Category: CHHATTISGRAH

  • सुषमा के स्नेहिल सृजन”…

    सुषमा के स्नेहिल सृजन”…

    छंद-चौपाई ”स्नेहिल सृजन:जीवन के दो पहियों पर”
    ~~~~~~~~
    अपनों का जब मिले सहारा।
    जीवन बनता सुखद दुबारा।।
    दो पहियों की सुलभ सवारी।
    लगती सबको अति ही प्यारी।।

    माँ की हँसी पिता का साया।
    बालक के भी मन को भाया।।
    चले साइकिल पथ मुस्काता।
    सपनों का रथ आगे जाता।।

    पथ की दूरी घटती जाए।
    हरीतिमा मन को है भाए।।
    साथ प्रेम मिलता जब प्यारा।
    चमके जीवन सुखद सहारा।।

    दो पहियों पर गढ़ें कहानी।
    कोमल यादों की ये बानी।।
    ’सुषमा’ सुंदर प्रीत निभाती।
    जीवन को शुभ पथ दिखलाती।।

    धैर्य बने जीवन की पूँजी।
    सुख-दुख संगत बांधें कुंजी।।
    हर बाधा को सरल बनाएँ।
    खुशियों में ही समय बिताएँ।।

    चक्र समय का जब भी घूमे।
    स्नेहिल छाया पीछे चूमे।।
    रथ सपनों का बढ़ता जाए।
    सतत प्रयास न रुकने पाए।।
    सुषमा प्रेम पटेल 20250117
    (रायगढ़/रायपुर छ.ग.

  • एनआईपीएम बिलासपुर चैप्टर की आम सभा की बैठक समप्न्न

    एनआईपीएम बिलासपुर चैप्टर की आम सभा की बैठक समप्न्न

    चैप्टर ने संस्था के पुनर्गठन का निर्णय लिया, एसईसीएल के सीएमडी डॉ. प्रेम सागर मिश्रा होंगे मुख्य संरक्षक

    विलासपुर। राष्ट्रीय कार्मिक प्रबंधन संस्थान, बिलासपुर चैप्टर की आम सभा की बैठक आज एमडीआई, एसईसीएल इंदिरा विहार कॉलोनी में आयोजित की गई, जिसमें एसईसीएल के सीएमडी डॉ. प्रेम सागर मिश्रा मुख्य अतिथि और निदेशक (कार्मिक)  बिरंची दास विशिष्ट अतिथि रहे।

    बैठक के दौरान संस्था को पुनर्जीवित करने और पुनर्गठन करने का निर्णय लिया गया। पुनर्गठन के अनुसार, एसईसीएल के सीएमडी डॉ. प्रेम सागर मिश्रा मुख्य संरक्षक और निदेशक (कार्मिक) श्री बिरंची दास अध्यक्ष होंगे।

    संस्था के मुख्य संरक्षक डॉ मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी उद्योग में मानव संसाधन के महत्व के बारे में बात की और उपस्थितों को आने वाले समय में कम उम्र में बड़ी जिम्मेदारियां  संभालने के लिए तैयार रहने को कहा। एनआईपीएम, बिलासपुर चैप्टर के अध्यक्ष ने गतिशील दुनिया में मानव संसाधन-कार्मिक बिरादरी की उभरती भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने आगे कहा कि चैप्टर सदस्यों के लाभ के लिए कई गतिविधियों को जारी रखने का प्रयास करेगा। 

    अन्य पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष श्रीमती सुजाता रानी जीएम (पी), उपाध्यक्ष सुवंकर परिदा जीएम (पी), मानद सचिव वरुण शर्मा, प्रबंधक (पी), एसईसीएल मुख्यालय, अतिरिक्त सचिव श्रीमती रमा चक्रवर्ती, प्रबंधक (पी), गेवरा क्षेत्र और कोषाध्यक्ष अब्दुल नासिर खान, प्रबंधक (पी), ईई विभाग, एसईसीएल मुख्यालय शामिल हैं।

  • राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने सूरजपुर जिले में निर्वाचन व्यवस्था का लिया जायजा

    राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने सूरजपुर जिले में निर्वाचन व्यवस्था का लिया जायजा

     बिश्रामपुर बस स्टैंड पर चल रहे ईवीएम डेमो मशीन प्रदर्शन का किया अवलोकन, हैंडस ऑन एक्सपीरिंएस को प्राथमिकता देने के दिये निर्देश, शा.क.उ.म.वि. नवापारा की छात्राओं द्वारा मताधिकार प्रयोग हेतु पालको को किये गये पत्र लेखन की सराहना की, मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत  जिला  सयुंक्त कार्यालय सूरजपुर से बाइक रैली को  हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    रायपुर /छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह आज नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 अंतर्गत जिला सूरजपुर के दौरे पर रहे । जहां उनके द्वारा निर्वाचन के संबंध में जिले में चल रही तैयारियों का जायजा लिया गया। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जयनगर मतदान केंद्र से निरीक्षण की शुरूआत कीतथा सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा. इसके पश्चात श्री सिंह ने बिश्रामपुर बस स्टैंड पर चल रहे ईवीएम डेमो मशीन प्रदर्शन का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने ईवीएम मशीन के प्रदर्शन कर्ता को स्थल पर डेमो के लिए उपलब्ध मशीन का ज्यादा से ज्यादा हैंडस ऑन एक्सपीरिंएस अर्थात व्यवाहरिक अनुभव उपस्थित आमजन के बीच मिले, इस बात पर ज्यादा जोर देने की बात कही। उन्होंने उपस्थित भावी मतदाताओं को अपने समक्ष ईवीएम डेमो मशीन पर मताधिकार का उपयोग करने हेतु आमंत्रित किया।

    इसके पश्चात निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने आई टी आई में बनाये स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था व निर्वाचन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया । इसके साथ ही वहां उपस्थित निर्वाचन से संबंधित अधिकारियों को उनके द्वारा आवश्यक दिशानिर्देेश दिये गये। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नवापारा में जाबो मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत विद्यालय की छात्राओं द्वारा अपने पालक एवं परिवार के अन्य परिचित सदस्यों के लिए पत्र लेखन किया गया, इस अवसर पर वहां उपस्थित राज्य निर्वाचन आयुक्त ने  विद्यालय की छात्राओं की इस पहल की सराहना की और उन्हें भविष्य का जागरूक मतदाता संबोधित किया। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत जिला संयुक्त कार्यालय से बाईक रैली भी निकाली गई। जिसे राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला सयुंक्त कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर स्टेडिम ग्राउंड के लिए किया रवाना।

    इस अवसर पर  सरगुजा संभाग के संभाग आयुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा, नोडल अधिकारी नगर पालिका /पंचायत निर्वाचन (पुलिस) ओपी पाल,आई.जी. अंकित गर्ग, निर्वाचन आयोग के सचिव डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी एस जयवर्धन, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जगन्नाथ वर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के उप सचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव, अवर सचिव प्रणय कुमार वर्मा,  उप संचालक (जनसंपर्क) लक्ष्मीकांत कोसरिया एवं राज्य निर्वाचन आयुक्त के निज सचिव बलराम देवांगन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

  • नगरीय निकायों में ई वी एम के माध्यम से होगी वोटिंग, मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए करें जागरूक- अजय सिंह 

    नगरीय निकायों में ई वी एम के माध्यम से होगी वोटिंग, मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए करें जागरूक- अजय सिंह 

    नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 

      राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने सरगुजा जिला के वरिष्ठ अधिकारिओं से मतदान पूर्व तैयारियों की समीक्षा की 

