उनको नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल शासकीय नौकरी नहीं, स्वरोजगार के माध्यम से भी रोजगार के अवसर निर्मित हो रहे हैं। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं।

    उन्होंने युवाओं से कहा कि काम के प्रति आपका दृष्टिकोण काफी मायने रखता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण को केंद्र में रखकर काम करोगे तो मन हमेशा आनंद से भरा रहेगा।  मैं कृषि मंत्री हूँ तो मुझे 24 घंटे खेत और किसान ही दिखते हैं। इसी तरह आपको अवसर मिला है तो आप बेहतर से बेहतर करने का प्रयास करें। विकसित भारत के निर्माण में आपका यही सहयोग हो सकता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि तुम केवल साढ़े तीन हाथ के हाड़ माँस के पुतले नहीं हो, तुम ईश्वर के अंश हो और दुनिया में कोई ऐसा काम नहीं है जो तुम न कर सको। इसलिए आप अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करें और अपनी मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से 2047 तक देश को संपूर्ण रूप से विकसित बनाने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में एफसीआई, ईएसआईसी, डाक विभाग, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसीज बैंक, रेलवे, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, सीजीएसटी समेत कई विभागों के 219 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में श्रीमती कृष्णा गौर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मध्य प्रदेश शासन, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, विधायक सुरेंद्र पटवा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

  • एनटीपीसी विंध्य चिकित्सालय ने ‘टाइनी टॉट्स’ स्कूल के छात्रों , अभिभावकों के लिए विशेष जागरूकता सत्र का किया आयोजन

    एनटीपीसी विंध्य चिकित्सालय ने ‘टाइनी टॉट्स’ स्कूल के छात्रों , अभिभावकों के लिए विशेष जागरूकता सत्र का किया आयोजन

    सोनभद्र, सिंगरौली।  आह्वान पहल के अंतर्गत एनटीपीसी विंध्य चिकित्सालय ने ‘टाइनी टॉट्स’ स्कूल के बच्चों के अभिभावकों के लिए एक विशेष काउंसलिंग व जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
     इस सत्र का उद्देश्य प्रारंभिक बाल विकास के महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करना था, जैसे कि भावनात्मक जुड़ाव, स्वस्थ आदतें, संतुलित पोषण, स्क्रीन टाइम की सीमा और बच्चों के लिए एक सुरक्षित व स्नेहमय वातावरण का निर्माण।

    सत्र में व्यावहारिक विषयों जैसे टीकाकरण, पेट के कीड़े मारने की दवा (डिवॉर्मिंग) और प्राथमिक उपचार पर भी चर्चा की गई, ताकि अभिभावकों को उनके बच्चों के संपूर्ण स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सशक्त बनाया जा सके।
    यह संवादात्मक सत्र डॉ. बी.सी. चतुर्वेदी, मुख्य महाप्रबंधक (चिकित्सा) के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया और डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ, वरिष्ठ विशेषज्ञ (विंध्य हॉस्पिटल) द्वारा संचालित किया गया, जिन्होंने समग्र बाल विकास पर गहन जानकारी साझा की।
    कार्यक्रम में श्रीमती सारिका चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष (सुहासिनी संघ) व प्रभारी (टाइनी टॉट्स) और सुश्री राखी चटर्जी, प्राचार्या (टाइनी टॉट्स) ने भी भाग लिया और बच्चों के प्रारंभिक वर्षों में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।

  • श्रमिकों की समस्याओं को लेकर ABKMS महामंत्री सुजीत सिंह का NCL दौरा, CMD से की सीधी बातचीत

    श्रमिकों की समस्याओं को लेकर ABKMS महामंत्री सुजीत सिंह का NCL दौरा, CMD से की सीधी बातचीत

    सोनभद्र। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के सिंगरौली क्षेत्र में अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ (ABKMS) के महामंत्री  सुजीत सिंह ने 21 अप्रैल से 23 अप्रैल 2025 तक तीन दिवसीय दौरा किया। इस प्रवास के दौरान उन्होंने कम्पनी की विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया, श्रमिकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को समझते हुए समाधान के लिए पहल की।

    महामंत्री  सिंह के साथ नागपुर से ABKMS के संयुक्त महामंत्री एवं CMPF पेंशन बोर्ड ऑफ ट्रस्टी सदस्य  आशीष मूर्ति भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान CMPF से जुड़ी तत्कालीन समस्याओं और पेंशन संबंधित मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

