महिला चेतना क्लब ने ‘एक पहल शिक्षा समिति’ से जुड़े जरूरतमंद बच्चों के बीच स्कूल बैग एवं पाठ्य सामग्री का वितरण 

Spread the love

प्रयागराज।शनिवार को इफको फूलपुर महिला चेतना क्लब द्वारा समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए महिला चेतना क्लब ने ‘एक पहल शिक्षा समिति’ से जुड़े जरूरतमंद बच्चों के बीच स्कूल बैग एवं पाठ्य सामग्री का वितरण किया। यह कार्यक्रम IFFCO कम्युनिटी सेंटर, घियानगर में आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है।

उल्लेखनीय है कि इन बच्चों का संबंध समाज के अत्यंत निम्न एवं वंचित वर्ग से है, जिनके परिवारों के पास स्थायी आवास भी नहीं है और वे अनधिकृत झुग्गियों में रहकर अपना जीवनयापन कर रहे हैं। ये बच्चे पहले अपने माता-पिता के साथ कूड़ा बीनने जैसे कार्यों में भी संलग्न थे, लेकिन अब शिक्षा के माध्यम से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर क्लब द्वारा कक्षा 9, 10, 11 एवं 12 के लगभग 50 विद्यार्थियों की छह माह की ट्यूशन फीस भी वहन की गई। इस सहयोग से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्याओं ने बच्चों से संवाद कर उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के चेहरों पर नई सामग्री पाकर खुशी साफ झलक रही थी, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और सकारात्मकता का माहौल बन गया।

इस कार्यक्रम में महिला चेतना क्लब की अध्यक्षा श्रीमती सरिता सिंह, सचिव श्रीमती किरण बड़वर एवं सामाजिक सचिव श्रीमती गीता सिंह के साथ-साथ कोषाध्यक्ष श्रीमती नीरू सक्सेना की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती किरण बड़वर द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती नूपुर पाराशर, श्रीमती रेखा जायसवाल एवं श्रीमती पुष्पा यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान अध्यक्षा श्रीमती सरिता सिंह ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद डॉ. कलाम ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से ऊंचाइयों को प्राप्त किया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जन्म किस परिवार में हो, यह हमारे हाथ में नहीं होता, लेकिन अपने प्रयासों और मेहनत से हम अपने भविष्य को अपनी पसंद के अनुसार संवार सकते हैं।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने महान कवि हरिवंश राय बच्चन की प्रसिद्ध पंक्तियां “कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती” सुनाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीवन में निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में ‘एक पहल शिक्षा समिति’ के संस्थापक सदस्य विवेक दुबे ने महिला चेतना क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से बच्चों को पढ़ाई में काफी सहायता मिलेगी। पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की सामाजिक गतिविधियाँ भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *