Category: LUCKNOW

  • मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी महाराज की जयन्ती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

    मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी महाराज की जयन्ती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत शिरोमणि सतगुरु श्री रविदास जी महाराज की जयन्ती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
    अपने शुभकामना सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि सतगुरु श्री रविदास जी महाराज के विचारों का विस्तार असीम है। हमारा सौभाग्य है कि सतगुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धन उत्तर प्रदेश स्थित प्राचीनतम पौराणिक और सांस्कृतिक नगरी काशी में है। सतगुरु रविदास जी ने सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक किया। वे समता और सदाचार को अत्यन्त महत्व देते थे। उन्होंने अपने कथन ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ के माध्यम से आंतरिक पवित्रता और निर्मलता पर बल दिया। सतगुरु रविदास जी ने अपनी रचनाओं में लोक-वाणी का अद्भुत प्रयोग किया, जिसका जनमानस पर अमिट प्रभाव पड़ा। उनकी रचनाएं हमारे साहित्य की अनमोल धरोहर हैं।

  • नेशनल चित्रकला प्रतियोगिता में  सी.एम.एस. छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन

    नेशनल चित्रकला प्रतियोगिता में  सी.एम.एस. छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन

    लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैम्पस की प्रतिभाशाली छात्राओं ने नेशनल चित्रकला प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। ‘टाइगर – माई फ्रेण्ड’ थीम पर आयोजित इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में कक्षा-2 की छात्रा व्योमी सिंह ने ऑल इण्डिया पाँचवी रैंक अर्जित की है जबकि रितिका शुक्ला ने 10वीं, फबीहा खान ने 11वीं, फतीहा खान ने 12वीं एवं पर्णिका श्रीवास्तव ने 17वीं रैंक अर्जित कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परचम लहराया है।

    प्रतियोगिता का आयोजन द हेरिटेज फाउण्डेशन ऑफ आर्ट एण्ड कल्चर के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में देश भर के 140 से अधिक विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग किया, जिसमें सी.एम.एस. गोमती नगर प्रथम कैम्पस के इन प्रतिभाशाली छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर अपनी योग्यता सिद्ध की है। यह प्रतियोगिता छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा का विकास करने, उनमें आत्मविश्वास का संचार करने एवं उनके ज्ञान को परखने के उद्देश्य से आयाजित की गई। प्रतियोगिता के आयोजकों ने सी.एम.एस. छात्राओं की बहुमुखी प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इन प्रतिभाशाली छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय के शिक्षकों व प्रधानाचार्या के प्रति आभार व्यक्त किया है। सी.एम.एस. सदैव ही विभिन्न रचनात्मक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपने छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने के साथ ही जीवन में आगे ही आगे बढ़ने हेतु प्रोत्साहित करता रहता है।

  • गौपालन एवं गौसंरक्षण विषय को शैक्षिक पाठयक्रमों में सम्मिलित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए – धर्मपाल सिंह

    गौपालन एवं गौसंरक्षण विषय को शैक्षिक पाठयक्रमों में सम्मिलित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए – धर्मपाल सिंह

    लखनऊ: / उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने कहा है कि बच्चों और युवाओं को गौ, गौ-सेवा और गौपालन के महत्व के संबंध में ज्ञानवर्धन के लिए केजी से पीजी तक के पाठयक्रमों में गौ संरक्षण एवं संवर्धन के विषय को शामिल किया जाए। शैक्षिक दृष्टिकोण के परिप्रेक्ष्य में प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा में सम्मिलित करने के लिए विभागीय अधिकारी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्य योजना तैयार करें। श्री सिंह ने कहा कि हमारा यह प्रयास है कि गाय और गाय के दूध के महत्व के प्रति बच्चे शुरू से ही जागरूक हो और गौमाता के प्रति उनमें जागरूकता एवं संवेदनशीलता हो। राज्य सरकार गोसंरक्षण गोआधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने हेतु गौ दुग्ध, गोबर, गोमूत्र के उपयोग के माध्यम से ग्रामीण आर्थिक स्वावलम्बन एवं दुग्ध विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

    श्री सिंह ने आज यहां विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में महाकुम्भ, प्रयागराज में गत 08 फरवरी को आहूत बैठक में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्यांे की प्राप्ति के संबंध में वृहद चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। श्री सिंह ने कहा कि निराश्रित गोवंश के संरक्षण, संरक्षण में आये संघर्षों के समाधान, पशु कल्याण एवं विकास, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा पशु स्वास्थ्य एवं संक्रामक रोगों से बचाव के लिए संचालित योजनाओं की रियल टाइम मानीटरिंग की जाए। गौवंशांे को रेडियम बेल्ट पहनाये जाने की योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए। प्रदेश में ग्राम समाज एवं वन विभाग की भूमि पर हरा चारा का उत्पादन किये जाने की योजना को जमीनी स्तर पर पूर्णरूप से क्रियान्वित कराया जाए।

    बैठक में पशुधन विभाग के विशेष सचिव देवेन्द्र पाण्डेय, दुग्ध विकास विभाग के विशेष सचिव राम सहाय यादव, दुग्ध आयुक्त राकेश कुमार मिश्र, पशुपालन विभाग के निदेशक (प्रशासन एवं विकास) डा0 जयकेश पाण्डेय, निदेशक (रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र) डा0 योगेन्द्र सिंह पवार, सीईओ एलडीबी डा0 नीरज गुप्ता, संयुक्त निदेशक डा0 पी0के0 सिंह तथा डा0 राम सागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • पिछड़ा वर्ग आयोग की सुनवाई में मजदूरी दिलाने से लेकर नियुक्ति बहाली तक हुए बड़े फैसले

    पिछड़ा वर्ग आयोग की सुनवाई में मजदूरी दिलाने से लेकर नियुक्ति बहाली तक हुए बड़े फैसले

    अध्यक्ष राजेश वर्मा ने जनशिकायतों पर की सुनवाई, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

    आयोग अध्यक्ष ने दी चेतावनी, अगली सुनवाई में गैरहाजिर अधिकारियों पर होगी कार्यवाही

    लखनऊ,।  उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने मंगलवार को आयोग कार्यालय, इंदिरा भवन, लखनऊ में विभिन्न जनपदों से प्राप्त शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों पर निर्णय लिया गया, जिनमें मजदूरी दिलाने, गलत तरीके से दर्ज मुकदमों की जांच और नियुक्ति बहाली से जुड़े मामले शामिल थे।

     बहराइच निवासी राधेश्याम विश्वकर्मा ने शिवशक्ति इंटरप्राइजेज के ठेकेदार से मजदूरी दिलाने की शिकायत की थी। इस पर पुलिस अधीक्षक आर.एन. सिंह ने उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा। ठेकेदार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्यवाही की गई। आयोग अध्यक्ष ने इस पर पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली की सराहना करते हुए अन्य जनपदों के पुलिस अधिकारियों को भी इसी प्रकार गरीबों एवं पिछड़ों की शिकायतों के प्रति संवेदनशील होने की सलाह दी।

    अरविंद कुमार वर्मा बनाम पुलिस आयुक्त लखनऊ के मामले में शिकायतकर्ता ने भू-माफियाओं की शह पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत गलत तरीके से मुकदमा दर्ज किए जाने की शिकायत की। सुनवाई के दौरान सक्षम अधिकारी की अनुपस्थिति पर अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई 27 फरवरी 2025 को होगी।

    दीपशिखा सैनी बनाम अधिशाषी अभियंता, नलकूप खंड, सिद्धार्थनगर के मामले में अभियंता की ओर से अवगत कराया गया कि शिकायतकर्ता के देयकों का भुगतान कर दिया गया है।

      शाल्वी वर्मा बनाम निदेशक, एनएचएम, उत्तर प्रदेश के मामले में शिकायतकर्ता की नियुक्ति बहाल कर, उन्हें जिला चिकित्सालय सहारनपुर में तैनाती देने की जानकारी आयोग को दी गई। सुनवाई के दौरान कई मामलों में संबंधित अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिस पर आयोग अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि सुनवाई के दौरान अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, तो उनके विरुद्ध शासन को पत्र भेजकर कार्यवाही की सिफारिश की जाएगी।

  • इण्टरनेशनल टीचर्स ओलम्पियाड में सी.एम.एस.शिक्षिकाएं गोल्ड मेडल से सम्मानित

    इण्टरनेशनल टीचर्स ओलम्पियाड में सी.एम.एस.शिक्षिकाएं गोल्ड मेडल से सम्मानित

    सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इस उपलब्धि हेतु शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई दी

    लखनऊ, । सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज द्वितीय कैम्पस की चार शिक्षिकाओं सुश्री श्वेता पठानिया मिश्रा, सुश्री तनुश्री रस्तोगी, सुश्री दीप्ति मेहरोत्रा एवं सुश्री रितु गुप्ता को उनकी शिक्षण प्रतिभा व प्रोफेशनल कौशल हेतु गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति पत्र से नवाजा गया है।
    सी.एम.एस. शिक्षिकाओं ने यह उपलब्धि इण्टरनेशनल क्रेस्ट टीचर ओलम्पियाड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर अर्जित की है। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने दी है।

    श्री खन्ना ने बताया कि जहाँ एक ओर सी.एम.एस. अलीगंज द्वितीय कैम्पस की शिक्षिका सुश्री श्वेता पठानिया मिश्रा ने क्रेस्ट टीचर मैथमेटिक्स ओलम्पियाड में पूरे 100 प्रतिशत अंक अर्जित कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है तो वहीं दूसरी ओर सुश्री तनुश्री रस्तोगी ने दो गोल्ड मेडल अर्जित कर अपनी शिक्षण प्रतिभा का परचम लहराया है। इसी प्रकार, सुश्री दीप्ति मेहरोत्रा ने क्रेस्ट टीचर इंग्लिश ओलम्पियाड में गोल्ड मेडल जीता है जबकि सुश्री रितु गुप्ता को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है।

    सी.एम.एस. शिक्षिकाओं की यह उपलब्धि शिक्षण के क्षेत्र में उनकी प्रतिबद्धता, दक्षता व विशेषज्ञता का प्रमाणित करने के साथ ही विद्यालय की अनूठी ‘ब्राडर एण्ड बोल्डर’ शिक्षण पद्धति की विशेषता को दर्शाती है। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने इस उपलब्धि हेतु सी.एम.एस. शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई दी है।
    श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. शिक्षकों की लगन व कर्तव्यनिष्ठा के बलबूते ही विद्यालय दिन प्रतिदिन नये कीर्तिमान गढ़ रहा है तथापि सी.एम.एस. शिक्षकों ने विद्यालय के 66 वर्षीय शैक्षिक सफर में कई आयाम स्थापित किए हैं जिस पर सिर्फ लखनऊवासियों को ही नहीं अपितु पूरे प्रदेश व देश को गर्व है। इन्हीं विद्वान शिक्षकों की बदौलत सी.एम.एस. अपने छात्रों को भौतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक तीनों प्रकार की शिक्षा देकर उन्हें चुस्त एवं संतुलित व्यक्तित्व का धनी, मानव जाति के लिए ईश्वर का उपहार एवं टोटल क्वालिटी पर्सन बनाने के लिए प्रयत्नशील है।

  • कुम्भ में विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर देखने को मिल रहे भारतीय संस्कृति के विविध रंग

    कुम्भ में विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर देखने को मिल रहे भारतीय संस्कृति के विविध रंग

    संस्कृति विभाग के विभिन्न पण्डालों में पहुंच रहे लाखों श्रद्धालु

    लखनऊ : महाकुम्भ में आस्था की डुबकी लगाने आ रहे लाखों-कराड़ों श्रद्धालओं एवं पर्यटकों के बीच आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं संस्कृति विभाग द्वारा निर्मित कला कुम्भ एवं विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर भारतीय संस्कृति के विविध रंग देखने को मिल रहे हैं। प्रयागराज में चार पंडाल-गंगा, यमुना, सरस्वती एवं त्रिवेणी पंडाल एवं 20 सांस्कृतिक मंच बनाये गये हैं। 

    सेक्टर-7 में भारद्वाज मार्ग एवं कैलाशपुरी चौराहे पर लगभग 2 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में संस्कृति विभाग द्वारा कला कुम्भ बनाया गया है। विशाल प्रांगण में संस्कृति विभाग, संग्रहालय निदेशालय, पुरातत्व निदेशालय, भातखण्डे संगीत विश्वविद्यालय, राजकीय अभिलेखागार, संगीत नाट्य अकादमी, ललित कला अकादमी और लोक जनजाति एवं कला संस्थान की ओर से ज्ञानवर्धक प्रदर्शनियां लगाई गई हैं, जो आकर्षक होने के साथ साथ ज्ञानवर्धक भी हैं। 

    लोक कला एवं जनजाति संस्थान द्वारा भारत की जनजातियों के वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी को देखने के लिए भी लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो रही है। इतना ही नहीं यहां बने मंचों पर शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला अनवरत चल रहा है। यहां विभिन्न कलाकार अपने नृत्य, संगीत एवं नाटिकाओं के माध्यम से अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। संस्कृति विभाग एवं संग्रहालय निदेशालय द्वारा ए0आर0 एवं वी0आर0 के माध्यम से 3 डी वीडियो प्रस्तुत की जा रही हैं, जो युवाओं और बच्चों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। 09 फरवरी को 20,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने कला कुम्भ में प्रतिभाग किया। यहां आयोजित कराए जा रहे क्विज़ में बच्चे बढ़ चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं। 

    माननीय मंत्रीजयवीर सिंह जी की अनूठी पहल ही है कला कुम्भ एवं विविध रंगों, कला एवं नृत्य से सराबोर सांस्कृतिक मंच, जिसका उद्घाटन स्वयं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने किया था। इस पहल के द्वारा ही हमारी युवा पीढ़ी एवं बच्चे मनोरंजक तरीके से देश की संस्कृति एवं सभ्यता से अवगत हो रहे हैं।

  • प्रदेश सरकार द्वारा 7713 गो आश्रय स्थलों में 12.43 लाख निराश्रित गोवंश का संरक्षण-धर्मपाल सिंह

    प्रदेश सरकार द्वारा 7713 गो आश्रय स्थलों में 12.43 लाख निराश्रित गोवंश का संरक्षण-धर्मपाल सिंह

    पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने महाकुंभ नगर में गो संरक्षण एवं दुग्ध विकास पर की  समीक्षा बैठक* 

    प्रयागराज/ महाकुंभ 2025 के अवसर पर प्रयागराज के संगम की पावन स्थली पर पर प्रदेश के पशुधन,दुग्ध विकास एवं राजनैतिक पेंशन विभाग के कैबिनेट मंत्री की अध्यक्षता में पशुपालन एवं दुग्ध विकास की बैठक का आयोजन किया गया ।बैठक में निराश्रित गोवंश के संरक्षण, संरक्षण में आए संघर्षों के समाधान पशु कल्याण एवं विकास,दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा पशु स्वास्थ्य एवं संक्रामक रोगों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में कहा गया कि गाय के दूध के साथ साथ उसके गोबर एवं मूत्र के व्यावसायिक उपयोग  को संपूर्ण उत्तर प्रदेश में लागू किया जाएगा। बैठक में धर्मपाल सिंह ने पशुधन एवं दुग्ध विकास के कार्यों,उपलब्धियों  एवं भावी योजनाओं की चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।इस अवसर मंत्री जी ने गौ पूजन कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया और लोकमंगल कामना की।

    बैठक में बताया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा 7713 गो आश्रय स्थलों में 12.43 लाख निराश्रित गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है। गोबर व गोमूत्र से बने उत्पादों के विपणन से इन स्थलों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। गोवंश के भरण-पोषण हेतु अनुदान को ₹30 से बढ़ाकर ₹50 प्रतिदिन किया गया है । मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत 1.62 लाख निराश्रित गोवंश को 1.05 लाख लाभार्थियों को सुपुर्द कर ₹1500 प्रति माह अनुदान की व्यवस्था लागू की गई है।

    प्रदेश सरकार गो संरक्षण एवं दुग्ध विकास के क्षेत्र में सतत प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दुग्ध विकास विभाग द्वारा व्यापक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

    प्रदेश में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता को बढ़ाने की दिशा में भी बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। माह जनवरी 2025 में प्रदेश के दुग्ध संघों का औसत दुग्ध उपार्जन 6.28 लाख किलोग्राम प्रतिदिन रहा, जबकि पीसीडीएफ के डेयरी प्लांट्स में 9 लाख लीटर प्रतिदिन दूध का प्रसंस्करण किया गया। भविष्य में इस प्रसंस्करण क्षमता को दोगुना करने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत कानपुर (4 LLPD), गोरखपुर (1 LLPD) और कन्नौज (1 LLPD) के डेयरी प्लांट्स को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के माध्यम से संचालित करने की प्रक्रिया चल रही है। इससे दुग्ध उत्पादकों को सहकारी समितियों के माध्यम से उचित मूल्य पर दूध बेचने का अवसर मिलेगा और दुग्ध व्यवसाय से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

  • भागीदारी महोत्सव’ का आगाज़, राजधानी में गूंजी हाशिए की आवाज़ 

    भागीदारी महोत्सव’ का आगाज़, राजधानी में गूंजी हाशिए की आवाज़ 

    समाज कल्याण विभाग एवं मेटाफर लखनऊ लिटफेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन

    पद्मश्री कल्पना सरोज ने साझा किया अपने जीवन का संघर्ष 

    लखनऊ: प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग एवं मेटाफर लखनऊ लिटफेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय “भागीदारी साहित्य उत्सव” का आज बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में शुभारंभ हुआ। इस मौके पर मुख्यातिथि पद्मश्री कल्पना सरोज और विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने दीप प्रज्ज्वलित किया और अपने जीवन के अनुभवों को साझा किया

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पद्मश्री कल्पना सरोज ने अपने जीवन के संघर्ष को साझा किया। उन्होंने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कदम कदम पर किस तरह चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के वंचित, पिछड़े और मुख्यधारा से छूटे नागरिकों के लिए तेजी से कार्य कर रही है। इस मौके पर पंजाबी सिंगर गिन्नी माही के गाने चारों ओर अंधेरा जब था इस संसार में छाया पर खूब तालियां बजीं। 

    इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों के लिए विभाग द्वारा उनके कल्याण एवं उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों, प्रयासों एवं सामाजिक न्याय हेतु वृहद स्तर पर किए जा रहे नवाचारों के सम्बन्ध में जागरूक करने के साथ ही साहित्य के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, समावेशिका और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। 

    कार्यक्रम में झुग्गी के लाल, इनोवेशन फॉर चेंज (आई0एफ0सी0) द्वारा समन्वित रैंप वॉक किया गया, जिसमें रैंपर्स ने उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया।

  • शिक्षक प्रशिक्षण मॉड्यूल ‘सम्पूर्ण’ समेकित रूप से कम समय में शिक्षकों का क्षमता संवर्द्धन करेगा – संदीप सिंह

    शिक्षक प्रशिक्षण मॉड्यूल ‘सम्पूर्ण’ समेकित रूप से कम समय में शिक्षकों का क्षमता संवर्द्धन करेगा – संदीप सिंह

    एकीकृत प्रशिक्षण मॉड्यूल ‘सम्पूर्ण’ तथा पूर्व प्राथमिक स्तर के 3-6 वय वर्ग के बच्चों के लिए तैयार की गयी कार्यपुस्तिकाओं ‘चहक’ एवं ‘परिकलन’ का विमोचन किया गया

    लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, ने एस०सी०ई०आर०टी० द्वारा किये जा रहे सतत् प्रयासों तथा शिक्षकों के प्रोत्साहन हेतु कराये जाने वाले कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि एस०सी०ई०आर०टी० द्वारा प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को तराशने का काम किया जाता है। उन्होंने कहा कि एस०सी०ई०आर०टी० द्वारा विकसित शिक्षक प्रशिक्षण मॉड्यूल ‘सम्पूर्ण’ समेकित रूप से कम समय में शिक्षकों का क्षमता संवर्द्धन करेगा। एस०सी०ई०आर०टी० द्वारा पूर्व प्राथमिक स्तर के बच्चों हेतु विकसित सामग्री बच्चों के अधिगम स्तर को ऊँचा उठाने में सहायक होगी। यह बच्चों के भाषायी और गणितीय कौशलों के विकास के साथ-साथ बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता तथा अवधारणाओं की समझ बनाने में सहायक होंगी। इससे बच्चे प्रसन्नता और उत्साह के साथ सीखने को तत्पर रहेंगे।

    श्री सिंह आज निशातगंज एस०सी०ई०आर०टी०, उ०प्र०, लखनऊ के सभागार में सेन्टर ऑफ एक्सिलेंस डायट भवनों का शिलान्यास, राज्य स्तरीय कला, क्राफ्ट और पपेट्री प्रतियोगिता के चयनित प्रतिभागियों के पुरस्कार वितरण, एकीकृत प्रशिक्षण मॉड्यूल ‘सम्पूर्ण’ तथा पूर्व प्राथमिक स्तर की ‘चहक’ एवं ‘परिकलन’ कार्यपुस्तिका के विमोचन सम्बन्धी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारम्भ उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। प्रतिभागी शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए माननीय मंत्री जी ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग सबसे बड़े परिवार के रूप में है, इस लिए सबसे ज्यादा जिम्मेदारी भी हमारे ऊपर है।

    इस अवसर पर दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव, वित, माध्यमिक तथा बेसिक शिक्षा विभाग ने शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किये जा रहे संरचनात्मक सुधारों के बारे में बताते हुए कहा कि शिक्षा एक महत्वपूर्ण सेक्टर है, जिसमें सबसे ज्यादा रिटर्न मिलता है। शिक्षण में गुणवत्ता संवर्द्धन हेतु विशिष्ट संस्थानों के साथ समन्वयन किया जा रहा है। श्रीमती कंचन वर्मा, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा ने कक्षा-कक्ष में हो रहे गुणवत्ता संवर्धन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए अच्छे प्रशिक्षण के साथ-साथ अच्छे माहौल की भी आवश्यकता होती है। इस अवसर पर गणेश कुमार, निदेशक, एस०सी०ई०आर०टी०, डॉ० पवन सचान, संयुक्त निदेशक, एस०सी०ई०आर०टी० तथा एस०सी०ई०आर०टी० के समस्त अधिकारी, संकाय सदस्य एवं कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से राज्य स्तरीय कला क्राफ्ट एवं पपेट्री प्रतियोगिता में चयनित शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अन्त में श्रीमती दीपा तिवारी, उप शिक्षा निदेशक, एस०सी०ई०आर०टी० द्वारा कार्यक्रम में आए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

  • सी.एम.एस. गोल्फ सिटी कैम्पस द्वारा ‘ओपेन डे समारोह’ का भव्य आयोजन

    सी.एम.एस. गोल्फ सिटी कैम्पस द्वारा ‘ओपेन डे समारोह’ का भव्य आयोजन

    छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा देख गद्गद् हुए अभिभावक
    लखनऊ, । सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोल्फ सिटी कैम्पस द्वारा ओपेन डे समारोह ’जेनेसिस’ का भव्य आयोजन आज विद्यालय प्रांगण में किया गया। इस शानदार समारोह मे छात्रों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों की अभूतपूर्व बाल सुलभ प्रतिभा से अभिभावक गद्गद् नजर आये। इस भव्य समारोह में जहाँ एक ओर छात्रों ने संगीत, नृत्य आदि विभिन्न रोचक गतिविधियों में बहुमुखी प्रतिभा का जलवा बिखेरा तो वहीं दूसरी ओर आर्ट एण्ड क्राफ्ट, खेलकूद, जूडो-कराटे, विज्ञान प्रोजेक्ट, क्लासरूम एक्टिविटी, चित्रकारी आदि विभिन्न रोमांचक गतिविधियों भी छात्रों का जोश देखते ही बनता था।

    यह समारोह मनोरंजन से भरपूर विभिन्न प्रकार की साँस्कृतिक-शैक्षणिक गतिविधियों द्वारा बच्चों की अन्तर्निहित प्रतिभा को नये आयाम देने एवं उनकी क्रियाशीलता व वैचारिकता को बढ़ावा देने में सफल साबित हुआ। इस अवसर पर नन्हें-मुन्हें छात्रों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, खानपान के स्टाल आदि लगाये गये थे। सम्पूर्ण गोल्फ सिटी परिसर छात्रों की चहल-कदमी व उन्मुक्त प्रतिभा प्रदर्शन से गुंजायमान हो रहा था।

    समारोह की खास बात रही कि छात्रों के माता-पिता व अभिभावकों ने भी इस भव्य समारोह में बड़ी संख्या में पूरे जोशोखरोश से शामिल होकर इसकी महत्ता को दर्शाया। इस अवसर पर छात्रों ने अपने विज्ञान प्रोजेक्ट एवं आर्ट एण्ड क्राफ्ट कलाकृतियों के बारे में दर्शकों व अभिभावकों द्वारा पूछे गये प्रश्नों का जवाब बड़े ही आत्मविश्वास एवं प्रभावशाली ढंग से दिया। छात्रों की धाराप्रवाह अभिव्यक्ति क्षमता ने सभी को प्रभावित किया। अभिभावकों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर सी.एम.एस. की ब्राडर एण्ड बोल्डर शिक्षा पद्धति का परिचय प्राप्त किया एवं छात्रों को आधुनिक तरीके से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु सी.एम.एस. के प्रयासों की सराहना की।

    सी.एम.एस. गोल्फ सिटी कैम्पस की प्रधानाचार्या सुश्री रीमा सेठी ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के समारोह बच्चों के दिन प्रतिदिन के जीवन में नया उत्साह व उल्लास जगाते हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने स्कूल की गतिविधियों में सहयोग हेतु अभिभावकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।