     सिंह ने NCL के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (CMD) के समक्ष श्रमिकों की कई ज्वलंत समस्याएं उठाईं। उन्होंने विशेष रूप से कोल इंडिया नॉर्म्स के अनुरूप आवास आवंटन प्रक्रिया में एकरूपता लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, मेनपावर बजट में 15% पदोन्नति की नीति को लागू न किए जाने पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब NCL सिंगरौली में उत्पादन और उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है, तो पदोन्नति में भी समान अनुपात में बढ़ोतरी होनी चाहिए।

    सेवानिवृत्त कर्मियों को CMPF और पेंशन में आ रही समस्याओं पर भी  सिंह ने नाराजगी जताई। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दो वर्षों से वेलफेयर बोर्ड की बैठक नहीं होना, प्रबंधन की श्रमिक कल्याण के प्रति उदासीनता को दर्शाता है।

    इस दौरे के दौरान खड़िया परियोजना में भारतीय कोयला खदान श्रमिक संघ सिंगरौली और उत्तर प्रदेश के संगठन की कार्यसमिति बैठकों में दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और संगठन की ताकत बढ़ाने पर जोर दिया गया।

    इस अवसर पर कम्पनी कोऑर्डिनेटर उमेश सिंह, संघ के अध्यक्ष अरुण दुबे, महामंत्री मनोज कु. सिंह, श्रमिक संघ अध्यक्ष राजेश पटेल, महामंत्री श्यामधर दुबे, IR प्रभारी रमन चौकीकर सहित कई केंद्रीय पदाधिकारी और परियोजना प्रमुख उपस्थित रहे।

    इस प्रवास ने श्रमिक हितों के लिए एक मजबूत संदेश दिया और उनके मुद्दों को कंपनी प्रबंधन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

  • एनटीपीसी विंध्याचल विंध्य क्लब द्वारा संवाद सत्र का किया गया आयोजन

    एनटीपीसी विंध्याचल विंध्य क्लब द्वारा संवाद सत्र का किया गया आयोजन

    सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल विंध्य क्लब समिति द्वारा एक शानदार संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता  ई. सत्य फणि कुमार, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ने की। उनके साथ संजीब कुमार साहा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण),  देबब्रत त्रिपाठी, अपर महाप्रबंधक तकनीकी सेवाएँ) और  राकेश अरोड़ा,मानव संसाधन प्रमुख(विंध्याचल) भी उपस्थित रहे।
    बैठक में क्लब समिति ने बीते वर्ष की उपलब्धियाँ साझा की और आने वाले साल के लिए कई नए और रोचक कार्यक्रमों की योजना भी प्रस्तुत की। इस दौरान समिति के सदस्यों का सम्मान भी किया गया, जिन्होंने टाउनशिप में रहने वाले परिवारों के लिए सांस्कृतिक और खेल आयोजनों के माध्यम से एक जीवंत माहौल तैयार किया।
    इस साल विंध्य क्लब कई नई पहलें लेकर आया है, जैसे बच्चों के लिए कहानी सत्र, किताबों की चर्चा के लिए बुक क्लब, आर्ट एंड क्राफ्ट वर्कशॉप, स्केचिंग क्लासेस, साथ ही बैडमिंटन, नृत्य, मार्शल आर्ट और एरोबिक्स की ट्रेनिंग। क्लब अब केवल मनोरंजन का नहीं, बल्कि सीखने और जुड़ने का भी एक शानदार मंच बन गया है। इस कार्यक्रम में श्रीमती मृणालिनी,अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन),  विकास कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक(टीएडी), श्रीमती कामना शर्मा, उप महाप्रबंधक(मानव संसाधन),  प्रणव डोगरा (वरिष्ठ प्रबन्धक, टीएडी) सहित कई विभागों के अधिकारी और सदस्य शामिल हुए। सभी ने क्लब की नई ऊर्जा और टाउनशिप जीवन में उसके योगदान की खुलकर सराहना की।

  • एनटीपीसी विंध्याचल और सीआईएसएफ ने अग्नि सेवा सप्ताह का किया भव्य समापन

    एनटीपीसी विंध्याचल और सीआईएसएफ ने अग्नि सेवा सप्ताह का किया भव्य समापन

    सोनभद्र। एनटीपीसी विंध्याचल ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) फायर विंग के सहयोग से अग्नि सेवा सप्ताह का भव्य समापन एक प्रेरणादायक समारोह के साथ किया, जो उपस्थित सभी लोगों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
    “एकजुट होकर करें प्रज्वलन अग्नि-सुरक्षित भारत” की थीम पर आधारित इस सप्ताह भर चले कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल आग से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाना था, बल्कि टाउनशिप और आसपास के समुदायों में आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारी को भी सशक्त बनाना था।
    समापन समारोह का मुख्य आकर्षण सीआईएसएफ फायर विंग द्वारा प्रस्तुत रोमांचक लाइव अग्नि प्रदर्शन रहा, जिसमें उच्च इमारतों से रेस्क्यू ऑपरेशन, त्वरित अग्निशमन तकनीक और अग्नि सुरक्षा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति शामिल थी। यह प्रदर्शन केवल मनोरंजन नहीं बल्कि एक शिक्षाप्रद अनुभव भी था, जिसने दर्शकों को आपदा की स्थिति में सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया की महत्ता समझाई। पूरे सप्ताह के दौरान सीआईएसएफ फायर यूनिट ने कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों, स्कूल के बच्चों और ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण सत्र और प्रतियोगिताएं आयोजित कर अग्नि सुरक्षा की जानकारी प्रस्तुत की। समापन समारोह में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय समुदाय में सुरक्षा को लेकर सक्रिय सहभागिता बढ़ रही है।

    इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक(विंध्याचल)  ई. सत्य फणि कुमार ने कहा कि औद्योगिक वातावरण में अग्नि सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे आयोजन लोगों को जागरूक तथा सक्षम बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं, सीआईएसएफ के अग्नि निरीक्षक गगन सैनी ने अग्नि सुरक्षा को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार आदत के रूप में अपनाने की अपील की।
       समापन समारोह में एनटीपीसी और सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिनमें संजीब कुमार साहा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), डॉ. बी.सी. चतुर्वेदी, मुख्य महाप्रबंधक (चिकित्सा), राजशेखर पाला, महाप्रबंधक (प्रचालन), ए.जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (मेंटीनेंस एवं एडीएम), राकेश अरोड़ा, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल), मनीष कुमार और सदा राम यादव प्रमुख थे। यह आयोजन न केवल एक साहसिक प्रदर्शन था, बल्कि सुरक्षा संस्कृति को संस्थान और समुदाय में मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।

  • एनटीपीसी विंध्याचल ने द्वितीय सिंगरौली जिला रोलर बास्केटबॉल चैम्पियनशिप 2025 में  लहराया परचम

    एनटीपीसी विंध्याचल ने द्वितीय सिंगरौली जिला रोलर बास्केटबॉल चैम्पियनशिप 2025 में  लहराया परचम

    सोनभद्र, सिंगरौली।  एनटीपीसी विंध्याचल के वीवा बास्केटबॉल ग्राउंड में सिंगरौली जिला रोलर बास्केटबॉल एसोसिएशन एवं वीवा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में द्वितीय सिंगरौली जिला रोलर बास्केटबॉल चैम्पियनशिप 2025 का सफल आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में जिले की छह टीमों ने तीन श्रेणियों, अंडर-8 वर्ष, 8-10 वर्ष तथा 10 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में भाग लिया, जहाँ बच्चों ने तेज धूप के बीच भी अद्वितीय उत्साह, प्रतिभा एवं खेल भावना का परिचय दिया।

    प्रतियोगिता में वीवा क्लब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक पुरस्कार एवं पदक जीतकर चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि सिंगरौली टीम उपविजेता रही। इस प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा और सौहार्द की भावना ने क्षेत्र में खेल संस्कृति के बढ़ते प्रभाव को दर्शाया।
    कार्यक्रम की शुरुआत अभिषेक पांडेय के स्वागत भाषण से हुई, जिन्होंने पूरे आयोजन के लिए ऊर्जा भर दी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. बी.सी. चतुर्वेदी (मुख्य महाप्रबंधक- चिकित्सा एवं अध्यक्ष, वीवा क्लब) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में राकेश अरोड़ा (मानव संसाधन प्रमुख, विंध्याचल) एवं  आशीष कुमार अग्रवाल (अपर महाप्रबंधक – सुरक्षा) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिंगरौली जिला रोलर बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष शक्ति मौर्य ने की।

