Category: LUCKNOW

  • राजकीय हाईस्कूल भनौली में धूम धाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव

    राजकीय हाईस्कूल भनौली में धूम धाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव

    वर्षपर्यंत गतिविधियों के विजेता छात्रों को किया गया पुरस्कार वितरित 

    बाराबंकी। विकास खण्ड बंकी अन्तर्गत राजकीय हाई स्कूल भनौली बाराबंकी में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि कवि रंगकर्मी प्रदीप सारंग,  डॉ मंजू श्रीवास्तव प्रधानाचार्या राजकीय हाई स्कूल बड़ेल, सदानंद वर्मा द्वारा फीता, सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप जलाकर वार्षिकोत्सव का शुभारम्भ किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राधेश्याम प्रधानाचार्य पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज बाराबंकी विशिष्ट अतिथि नंदिता सिंह ने पुरस्कार वितरित किये।

    सरोज सिंह, प्रधानाचार्या, राजकीय हाई स्कूल भनौली द्वारा अतिथियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। अतिथिगण ने गरिमामयी उपस्थिति एवं आशीर्वचन ने बच्चों के अंदर आगे बढ़ाने हेतु एवं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया, विद्यार्थियों द्वारा पूर्ण उत्साह के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। वर्षपर्यंत उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद पत्रकारों को प्रिंसिपल सरोज सिंह द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन बरखा जायसवाल ने किया।इस मौके पर विद्यालय की सहायक अध्यापिका वर्षा जैन, नीलम मौर्या, रानी सिंह, पूजा गुप्ता, नीलम हेड मास्टर, वीरेन्द्र सिंह, लक्ष्मी, गूंजना, नीता वर्मा, जय कुमार कश्यप लिपिक सहित छात्र तथा उनके अभिभावकगण उपस्थित रहे।

  • लखपति दीदी प्रभा यादव की कला व उद्यमिता को राष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मान

    लखपति दीदी प्रभा यादव की कला व उद्यमिता को राष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मान

    लखनऊ/ राष्ट्रीय महिला आयोग के तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर भारत मण्डपम, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजय राहटकर को उत्तर प्रदेश की लखपति दीदी श्रीमती प्रभा यादव द्वारा निर्मित एक आकर्षक कैनवस पेंटिंग भेंट की गई।

    श्रीमती प्रभा यादव उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी एक सशक्त स्वयं सहायता समूह सदस्य हैं। वह मुरली माता स्वयं सहायता समूह से संबद्ध हैं तथा बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की सक्रिय दुग्ध उत्पादक सदस्य हैं। ग्राम रसोई, जनपद झाँसी की निवासी श्रीमती प्रभा ने अपने परिश्रम, लगन और उद्यमशील सोच के बल पर लखपति दीदी के रूप में उल्लेखनीय पहचान स्थापित की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 से दिसंबर 2025 तक श्रीमती प्रभा यादव ने बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी को कुल 3475 लीटर दूध की आपूर्ति कर लगभग ₹2.16 लाख का कारोबार किया है। उनके पास वर्तमान में 7 दुधारू पशु हैं, जो उनकी सतत आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण का आधार हैं। इस अवसर पर डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि श्रीमती प्रभा यादव जैसी महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और आजीविका सृजन की प्रेरक मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें समाज में सम्मान और पहचान दिलाने का कार्य कर रही है।

  • दिव्यांग सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम, राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता संपन्न

    दिव्यांग सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम, राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता संपन्न

    योगी सरकार की समावेशी नीति से 550 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों को मिला मंच

    दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास

    खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा दे रही योगी सरकार

    लखनऊ,/ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप के निर्देशों के क्रम में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा 29–30 जनवरी 2026  को लखनऊ जनपद में दो दिवसीय राज्य स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। 

    इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 550 से अधिक दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

    प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रमुख सचिव दिव्यांगजन सशक्तिकरण  सुभाष चंद्र शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने प्रतिभागी दिव्यांग खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल आत्मविश्वास, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का सशक्त माध्यम है। दिव्यांग खिलाड़ियों द्वारा खेल मैदान में प्रदर्शित जिजीविषा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों को और अधिक व्यापक, समावेशी एवं सुविधासंपन्न बनाया जाए।

