बीजपुर/सोनभद्र। नवागत थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बीजपुर थाने का कार्यभार ग्रहण करने कें पश्चात गुरुवार को मीडिया से मुखातिब हुए।मीडियाकर्मियों से वार्ता के क्रम में नवागत थानाध्यक्ष ने कहा कि कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी और किसी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह कितना भी प्रभावशाली हो। थाना प्रभारी ने पदभार ग्रहण करने के बाद थाने में तैनात उपनिरीक्षकों सहित सभी पुलिस कर्मियों और मीडियाकर्मियों का परिचय जाना।चार्ज संभालते ही उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण किया और अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैठक कर अनुशासन,समय पालन एवं जनता के प्रति जिम्मेदारी को लेकर दिशा-निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले हर व्यक्ति के साथ शालीन व्यवहार किया जाएगा और हर शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी । उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नए थानाध्यक्ष के चार्ज संभालने से क्षेत्रीय जनता को कानून व्यवस्था में और सुधार की उम्मीद जगी है ।
Category: Beezpur
-

नशे में धुत बाइक सवार दो युवक गिरे,पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
बीजपुर। बीजपुर–बखरिहवा मार्ग पर नेमना मोड़ के समीप बीजपुर की ओर आते समय बाइक सवार दो युवक नशे की हालत में अनियंत्रित होकर गिर गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों युवक खून से लथपथ सड़क पर पड़े थे।राहगीरों की सूचना पर 112 पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अपने वाहन से धनवंतरी चिकित्सालय, रिहंद नगर पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। पूछताछ में घायलों की पहचान सूरज केवट (24) पुत्र सोहन केवट एवं सुदामा बैगा (23) पुत्र सूरज बैगा, दोनों निवासी पुनर्वास के रूप में हुई है।बताया गया कि दोनों युवक घर से कहीं गए थे और लौटते समय नशे की हालत में बाइक से गिर पड़े। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
-

पशु तस्करी का खुला खेल,डीसीएम ट्रक छोड़कर फरार हुए तस्कर
बीजपुर/सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर पशु तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। इन्जानी गांव के पास पशुओं से भरी एक डीसीएम ट्रक को तस्कर बीच रास्ते छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सतर्कता से मामला उजागर हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक समेत पशुओं को कब्जे में ले लिया।ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़ी संदिग्ध डीसीएम ट्रक से पशुओं की आवाजें सुनीं, जिससे उन्हें शक हुआ। तत्काल इसकी सूचना बीजपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तस्कर फरार हो चुके थे।पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी संख्या में पशु भरे मिले। सभी पशुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर थाने लाया गया और डीसीएम ट्रक को सीज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार तस्करों की तलाश की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि पशुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
-

एनटीपीसी रिहंद में दो दिवसीय “एंकरिंग एवं पब्लिक स्पीकिंग कार्यशाला” का आयोजन
बीजपुर । एनटीपीसी रिहंद द्वारा 3 से 4 नवम्बर 2025 तक स्कूल के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय “एंकरिंग एवं पब्लिक स्पीकिंग कार्यशाला” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में केन्द्रीय विद्यालय,डीएवी, सेंट जोसेफ रिहंद, डी. पॉल एवं डीपीएस विन्ध्यनगर, साथ ही केवी एवं सेंट जोसेफ शक्तिनगर के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक प्रतिभागिता की।
कक्षा 8वीं से 10वीं के विद्यार्थियों ने कार्यशाला की संकाय दीक्षा दीक्षित के मार्गदर्शन में संवाद एवं प्रस्तुति कौशल को निखारते हुए आत्मविश्वास और सार्वजनिक भाषण में दक्षता अर्जित की। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए सीखने और स्वयं को अभिव्यक्त करने का प्रेरक मंच सिद्ध हुआ। समापन समारोह में क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक(उत्तर)गौतम देब एवं कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद)अनिल श्रीवास्तव ने अपने प्रेरणादायक वचनों बच्चों का मार्गदर्शन किया ।
एनटीपीसी रिहंद द्वारा आयोजित यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा, जिसने युवा प्रतिभाओं में नेतृत्व, संवाद-कौशल और आत्मविश्वास की भावना को प्रोत्साहित किया।
-

