Category: JHARKHAND

  • बीसीसीएल द्वारा हाईवॉल और लॉन्गवॉल माइनिंग के वर्किंग मॉडल्स का प्रभावशाली प्रदर्शन 

    बीसीसीएल द्वारा हाईवॉल और लॉन्गवॉल माइनिंग के वर्किंग मॉडल्स का प्रभावशाली प्रदर्शन 

    धनबाद। आईआईटी-आईएसएम, धनबाद में आज इंडस्ट्री–इंस्टीट्यूट इंटरेक्शन (III-2026) कॉनक्लेव और एग्ज़िबिशन का शुभारंभ किया गया, जिसमें बीसीसीएल द्वारा अपने खदानों में प्रयुक्त हाईवॉल और लॉन्गवॉल माइनिंग के वर्किंग मॉडल्स सहित अन्य तकनीकी नवाचारों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। तीन दिवसीय इस आयोजन का मुख्य विषय ‘स्मार्ट माइनिंग, क्रिटिकल मिनरल्स और ग्रीन एनर्जी: आत्मनिर्भर भारत की आवश्यकता’ रहा। यह कार्यक्रम संस्थान के वार्षिक आयोजन ‘बसंतोत्सव (विज्ञान और संस्कृति को समर्पित)’ के अंतर्गत आज आरंभ हुआ।

    कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा किया गया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और संस्कृति के समन्वय को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि ऐसे मंच उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    इस अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल,  मनोज कुमार अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में अपनी सक्रिय सहभागिता की। अवसर पर प्रो. सुकुमार मिश्रा, निदेशक (आईआईटी-आईएसएम),  ए.के. मिश्रा, निदेशक (सिम्फर) सहित अन्य  वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, वैज्ञानिक, उद्योग प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

    सम्मेलन एवं प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न उद्योगों, अनुसंधान संस्थानों और शैक्षणिक संगठनों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स में अत्याधुनिक तकनीकों, नवाचारों और शोध कार्यों का प्रदर्शन किया गया। बीसीसीएल द्वारा लगाए गए स्टॉल ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया, जहां कंपनी ने हाईवाल माइनिंग सिस्टम एवं मोनोरेल माइनिंग सिस्टम के कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए। इसके साथ ही बीसीसीएल द्वारा खनन क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, नवाचारों, सतत खनन पद्धतियों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।

    सीएमडी,  अग्रवाल ने प्रदर्शनी स्टॉल का निरीक्षण किया और बीसीसीएल टीम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मंच न केवल तकनीकी क्षमताओं के प्रदर्शन का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि युवाओं और शोधकर्ताओं को उद्योग की वास्तविक चुनौतियों और संभावनाओं से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा कोकिंग कोल को क्रिटिकल और स्ट्रैटेजिक मिनरल के रूप में अधिसूचित किए जाने के बाद बीसीसीएल की जिम्मेदारियां और भी बढ़ गई हैं। देश की इस्पात उद्योग की आवश्यकताओं को पूरा करने में बीसीसीएल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बीसीसीएल भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट माइनिंग, अत्याधुनिक तकनीकों, स्वचालन और पर्यावरण-अनुकूल खनन पद्धतियों को प्राथमिकता दे रहा है। हमारा लक्ष्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि सुरक्षित, सतत और जिम्मेदार खनन के माध्यम से राष्ट्र की ऊर्जा एवं औद्योगिक जरूरतों को पूरा करना है। यह आयोजन स्मार्ट माइनिंग, क्रिटिकल मिनरल्स और ग्रीन एनर्जी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र, परिचर्चाएं और प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को और अधिक सशक्त बनाना है।

  • बीएसएल में प्रशिक्षुओं हेतु वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन

    बीएसएल में प्रशिक्षुओं हेतु वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन

    बोकारो । इस्पात संयंत्र के अंतर्गत मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा 07 फरवरी 2026 को प्रशिक्षुओं के लिए वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन में किया गया. इस प्रतियोगिता में वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 बैच के प्रबंधन प्रशिक्षु (तकनीकी), इंजीनियरिंग एसोसिएट प्रशिक्षु, कनीय इंजीनियरिंग एसोसिएट प्रशिक्षु एवं तकनीकी एसोसिएट प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी  प्रिय रंजन, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) सुश्री बनर्जी राजश्री एवं अधिशासी निदेशक (संकार्य)  अनूप कुमार दत्त ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया. इस खेल-कूद समारोह में कुल 296 प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें 266 पुरुष एवं 30 महिला प्रशिक्षु शामिल थे.

    कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) सुश्री नीता बा ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया, जिसके उपरांत प्रशिक्षुओं द्वारा मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया. प्रतियोगिता के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने खेल-कूद को अनुशासन का पर्याय बताया और सभी प्रशिक्षुओं को एथलेटिक मीट में सक्रिय रूप से भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया. कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वयन सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री अमित आनंद द्वारा किया गया.