    प्रतियोगिता का सफल संचालन एक अनुभवी तकनीकी टीम द्वारा किया गया, जिसमें गणेश सिंह विशाल, मुख्य कोच सुश्री खुशबू साकेत, सुश्री वंदना प्रजापति, सुश्री अर्पिता बिस्वास एवं सुश्री रूपा कुमारी शामिल रहीं ।
     टीम प्रबंधकों में श्रीमती रश्मि भारद्वाज (एनटीपीसी विंध्यनगर), श्रीमती काजल किरण (सैपिएंट इंटरनेशनल एकेडमी, खन्हाना), सुश्री शिवानी मालवीय (सिंगरौली) एवं कोच ज्योति कुशवाहा प्रमुख रहीं। कार्यक्रम का समापन  सुनील गहलोत के भावपूर्ण धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिन्होंने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों के योगदान की सराहना की।

  • एनटीपीसी विन्ध्याचल ने पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को किया और मजबूत

    एनटीपीसी विन्ध्याचल ने पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को किया और मजबूत

    सोनभद्र, सिंगरौली।  देश का सबसे बड़ा विद्युत उत्पादन केंद्र एनटीपीसी विन्ध्याचल पर्यावरणीय संरक्षण के लिए सतत प्रयासरत है। एनटीपीसी द्वारा शाहपुर व बलियरी राख बांध क्षेत्रों और रिहंद जलाशय के आसपास जल, मृदा, वनस्पति और जीव-जंतु से संबंधित नियमित अध्ययन राष्ट्रीय पर्यावरणीय अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (NEERI) जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के सहयोग से किए जा रहे हैं। 2024 की पूर्वमान मानसून रिपोर्ट के अनुसार, राख बांध के समीप जल गुणवत्ता बीआईएस द्वारा निर्धारित सभी मानकों (pH, TDS, EC आदि) के अंतर्गत पाई गई है।

    जल में धातु की मात्रा भी सुरक्षित सीमाओं के भीतर रही है। जुलाई 2024 में की गई एक मत्स्य अध्ययन रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय मछलियों में धातु अवशोषण की मात्रा कम से मध्यम स्तर की पाई गई, जबकि पारे (Mercury) की मात्रा शून्य रही, जो जलीय पारिस्थितिकी तंत्र की दृष्टि से सकारात्मक संकेत है।
    राख क्षेत्रों में उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने हेतु एनटीपीसी ने स्थिर एवं मोबाइल फॉगर्स, जल छिड़काव प्रणाली, जल से भरे लैगून, तथा टारपोलिन से ढंके वाहनों जैसी प्रभावी व्यवस्थाएं लागू की हैं। एक महारत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम के रूप में एनटीपीसी पर्यावरणीय संरक्षण के सर्वोत्तम मानकों को अपनाते हुए सतत विकास की दिशा में समर्पित है।

  • एनटीपीसी विंध्याचल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती पर अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

    एनटीपीसी विंध्याचल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती पर अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

    सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया। समारोह की शुरुआत डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई, जिसका नेतृत्व संजीब कुमार साहा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने किया। यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम की संपूर्ण गरिमा और भावना को दर्शाने वाला एक सशक्त प्रारंभ था।
    इसके पश्चात वरिष्ठ अधिकारियों ने मंच पर आकर डॉ. अंबेडकर के विचारों और आदर्शों की महत्ता को रेखांकित किया। इस अवसर पर डॉ. बी.सी. चतुर्वेदी, मुख्य महाप्रबंधक (चिकित्सा),  ए.जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं ए डी एम),  राकेश अरोड़ा, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल)सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं यूनियन प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इन सभी की उपस्थिति ने डॉ. अंबेडकर के प्रति सामूहिक श्रद्धा और सम्मान को और भी प्रबल किया तथा एनटीपीसी विंध्याचल की उनके आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया।