    योगी सरकार की समावेशी एवं संवेदनशील नीतियों के अनुरूप आयोजित इस प्रतियोगिता में श्रवण बाधित, दृष्टिबाधित एवं अन्य श्रेणियों के प्रतिभागियों के लिए एथलेटिक्स (100 एवं 200 मीटर दौड़), लॉन्ग जंप, शॉटपुट, कबड्डी, खो-खो, टग ऑफ वॉर, शतरंज सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। सभी स्पर्धाएँ निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पारदर्शी एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराई गईं। प्रतियोगिता स्थल विशेष राजकीय विद्यालय एवं शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, मोहन रोड, लखनऊ में खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधा एवं परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई। आयोजन के दौरान खेल समन्वयकों, तकनीकी अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा प्रतिभागियों को निरंतर सहयोग प्रदान किया गया, जिससे प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संचालित हो सकी।

  • एनटीपीसी एनआरएचक्यू में प्राकृतिक चिकित्सा कार्यशाला का आयोजन

    एनटीपीसी एनआरएचक्यू में प्राकृतिक चिकित्सा कार्यशाला का आयोजन

    लखनऊ। एनटीपीसी उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय(एनआरएचक्यू) द्वारा 27–28 जनवरी, 2026 को कर्मचारियों, उत्तरा क्लब के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों के लिए प्राकृतिक चिकित्सा (नैचुरोपैथी) कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना था। कार्यशाला में गैर-आक्रामक उपचार विधियों के माध्यम से प्राकृतिक उपचार, निवारक स्वास्थ्य देखभाल तथा तनाव प्रबंधन पर विशेष बल दिया गया।

    विशेषज्ञों द्वारा योग, आहार चिकित्सा, हाइड्रोथेरेपी, श्वसन तकनीक एवं जीवनशैली में सुधार विषयों पर सत्र आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य तनाव, मोटापा, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों का समाधान प्रस्तुत करना था। व्यावहारिक प्रदर्शन एवं संवादात्मक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्राकृतिक चिकित्सा को दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा मिली। समापन समारोह में एस. एन. पाणिग्राही, सीजीएम (मानव संसाधन), ने संकाय सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में इस प्रकार के और कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया, जिससे अधिकाधिक कर्मचारी एवं उनके परिवारजन लाभान्वित हो सकें। यह पहल कर्मचारी कल्याण, समग्र स्वास्थ्य एवं निवारक देखभाल के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। नेक्टर वेक्टर के प्रशिक्षक बेनी किंहा ने मानव शरीर रचना, निवारक स्वास्थ्य देखभाल तथा तनाव प्रबंधन में प्राकृतिक चिकित्सा एवं आयुर्वेद की भूमिका पर ज्ञानवर्धक सत्र प्रस्तुत किया। कार्यशाला में उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

  • 11 राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवियों ने उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया….

    11 राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवियों ने उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया….

    77वें गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में आयोजित परेड का हिस्सा बने

     लखनऊ । उत्तर प्रदेश के 11 एनएसएस  स्वयंसेवियों ने देशभर से चयनित 148 NSS स्वयंसेवियों के दल में भाग लिया, जो इस ऐतिहासिक अवसर पर गणतंत्र दिवस परेड ,नई दिल्ली का हिस्सा बने। गणतंत्र दिवस परेड में चयनित स्वयंसेवियों के लिए 1 जनवरी से 31 जनवरी ,2026 तक गणतंत्र दिवस शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में भाग लेकर स्वयंसेवियों ने अनुशासन, मार्च-पास्ट और सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रवीणता हासिल की। महामहिम  राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री से युवाओं की शिष्टाचार भेंट हुई ।

    इस अवसर पर उत्तर प्रदेश से कु. अर्पिता कश्यप (साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय, रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली ), कु. यशवी (आर.के. पीजी कॉलेज, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर ), कु. सिमरन कौर (श्रीमद दयानंद गर्ल्स गुरुकुल महाविद्यालय, रोहिलखंड विश्वविद्यालय बरेली ),  वैष्णवी श्रीवास्तव (पी. पी. एन. पीजी कॉलेज, सी.एस.जे.एम. यूनिवर्सिटी, कानपुर ), गौरव जयसवाल (वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर ), श्री सुशील कुमार यादव (इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज),  करण यादव, डॉ० भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा, अंकित डोंगुर, राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय , अलीगढ़ ने परेड में गर्व से प्रतिभाग किया। इसके अलावा तीन वालंटियर रिजर्व दल में भी शामिल हुए,  जिनमें वाणी शंखधर (रोहिलखंड विश्वविद्यालय), आनंद यादव (गोरखपुर विश्वविद्यालय ) एवं उत्कर्ष कुमार (आगरा विश्वविद्यालय) सम्मिलित थे।   राष्ट्रीय सेवा योजना, राज्य संपर्क अधिकारी  डॉ. मंजू सिंह ने समस्त स्वयंसेवियों और  शुभकामनाएं दी।