    अपने संबोधन में निदेशक प्रभारी  प्रिय रंजन ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल सहभागिता का विषय नहीं है, बल्कि यह जुनून, नेतृत्व और विजय की मानसिकता का प्रतीक है. उन्होंने जोर दिया कि जब कोई खिलाड़ी इसी भावना से खेलता है, तभी वह स्वयं के साथ अपनी टीम को भी सफलता के शिखर पर ले जा पाता है. अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) सुश्री बनर्जी राजश्री ने टीम भावना पर बल देते हुए कहा कि व्यक्तिगत उत्कृष्टता अत्यंत आवश्यक है, किंतु जब यही उत्कृष्टता साझा लक्ष्यों की दिशा में संगठित होती है, तभी वह सामूहिक सफलता का ठोस आधार बनती है.

    प्रतियोगिता के दौरान पुरुष वर्ग के लिए 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, 100×4 मीटर रिले रेस, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो तथा टग ऑफ वॉर जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं. वहीं महिला वर्ग में 50 मीटर एवं 100 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, मार्बल स्पून रेस, सुई-धागा रेस, म्यूजिकल चेयर एवं टग ऑफ वॉर मुख्य आकर्षण रहे. यह वार्षिक खेल आयोजन प्रशिक्षुओं में परस्पर संवाद, आत्म-प्रेरणा तथा कार्यस्थल पर अनुशासन विकसित करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है. इस प्रकार की गतिविधियां प्रशिक्षुओं में टीम वर्क की भावना को प्रगाढ़ करती हैं, जो भविष्य में संयंत्र के सुरक्षित संचालन, उच्च गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और बेहतर उत्पादकता सुनिश्चित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होंगी.

  • स्पर्श ई-वॉइस की पहल: जरूरतमंद SSC कोचिंग के छात्रों को बांटी गई अध्यन सामग्री 

    स्पर्श ई-वॉइस की पहल: जरूरतमंद SSC कोचिंग के छात्रों को बांटी गई अध्यन सामग्री 

    पतरातू। स्थानीय वंचित युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए स्पर्श ई-वॉइस (PVUNL कर्मियों एवं उनके परिजनों की पंजीकृत संस्था) द्वारा संचालित निःशुल्क SSC GD कोचिंग में शिक्षा सामग्री का वितरण किया गया। गुरुवार को स्वर्णरेखा समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेनू सहगल ने छात्रों के बीच अध्यन सामग्री का वितरण किया।

    इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती रेनू सहगल ने छात्रों को कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित किया। उन्हों छात्रों को केंद्र बिंदु को एकाग्र होकर अपने उद्देश्य के लिए आगे बढ़ने का मूल मंत्र बताया ।संस्थान की सचिव नम्रता रघुवंशी और कार्यकारी सदस्य दिव्या गंगवार की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र काफी उत्साहित दिखे। अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए छात्रों ने कहा कि “संसाधनों के अभाव में जो पढ़ाई अधूरी लग रही थी, वह अब इन किताबों ,पीवीयूएनएल के कर्मचारी ,एक्सटर्नल फैकल्टी की मदद से पूरी हो रही है और बहुत सहयोग भी मिला है ।” विद्यार्थियों ने इस निःशुल्क सहयोग के लिए ‘पीवीयूऐनएल  और स्पर्श ई-वॉइस’ का हृदय से आभार व्यक्त किया।

  • सीसीएल द्वारा पिस्का नगड़ी स्थित आदर्श वृद्धा आश्रम में नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन

    सीसीएल द्वारा पिस्का नगड़ी स्थित आदर्श वृद्धा आश्रम में नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन

    राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के जन आरोग्य केन्द्र द्वारा 06 फरवरी, 2026 को रांची के पिस्का नगड़ी स्थित आदर्श वृद्धा आश्रम में नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 76 लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।

    शिविर के दौरान विशेष रूप से हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, हाइपरटेंशन सहित अन्य सामान्य एवं गंभीर बीमारियों की जाँच की गई। जाँच के उपरांत सभी लाभार्थियों को आवश्यक नि:शुल्क दवाएँ भी उपलब्ध कराई गईं। इस शिविर के सफल आयोजन में डॉ. प्रीति तिग्गा (सीएमओ, सीएसआर इंचार्ज), डॉ. अनिता होरो, डॉ. आशिमा तिग्गा, डॉ. शिखा, डॉ. स्वाति, डॉ. शिल्पी झा, डॉ. मेघा, मुन्ना कुमार सिंह, कमलेश पंडित एवं समस्त पैरामेडिकल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। स्थानीय लोगों एवं आश्रम प्रबंधन ने सीसीएल की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

  • एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना  द्वारा सोलर लैम्प वितरण 

    एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना  द्वारा सोलर लैम्प वितरण 

    हजारीबाग। एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना के द्वारा आज मिडिल स्कूल, बडकागाँव के विद्यार्थियों को सोलर लैम्प वितरित किया गया। यह पहल विद्यार्थियों को पढ़ने में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।

    सोलर लैम्प की सहायता से विद्यार्थियों को अब बिजली की अनुपलब्धता की स्थिति में भी निर्बाध रूप से अध्ययन करने में सुविधा होगी, जिससे उनकी तैयारी और बेहतर हो सकेगी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक ने इस सराहनीय पहल के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि यह प्रयास विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

  • बीसीसीएल सीएसआर पहल के अंतर्गत सीटीटीसी कोलकाता में कौशल विकास कार्यक्रम के दीक्षांत समारोह का आयोजन

    बीसीसीएल सीएसआर पहल के अंतर्गत सीटीटीसी कोलकाता में कौशल विकास कार्यक्रम के दीक्षांत समारोह का आयोजन

    धनबाद। बीसीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत सेंट्रल टूलरूम एंड ट्रेनिंग सेंटर (सीटीटीसी), कोलकाता में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन पर आज दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम में धनबाद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों जैसे कतरास, बाघमारा, झरिया आदि से आए कुल 250 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया, जिन्होंने विभिन्न यांत्रिक एवं औद्योगिक अभियांत्रिकी ट्रेड्स में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया है। बीसीसीएल द्वारा सीटीटीसी कोलकाता के सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करने तथा उन्हें रोजगार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से संचालित किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 250 प्रतिभागियों  में से अब तक 214 छात्रों को प्रतिष्ठित संगठनों से रोजगार के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। शेष प्रतिभागियों के लिए प्लेसमेंट प्रक्रिया जारी है और उन्हें भी शीघ्र रोजगार उपलब्ध कराए जाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

    दीक्षांत समारोह के दौरान निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों को आत्मविश्वास के साथ स्वीकार करने, निरंतर सीखते रहने और अनुशासन एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने पर बल दिया। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में नई तकनीकों को सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने की आवश्यकता है, जिससे युवा बेहतर रोजगार प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें। बीसीसीएल का यह प्रयास केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए सक्षम, आत्मनिर्भर और कुशल युवा तैयार करना है।

    कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और बीसीसीएल द्वारा प्रदान किए गए इस अवसर के लिए आभार व्यक्त किया। छात्रों  ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके करियर निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

    इस अवसर पर सीटीटीसी के महाप्रबंधक (प्रशिक्षण) अपने समर्पित टीम सदस्यों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार किए जाने की जानकारी दी। समारोह का समापन राष्ट्र निर्माण में कुशल मानव संसाधन की भूमिका को रेखांकित करते हुए किया गया। कार्यक्रम की सफलता में बीसीसीएल सीएसआर टीम की वरीय प्रबंधक सुश्री नीलांजना चक्रवर्ती सहित अन्य का विशेष योगदान रहा।  

  • सीएमपीडीआई, रांची एवं आर0के0एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर,मुम्बई के बीच एक एमओए पर हस्ताक्षर

    सीएमपीडीआई, रांची एवं आर0के0एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर,मुम्बई के बीच एक एमओए पर हस्ताक्षर

    रांची । सीएमपीडीआई (मुख्यालय), रांची  ने अपनी सीएसआर पहल ‘‘आरोग्य पोषण’’ को लागू करने के लिए आर0के0एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर, मुम्बई के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किया। इस पहल का उद्देश्य रांची जिले के सीएमपीडीआई कमांड क्षेत्रों में लगभग 1550 टीबी रोगियों को छह महीने अवधि के लिए पोषण संबंधी सहायता प्रदान करना है। इससे टीबी रोगियों के प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने, उपचार के परिणामों में गुणात्मक सुधार तथा शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिलेगी।

    इस समझौते ज्ञापन पर सीएमपीडीआई के ओर से महाप्रबंधक (एचआरडी/सीएसआर) डाॅ0 शिशिर दत्ता एवं आर0के0एचआईवी एड्स रिसर्च एंड केयर सेंटर की परियोजना प्रमुख सुश्री योगिता बोरकर मुरलीधरन ने हस्ताक्षर किए।

    इस पहल के माध्यम से सीएमपीडीआई सामुदायिक स्वास्थ्य, लैंगिग समानता, सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और अपने परिचालन क्षेत्रों में स्थानीय समुदायों के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। 

  • अर्पिता महिला मंडल की पहल से महिलाओं को मिला स्वरोज़गार का अवसर

    अर्पिता महिला मंडल की पहल से महिलाओं को मिला स्वरोज़गार का अवसर

    सीसीएल क्षेत्रों में सिलाई प्रशिक्षण पूर्ण, 21 महिलाओं को प्रमाण पत्र व मशीनें वितरित