     रायपुर /छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत मतदान पूर्व तैयारियों का जायजा लेने एक दिवसीय सरगुजा दौरे पर रहे। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्वाचन के सम्बन्ध में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।  इस अवसर पर आयोग के सचिव डॉ  सर्वेश्वर नरेंन्द्र भुरे एवं नोडल अधिकारी नगर पालिका एवं  पंचायत निर्वाचन (पुलिस) ओ.पी. पाल भी उपस्थित थे ।

    राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने  जिले के अधिकारिओं से कहा  कि स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल, मतदान केंद्रों में आपके द्वारा कि गई तैयारी अच्छी है। उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीनों के सम्बन्ध में प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है, क्योंकि इस बार एक ही मशीन में महापौर और पार्षद के लिए मतदाता को दो बार वोट देना होगा। उन्होंने मतदाताओं को ईवीएम मशीन के संबंध में  अधिक से अधिक जानकारी प्रदाय कर जागरूक करने कहा । उन्होंने अधिकारियों को आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और आचार संहिता उल्लंघन के प्रकरण को समय सीमा में त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे निर्वाचन तैयारी की सराहना की एवं नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन सुचारू एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न करने आवश्यक निर्देश दिए।

    राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव डॉक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने कहा कि महापौर, अध्यक्ष, पार्षद के लिए ईवीएम मशीन से वोटिंग होगा। मतदाताओं को ईवीएम मशीन के संबंध डेमो कर जागरूक करें। पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने वाले निर्वाचन कार्य लगे अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस बल को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। संभाग आयुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा ने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे निर्वाचन की तैयारी के सम्बन्ध में अवगत कराया तथा कहा कि निर्वाचन कार्य शांतिपूर्ण संपन्न होगी। वहीं पुलिस महानिरीक्षक श्री अंकित गर्ग ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर ने नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन को सुचारू रूप संचालन एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने के सम्बन्ध में आवश्यक तैयारियों के सम्बन्ध में जानकारी उपलब्ध करायी। 

    अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक ने बैठक में निर्वाचन के सम्बन्ध में जिले की जानकारी उपलब्ध करायी। उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों में कुल 1लाख 34 हज़ार 277 मतदाता एवं त्रिस्तरीय पंचायत में 5लाख 42 हज़ार 354 मतदाता है। नगरीय निकायों में मतदान केंद्र 173 है, जिसमें 10 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं।वहीं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए 1099 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से  संवेदनशील 77 एवं अति संवेदनशील 12 मतदान केंद्र  हैं। उन्होंने  नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन सुचारू एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने के लिए आवश्यक व्यवस्था, अधिकारी कर्मचारियों की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम, नगरीय निकाय नामांकन की स्थिति, पंचायत निर्वाचन नामांकन की स्थिति, स्ट्रांग रूम, कमीशनिंग स्थल, मतगणना केंद्र, मतपत्र मुद्रण की व्यवस्था, निर्वाचन प्रशिक्षण कार्यक्रम, रूट चार्ट, वाहन व्यवस्था की जानकारी दी।

    बैठक में सरगुजा संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी सरगुजा अंकित गर्ग, कलेक्टर विलास भोसकर, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अपर कलेक्टर सुनील नायक,आयोग  के उप सचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव,अवर सचिव प्रणय कुमार वर्मा, जनसम्पर्क विभाग के उप संचालक लक्ष्मीकांत कोसरिया एवं निज सचिव बलराम देवांगन  सहित निर्वाचन से सम्बंधित अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित थे ।

  • राज्य निर्वाचन आयुक्त एक दिवसीय दौरे पर सरगुजा पहुंचे,  मतगणना स्थल, मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण 

    राज्य निर्वाचन आयुक्त एक दिवसीय दौरे पर सरगुजा पहुंचे,  मतगणना स्थल, मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण 

      निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

    रायपुर, / राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत मतदान पूर्व तैयारियों की जायजा लेने एक दिवसीय सरगुजा प्रवास पर रहे।  निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह ने शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम एवं  मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रांग रूम में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी सहित अन्य  सभी मूलभूत आवश्यकताओं को समय पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।इनके साथ आयोग के सचिव डॉ  सर्वेश्वर नरेंन्द्र भुरे एवं नोडल अधिकारी नगर पालिका एवं  पंचायत निर्वाचन (पुलिस) ओ.पी. पाल भी उपस्थित थे ।

     निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने मतगणना स्थल में बिजली, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त  बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, एजेंट के बैठने की व्यवस्था, मतगणना कक्ष की जानकारी लेकर  सम्बंधित अधिकारिओं को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों के प्रशिक्षण का भी अवलोकन किया तथा मास्टर ट्रेनर्स को मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया के सभी पहलुओं को बारीकी से अवगत कराने कहा। उन्होंने डाकमत पत्र का भी अवलोकन किया। निरीक्षण की कड़ी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह ने बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान सरगुजा संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी सरगुजा अंकित गर्ग कलेक्टर विलास भोसकर, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राज्य निर्वाचन आयोग के उप सचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव, अवर सचिव प्रणय कुमार वर्मा,जनसम्पर्क विभाग के उप संचालक लक्ष्मीकांत कोसरिया एवं निर्वाचन आयुक्त के निज सचिव बलराम देवांगन सहित निर्वाचन से सम्बंधित अधिकारी ,कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • नैतिक वकालत महात्मा गांधी की ‘कानून और न्याय’ की संकल्पना का आधार -कुलपति प्रो. आर. वेंकट राव

    नैतिक वकालत महात्मा गांधी की ‘कानून और न्याय’ की संकल्पना का आधार -कुलपति प्रो. आर. वेंकट राव

    रायपुर/ हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचएनएलयू ), रायपुर ने 4वां महात्मा गांधी स्मृति व्याख्यान 30 जनवरी 2025 को शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित किया। यह व्याख्यान, जिसका मुख्य विषय “कानून और न्याय पर गांधी के विचारों की शाश्वत प्रासंगिकता” रहा , प्रो. (डॉ.) आर. वेंकट रावकुलपति, IIULER गोवा एवं डिस्टिंगुइश्ड जूरिस्ट प्रोफेसर , एचएनएलयू  द्वारा दिया गया।

    गांधी की अहिंसा और सत्याग्रह की प्रासंगिकता

    एचएनएलयू के कुलपति प्रो. वी.सी. विवेकानंदन ने अपने प्रारंभिक संबोधन में गांधी के अहिंसा और सत्याग्रह के दर्शन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ये सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने प्रो. आर. वेंकट राव का परिचय देते हुए कहा कि वे इस स्मृति व्याख्यान को प्रस्तुत करने के लिए सर्वथा उपयुक्त वक्ता हैं।

    गांधी के नैतिक कानून और न्याय पर विचार

    अपने व्याख्यान में प्रो. वेंकट राव ने बताया कि महात्मा गांधी का नैतिक कानून, न्याय और समाज में कानून की भूमिका पर गहरा प्रभाव था। उन्होंने सत्य, अहिंसा और मानव गरिमा के उनके शाश्वत सिद्धांतों को रेखांकित किया।

    प्रो. राव ने कहा कि गांधी केवल एक राजनीतिक नेता ही नहीं, बल्कि एक महान विधि विचारक भी थे, जिन्होंने नैतिक रूप से जागरूक कानूनी व्यवसाय का समर्थन किया। गांधी का विधिक दर्शन इस सिद्धांत पर आधारित था कि न्याय सत्य और सामाजिक कल्याण से जुड़ा होना चाहिए

    उन्होंने गांधीवादी दृष्टिकोण को निम्नलिखित रूप में प्रस्तुत किया:

    ●     नैतिक वकालत जिसमें नैतिक मूल्यों को तकनीकी कानूनी प्रक्रियाओं से अधिक महत्व दिया जाता है।

    ●     मुकदमेबाजी के बजाय सुलह को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

    ●     व्यक्तिगत लाभ के बजाय समाज की सेवा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

    गांधी के औद्योगीकरण और शहरीकरण पर विचार

    प्रो. राव ने गांधी द्वारा अनियंत्रित औद्योगीकरण और शहरीकरण की आलोचनाविकेन्द्रीकृत शासन की वकालत, और यह विचार कि वकीलों को संघर्ष बढ़ाने के बजाय विवादों के समाधान पर कार्य करना चाहिए, पर प्रकाश डाला।

    उन्होंने बताया कि गांधी का यह विचार कि वकालत का उद्देश्य व्यक्तिगत संपत्ति अर्जन न होकर समाज सेवा होना चाहिए, आज भी अत्यंत प्रासंगिक है

    सत्य और न्यायिक प्रक्रियाओं में गांधी का योगदान

    प्रो. राव ने यह भी बताया कि गांधी न्यायिक प्रक्रिया में सत्य को सर्वोच्च मानते थे। उन्होंने कभी भी केवल मुकदमा जीतने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत नहीं किया। उन्होंने विवाद समाधान के लिए मध्यस्थता और समझौते को प्राथमिकता देने की बात कही, जो कि आधुनिक विधिक सुधारों के लिए एक अनुकरणीय मॉडल हो सकता है।

    एचएनएलयू में व्याख्यान एवं पत्रिका का विमोचन

    इस कार्यक्रम की स्वागत भाषण प्रो. (डॉ.) योगेंद्र श्रीवास्तव, डीन, पीजी स्टडीज ने दिया, जबकि डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव, रजिस्ट्रार (प्र.) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन एचएनएलयू के अंतिम वर्ष के छात्र श्री विनीत बछवानी द्वारा किया गया।

    कार्यक्रम के दौरान एचएनएलयू जर्नल ऑफ़ लॉ एन्ड  सोशल साइंसेस – वॉल्यूम X – इशू II का विमोचन भी माननीय अतिथियों द्वारा किया गया।

    महात्मा गांधी स्मृति व्याख्यान की परंपरा

    4वां महात्मा गांधी स्मृति व्याख्यान, एचएनएलयू द्वारा 2022 में आरंभ की गई वार्षिक परंपरा का हिस्सा है। इस व्याख्यान श्रृंखला का उद्देश्य राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार करना और भावी नेताओं को सुशासन एवं नैतिक नेतृत्व के सिद्धांतों से प्रेरित करना है। एचएनएलयू इस श्रृंखला के माध्यम से गांधी के विचारों को कानूनी शिक्षा एवं सामाजिक न्याय में लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है

  • नील गाय को बचाने में कार पेड़ से टकराई छः घायल 

    नील गाय को बचाने में कार पेड़ से टकराई छः घायल 

     कार से कुम्भ स्नान कर घर वापस लौट रहा था परिवार

    म्योरपुर/सोनभद्र। मुर्धवा बिजपुर मार्ग पर गुरुवार को प्रयागराज से कुम्भ स्नान कर अपने घर को वापस जा रहे एक परिवार का कार नील गाय को बचाने मे पेड़ से टकरा गयी जिसमे छोटे छोटे बच्चे सहित कुल छः लोग घायल हो गये ग्राम प्रधान सन्त कुमार गुप्ता की सुचना पर  पहुँचे म्योरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार सिंह से तत्काल घायलों को म्योरपुर सीएचसी भेजवाया जहाँ उपस्थित डाक्टरो ने बिना देरी किये प्रथम उपचार शुरू कर दिया।

    इलाज कर रहे डॉक्टर अंकित सिंह ने बताया की आज सड़क दुर्घटना मे कुल छः लोगो को लाया गया था जिनका नाम नवीनकुमार पुत्र उदय शंकर प्रसाद 45,मालती देवी पत्नी उदयशंकर प्रसाद 65, सीता देवी पत्नी नवीन कुमार 42 वर्ष, स्वाति सिंह पुत्री नवीन कुमार 14,सत्यम सिंह पुत्र नवीन कुमार 12 वर्ष, आदि कुमार सिंह पुत्र नवीन कुमार सिंह 16 वर्ष निवासी जारही अंबिकापुर छत्तीसगढ़ का इलाज चल रहा है जिसमे से चार लोगो की स्थिति गंभीर देखते हुए प्रथम उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ग्राम प्रधान सन्त कुमार गुप्ता ने बताया की म्योरपुर की ओर से छत्तीसगढ़ की ओर जा रही डिजायर कार के आगे एक पिकअप जा रहा था।
        इसी दौरान रोड़ पर दौड़ते हुए एक नील गाय आ गयी जिससे पिकअप की टक्कर नील गाय से हो गयी इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही डिजायर कार नील गाय को बचाने मे रोड़ किनारे एक पेड़ से टकरा गयी जिससे कार के बुरी तरह छतिग्रस्त हो गयी। वही म्योरपुर के प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार सिंह ने बताया की घायलों को पुलिस ने अस्पताल भिजवा दिया है वन विभाग को पशु विभाग को फोन कर घटना की जानकारी देंदी गयी है।

  • एसईसीएल सीएमडी डॉ प्रेम सागर मिश्रा 31जनवरी होने जा रहे हैं सेवानिवृत

    एसईसीएल सीएमडी डॉ प्रेम सागर मिश्रा 31जनवरी होने जा रहे हैं सेवानिवृत

    गेवरा व कुसमुंडा बनीं विश्व की दो सबसे बड़ी खदान, 2000 से भू-स्वामियों को दिया गया रोजगार

    विलासपुर। एसईसीएल सीएमडी डॉ प्रेम सागर मिश्रा कल दिनांक 31 जनवरी 2025 को सेवानिवृत होने जा रहे हैं। इस अवसर पर कल एसईसीएल मुख्यालय में डॉ मिश्रा के लिए एक सम्मान समारोह का आयोजन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। 

    डॉ मिश्रा ने फरवरी 2022 में एसईसीएल के सीएमडी का पदभार ग्रहण किया था। सीएमडी डॉ मिश्रा ने नेतृत्व में एसईसीएल ने लगातार 2 वर्षों में 25 मिलियन टन के ऊपर 20 मिलियन टन की ग्रोथ हासिल करते हुए अपने इतिहास का सर्वाधिक कोयला उत्पादन, डिस्पैच एवं ओबीआर दर्ज किया। डॉ मिश्रा के नेतृत्व में एसईसीएल की गेवरा एवं कुसमुंडा खदान ने विश्व की दूसरी एवं चौथी सबसे बड़ी कोयला खदान बन छत्तीसगढ़ को विश्व पटल पर ख्याति दिलाई। 

    संवेदनशील प्रबंधन – संवादशील प्रबंधन की नीति के साथ सीएमडी डॉ प्रेम सागर मिश्रा के कार्यकाल में भू-अधिग्रहण को गति मिली एवं 2000 से अधिक भू-स्वामियों को रोजगार स्वीकृत किए गए। 

    कंपनी ने कई वर्षों बाद अंडरग्राउंड उत्पादन में बढ़ोत्तरी हासिल की और अपने इतिहास का सर्वाधिक यूजी उत्पादन दर्ज किया।  सीएसआर के तहत कंपनी ने फ्री नीट कोचिंग की पहल एसईसीएल के सुश्रुत एवं जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित बच्चों के इलाज के लिए एसईसीएल धड़कन योजना की शुरुआत हुई। इसके साथ ही पौधरोपण, उच्च क्षमता की सौर परियोजनाओं के शुरू होने से पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिली।  सीएमडी डॉ मिश्रा द्वारा कंपनी में मेंटर-मेंटी स्कीम एवं कई मिशनों की शुरुआत की गई जिससे कंपनी की कार्यसंस्कृति ने नए आयाम छूए। 

    पढ़ें सीएमडी डॉ प्रेम मिश्रा के बारे में – 

    डा. प्रेम सागर मिश्राजी का जन्म दिनांक 15.01.1965 को उत्तरप्रदेश के देवरिया जिला अंतर्गत देवघाट के एक सुसंस्कृत एवं प्रतिष्ठित परिवार में हुआ। आपके पिताजी का नाम स्व. रामनाथ मिश्रा है। चुनौतियों से जूझने एवं अपने प्रदत्त दायित्वों व कर्तव्यों के भलीभांति निर्वहन करने का व्यक्तित्व आपको विरासत में मिला है। आपने सुभाष इंटर कॉलेज भटनी देवरिया से हाईस्कूल, गवर्नमेंट इंटर कॉलेज देवरिया से इंटरमिडिएट की प्रारंभिक शिक्षा हासिल की। आपने इण्डियन स्कूल आफ माईन्स, धनबाद से वर्ष 1987 में बी.टेक (माईनिग) की डिग्री प्राप्त की है। 

    आपकी दूरदर्शिता, व्यापक अनुभव, कार्यदक्षता, कार्य-निष्पादन की कुशल कार्य-शैली, प्रबंधकीय क्षमता, कुशाग्रता, चुनौतियों से जूझने का जज्बा, लक्ष्य प्राप्ति की लगन तथा नित्यशील परिश्रम की विलक्षण क्षमता के फलस्वरुप आपने सभी क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों को कुशलतापूर्वक निष्पादित किया। 

    आपको कोयला उद्योग में लगभग 37 वर्षों का दीर्घ अनुभव है तथा आपकी छवि आधुनिकीकरण, अवसंरचनात्मक विकास तथा तकनीक के पैरोकार के रूप में रही है। आपने 24 अगस्त 1987 को जेट माईनिंग के रूप में कोल इंडिया लिमिटेड में कार्यभार ग्रहण किए उपरांत आपकी पदस्थापना एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत बुढ़ार नंबर-3 माईन में हुई, पश्चात आप धनपुरी यूजी, न्यू अमलाई यूजी, राजेन्द्रा यूजी माईन, बंगवार यूजी, चचाई यूजी में कालरी मैनेजर, सेफ्टी आफिसर के पद पर कार्य किए। सोहागपुर क्षेत्र के राजेन्द्रा यूजी माईन में वर्ष 1995 में लांगवाल टेक्नॉलॉजी लगाए जाने के लिए आपको स्पेशल  एसाइनमेंट पर राजेन्द्रा यूजी माईन पदस्थापित किया गया। मई 2001 में आपकी पदस्थापना बिश्रामपुर क्षेत्र में हुई जहॉं जयनगर 3 एवं 4 यूजी, बिश्रामपुर ओसी में कालरी मैनेजर, सुपरिटेण्डेन्ट आफ माईन्स के पद पर कार्य किए, उपरांत वर्ष 2003 में आप डिप्टी चीफ माईनिंग इंजीनियर पद पर पदोन्नत होकर सेन्ट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड स्थानान्तरित हुए, जहाँ आपने बरका सयाल एरिया अंतर्गत ऊरीमारी ब्लाक, एनके एरिया केडीएच ओपनकास्ट, परेज ईस्ट ओपनकास्ट हजारीबाग एरिया में प्रोजेक्ट आफिसर के पद पर कार्य किया। जून 2008 में आप बीसीसीएल स्थानांतरित होकर ब्लाक-2 और बरोरा एरिया के एरिया जनरल मैनेजर, प्रोजेक्ट आफिसर रहे। आप वर्ष 2015 में उड़ीसा मिनरल डेव्हलपमेंट कारपोरेशन (ओएमडीसी) के डायरेक्टर प्रोडक्शन एण्ड प्लांनिंग रहे तथा 20 अगस्त 2018 को आप ईसीएल के सीएमडी का पदभार ग्रहण किए, इसके उपरांत आप दिनांक 28.01.2022 को एसईसीएल के सीएमडी का पदभार ग्रहण किया। 

    कोयला उद्योग में आपका कार्यकाल कई अभूतपूर्व उपलब्धियों से भरा रहा। एसईसीएल के सीएमडी के रूप में आपके प्रेरक नेतृत्व में एसईसीएल ने अपने इतिहास का सर्वाधिक कोयला उत्पादन, डिस्पैच एवं ओबीआर दर्ज किया एवं सभी मानकों पर रिकॉर्ड ग्रोथ दर्ज की साथ ही कोयला मंत्रालय एवं भारत सरकार के विभिन्न अभियानों में एसईसीएल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई अवार्ड हासिल किए। मिशन मोड की कार्यसंस्कृति के माध्यम से आपने कंपनी की कार्यसंस्कृति एवं कर्मियों के मनोबल में एक नयी ऊर्जा का संचार किया। अपनी मेंटर-मेंटी पहल से आपने युवा अधिकारियों से सीधा संवाद एवं विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया।

    आपको विभिन्न संस्थाओं द्वारा प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया जिसमें प्रमुख रूप से  IIT-ISM धनबाद द्वारा प्रतिष्ठित एलुमनी पुरस्कार, लगातार दो बार बिजनेस लीडर ऑफ दी इयर अवार्ड, कोयला खनन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित “एमजीएमआई अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन कोल माइनिंग”, इंडियन माइनिंग एंड इंजीनियरिंग जर्नल (2025) द्वारा “लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड”, वर्ल्ड HRD कांग्रेस (2024) में “सीईओ विद एचआर ओरिएंटेशन अवार्ड” जैसे प्रतिष्ठित सम्मान शामिल हैं।   

    आपकी इस उपलब्धिपूर्ण जीवनयात्रा में आपकी जीवन संगिनी श्रीमती पूनम मिश्रा की अत्यंत महत्वपूर्णं भूमिका रही। श्रीमती पूनम मिश्रा शिक्षित, सुसंस्कृत होने के साथ-साथ कुशल गृहिणी के रूप में पारिवारिक-सामाजिक जिम्मेदारियों के बखूबी निर्वहन के लिए एक आदर्श महिला के रूप में जानी जाती है। श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा का दायित्व संभालते हुए आप समाज कल्याण के कार्यों में काफी सक्रिय रहीं तथा सांस्कृतिक कार्यकलापों में संबद्ध रहते हुए भी आपकी प्रेरणास्त्रोत रहीं और आपकी विकास यात्रा में उन्होंने चरण-दर-चरण महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई । आपके दो पुत्र हैं। आपके ज्येष्ठ पुत्र पीयूष सागर मिश्रा सिंगापुर की एक बड़ी मल्टी नेशनल कम्पनी में कार्य कर रहे हैं, वहीं कनिष्ठ पुत्र प्रतीक सागर मिश्रा बेंगलोर में एक स्टार्टअप के संस्थापक हैं ।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन

    रायपुर /मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। 

    मुख्यमंत्री श्री साय ने भारत की आजादी के लिए महात्मा गांधी जी के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए  कहा कि गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से भारत को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांधी जी के विचार आज भी दुनिया भर के लोगों को प्रेरित करते हैं। सत्य, अहिंसा और शांति का संदेश देने वाले गांधी जी के जीवन मूल्य एवं आदर्श सदैव हम सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी गांधी जी के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का प्रण लें और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन

    *शहीद दिवस पर अमर सेनानियों को दी श्रद्धांजलि*

    रायपुर /मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी की 30 जनवरी को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। श्री साय ने महात्मा गांधी सहित देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि शहीद दिवस उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इन वीर बलिदानियों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता।

    भारत की आजादी के लिए महात्मा गांधी जी के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए श्री साय ने कहा कि गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से भारत को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांधी जी के विचार आज भी दुनिया भर के लोगों को प्रेरित करते हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हम सभी गांधी जी के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का प्रण लें और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।