एनटीपीसी रिहंद में वीएसआर वॉलीबाल टूर्नामेंट का उद्घाटन
वीजपुर।खेल हमें आपसी समन्वय के साथ ही एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है । उक्त उद्गार एनटीपीसी रिहंद परियोजना प्रमुख अनिल श्रीवास्तव, कार्यकारी निदेशक ने वीएसआर वॉलीबाल टूर्नामेंट के उदघाटन समारोह में व्यक्त किए । एनटीपीसी रिहंद में आज वीएसआर वॉलीबाल टूर्नामेंट का शुभारंभ एनटीपीसी रिहंद टाउनशिप परिसर स्थित सोन शक्ति स्टेडियम में आरंभ हुआ, जो कि 14 से 16 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस टूर्नामेंट में एनटीपीसी रिहंद, विन्ध्याचल और सिंगरौली परियोजना की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इसके पूर्व समारोह के मुख्य अतिथि एनटीपीसी रिहंद के परियोजना प्रमुख अनिल श्रीवास्तव, कार्यकारी निदेशक के स्टेडियम पहुँचने पर स्पोर्ट्स काउंसिल के पदाधिकारियों ने स्वागत किया । मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है और मुझे विश्वास है कि यह टूर्नामेंट आपसी समन्वय में कारगर साबित होगा। आप सभी खिलाड़ी खिलाड़ी खेल भावना का परिचय देते हुए इस टूर्नामेंट को सफल बनाएं । मैं सभी टीमों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ ।
उदघाटन मैच के पूर्व मुख्य अतिथि ने रिहंद और सिंगरौली टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फीता काटकर मैच का उदघाटन किया । उदघाटन समारोह के दौरान मुख्य महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), महाप्रबंधक (एडीएम), यूनियन और असोसियेशन के पदाधिकारियों सहित बहुत से कर्मचारी एवं दर्शक उपस्थित रहे ।
-

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया
बीजपुर । एनटीपीसी नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत आज बीजपुर में सोसायटी फॉर वाल्यून्टरी एक्शन रिसर्च एंड मेडिकल सेंटर के सहयोग से एक नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया । इस शिविर का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों और नुकसानों से अवगत करवाना, नशे के शिकार लोगों के लिए उपलब्ध उपचार और सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी देना तथा स्थानीय समुदाय में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता और समर्थन बढ़ाना था ।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उपस्थित जन समुदाय को नशे से होने वाली विभीषिका से जागरूक किया गया तथा विशेषज्ञों ने इसके खतरों और इसके प्रभावों पर विस्तार से चर्चा चर्चा करते हुए नशे के शिकार लोगों के लिए नशा मुक्ति केंद्र चोपन में उपलब्ध उपचार और सहायता सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी। शिविर में उपस्थित लोगों को पोषण किट वितरित किया गया ।
उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी अपने मूल लक्ष्य विद्युत उत्पादन के साथ ही सामाजिक सरोकारों के लिए भी प्रतिबद्ध है । अपने सीएसआर पहल के तहत एनटीपीसी ने सोनभद्र जिले के चोपन में एक नशा मुक्ति स्वास्थ्य सेवा केंद्र की स्थापना की है जिसका संचालन लखनऊ की स्वयंसेवी संस्था सोसायटी फॉर वाल्यून्टरी एक्शन रिसर्च एंड मेडिकल सेंटर के सहयोग से किया जा रहा है । शिविर में नशा मुक्ति केंद्र के विशेषज्ञ, एनटीपीसी के अधिकारीगण, बीजपुर के ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और नशा मुक्ति के प्रति एनटीपीसी के इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।
-