    प्रारंभिक कार्यक्रमों के उपरांत एक भव्य रैली का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, स्कूलों के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं यूनियन सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस रैली की विशेष आकर्षण थीं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई मनमोहक झांकियों, जो डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और आदर्शों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर रही थीं। डीपीएस, डी पॉल, सरस्वती शिशु मंदिर एवं शासकीय विद्यालय सहित लगभग 300 विद्यार्थियों ने इस रैली में भाग लिया। उनके ओजपूर्ण नारों और उत्साही सहभागिता ने डॉ. अंबेडकर के न्याय, समानता और सशक्तिकरण के संदेश को सम्पूर्ण परिसर में गुंजायमान कर दिया।
    कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के मूल्यों और विचारों पर चिंतन एवं मनन के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल एक महान नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम बना, बल्कि एनटीपीसी विंध्याचल की समावेशी एवं सतत राष्ट्र निर्माण की प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से पुनः पुष्टि करने वाला अवसर सिद्ध हुआ। यह दिवस समुदाय एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के मार्गदर्शन हेतु उनके सिद्धांतों की महत्ता को पुनः स्मरण कराने वाला एक प्रेरणादायक क्षण बन गया।

  • एनसीएल परिवार ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ॰ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनको किया नमन

    एनसीएल परिवार ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ॰ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनको किया नमन

    सोनभद्र, सिंगरौली।  भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के मुख्यालय में सोमवार को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई। देश के महान न्यायविद, शिक्षाविद, समाज सुधारक, एवं स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माता बाबा साहेब को एनसीएल परिवार ने उनकी जन्म जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

    एनसीएल मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कंपनी के निदेशक (कार्मिक)  मनीष कुमार, निदेशक, निदेशक (वित्त)  रजनीश नारायण, (तकनीकी/परियोजना एवं योजना)  सुनील प्रसाद सिंह, जेसीसी सदस्य सीएमएस से  अजय कुमार, आरसीएसएस से  लाल पुष्पराज सिंह, बीएमएस से श्यामधर दुबे, एचएमएस से  अशोक पांडे, सीएमओएआई प्रतिनिधि  सर्वेश सिंह, सिस्टा पदाधिकारी सहित अन्य महाप्रबंधक/ विभागाध्यक्ष गण एवं अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे व बाबा साहेब को पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी ।इस अवसर पर बाबा साहेब द्वारा बताये गये मूल्यों को याद कर उन्हें अपने दैनिक जीवन में लागू करने का संकल्प लिया गया।
    एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी भारतरत्न बाबा साहेब डॉ॰ भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया एवं अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

  • एनटीपीसी विंध्याचल सी एस आर और जिला प्रशासन की साझेदारी से टीबी मरीजों को पोषण किट का वितरण

    एनटीपीसी विंध्याचल सी एस आर और जिला प्रशासन की साझेदारी से टीबी मरीजों को पोषण किट का वितरण

    सोनभद्र, सिंगरौली।  एनटीपीसी विंध्याचल सी एस आर द्वारा सांसद सीधी/सिंगरौली माननीय डॉ. राजेश मिश्रा के मार्गदर्शन में और उनके आग्रह पर तपेदिक (टीबी) उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विंध्याचल  सीएसआर के तहत चयनित लाभार्थियों को पोषण किट वितरित किया गया।
    यह पहल स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना “टीबी मुक्त भारत” के अनुरूप है, जिसका लक्ष्य वर्ष 2025 तक देश को टीबी से मुक्त करना है।

    इस अवसर पर सांसद (सीधी/सिंगरौली) माननीय डॉ. राजेश मिश्रा , विधायक (सिंगरौली)  रामनिवास शाह, विधायक (देवसर) राजेन्द्र मेश्राम तथा जिला कलेक्टर (सिंगरौली)  चंद्रशेखर शुक्ला समेत जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही एनटीपीसी विंध्याचल की ओर से कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (चिकित्सा) डॉ. बी.सी. चतुर्वेदी एवं मानव संसाधन प्रमुख(विंध्याचल)  राकेश अरोड़ा उपस्थित रहे |
    यह संयुक्त पहल दर्शाती है कि सार्वजनिक संस्थानों और कॉर्पोरेट संगठनों के बीच मजबूत साझेदारी सामाजिक परिवर्तन को कैसे गति दे सकती है। एनटीपीसी विंध्याचल, सिंगरौली क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का समाधान कर, समुदाय को स्वस्थ और सक्षम बनाने की दिशा में निरंतर योगदान दे रहा है।