    रांची: अर्पिता महिला मंडल अध्यक्षा प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित सिलाई मशीन प्रशिक्षण कार्यक्रम इस वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण उपरांत आयोजित परीक्षा में 21 प्रतिभागियों ने सफलता प्राप्त की, जिन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही उत्तीर्ण लाभार्थियों को सिलाई मशीन एवं सिलाई किट का वितरण भी किया गया।

    यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सीसीएल के सीएसआर विभाग एवं सृजन संस्था के समन्वय से संचालित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को व्यावसायिक कौशल से सशक्त बनाकर उन्हें स्वरोज़गार के अवसर उपलब्ध कराना था। प्रशिक्षण अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्ष प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

    अर्पिता महिला मंडल ने आश्वासन दिया कि भविष्य में प्रशिक्षित महिलाओं को कार्य के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे तथा उन्हें नियमित मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपनी स्थायी आजीविका विकसित कर सकें।

    उल्लेखनीय है कि अर्पिता महिला मंडल बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के कल्याण हेतु निरंतर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। मंडल की सदस्याएँ समाज सेवा के कार्यों में अपने निजी संसाधनों एवं स्वैच्छिक योगदान के माध्यम से भागीदारी निभाती हैं और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए सतत प्रयासरत हैं।

  • दो दिवसीय बसंतोत्सव मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न, सांस्कृतिक रंगों में रंगा पीवीयूएनएल परिसर

    दो दिवसीय बसंतोत्सव मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न, सांस्कृतिक रंगों में रंगा पीवीयूएनएल परिसर

    पतरातु।पीवीयूएनएल द्वारा आयोजित दो दिवसीय बसंतोत्सव मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मेले के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में निदेशक (पावर)  तजिंदर गुप्ता, बीएचईएल उपस्थित रहे। उनका स्वागत  ए.के. सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पीवीयूएनएल एवं महाप्रबंधकों द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

    दूसरे दिन का प्रमुख आकर्षण इंटर हाउस सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, जिसमें कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नृत्य, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और सभी को मनोरंजन से भर दिया। कार्यक्रम ने आपसी सौहार्द और पारिवारिक सहभागिता को और मजबूत किया।

    समापन सत्र में लकी ड्रॉ के अंतर्गत लॉटरी टिकट पुरस्कारों का वितरण किया गया, जिसने प्रतिभागियों में खासा उत्साह पैदा किया। यह बसंतोत्सव मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि संगठनात्मक एकता और सामाजिक जुड़ाव को भी सशक्त करने वाला आयोजन सिद्ध हुआ।

  • कोल माइनिंग परियोजनाओं में  दो दिवसीय नैशनल एग्जिक्युटिव फेडरेशन ऑफ़ इंडिया का सफलतापूर्वक आयोजन 

    कोल माइनिंग परियोजनाओं में  दो दिवसीय नैशनल एग्जिक्युटिव फेडरेशन ऑफ़ इंडिया का सफलतापूर्वक आयोजन 

    हजारीबाग । कोल माइनिंग परियोजनाओं में 30 से 31 जनवरी 2026 तक दो दिवसीय नैशनल एग्जिक्युटिव फेडरेशन ऑफ़ इंडिया का सफलतापूर्वक आयोजन हजारीबाग किया गया। इस बैठक में देशभर की विभिन्न एनटीपीसी परियोजनाओं से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक की शुरुआत पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग परियोजना के परियोजना प्रमुख   सुब्रत कुमार दास के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने एसोसिएशन के सभी  प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कर्मचारियों के कल्याण को सुदृढ़ करने के लिए सामूहिक संवाद और सहभागिता के महत्व पर बल दिया।

    इसके पश्चात सभी एनईएफ़आई प्रतिनिधियों द्वारा स्वर्गीय कुमार गौरव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। दो दिवसीय काउंसिल मीटिंग के दौरान एनटीपीसी कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। प्रमुख विषयों में सुरक्षा एवं संरक्षा उपायों के साथ-साथ कर्मचारियों के समग्र कल्याण और हितों से जुड़े अन्य विषय शामिल रहे।

    इस बैठक में एनईएफ़आई के अध्यक्ष कुमार देवाशीष, महासचिव राजेन्द्र जाट सहित देशभर की 42 से अधिक एनटीपीसी परियोजनाओं से आए एनईएफ़आई प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनकी सहभागिता ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और एक सकारात्मक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण के निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाया। एनईएफ़आई काउंसिल मीटिंग का समापन सकारात्मक एवं रचनात्मक वातावरण में हुआ, जिसमें संगठन द्वारा प्रबंधन के साथ मिलकर एनटीपीसी कर्मचारियों के समग्र कल्याण एवं विकास के लिए निरंतर सहयोग करने के संकल्प को दोहराया गया।