    उल्लेखनीय है कि इन स्वयंसेवियों का चयन पहले विश्वविद्यालय स्तर पर किया गया था, जिसके बाद द्वितीय चरण में मध्यप्रदेश के ग्वालियर में आयोजित ‘पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर-2025’ में उनकी चयन प्रक्रिया पूरी की गई। इस शिविर में उत्तराखंड से कुल 81 स्वयंसेवियों (40 छात्र और 41 छात्राएं) और  तीन कार्यक्रम अधिकारियों ने भाग लिया था।

    राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वारा इस प्रकार के आयोजन और शिविरों के माध्यम से युवा शक्ति को सामाजिक कार्यों में और अधिक सक्रिय और अनुशासित बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के इन चयनित स्वयंसेवियों ने गणतंत्र दिवस की परेड में अपनी शानदार उपस्थिति से न केवल प्रदेश का गौरव बढ़ाया, बल्कि युवा पीढ़ी को राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

  • स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और संविधान सभा के सदस्य पंडित अलगू राय शास्त्री की जयंती पर मऊ को विकास की सौगात….

    स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और संविधान सभा के सदस्य पंडित अलगू राय शास्त्री की जयंती पर मऊ को विकास की सौगात….

    *मऊ बस डिपो का नामकरण पंडित अलगू राय शास्त्री बस स्टेशन के रूप में*

    *चार करोड़ की लागत से बस स्टैंड परिसर में अतिथि गृह का शिलान्यास* 

    *पंडित अलगू राय शास्त्री की प्रतिमा का अनावरण व सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण*

    *जनभावनाओं के अनुरूप बस स्टेशन का कायाकल्प – ए के शर्मा*

    लखनऊ,मऊ / नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान सभा सदस्य स्वर्गीय पंडित अलगू राय शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर मऊ बस डिपो का नामकरण जनभावनाओं के अनुरूप “पंडित अलगू राय शास्त्री बस स्टेशन” के रूप में किया। इस अवसर पर उन्होंने बस स्टेशन परिसर में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अतिथि गृह का शिलान्यास भी किया।

    मंत्री श्री शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय पंडित अलगू राय शास्त्री जी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए बस स्टेशन परिसर में विकसित किए गए मिनी पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह बस स्टेशन अब केवल आवागमन का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति और जनसेवा का प्रतीक बनेगा। अपने संबोधन में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि उनके जीवन के लगभग दस वर्ष इस बस स्टेशन से जुड़े रहे हैं, जिसके कारण इसका उनके साथ एक विशेष भावनात्मक लगाव है।

    उन्होंने कहा कि इसी विशेष लगाव और जनभावनाओं के सम्मान में परिवहन विभाग के सहयोग से इस बस स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। उन्होंने इस कार्य के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार भी व्यक्त किया। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नामकरण या निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन को बेहतर सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है। पंडित अलगू राय शास्त्री बस स्टेशन का विकास इसी सोच का परिणाम है, जो मऊ के समग्र विकास को नई दिशा देगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, परिवहन विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

  • मऊ का भविष्य सुरक्षित हाथों में रहे इसके लिए सजग रहने की जरूरत – ए. के. शर्मा

    मऊ का भविष्य सुरक्षित हाथों में रहे इसके लिए सजग रहने की जरूरत – ए. के. शर्मा

    नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और संविधान सभा सदस्य पंडित अलगू राय शास्त्री की जयंती पर किया नमन