एनटीपीसी कर्मचारी यूनियन के चुनाव में भारतीय मजदूर संघ की जीत
बीजपुर। रिंहदनगर एनटीपीसी कर्मचारी यूनियन के चुनाव में भारतीय मजदूर संघ को भारी जीत मिलने से पूरे क्षेत्र में और विशेषकर संघ परिवार में खुशी का माहौल है। बजरंगदल काशी प्रांत के सह संयोजक संदीप गुप्ता एवं चंदन कुमार ने बीएमएस के अध्यक्ष राकेश राय एवं महामंत्री एस एन पाठक को अंगवस्त्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया तथा सभी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं एवं कहा यह जीत अनवरत जारी रहनी चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला समरसता प्रमुख अनिल त्रिपाठी ने बधाई देते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ की जीत संघ परिवार की जीत है।
बीएमएस के रिंहद यूनिट के अध्यक्ष राकेश राय ने बताया कि यह जीत कार्यकर्ताओं की जीत है। कर्मचारी अब समझ गये हैं कि वामपंथी विचारधारा मजदूरों के हित में नहीं है। वामपंथियों ने कर्मचारियों का बेड़ा गर्क कर रखा है। इस विदेशी विचारधारा के समर्थकों के कारण अनेक कंपनियां बंद हो गई और कर्मचारी सड़कों पर आ गए। उन्होंने कहा कि लाल गुलामी छोड़कर बोलो वंदेमातरम। बीएमएस के महामंत्री एस एन पाठक ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ भारत का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है जो राष्ट्र निर्माण के साथ श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करता है। इसकी स्थापना 23 जुलाई 1955 को दत्तोपंत ठेंगड़ी जी द्वारा भोपाल में किया गया था। हरिओम मिश्रा ने बताया कि हमारा संगठन जो कहता है वह करता है। विदेशी विचारधारा से श्रमिकों को मुक्त होना आवश्यक है। हमारा संदेश साफ है “देशभक्त कर्मचारियों एक होओ।” राम निवास ने बताया कि बीएमएस का नारा है “देश हित में करेंगे काम और काम का लेंगे पूरा दाम।” बालमुकुंद ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ देश में एक बेहतर औद्योगिक वातावरण बनाए रखने के लिए सदैव संघर्षरत रहा है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विजय गुप्ता, अमित केशरी, संजय कुमार, सोमनाथ गांगुली, घनश्याम, चंदन डे, सुमित मिश्रा, शालिक राम, गुरमीत सिंह, मनोज कुमार, मो० जावेद, रितेश आदि मौजूद रहे।
-

एन बी सी चुनाव सकुशल सम्पन्न
वीजपुर । एनटीपीसी रिहंद नगर में बुधवार को एन बी सी का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ । एन बी सी के लिए हुए चुनाव में इंटक, बी एम एस और एटक संगठनों ने अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। इस चुनाव में बी एम एस ने 51 वोट प्राप्त कर चुनाव में जीत हासिल की और एटक ने 46 वोट के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया । सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान में कर्मचारियों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया । मतदान उपरांत तुरंत मतगणना हुई और उसके बाद चुनाव अधिकारी ने परिणाम की घोषणा की ।
एनबीसी चुनाव के सकुशल सम्पन्न होने पर परियोजना प्रमुख श्री अनिल श्रीवास्तव, कार्यकारी निदेशक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्वाचित यूनियन को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी ने एनटीपीसी के प्रति उनकी सक्रियता और जागरूकता को प्रदर्शित किया है। श्री श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित एन बी सी के प्रतिनिधि संगठन से एनटीपीसी के हित में कदम से कदम मिलकर कार्य करने की उम्मीद जताई है । स्वच्छ और पारदर्शी चुनाव के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. अथर नूर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी (केंद्रीय) की उल्लेखनीय उपस्थिति रही ।
-