    माफिया मुक्त मऊ भय के दौर से निकलकर अब प्रगति के पथ पर अग्रसर ए.के. शर्मा

    *शिक्षा,संस्कृति और सुशासन से बदलेगा मऊ का भविष्य*

    लखनऊ, मऊ/ नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर पालिका कम्युनिटी हाल, मऊ में आयोजित महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान सभा सदस्य स्वर्गीय पंडित अलगू राय शास्त्री जी की जयंती समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने पंडित अलगू राय शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा कि ऐसे महापुरुषों का जीवन और विचार आज भी लोकतंत्र, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। अपने संबोधन में श्री शर्मा ने कहा कि मऊ का अतीत अत्यंत गौरवशाली रहा है, लेकिन एक समय राजनीतिक भटकाव के कारण जनपद को भारी नुकसान उठाना पड़ा और जो कार्य समय पर होने चाहिए थे, वे नहीं हो सके।एक दौर ऐसा भी आया जब मऊ पूरी तरह माफियाओं की गिरफ्त में चला गया था। इससे कानून व्यवस्था कमजोर हुई, शिक्षा और व्यापार प्रभावित हुए। वर्तमान सरकार की सख्त नीतियों, निर्णायक कार्रवाई और जीरो टॉलरेंस के चलते आज मऊ माफिया मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सहयोग की जीत है। अब सभी को सजग रहते हुए इस उपलब्धि को स्थायी बनाना होगा, ताकि मऊ की पहचान भय नहीं बल्कि विकास और विश्वास से बने।

    मंत्री श्री शर्मा ने विश्वास दिलाया कि अब मऊ के विकास को कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि पूर्व में शिक्षा का अवमूल्यन हुआ, जिसके कारण युवा पीढ़ी गलत रास्तों की ओर भटकती गई। वर्तमान सरकार बच्चों और युवाओं को अपराध के दलदल से निकालकर गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अमिला में आकांक्षी नगर विकास योजना के अंतर्गत एक भव्य डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण हो चुका है, जहां बच्चे आधुनिक तकनीक के माध्यम से अध्ययन कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने नगर पालिका परिषद मऊ में बनने वाली डिजिटल लाइब्रेरी का नामकरण पंडित श्याम नारायण पांडेय के नाम पर करने की घोषणा की और कहा कि यदि पंडित श्याम नारायण पांडेय न होते, तो महाराणा प्रताप इतिहास में उतनी मजबूती से अमर न हो पाते।

    अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने बहुउद्देशीय भवन ‘मंगलम’ तथा गायघाट के सुंदरीकरण कार्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं मऊ को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाएंगी। मऊ अब अराजकता या अपराध से नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और समग्र विकास के लिए जाना जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों सगुना सिंह, अभिमन्यु मल्ल, श्यामसुंदर मिश्र, हरगोविंद राय, रघुवर कुर्मी, अब्दुल लतीफ नोमानी, राजकिशोर गुप्ता, शारदानंद वर्मा, रामविलास पांडेय, बाबू उमराव सिंह सहित अन्य सेनानियों के परिजनों को मंत्री श्री शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान देश की आज़ादी के लिए किए गए त्याग और बलिदान के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम जी उपाध्याय ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, ऋषिकेश राय, अतुल राय, धनंजय सिंह, देव प्रकाश राय, सुजीत सिंह, हौसला प्रसाद उपाध्याय, शारदानंद, अमरेश पांडेय, रामाश्रय राय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

  • झूंसी, प्रयागराज के 15 वर्षीय बालक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

    झूंसी, प्रयागराज के 15 वर्षीय बालक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

    *पान गुटखा खाकर थूकने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग*

    प्रयागराज/लखनऊ,/ शहर में गंदगी को लेकर अक्सर शिकायतें और बहसें होती रहती हैं, लेकिन जब जिम्मेदारी तय करने की बात आती है तो चुप्पी छा जाती है। इसी स्थिति पर सवाल उठाते हुए प्रयागराज के झूंसी क्षेत्र के 15 वर्षीय बालक सुमित केसरवानी,सक्षम केसरवानी ने मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर सार्वजनिक स्वच्छता और पान गुटखा खाकर यदा कदा थूकने वाले को लेकर अपनी चिंता और सुझाव रखे हैं।

    मुख्यमंत्री जी को लिखे पत्र में बालक ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने  तथा पान-गुटखा खाकर इधर-उधर थूकने वालों पर सख्त रोक लगाने और जुर्माना लगाए जाने की मांग की है। उसका कहना है कि जब तक नियमों का कड़ाई से पालन नहीं कराया जाएगा, तब तक लोगों की आदतों में बदलाव संभव नहीं है और शहर को साफ-सुथरा बनाना मुश्किल रहेगा।पत्र में सुमित केसरवानी ने यह भी लिखा है कि स्वच्छता के लिए हर नागरिक को अनुशासन और जिम्मेदारी निभानी होगी। उसने स्पष्ट किया है कि हर नागरिक की छोटी-छोटी जिम्मेदारियां ही शहर की बड़ी तस्वीर बदल सकती हैं।

    मुख्यमंत्री तक पहुंचा यह पत्र उम्र से कहीं बड़ी सोच और सामाजिक चेतना का संकेत है। यह दर्शाता है कि नई पीढ़ी स्वच्छ भारत को केवल नारा नहीं, बल्कि व्यवहार और नागरिक कर्तव्य के रूप में देख रही है। बालक की इस पहल ने समाज के सामने यह सवाल भी खड़ा किया है कि जब एक 15 वर्षीय बच्चा सिविक सेंस की बात कर रहा है, तो क्या हम सभी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं?

  • मऊ में पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को मंत्री ए.के. शर्मा ने वितरित किए स्वीकृति पत्र

    मऊ में पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को मंत्री ए.के. शर्मा ने वितरित किए स्वीकृति पत्र

    *प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जताया आभार, कहा – आजादी के बाद पहली बार गरीबों के बारे में गंभीरता से सोचा गया* 

    *पीओ डूडा को स्पष्ट निर्देश, कोई भी पात्र व्यक्ति आवास से वंचित न रहे*

    लखनऊ,/ नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने मऊ भ्रमण के दौरान नगर पालिका परिषद मऊ के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। यह कार्यक्रम स्थानीय बहुद्देशीय भवन मंगलम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज़ादी के बाद पहली बार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकताओं—रोटी, कपड़ा और मकान—के बारे में गंभीरता से सोचकर उन्हें पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, जो सामाजिक न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

    मंत्री श्री शर्मा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मऊ क्षेत्र में लगभग दो हजार लाभार्थियों के खातों में प्रथम किस्त की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। इनमें बड़ागांव एवं काझाखुर्द क्षेत्र की लगभग 650 महिलाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने बड़ागांव एवं काझाखुर्द की महिलाओं को अपने हाथों से स्वीकृति पत्र प्रदान किए।

    अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि जो भी पात्र व्यक्ति किसी कारणवश इस योजना से वंचित रह गए हैं, उन्हें भी हर हाल में आवास उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने पीओ डूडा को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने आवास निर्माण के दौरान नाली, सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुनियोजित ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर लाभार्थी महिलाओं ने मंत्री ए.के. शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।

  • मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने मऊ प्रवास के दौरान विद्युत बिल राहत योजना के विभिन्न शिविरों का किया निरीक्षण

    मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने मऊ प्रवास के दौरान विद्युत बिल राहत योजना के विभिन्न शिविरों का किया निरीक्षण

    *लाखों की राहत मिलने पर संतुष्ट उपभोक्ताओं ने ऊर्जा मंत्री का जताया आभार*

    लखनऊ,/ नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने मऊ प्रवास के दौरान विद्युत बिल राहत योजना के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिंदटोलिया, सुग्गीचौरा, गजियापुर, डुमरी एवं मरयादपुर सहित विभिन्न स्थानों पर लगे शिविरों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    बिंदटोलिया में आयोजित विद्युत बिल राहत शिविर के निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं के विद्युत बिलों में विसंगतियां हैं, उनका तत्काल सुधार कर योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने अन्य विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के लिए भी संयुक्त शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री शर्मा ने कटान से प्रभावित परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने हेतु संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया।

    सु‍ग्गीचौरा में आयोजित शिविर के दौरान भैरोपुर निवासी एक उपभोक्ता के 16 वर्ष पुराने ₹2 लाख 15 हजार के विद्युत बिल का निपटारा मात्र ₹28 हजार में होने पर मंत्री श्री शर्मा ने उपभोक्ता को बधाई दी। उपभोक्ता ने 1 लाख 87 हजार की छूट मिलने पर ऊर्जा मंत्री का आभार व्यक्त किया।इसी तरह डुमरी शिविर के निरीक्षण के दौरान एक अन्य उपभोक्ता का ₹3 लाख 23 हजार का विद्युत बिल समायोजित होकर ₹1 लाख 6 हजार में निपटने पर उपभोक्ता ने इस लोककल्याणकारी योजना के लिए मंत्री श्री ए.के. शर्मा की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया। मंत्री श्री शर्मा ने गजियापुर एवं मरयादपुर में लगे शिविरों का भी निरीक्षण किया और उपभोक्ताओं से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में विद्युत बिल राहत योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को राहत देना है और किसी भी उपभोक्ता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर चीफ इंजीनियर राम बाबू के साथ अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक प्रमुख रूप से मौजूद रहे।