एनटीपीसी रिहंद ने उद्घाटन प्रशिक्षण बैच के साथ राष्ट्रीय कर्मयोगी कार्यक्रम शुरू किया
बीजपुर एनटीपीसी रिहंद ने राष्ट्रीय कर्मयोगी कार्यक्रम के सफल शुभारंभ के साथ कर्मचारी विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसके पहले प्रशिक्षण बैच में 51 उत्साही प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। राष्ट्रीय कर्मयोगी कार्यक्रम भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है जिसका उद्देश्य उन्नत कौशल, दक्षताओं और लोक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता के माध्यम से एक सक्षम, चुस्त और नागरिक-केंद्रित कार्यबल का निर्माण करके सरकारी कर्मचारियों की क्षमता और मानसिकता में परिवर्तन लाना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन मास्टर प्रशिक्षकों अनुपम कुमार शर्मा, उप महाप्रबंधक (प्रचालन), राघवेंद्र नारायण, उप महाप्रबंधक (ईएमजी), राजेश कुमार मीणा, उप महाप्रबंधक (सीएंडआई) और ब्रजेश कुमार, उप महाप्रबंधक (ईएमडी) द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। उन्होंने प्रचालन दक्षता में सुधार के लिए डिज़ाइन की गई आकर्षक टीम-निर्माण गतिविधियों के साथ अत्यधिक संवादात्मक सत्र आयोजित किए। प्रतिभागियों ने कौशल संवर्धन और प्रदर्शन उत्कृष्टता पर केंद्रित विभिन्न शिक्षण मॉड्यूल में सक्रिय रूप से भाग लिया और पेशेवर विकास के प्रति उल्लेखनीय उत्साह और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के व्यावहारिक दृष्टिकोण ने यह सुनिश्चित किया कि कर्मचारी सैद्धांतिक अवधारणाओं को वास्तविक दुनिया के अनुप्रयोगों से तुरंत जोड़ सकें ।
राष्ट्रीय कर्मयोगी कार्यक्रम के उद्घाटन बैच की सफलता ने भविष्य में प्रशिक्षण के लिए एक सकारात्मक और प्रेरक वातावरण तैयार किया है, जो एक कुशल और नागरिक-केंद्रित राष्ट्र निर्माण के सरकार के दृष्टिकोण के साथ पूरी तरह से मेल खाता है। एनटीपीसी रिहंद सीखने और विकास की इस परिवर्तनकारी यात्रा को जारी रखने के लिए तत्पर है तथा सभी स्तरों पर कर्मचारियों को सशक्त बनाने तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता और राष्ट्रीय विकास में योगदान देने के लिए और अधिक बैचों की योजना बना रहा है।
-

एनटीपीसी रिहंद शारदीय नवरात्र के साथ ही विजयदशमी पर्व परंपरागत रूप से मनाया गया
बीजपुर । एनटीपीसी रिहंद में शारदीय नवरात्र की संपन्नता के साथ ही विजयदशमी पर्व परंपरागत रूप से पूर्ण श्रद्धा के साथ मनाया गया। सोन-शक्ति स्टेडियम में विजयदशमी के अवसर पर आयोजित रावण दहन हुआ । इस आयोजन में बहुत संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचे थे। रावण के धरती पर गिरते ही वातावरण जयघोष से गूंज उठा तथा रावण दहन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया ।
उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी रिहंद के सोन-शक्ति स्टेडियम में गुरुवार को असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरे पर्व का भव्य आयोजन किया गया था । कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री अनिल श्रीवास्तव, कार्यकारी निदेशक (रिहंद) द्वारा पूजन-अर्चन के साथ हुआ ।
रावण दहन से पूर्व सोनशक्ति स्टेडियम में रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी का प्रदर्शन हुआ, जिसका उपस्थित भीड़ ने काफी आनंद उठाया । आतिशबाज़ी प्रदर्शन के उपरांत मुख्य अतिथि महोदय द्वारा विधिवत पूजा करके विशालकाय रावण के पुतले को जलाया गया। मुख्य अतिथि अनिल श्रीवास्तव ने समाज में व्याप्त बुराईयों को दूर कर सत्य, भलाई, सत्कर्म, त्याग, संयम, धर्म एवं कल्याणकारी समाज की कामना करते हुए सभी को दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामना दी ।
उक्त अवसर पर सभी महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, वर्तिका महिला मण्डल की अध्यक्षा शिखा श्रीवास्तव एवं अन्य पदाधिकारीगण, सीआईएसएफ़ के डीसी, यूनियन व एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण, कर्मचारीगण, सीआईएसएफ़ कर्मियों सहित हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे |
